मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति यामीन की सजा पर रोक
मालदीव के उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन की 11 साल की जेल की सजा पर रोक लगाई है। इसके साथ उच्च न्यायालय ने निचली अदालत से उनके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही फिर से शुरू करने को कहा है। यामीन को दिसंबर 2022 में राष्ट्रपति रहते हुए एक निजी कंपनी से रिश्वत लेने के मामले में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग का दोषी ठहराया गया था। अदालत ने यामीन को सरकार के स्वामित्व वाले एक द्वीप को पट्टे पर देने के एवज में रिश्वत लेने का दोषी पाया था। अदालत ने यामीन पर 50 लाख डॉलर का जुर्माना भी लगाया था।
इस दक्षिण अमेरिकी देश में बड़ा बिजली संकट; लोगों को दो दिनों तक घरों में रहने का फरमान
दक्षिण अमेरिकी देश इक्वाडोर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, जलविद्युत संयंत्रों में पानी का स्तर गंभीर रूप से कम हो गया है। इससे देश में एक बड़ा बिजली संकट पैदा हो गया है। हालात नाजुक होने के कारण सरकार और स्थानीय प्रशासन ने बुधवार को सभी सार्वजनिक और निजी कर्मचारियों को दो दिनों के लिए घर पर रहने का आदेश दिया।
बांग्लादेश की अपील- भारत और नेपाल के साथ त्रिपक्षीय बिजली समझौता जल्द पूरा हो
बांग्लादेश के विदेश सचिव ने भारत और नेपाल के साथ त्रिपक्षीय बिजली समझौते को जल्द पूरा करने की अपील किया है। विदेश सचिव मसूद बिन मोमेन ने कहा कि समझौते के बाद बांग्लादेश को नेपाल से बिजली आयात करने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि इस बिजली व्यापार समझौते के तहत, नेपाल भारत की ट्रांसमिशन लाइन का उपयोग करके बांग्लादेश को 500 मेगावाट (मेगावाट) तक जलविद्युत की आपूर्ति करेगा।
अमेरिका में 57 वर्षीय भारतीय जसपाल सिंह की मौत
अवैध तरीके से अमेरिका में जाने के बाद निर्वासन का इंतजार कर रहे भारतीय नागरिक की अटलांटा के अस्पताल में मौत होने की खबर है। अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) ने इसकी जानकारी की। ICE के मुताबिक मृतक की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। आव्रजन विभाग ने बताया कि 57 वर्षीय जसपाल सिंह की मौत के बारे में न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक मौत 15 अप्रैल को ही हो चुकी है। मौत की असली वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाना है। पहली बार 25 अक्तूबर, 1992 को कानूनी रूप से अमेरिका गए जसपाल सिंह को लगभग साढ़े छह साल के बाद 21 जनवरी, 1998 को देश छोड़ने को कहा गया था। एक आव्रजन न्यायाधीश के आदेश के बाद उन्होंने अमेरिका छोड़ दिया। हालांकि, 29 जून, 2023 को उन्हें अमेरिका और मैक्सिको की सीमा पर अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
रूस की मिसाइल क्रैश होने से 17 की मौत; यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की बोले- हथियारों की कमी है, मदद चाहिए
यूक्रेन के ऐतिहासिक शहर चेर्निगिव में तीन रूसी मिसाइलों के गिरने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार रात मिसाइल क्रैश हो गईं। इस हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सहयोगियों से यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने में मदद की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनके देश के पास मिसाइलों को रोकने के लिए जरूरी हथियारों की कमी है।
बाइडन बोले- चीन में दबाव में हो रहा इस्पात उत्पादन; आयात पर टैरिफ को तीन गुना कर सकता है अमेरिका
चीन के साथ रिश्तों में तनातनी के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने कहा है कि वह चीन से स्टील, एल्यूमीनियम आयात पर टैरिफ को तीन गुना करने पर विचार करने की अपील करेंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि को इस संबंध में विचार करना चाहिए। बाइडन ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई से कहा कि अगर जांच में प्रतिस्पर्धा-विरोधी व्यापार प्रथाओं की पुष्टि होती है, तो उन्हें चीन से स्टील आयात और एल्यूमीनियम आयात दोनों के लिए टैरिफ दरों को तीन गुना करने पर विचार करना चाहिए। बाइडन ने चीनी सरकार पर सरकारी धन को चीनी इस्पात कंपनियों में लगाने और सरकार की तरफ से सब्सिडी हासिल करने वाली कंपनियों पर इस्पात उत्पादन को बढ़ाने का दबाव डालने का आरोप भी लगाया।
UN में सुधारों की जरूरत पर अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कही यह बात
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भारत की सदस्यता स्थायी नहीं है। इस पर अमेरिकी उद्योगपति और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने बयान दिया। भारत दौरे से ठीक पहले उनके बयान के क्या मायने हैं? इस पर अमेरिकी विदेश विभाग के उप प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, 'राष्ट्रपति ने इस बारे में बात की है... हम निश्चित रूप से सुधारों का समर्थन करते हैं।' हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा परिषद सहित संयुक्त राष्ट्र की तमाम संस्थाओं में सुधार को लेकर क्या कदम उठाए जाने हैं, इसके बारे में उनके पास कोई विशेष जानकारी नहीं है।' वेदांत पटेल ने कहा, 'निश्चित रूप से अमेरिका मानता है कि सुधारों की जरूरत है।'
जर्मनी में मानव तस्करी गिरोह पर छापेमारी, 10 गिरफ्तार
जर्मनी के अधिकारियों ने बुधवार को एक अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़े पैमाने पर छापेमारी की। इस मामले में दो वकीलों समेत 10 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। एक हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों ने पश्चिमी और दक्षिणी जर्मनी में दर्जनों घरों, दुकानों और कार्यालयों की तलाशी ली। संदिग्धों पर अवैध रूप से विशेष जर्मन आव्रजन नियमों का लाभ उठाने का आरोप लगाया गया है। ये लोग हजारों यूरो के बदले करीब 350 चीनी नागरिकों के लिए निवास परमिट हासिल करने का प्रयास कर रहे थे।
अमेरिकी बैंक से 17 मिलियन की धोखाधड़ी मामले में एक भारतीय दोषी
एक अमेरिकी बैंक से 17 मिलियन अमेरिकी डॉलर की धोखाधड़ी मामले में 52 वर्षीय भारतीय नागरिक ने अपना अपराध स्वीकार किया है। आरोपी की पहचान नितिन वत्स के तौर पर की गई है, जो न्यू जर्सी के एक मार्बल-ग्रेनाइट तोक विक्रेता के पूर्व कर्मचारी थे।
दस्तावेज के अनुसार, मार्च 2016 से लेकर 2018 तक आरोपी नितिन वत्स लोटस एक्जिम इंटरनेशनल इंक (एलईआई) के मालिक और कर्मचारी के साथ मिलकर पीड़ित बैंक से 17 मिलियन अमेरिकी डॉलर की क्रेडिट लाइन प्राप्त करने की साजिश रची। इसके लिए आरोपी ने फर्जी ईमेल आईडी बनाई थी। इस मामले में आरोपी को 30 साल तक की सजा और एक मिलियन अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगाया गया है।
पाकिस्तान के अशांत उत्तर पश्चिम प्रांत में चार सरकारी अधिकारियों और एक बच्चे की हत्या
पाकिस्तान के अशांत उत्तर पश्चिम प्रांत में गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा एक सरकारी वाहन पर गोलीबारी करने का मामला सामने आया है। इस हमले में ड्यूटी पर तैनात चार सरकारी अधिकारियों और एक बच्ची की मौत हो गई। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हमले के समय सीमा शुल्क खुफिया अधिकारी खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले में क्वेटा रोड पर नियमित ड्यूटी पर थे। उन्होंने बताया कि जब तक पुलिस स्टेशन की पुलिस के इलाके में पहुंचती तब तक हत्यारे घटनास्थल से भाग गए। मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने हमले की कड़ी निंदा की और पुलिस को हमलावरों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।
बुधवार को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उसी प्रांत में अफगानिस्तान से लगी देश की सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे सात आतंकवादियों को मार गिराया।
व्हाइट हाउस में कार्मिक प्रबंधन कार्यालय के निदेशक का पद छोड़ेंगीं किरण आहूजा
भारतीय-अमेरिकी वकील और कार्यकर्ता किरण आहूजा ने घोषणा की है कि वह अगले महीने कार्मिक प्रबंधन कार्यालय के निदेशक का पद छोड़ देंगी। आहूजा ने मंगलवार को एक बयान में कहा, "बाइडन-हैरिस प्रशासन में सेवा करना मेरे जीवन का सम्मान रहा है। जून 2021 में सीनेट द्वारा पुष्टि की गई कि 52 वर्षीय आहूजा अमेरिकी सरकार में इस शीर्ष पद पर सेवा देने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी थीं। उनके पास सार्वजनिक सेवा का दो दशकों से अधिक का अनुभव है। व्हाइट हाउस में शामिल होने से पहले, उन्होंने एक क्षेत्रीय नेटवर्क फिलैंथ्रोपी नॉर्थवेस्ट के सीईओ के रूप में कार्य किया। किरण आहूजा ने कहा कि हमने ओपीएम में पिछले तीन वर्षों में बहुत कुछ हासिल किया है, लेकिन मुझे सार्वजनिक सेवा में एक साथ बनाई गई दोस्ती और बंधन पर सबसे अधिक गर्व है।
रूस के खिलाफ लोहा ले रहे यूक्रेन को भी मिलेगी मदद
समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने इस्राइल के अलावा यूक्रेन के लिए भी हाउस सहायता पैकेज तैयार किया है। उन्होंने इसका समर्थन करते हुए इसे शीघ्र पारित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर वह पैकेज जारी करने के आदेश पर 'तुरंत' हस्ताक्षर कर सकेंगे। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच भी युद्ध 26 महीने से अधिक समय से जारी है। आए दिन एक दूसरे के ठिकानों को निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आती हैं।
अमेरिका अपने दोस्तों के साथ खड़ा है
राष्ट्रपति बिडेन ने जिस बिल पर मतदान की अपील की है उसे अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष माइक जॉनसन ने पेश किया। इसते तहत यूक्रेन और इस्राइल के अलावा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भी सहाहता राशि भेजनी है। बाइडन ने अमेरिकी आर्थिक सहायता वाले तीन अलग-अलग बिलों के प्रस्ताव को समर्थन का एलान करते हुए इसी सप्ताह विधेयक पारित करने की अपील की। बाइडन ने कहा, सदन को इसी सप्ताह पैकेज पारित करना चाहिए। उन्होंने कहा, 'मैं दुनिया को संदेश भेजने के लिए तुरंत इस पर हस्ताक्षर करूंगा; हम अपने दोस्तों के साथ खड़े हैं।'
इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट, सुनामी की चेतावनी
एक अन्य अहम ङटनाक्रम में बुधवार देर रात इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट की खबर सामने आई। ज्वालामुखी विस्फोट के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कई बड़े विस्फोट हुए हैं और हजारों लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की गई है।