फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: UK में 500 फलस्तीन समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद प्रदर्शन प्रतिबंध, पाकिस्तान में अफगान मौलवी की हत्या

Sun, 05 Oct 2025 09:55 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ब्रिटेन, बार-बार होने वाले विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है। सरकार ने रविवार को कहा कि लगातार होने वाले विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए अब पुलिस को और अधिकार मिलेंगे। इससे उसे मार्च और प्रदर्शनों पर शर्तें लगाते समय प्रदर्शनों के समग्र प्रभाव पर विचार करने का मौका मिलेगा। यह फैसला राजधानी लंदन में प्रतिबंधित समूह फलस्तीनी एक्शन के समर्थन में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान लगभग 500 लोगों की गिरफ्तार के बाद लिया गया है।

विज्ञापन


पाकिस्तान में बंदूकधारियों ने की अफगान मौलवी की हत्या
पाकिस्तान के पेशावर में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक अफगान मौलवी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना ऐसे समय में हुई, जब अफगान शरणार्थियों को पाकिस्तान में निर्वासन और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। खामा प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पहचान पक्तिया प्रांत के अफगान इमाम आदम खान के रूप में हुई। खान पर रजा खान मरियमजई मस्जिद के पास हमला हुआ और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अमेरिका में आईसीई विरोधी प्रदर्शन में संघीय एजेंटों ने महिला को मारी गोली
अमेरिका के शिकागो में कानून प्रवर्तन अधिकारी के वाहन को टक्कर मारने पर संघीय एजेंटों ने एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और शनिवार को उसकी हालत ठीक नहीं थी। यह घटना बढ़ते आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) विरोधी प्रदर्शन और ट्रंप सरकार की ओर से डेमोक्रेटिक नेतृत्व वाले शहरों में अशांति को कम करने के प्रयासों के बीच हुई। संघीय एजेंटों का दावा है 10 कारों ने मिलकर अधिकारियों को घेर लिया था। इनमें एक कार के चालक के पास अर्ध-स्वचालित हथियार था, इसलिए उन्हें आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी।
विज्ञापन


टीटीपी के आतंकवादियों और शांति समिति के सदस्यों के बीच झड़प
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों और शांति समिति के सदस्यों के बीच झड़प में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार को अफगानिस्तान सीमा से सटे टैंक जिले में गुल इमाम पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। झड़प में शांति समिति के सदस्य समेत दो लोगों की मौत हो गई और कई घालय हो गए। मृतकों में एक पैदल यात्री भी शामिल है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकवादियों की तलाश तेज कर दी है।

ब्राजील में मेथनॉल विषाक्तता की पुष्टि, शराब पीने से परहेज कर रहे लोग
ब्राजील में बढ़ते मेथनॉल जहरकांड के मामलों के कारण लोग शराब से डरने लगे हैं। राजधानी साओ पाउलो के पॉलिस्ता एवेन्यू के पास एक बार में आम तौर पर हर रात 80 कैपिरीन्हा बिकती हैं। हालांकि, बीते सप्ताह में इसके एक भी ग्राहक नहीं आए। दरअसल, पुलिस जांच में सामने आया कि नकली शराब में मेथनॉल मिलाया गया था, पर यह स्पष्ट नहीं कि यह जानबूझकर किया गया या गलती से। एक अध्ययन के अनुसार, ब्राज़ील के शराब बाज़ार का 28% हिस्सा मिलावटी पेय से भरा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक 11 पुष्ट और 102 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। एक शख्स की मौत भी हुई है।

अमेरिका के ह्यूस्टन में गोलीबारी, दो बच्चों की मौत, दो अन्य की हालत गंभीर
टेक्सास के एंगलटन शहर के पास शनिवार तड़के हुई गोलीबारी में दो बच्चों की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ब्राज़ोरिया काउंटी शेरिफ़ कार्यालय के अनुसार, अधिकारियों ने घटनास्थल पर 13 और 4 वर्ष के दो बच्चों को मृत पाया। 8 और 9 वर्ष के दो अन्य बच्चों को गंभीर हालत में हेलिकॉप्टर से अस्पताल भेजा गया। शेरिफ कार्यालय ने बताया, संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। यह स्पष्ट नहीं है कि गोलीबारी कहां और किन परिस्थितियों में हुई।


यूरोपीय देश चेक गणराज्य में हुए संसदीय चुनावों में पॉपुलिस्ट अरबपति आंद्रेज बाबिश की पार्टी ANO (YES) को जीत मिली है। बाबिश को 35.67 प्रतिशत वोट मिले। हालांकि, बाबिश को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है, लेकिन उन्होंने एकल पार्टी सरकार बनाने की इच्छा जताई है। इस संसदीय चुनाव में कुल 68.6% मतदान हुआ, जो साल 2021 की तुलना में अधिक है। प्रधानमंत्री पेत्र फियाला की पश्चिम समर्थक गठबंधन को केवल 22.49 फीसदी वोट मिले। बाबिश की वापसी के बाद देश की नीति यूक्रेन के समर्थन से हटकर हंगरी और स्लोवाकिया की तरफ झुकाव वाली होने की आशंका है। बाबिश रूस समर्थक माने जाते हैं। अन्य दक्षिणपंथी दल- SPD को 7.96%, जबकि मोटरिस्ट्स को 6.85 प्रतिशत वोट मिले। दोनों बाबिश के संभावित सहयोगी हैं।

इस्राइल के खिलाफ स्पेन और इटली में दिखा जनाक्रोश, सड़कों पर उतरे लाखों प्रदर्शनकारी
स्पेन और इटली में इस्राइल का विरोध बढ़ रहा है। शनिवार को करीब 70,000 लोगों ने गाजा पट्टी पर इस्राइली सैन्य अभियान के खिलाफ प्रदर्शन किया। बार्सिलोना और रोम में सड़कों पर उतरे हजारों-लाखों आक्रोशित लोगों ने इस्राइल की तरफ से दमन का विरोध किया है। बता दें कि फलस्तीनी लोगों की मदद के लिए नावों में राहत सामग्री लेकर गई टोली- फ्लोटिला को इस्राइली नौसेना ने रोक दिया। कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया, जिसमें 40 से अधिक स्पेनिश कार्यकर्ता शामिल हैं। फलस्तीन को देश के रूप में मान्यता न देने की नीति को लेकर रोम की सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार को आड़े हाथों लिया। फलस्तीनी झंडों के अलावा कुछ बैनरों पर हिजबुल्ला और हमास के समर्थन वाले नारे लिखे भी देखे गए। इटली के जनाक्रोश से इतर स्पेन में प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज इस्राइल का विरोध कर रहे हैं। वे पहले ही गाजा में तबाही को 'नरसंहार' बता चुके हैं। उन्होंने इस्राइल की अंतरराष्ट्रीय खेल टीमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी की है। बता दें कि पश्चिम एशियाई शहर गाजा में करीब दो साल पहले शुरू हुए हिंसक संघर्ष में अब तक 67,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। लगभग 1.7 लाख घायल हुए हैं। इस अभूतपूर्व मानवीय संकट का समाधान करने को लेकर कई अन्य देशों ने भी इस्राइल की आलोचना की है।

पॉप स्टार से उग्रवादी बने फादल शाकर ने किया आत्मसमर्पण, लेबनानी सेना ने हिरासत में लिया
लेबनानी पॉप स्टार से कट्टर इस्लामिक उग्रवादी बने फादल शाकर ने 12 साल तक फरार रहने के बाद शनिवार को देश की सैन्य खुफिया एजेंसी के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। शाकर 2013 में सिदोन शहर में सुन्नी उग्रवादियों और लेबनानी सेना के बीच हुई झड़पों के बाद से फरार थे, जिनमें 18 सैनिक मारे गए थे। उन्हें 2020 में 22 साल की सजा सुनाई गई थी। अधिकारियों के अनुसार, शाकर को सिदोन के पास ऐन एल-हिलवे फलस्तीनी शरणार्थी शिविर से गिरफ्तार किया गया। अब उनपर नए आरोपों के तहत मुकदमा चलाया जाएगा। शाकर ने पहले कहा था कि उन्होंने किसी हिंसा में भाग नहीं लिया। साल 2002 में एक लोकप्रिय गाने से अरब जगत में लोकप्रिय हुए शाकर ने बाद में कट्टर सुन्नी मौलवी अहमद अल-असीर के प्रभाव में आकर संगीत छोड़ दिया था। जुलाई 2025 में उन्होंने अपने बेटे के साथ एक नया गाना जारी किया था जो यूट्यूब पर 11 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है।

सीढ़ियों से कार के टकराने के बाद खाली कराया लॉ सिटी हॉल
अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत में एक कार लॉस एंजिलिस के सिटी हॉल की सीढ़ियों से जा टकराई, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर पूरे हॉल को खाली करना पड़ा। पुलिस ने कार के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के कारणों का तुरंत पता नहीं चल पाया। एक वायरल वीडियो में दुर्घटनाग्रस्त कार के डैशबोर्ड में एक कार्डबोर्ड रखा दिखा, जिसमें लिखा गया है-मुझे आपकी मदद चाहिए और इसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जिक्र किया गया है।

पर्प वॉक की व्यवस्था न कर पाने पर एफबीआई एजेंट को हटाया
अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो यानी एफबीआई ने अपने एक एजेंट को इसलिए पद से हटा दिया क्योंकि उसने ब्यूरो के पूर्व निदेशक जेम्स कॉमी की पर्प वॉक की व्यवस्था करने से मना कर दिया था। पर्प वॉक एक तरह की शर्मनाक परेड होती है, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति को हथकड़ियों में पीछे बंधे हाथ के साथ मीडिया के कैमरों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। यह मामला पिछले महीने कॉमी पर संघीय आरोप लगाए जाने के बाद का है लेकिन शुक्रवार को इसका पता चला।

अमेरिका ने ड्रग्स तस्करी के आरोप में फिर किया नाव पर हमला, चार मरे
अमेरिका ने वेनेजुएला के तटवर्ती जलक्षेत्र में एक बार फिर एक छोटी नाव पर हवाई हमला कर उसे उड़ा दिया। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने इस हमले का आदेश दिया था। उन्होंने दावा किया कि इस नाव के जरिये ड्रग्स की तस्करी हो रही थी और उसमें सवार लोग नार्को- आतंकवादी थे। उन्होंने कहा कि इस हमले में चार लोग मारे गए लेकिन यह नहीं बताया कि  वे किस समूह से जुड़े थे।

पाकिस्तान में स्कूल के भीतर बम धमाका, चार बच्चे घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक निजी स्कूल में बम धमाका होने से चार बच्चे घायल हो गए। मामला खैबर जिले के जमरोद तहसील का है। घायल छात्रों को तुरंत पेशावर के एक अस्पताल में ले जाया गया और इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। स्कूल प्रशासन के मुताबिक, चौथी कक्षा का एक छात्र शुक्रवार को स्कूल आते समय रास्ते में कहीं से एक खिलौना बम उठाकर कक्षा में ले आया था, जिसके फर्श पर गिरते ही विस्फोट हो गया।

पाकिस्तान बोला- भारत से संघर्ष हो सकता है विनाशकारी 
पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सैन्य अधिकारियों और नेताओं की हालिया टिप्पणियों पर अपनी खीझ मिटाते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में दोनों देशों के बीच होने वाला संघर्ष विनाशकारी हो सकता है। पाकिस्तानी सेना ने एक बयान में कहा कि ये गैर जिम्मेदाराना बयान आक्रामकता के लिए मनमाने बहाने गढ़ने के नए प्रयास का संकेत दे रहे हैं। ये दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता के लिए गंभीर परिणाम पैदा कर सकते हैं। बयान में कहा गया कि वह भारतीय सुरक्षा प्रतिष्ठान के शीर्ष स्तर से आ रहे भ्रमपूर्ण, भड़काऊ और राष्ट्रवादी बयानों पर गंभीर चिंता जताती है। भारतीय रक्षा मंत्री तथा उसके सेना एवं वायुसेना प्रमुखों के अत्यधिक भड़काऊ बयानों के मद्देनजर हम आगाह करते हैं कि भविष्य में होने वाला संघर्ष विनाशकारी विनाश का कारण बन सकता है। 

के-वीजा : चीनी युवाओं ने विदेशियों पर उठाए सवाल
विदेशी पेशेवरों के लिए चीन का बहुप्रचारित के-वीजा अभी लागू नहीं हो पाया है। लेकिन इसे लेकर चीनी युवाओं ने सवाल खड़े किए और विरोध शुरू कर दिया है।  इसे 1 अक्तूबर से शुरू होना था, लेकिन राष्ट्रीय दिवस और मध्य-शरदोत्सव की छुट्टियों के चलते 8 अक्तूबर तक दूतावास बंद रहने से इसकी प्रक्रिया अटकी हुई है। इस नए वीजा को चीन का एच-1बी कहा जा रहा है, जिसका मकसद विज्ञान और तकनीकी क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना है। लेकिन चीन में बेरोजगारी की दर काफी अधिक होने से युवाओं ने इसका विरोध भी शुरू कर दिया है। उन्होंने विदेशियों को देश में तरजीह देने का विरोध कर सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं।

ईरान ने इस्राइली हमलों के मामले में छह को फांसी दी
ईरान ने तेल समृद्ध दक्षिण-पश्चिम में इस्राइली हमले के मामले में मृत्युदंड पाने वाले छह कैदियों को फांसी दे दी। ईरान में कैदियों को फांसी देने की कार्रवाई तेज हो गई है। जून में 12 दिनों तक चले ईरान-इस्राइल युद्ध के बाद यहां फांसी की संख्या पिछले कई दशकों में सर्वाधिक है। ईरान ने कहा, इन लोगों ने पुलिस अफसरों व सुरक्षा बलों की हत्या की थी तथा ईरान के खुजस्तान प्रांत में खोर्रमशहर के आसपास के स्थलों को निशाना बनाकर बमबारी की थी।

नेपाल की जेल से फरार कैदी भारत आते समय गिरफ्तार
नेपाल में जेन-जी आंदोलन के बीच नौ सितंबर को जिला डडेलधुरा की जेल से फरार एक कैदी को एसएसबी ने ट्यूब से काली नदी पार कर भारत आते समय गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और मेडिकल के बाद उसे बनबसा सीमा पर एपीएफ और नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। एसएसबी की पांचवीं बटालियन चंपावत के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 4:15 बजे परशुराम घाट बॉर्डर पर विशेष ऑपरेशन चलाकर 5वीं बटालियन की सीमा चौकी खल्डूंगा-1 के कार्यक्षेत्र से एक संदिग्ध कैदी को गिरफ्तार किया गया। वह ट्यूब की सहायता से नेपाल से भारत भागकर आने का प्रयास कर रहा था। कैदी से एसएसबी, स्थानीय पुलिस ने साझा पूछताछ की। 

जॉर्जिया में और तेज हुआ राष्ट्रपति का विरोध
जॉर्जिया की राजधानी त्बिलिसी में हजारों लोगों ने सत्तारूढ़ पार्टी 'जॉर्जियन ड्रीम' की दमनकारी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने यूरोपीय संघ की सदस्यता के समर्थन में झंडे और पोस्टर लिए हुए थे। यह विरोध ऐसे समय में हो रहा है, जब सरकार ने वर्षों से सड़कों पर लगे अवरोधक हटवाने के बाद नगरपालिका चुनाव कराए। विपक्षी दलों ने चुनाव का बहिष्कार किया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति भवन में घुसने की कोशिश भी की। हालांकि, पुलिस ने वाटर कैनन और पेपर स्प्रे का इस्तेमाल कर उन्हें पीछे हटने को मजबूर कर दिया। सरकार पर विपक्षी नेताओं को जेल में डालने, मीडिया को दबाने और रूसी शैली के कानूनों को लागू करने के आरोप लगे हैं। चुनाव में कम मतदान होने पर प्रदर्शनकारियों ने इसे 'मजाक' बताया। पुलिस ने प्रदर्शन को कानून का उल्लंघन बताया, लेकिन कोई स्पष्ट विवरण नहीं दिया।

सिंध : ढाबे में खाना खाने पर हिंदू की बेरहमी से पिटाई
पाकिस्तान के सिंध प्रांत स्थित कोटरी में हिंदुओं से भेदभाव की एक और परेशान करने वाली घटना सामने आई है। यहां हिंदू बागरी समुदाय के एक युवक को ढाबे पर खाना खाने को लेकर बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित की पहचान दौलत बागरी के रूप में हुई है। उसकी जेबों से 60,000 रुपये भी लूट लिए गए। दौलत बागरी दोपहर का भोजन करने सड़क किनारे एक ढाबे पर गया था। जब होटल मालिक और कई अन्य लोगों ने उसकी मौजूदगी पर आपत्ति जताई, तब कुछ लोगों ने दौलत के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए, उसकी पिटाई की। हमलावरों ने वहां खाना खाने की हिम्मत पर पिटाई की। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

अब तक गिरफ्तारी नहीं
पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज होने के बावजूद इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। जबकि हमले के आरोपी क्षेत्र में रसूख रखने के चलते खुले आम घूम रहे हैं। इससे पुलिस की कार्रवाई में कमी और सिंध में अल्पसंख्यकों पर जारी उत्पीड़न को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो रही हैं। दौलत पुलिस के चक्कर काट रहा है।

भारतीय मूल युवक को कनाडा प्रत्यर्पित किया गया
25 वर्षीय सुखप्रीत सिंह, जिसे टेक्सास में गिरफ्तार किया गया था, को कनाडा प्रत्यर्पित किया गया। वह 2021 में कनाडा में एलनाज हाजतमीरी पर हुए हमले का आरोपी है। यॉर्क रीजन पुलिस के अनुसार, उसे जून में अमेरिका में गिरफ्तार किया गया था और अगस्त में आरोपित किया गया। सुखप्रीत सिंह पर गंभीर हमला और अपराध साजिश के आरोप हैं। 2022 में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और 2023 में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रत्यर्पण के बाद वह यॉर्क रीजन में न्यायिक प्रक्रिया का सामना करेगा।

पाकिस्तान के केपीके में आतंकियों और शांति समिति में झड़प, दो की मौत
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को टीटीपी आतंकियों और शांति समिति के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में समिति का एक सदस्य और एक राहगीर शामिल है। घटना टैंक जिले के गुल इमाम थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के बाद कई आतंकवादी भाग निकले, जिनकी तलाश जारी है। इसी दिन बन्नू जिले में सुरक्षा बलों के काफिले पर भी आतंकियों ने घात लगाकर हमला किया, जिसमें एक जवान घायल हुआ। पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर हमलावरों को खदेड़ दिया।

अमेरिका में गिरफ्तार हमले के भारतीय मूल के आरोपी को कनाडा किया गया प्रत्यर्पित
अमेरिका के टेक्सास में हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए भारतीय मूल के एक व्यक्ति को कनाडा प्रत्यर्पित किया गया। कनाडा के स्थानीय मीडिया सीटीवी न्यूज ने शुक्रवार को कनाडा की यॉर्क रीजनल पुलिस के हवाले से यह जानकारी दी। अमेरिका की यूनाइटेड स्टेट्स मार्शल्स सर्विस के सदस्यों ने 25 साल के सुखप्रीत सिंह इस साल जून में गिरफ्तार किया था। उस पर अगस्त में आरोप लगाए गए थे। यॉर्क रीजनल पुलिस के मुताबिक, सिंह को प्रत्यर्पित कर मंगलवार को यॉर्क रीजन भेजा गया था। उस पर गंभीर हमले और एक दंडनीय अपराध की साजिश रचने के आरोप हैं। सिंह की पहचान कनाडा में 2021 में रिचमंड हिल की भूमिगत पार्किंग गैराज में एलनाज हजतमिरी नाम की महिला पर हिंसक हमला करने वाले संदिग्ध के तौर पर की गई थी। 

भारतीय शांति सैनिकों को संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया
दक्षिण सूडान में नागरिकों की रक्षा के लिए भारतीय शांति सैनिकों को संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया। संयुक्त राष्ट्र अंतरिम सुरक्षा बल के कार्यवाहक मिशन प्रमुख की ओर से अबेई में उन्हें सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सूडान और दक्षिण सूडान के नागरिकों की रक्षा करने, तेल-समृद्ध सीमा क्षेत्र, अबेई (यूएनआईएसएफए) के लिए दिया गया। यूएनआईएसएफए ने सोशल मीडिया भारतीय बटालियन के लिए आयोजित पदक समारोह का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मेजर जनरल रॉबर्ट यॉ अफ्राम ने भारतीय शांति सैनिकों को सम्मानित किया।

इंडोनेशिया में स्कूल की छत गिरने से 40 छात्रों की मौत
इंडोनेशिया के सिदोआर्जो इलाके में स्थित इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल अल खोजिनी की प्रार्थना हॉल की छत गिरने से अब तक 40 छात्रों की मौत हो चुकी है। राहतकर्मी लगातार मलबा हटाकर लापता 26 छात्रों की तलाश कर रहे हैं। हादसा 30 सितंबर को हुआ था जब 12 से 19 वर्ष की उम्र के सैकड़ों छात्र वहां मौजूद थे। अब तक 23 शव बरामद किए गए हैं। करीब 95 छात्रों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि आठ गंभीर रूप से घायल अस्पताल में भर्ती हैं। बचाव दल हाथों से मलबा हटाकर खोजबीन कर रहे हैं।

जापान में कांपी धरती, भूकंप के झटकों की तीव्रता 6.0
जापान में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भारतीय संस्था- नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) ने एक बयान में कहा, शनिवार देर रात जापान में भूकंप आया। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.0 मापी गई। एनसीएस के अनुसार, भूकंप का केंद्र 50 किमी की गहराई में रहा। रिपोर्ट के मुताबिक जापान के होन्शू में पूर्वी तट के पास भूकंप के झटके महसूस किए गए। 

पूर्वी अफ्रीकी देश मोगादिशु में जेल पर आतंकी हमला
पूर्वी अफ्रीकी देश मोगादिशु में जेल पर आतंकी हमला हुआ है। राष्ट्रपति भवन के पास स्थित देश की एक प्रमुख जेल पर अल-शबाब आतंकियों के हमले के बाद विस्फोट और भारी गोलीबारी भी हुई। हमला उस समय हुआ जब सरकार ने वर्षों से लगे सड़क अवरोध हटाए। खबर के मुताबिक नजदीकी रिहायशी इलाके- बॉंधेरे जिले के कुछ लोगों ने जेल से धुआं उठते देखने के बाद डर जताया। अल-कायदा से जुड़े अल-शबाब ने हमले की जिम्मेदारी ली और दावा किया कि उन्होंने कैदियों को भी रिहा कराया। सरकारी मीडिया के अनुसार, आतंकियों ने खुफिया बलों जैसे दिखने वाले वाहन का इस्तेमाल किया। सुरक्षा बलों ने हमला विफल कर कई आतंकियों को मार गिराया। इस जेल पर साल 2014 में भी हमला हुआ था। हमले के बाद इलाके की सड़कें बंद कर दी गईं।

ब्रिटेन में बार-बार होने वाले प्रदर्शन अब नहीं होंगे आसान, सरकार देगी पुलिस को नई सख्त ताकतें
ब्रिटेन सरकार ने रविवार को घोषणा की कि देश की पुलिस को अब बार-बार हो रहे प्रदर्शनों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए नई कानूनी शक्तियां दी जाएंगी। यह फैसला उस समय आया है जब शनिवार को लंदन में 'पैलेस्टाइन एक्शन' समर्थक मार्च में हिंसा के बाद करीब 500 लोगों को गिरफ्तार किया गया। ब्रिटिश गृह मंत्रालय के मुताबिक, अगर किसी स्थान पर लगातार प्रदर्शन होते हैं और उससे अव्यवस्था फैलती है, तो अब पुलिस आयोजकों को आदेश दे सकेगी कि वे प्रदर्शन किसी और स्थान पर करें। अगर आयोजक पुलिस के आदेशों की अवहेलना करते हैं, तो गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ब्रिटेन की गृह मंत्री शबाना महमूद ने कहा कि प्रदर्शन करना एक मौलिक अधिकार है, लेकिन यह जरूरी है कि दूसरों के जीवन और सुरक्षा के अधिकार का भी सम्मान हो। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार हो रहे बड़े प्रदर्शन, खासकर धार्मिक समुदायों के लिए, डर और असुरक्षा का माहौल बना रहे हैं। हाल ही में मैनचेस्टर की एक यहूदी आराधना पर हुए आतंकी हमले के बाद यह मुद्दा और संवेदनशील हो गया है।

तुर्की के कई शहरों में हजारों लोगों ने फलस्तीन के समर्थन में निकाला मार्च
तुर्की के कई शहरों में रविवार को हजारों लोगों ने फिलिस्तीन के समर्थन में विशाल रैलियां और प्रदर्शन किए। सबसे बड़ा प्रदर्शन इस्तांबुल में हुआ, जहां भीड़ हागिया सोफिया मस्जिद से लेकर गोल्डन हॉर्न तक पैदल मार्च करती नजर आई। वहां मौजूद तुर्की और फिलिस्तीन के झंडों से सजी नावों ने प्रदर्शनकारियों का स्वागत किया।

यह प्रदर्शन फिलिस्तीन के लिए मुस्लिम एकजुटता दिखाने के मकसद से किया गया, खासकर उस समय जब गाजा में इजरायल के हमलों को लेकर दुनिया भर में गुस्सा है। प्रदर्शनकारियों ने दोपहर की नमाज़ के बाद रैली निकाली और गाजा में चल रहे कथित नरसंहार की निंदा की।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने इमरान खान की पार्टी के खिलाफ 9 मई दंगों से जुड़े सभी केस वापस लिए
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की सरकार ने 9 मई 2023 के दंगों से जुड़े इमरान खान की पार्टी (PTI) के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज सभी मुकदमे वापस ले लिए हैं। सरकारी अधिसूचना के अनुसार, ये फैसला गृह विभाग की सिफारिश पर प्रांतीय कैबिनेट ने मंजूर किया।

क्या हुआ था 9 मई को?
9 मई 2023 को इस्लामाबाद हाई कोर्ट से भ्रष्टाचार के एक मामले में इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पूरे देश में हिंसा भड़क उठी थी। PTI समर्थकों ने कई सैन्य और सरकारी ठिकानों, जैसे जिन्ना हाउस और रावलपिंडी के GHQ, पर हमले किए थे। इस हिंसा के बाद इमरान खान समेत कई बड़े नेता जैसे शाह महमूद कुरैशी और यासमीन राशिद पर आतंकवाद और हिंसा भड़काने के आरोप लगे और उन्हें जेल भेजा गया।

सरकार की तरफ से क्या कहा गया?
एडवोकेट जनरल आमिर जावेद उत्मानखेल ने वीडियो संदेश में बताया कि 9 मई को दर्ज सभी केस राजनीतिक बदले की भावना से बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि ये मुकदमे बिना सबूत और जांच के दर्ज किए गए थे और पूरी तरह से असंवैधानिक और गैरकानूनी थे। उन्होंने बताया कि ATA (एंटी टेररिज्म एक्ट) के तहत 29 मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें से अधिकतर पहले ही अदालतों द्वारा सबूतों के अभाव में खारिज हो चुके हैं। बाकी भी जल्द खत्म हो जाएंगे।

अमेरिका के अलबामा में दो गुटों के बीच गोलीबारी, 2 की मौत, 12 घायल
अमेरिका के अलबामा राज्य की राजधानी मोंटगोमरी में शनिवार रात भीड़भाड़ वाले नाइटलाइफ इलाके में दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। मोंटगोमरी पुलिस चीफ जेम्स ग्राबॉयस ने बताया कि तीन घायलों की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जिसे पुलिस ने सामूहिक गोलीबारी बताया है।

ग्राबॉयस ने कहा कि ये दो गुट थे जो एक-दूसरे पर भीड़ के बीच में ही गोलियां चला रहे थे। उन्हें आसपास खड़े लोगों की बिल्कुल परवाह नहीं थी। पुलिस मौके से सबूत इकट्ठा कर रही है और संभावित संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, रविवार सुबह तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

पुलिस चीफ ने भरोसा दिलाया, "हम हर सबूत जुटाएंगे और जो भी इस घटना में शामिल है, उसे ढूंढ निकालेंगे। यह घटना मोंटगोमरी के भीड़भाड़ वाले डाउंटाउन इलाके में हुई, जहां लोग नाइटलाइफ का आनंद ले रहे थे। पुलिस के अनुसार, हमला जानबूझकर किया गया और आम लोगों की जान को खतरे में डाला गया।

माउंट एवरेस्ट की पूर्वी ढलान पर बर्फीले तूफान में फंसे 1,000 पर्वतारोही व पर्यटक
तिब्बत में माउंट एवरेस्ट की पूर्वी ढलान पर करीब 1,000 पर्वतारोही व पर्यटक बर्फीले तूफान में फंस गए हैं। शिविरों तक जमी बर्फ को साफ करने के लिए राहत व बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, सड़कों पर भी बर्फ जमी होने के कारण पर्वतारोहियों तक पहुंचने में बाधा आ रही है। चीन की सरकारी मीडिया ने यह जानकारी दी।

जिमू न्यूज की एक रिपोर्ट के अनुसार, 4,900 मीटर (16,000 फीट) से अधिक ऊंचाई पर स्थित इस क्षेत्र तक पहुंचने की कोशिश जारी है। बर्फ को हटाने के लिए बचाव दल स्थानीय ग्रामीणों की भी मदद ले रहा है। कुछ पर्यटकों को नीचे लाया भी जा चुका है। स्थानीय टिंगरी काउंटी टूरिज्म कंपनी के आधिकारिक की तरफ से वीचैट अकाउंट पर दी गई सूचना के अनुसार, बर्फबारी शुक्रवार शाम से शुरू हुई और शनिवार तक जारी रही। कंपनी ने बताया कि एवरेस्ट पर्यटन क्षेत्र में टिकटों की बिक्री व प्रवेश शनिवार देर रात से निलंबित कर दिया गया है।
विज्ञापन

भारत-मलयेशिया के द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने आईएनएस सह्याद्री पहुंचा केमामन बंदरगाह
भारतीय नौसेना का स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस सहयाद्रि रविवार तक मलयेशिया के केमामन बंदरगाह पर रहा। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और साझा समुद्री परंपराओं का जश्न मनाने के लिए यह पोत दो अक्तूबर को यहां पहुंचा था। रॉयल मलयेशियाई नौसेना ने इसका गर्मजोशी से स्वागत किया। सहयाद्रि की इस यात्रा का उद्देश्य भारत-मलेशिया समुद्री सैन्य सहयोग को मजबूती देने के साथ ही दोनों नौसेनाओं के बीच तालमेल कायम करना और नौसैनिक अभ्यास करना रहा। आईएनएस सह्याद्रि मिसाइल से बचाव की क्षमता वाला तीसरा युद्धपोत है।

इस पोत की यह तीसरी मलयेशिया यात्रा थी। यह यहां दक्षिण चीन सागर और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में पूर्वी बेड़े की परिचालन तैनाती के हिस्से के तौर पर पहुंचा। दक्षिण चीन सागर और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आईएनएस सह्याद्रि की परिचालन तैनाती भारत की इस क्षेत्र में एक जिम्मेदार समुद्री हितधारक और विश्वसनीय सुरक्षा साझेदार के रूप में प्रतिष्ठा को सुदृढ़ करती है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि कमांडिंग ऑफिसर ने कुआंतन नौसेना बेस के मुख्यालय, नौसेना क्षेत्र एक के उप कमांडर, प्रथम एडमिरल अब्द हलीम बिन कमरुद्दीन से मुलाकात की।

आईएनएस सह्याद्री के बंदरगाह आगमन के दौरान भारतीय नौसेना और रॉयल मलेशियाई नौसेना के कर्मियों के बीच एक दूसरे के पोत के दौरे हुए और आपसी हितों के मसलों पर पेशेवर पर बातचीत हुई। इस दौरान एक मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच, योग सत्र और एक चैरिटी कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। यह मानवता की सेवा के भारतीय नौसेना के सिद्धांतों को उजागर करता है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत-मलेशिया के रक्षा संबंध बीते कुछ साल में लगातार मजबूत हुए हैं। दोनों देशों के बीच 1993 में हस्ताक्षरित रक्षा सहयोग समझौता रक्षा संबंधों की आधारशिला है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें