फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: PAK में बाढ़ से सदियों पुराने श्मसान को नुकसान; एल साल्वाडोर के तट के पास 6.0 तीव्रता का भूकंप

Sat, 23 Aug 2025 09:46 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पाकिस्तान में बाढ़ से सदियों पुराने श्मसान को नुकसान हुआ है। देश के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बुनर जिले में बादल फटने से आई बाढ़ में सिख समुदाय का सदियों पुराना श्मशान घाट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सिख नेता संदीप सिंह ने बताया कि बाढ़ ने श्मशान की चारदीवारी और आवश्यक ढांचे बहा दिए, हालांकि नजदीकी गुरुद्वारा सुरक्षित रहा। श्मशान के देखरेखकर्ता का घर भी बाढ़ में तबाह हो गया। पानी अचानक बढ़कर 15 फीट तक पहुंच गया जिससे भारी नुकसान हुआ। उन्होंने सरकार से तात्कालिक राहत की मांग की। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार बुनर और स्वात में 45 से अधिक सिख, हिंदू और ईसाई परिवार प्रभावित हुए हैं।

विज्ञापन

एल साल्वाडोर के तट के पास 6.0 तीव्रता का भूकंप
प्रशांत महासागर में शनिवार सुबह ग्वाटेमाला और एल साल्वाडोर के तट के पास तेज भूकंप आया। यह जानकारी अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने दी।

भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई और यह सुबह 4:14 बजे आया। इसकी गहराई केवल 10 किलोमीटर थी, यानी यह बहुत सतही भूकंप था। इसका केंद्र एल साल्वाडोर के अकाशुतला शहर से 81 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम और ग्वाटेमाला के पुएर्तो सान जोस से 107 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में था। अकाशुतला, एल साल्वाडोर का प्रमुख व्यावसायिक बंदरगाह है। वहीं, पुएर्तो सान जोस ग्वाटेमाला के प्रशांत तट का सबसे बड़ा शहर है। फिलहाल, किसी तरह के नुकसान या हताहत की कोई जानकारी नहीं मिली है।

सऊदी अरब में फंसे भारतीय की वतन वापसी 
सऊदी अरब में एक सड़क हादसे के बाद चार महीने तक अस्पताल में भर्ती रहे भारतीय नागरिक शावेज हामिद को आखिरकार भारत लौटने की इजाजत मिल गई है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया कि उन्होंने हामिद के लिए देश से निकलने की अनुमति (एग्जिट क्लीयरेंस) दिलवाने में अहम भूमिका निभाई।
विज्ञापन


दूतावास ने बताया कि शावेज पर भारी आर्थिक बकाया था, जिसके चलते उन पर एग्जिट बैन लगा हुआ था और वह भारत वापस नहीं जा पा रहे थे। लेकिन दूतावास के हस्तक्षेप से अधिकतर बकाया माफ करवा दिया गया और सरकारी जुर्माने का भुगतान भी दूतावास की मदद से किया गया।

बांग्लादेश पहुंचे पाकिस्तान के विदेश मंत्री
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर बांग्लादेश पहुंचे। यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को फिर से मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यह पहली बार है, जब पाकिस्तान के किसी वरिष्ठ नेता ने 2012 के बाद बांग्लादेश का दौरा किया है। यह दौरा उस समय हो रहा है, जब लंबे समय से सत्ता में रहीं शेख हसीना को प्रधानमंत्री के पद से हटाया जा चुका है। 

डार को लेकर एक विशेष विमान ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा, जहां बांग्लादेश के विदेश सचिव असद आलम सियाम ने उनका स्वागत किया। पाकिस्तान ने इस दौरे को दोनों देशों के संबंधों में एक 'महत्वपूर्ण पड़ाव' बताया है।


ट्रंप ने फिर अलापा 'भारत-PAK सीजफायर' कराने का राग
रूस-यूक्रेन युद्ध पर एक सवाल पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, टैंगो के लिए दो लोगों की ज़रूरत होती है। मैं उन दोनों (पुतिन-जेलेंस्की) के साथ एक बैठक करना चाहता था... लेकिन कई लोगों को लगता है कि उस बैठक से कुछ नहीं होगा... इसी के साथ ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संघर्षविराम में भूमिका निभाने का दावा किया। उन्होंने कहा, हमने भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध की संभावना को खत्म कर दिया है... मैंने सभी समस्याओं का समाधान कर दिया है...। दो हफ्ते बाद हमें पता चल जाएगा कि वे किस तरफ जा रहे हैं।

कोस्टा रिका के इतिहास में पहली बार, भ्रष्टाचार के आरोपों में मौजूदा राष्ट्रपति खुद पेश हुए
कोस्टा रिका में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी मौजूदा राष्ट्रपति ने खुद पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सांसदों के सामने जाकर अपना बचाव किया है। राष्ट्रपति रोड्रिगो चावेस शुक्रवार को संसद की एक विशेष समिति के सामने पेश हुए, जो यह तय कर रही है कि उनके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए उनकी इम्युनिटी (संवैधानिक छूट) हटाई जाए या नहीं।

बता दें कि देश के अटॉर्नी जनरल और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों ने मांग की है कि चावेस की इम्युनिटी हटाई जाए ताकि उन पर मुकदमा चलाया जा सके। उनका आरोप है कि राष्ट्रपति चावेस ने एक प्रोड्यूसर पर दबाव डाला कि वह सेंट्रल अमेरिकन बैंक फॉर इकोनॉमिक इंटीग्रेशन से मिले कॉन्ट्रैक्ट का कुछ हिस्सा उनके पूर्व चुनाव सलाहकार को दे।

राष्ट्रपति का जवाब
चावेस ने सभी आरोपों से इनकार किया और कहा कि यह सब एक राजनीतिक बदले की साजिश है। उन्होंने कहा कि देश में कई भ्रष्टाचार के मामले वर्षों से लंबित हैं और ड्रग माफिया भी बिना सजा के छूट जाते हैं, लेकिन उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।

इस्राइल पर सख्त कदम न उठा पाने पर डच विदेश मंत्री का इस्तीफा, सरकार में मचा हड़कंप
नीदरलैंड के विदेश मंत्री कास्पर वेल्डकैंप ने शुक्रवार शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि वे गाजा युद्ध को लेकर इस्राइल पर नए प्रतिबंध लगाने में नाकाम रहे। वेल्डकैंप ने संसद को पहले ही जानकारी दी थी कि वे इस्राइल के गाजा सिटी और अन्य घनी आबादी वाले इलाकों में सैन्य कार्रवाई के जवाब में कुछ कड़े कदम उठाना चाहते हैं। लेकिन उन्हें अपने गठबंधन दलों का समर्थन नहीं मिला, जिसके कारण वे प्रस्ताव लागू नहीं कर सके। एक समय में इस्राइल में राजदूत रहे 61 वर्षीय राजदूत वेल्डकैंप ने कहा कि मैं खुद वो नीति लागू नहीं कर पा रहा हूं, जिसे मैं ज़रूरी मानता हूं, इसलिए इस्तीफा देना ही उचित है।

अंतरिक्ष में गुप्त मुहिम पर रवाना हुआ अमेरिकी शटल
अंतरिक्ष में गोपनीय प्रयोग करने के लिए एक और अमेरिकी सैन्य ‘मिनी शटल’ प्रक्षेपित किया गया। स्पेसएक्स द्वारा भेजे गए इस अंतरिक्ष यान ने फ्लोरिडा के केप कैनावेरल से अकेले ही उड़ान भरी। अमेरिकी अंतरिक्ष बल के अनुसार, यह बिना जीपीएस के लेजर संचार और सुरक्षित नौवहन का परीक्षण करेगा। अभी स्पष्ट नहीं है कि यह मिनी शटल कब तक अंतरिक्ष में रहेगा। आखिरी एक्स-37बी यान मार्च में जमीन पर लौटने से पहले लगभग एक साल तक पृथ्वी की परिक्रमा करता रहा था। 

भारतीयों के लिए नस्ल, राष्ट्रीयता और भाषा अहम
एक शोध में पता चला है कि सिंगापुर में भारतीय लोग अपनी पहचान के लिए राष्ट्रीयता, नस्ल और भाषा को अत्यधिक महत्व देते हैं। हाल में छपे शोध ‘रिलिजियस आइडेंटिटी एंड प्रैक्टिस अमंग सिंगापुरियन्स’ में यह निष्कर्ष सामने आया कि सिंगापुरवासियों का आत्मबोध कई आयामों पर आधारित है, जिनमें राष्ट्रीयता, भाषा और धर्म प्रमुख हैं। अध्ययन के दौरान पता चला कि भारत के लोगों में पहचान के लिए राष्ट्रीयता सबसे प्रमुख है। भारतीयों ने ‘सिंगापुरी होना’ पहचान का अहम पहलू माना। 

नेपाल में लगे भूकंप के झटके

पूर्वी नेपाल में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार रात 11:15 बजे संखुवासभा जिले में 4.4 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र माघांग क्षेत्र में था। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप पूर्वी नेपाल के कई अन्य जिलों में भी महसूस किया गया, हालांकि किसी के हताहत होने या किसी नुकसान की तत्काल कोई खबर नहीं है। नेपाल भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है और वहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। अप्रैल 2015 में, 7.8 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप में लगभग 9,000 लोग मारे गए थे और पांच लाख से ज़्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए थे।

ट्रंप के 34 शहरों की फंडिंग काटने के फैसले पर जज ने लगाई रोक

अमेरिका के एक न्यायाधीश ने ट्रंप प्रशासन के बोस्टन, शिकागो, डेनवर, लॉस एंजिलिस जैसे 34 शहरों और काउंटी की फंडिंग काटने के फैसले पर रोक लगा दी है। ट्रंप प्रशासन ने संघीय आव्रजन प्रयासों में सहयोग न करने की नीतियों के चलते इन शहरों को मिलने वाली संघीय फंडिंग में कटौती का एलान किया था। सैन फ्रांसिस्को में अमेरिकी जिला न्यायाधीश विलियम ऑरिक ने यह आदेश दिया। जज ने अपने पहले के आदेश में सैन फ्रांसिस्को, पोर्टलैंड और सिएटल सहित एक दर्जन से अधिक अन्य शहरों और काउंटियों को संरक्षण प्रदान किया था।
विज्ञापन

इमरान खान के भतीजे शेरशाह को पांच दिन की हिरासत में भेजा
जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के भतीजे शेरशाह खान को शनिवार को लाहौर की एक अदालत ने पांच दिन की हिरासत में दिया। यह मामला 9 मई 2023 को हुए दंगों से जुड़ा है।

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने दावा किया है कि सरकार ने यह कदम इमरान खान पर दबाव बनाने के लिए उठाया है ताकि उसे सौदेबाजी के हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। 72 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर इमरान खान अगस्त 2023 से कई मामलों में जेल में बंद हैं। पंजाब पुलिस ने शेरशाह को शुक्रवार दोपहर उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह अपने घर जा रहे थे। उनके भाई शहरेज खान को एक दिन पहले गुरुवार को लाहौर में उनके घर से गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें