फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत के लिए ईरान-अमेरिका तैयार; बलूचिस्तान में पांच आतंकवादी मारे गए

Sat, 19 Apr 2025 10:30 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
world updates - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ईरान और अमेरिका के विशेषज्ञ जल्द ही मुलाकात करेंगे, ताकि तेहरान के तेजी से आगे बढ़ते परमाणु कार्यक्रम पर संभावित समझौते की बारीकियों पर चर्चा की जा सके। यह जानकारी ईरान के एक शीर्ष राजनयिक ने शनिवार को रोम में दूसरे दौर की वार्ता के बाद दी। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने कहा कि बातचीत आगे बढ़ी है। उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों की बैठक ओमान में होगी, और वे खुद 26 अप्रैल को (अमेरिका के पश्चिम एशिया के दूत स्टीव) विटकॉफ से ओमान में फिर मुलाकात करेंगे। हालांकि इस बैठक के बाद अमेरिकी पक्ष की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया। यह बैठक रोम के कैमिलुचिया इलाके स्थित ओमानी दूतावास में हुई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ जल्द कोई समझौता करना चाहते हैं। समझौता न होने की स्थिति में उन्होंने तेहरान सैन्य कार्रवाई की भी धमकी दी है।

विज्ञापन


बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के नेता का अपहरण कर हत्या
उत्तरी बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में एक प्रमुख हिंदू समुदाय के नेता को उनके घर से अगवा कर हत्या कर दी गई। पुलिस और परिवार के सदस्यों के हवाले से द डेली स्टार ने बताया कि ढाका से लगभग 330 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में दिनाजपुर के बसुदेबपुर गांव के निवासी भाबेश चंद्र रॉय (58) का शव बृहस्पतिवार देर रात बरामद किया गया। रॉय की पत्नी शांतना ने द डेली स्टार को बताया कि उन्हें शाम करीब 4:30 बजे एक फोन आया था। उन्होंने दावा किया कि अपराधियों ने घर पर उनकी मौजूदगी की पुष्टि करने के लिए यह कॉल किया था। रिपोर्ट में कहा गया कि करीब 30 मिनट बाद दो मोटरसाइकिलों पर चार लोग आए और भाबेश को अगवा कर नरबारी गांव ले जाया गया, जहां उनको बेरहमी से पीटा गया। रॉय को जब घर वापस छोड़ा गया तो वह बेहोश थे और परिवार के सदस्य उन्हें दिनाजपुर के एक अस्पताल ले गए। हालांकि, वहां पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। रॉय बांग्लादेश पूजा उडजापान परिषद की इकाई के उपाध्यक्ष और क्षेत्र में हिंदू समुदाय के एक प्रमुख नेता थे।

अटलांटा में गोलीबारी में दो अधिकारी घायल; संदिग्ध ढेर
अटलांटा के दक्षिण में शुक्रवार को हुई गोलीबारी में दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए। हालांकि, एक संदिग्ध को पुलिस ने मार गिराया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फुल्टन काउंटी के पुलिस अधिकारियों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। जिसके बाद उन्होंने अतिरिक्त पुलिस सहायता का अनुरोध किया। जैसे ही साउथ फुल्टन शहर से एक अधिकारी सहायता प्रदान करने के लिए वहां पहुंचा, दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। गोलीबारी में फुल्टन काउंटी और साउथ फुल्टन के दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए। वहीं, पुलिस ने संदिग्ध को मार गिराया। 

विज्ञापन

सीएफपीबी में बड़े पैमाने पर छंटनी की ट्रंप प्रशासन की योजना पर अदालत ने लगाई रोक
 उपभोक्ता वित्तीय सुरक्षा ब्यूरो (सीएफपीबी) में बड़े पैमाने पर छंटनी की योजना बना रही ट्रंप प्रशासन की योजना पर अदालत ने रोक लगा दी है। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान अमेरिकी जिला न्यायाधीश एमी बर्मन जैक्सन ने चिंता व्यक्त की और कहा कि ट्रंप प्रशासन एजेंसी के सैकड़ों कर्मचारियों को सामूहिक रूप से निकालने की योजना के साथ तुरंत आगे नहीं बढ़ सकते। जैक्सन ने अधिकारियों की गवाही सुनने के लिए 28 अप्रैल को सुनवाई निर्धारित की है।

कांगो की नाव दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 148 हुई
कांगो में इस सप्ताह की शुरुआत में हुई नाव दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 50 से बढ़कर 148 हो गई है, जबकि 100 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि उत्तर-पश्चिमी कांगो में मंगलवार को 400 यात्रियों वाली मोटर चलित लकड़ी की नाव में मबंडाका शहर के पास आग लग गई और वह पलट गई, जिसमें कम से कम 148 लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने बताया कि कांगो नदी पर हुई दुर्घटना के बाद दर्जनों लोगों को बचा लिया गया, जिनमें से कई बुरी तरह जल गए। लापता लोगों की तलाश बुधवार को शुरू हुई, जिसमें रेड क्रॉस और प्रांतीय अधिकारियों द्वारा समर्थित बचाव दल शामिल थे। नदी आयुक्त कॉम्पेटेंट लोयोको ने बताया कि नाव, एचबी कोंगोलो, मतनकुमु बंदरगाह से बोलोम्बा क्षेत्र के लिए रवाना हुई थी।

ट्रंप अधिकारी ने न्यूयॉर्क अटॉर्नी जनरल की आपराधिक जांच की मांग की
2023 की गर्मियों में, न्यूयॉर्क की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने अपनी भतीजी को वर्जीनिया के नॉरफॉक शहर में एक छोटा सा घर खरीदने में मदद की। इसके लिए उन्होंने होम लोन में सह-उधारकर्ता बनने का फैसला किया। अब, ट्रंप प्रशासन के एक शीर्ष आवास अधिकारी ने इस लेन-देन से जुड़े एक दस्तावेज को लेकर दावा किया है कि जेम्स ने बैंक को धोखा दिया है। उन्होंने अमेरिकी न्याय विभाग को एक पत्र लिखकर मांग की है कि लेटिटिया जेम्स के खिलाफ आपराधिक जांच शुरू की जाए। यह मांग ऐसे समय पर आई है जब ट्रंप के समर्थक, उनके खिलाफ पहले कानूनी कार्रवाई करने वालों पर पलटवार कर रहे हैं। लेटिटिया जेम्स ने ही पिछले साल ट्रंप के खिलाफ एक बड़ा मुकदमा जीत कर उनसे 454 मिलियन डॉलर का जुर्माना दिलवाया था। यह केस ट्रंप द्वारा बैंकों को अपनी संपत्ति की गलत जानकारी देने पर था।

बिलावल भुट्टो ने दी धमकी, संकट में पाकिस्तान की सरकार

पाकिस्तान पीपल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने पाकिस्तान सरकार की विवादित नहर परियोजना की आलोचना की है और धमकी दी है कि अगर योजना नहीं टाली गई तो वे सरकार से समर्थन वापस ले लेंगे। शहबाज शरीफ के नेतृत्व में चल रही गठबंधन सरकार के लिए पीपीपी का समर्थन जरूरी है। ऐसे में भुट्टो की धमकी के बाद पाकिस्तान की गठबंधन सरकार पर संकट के बादल मंडरा गए हैं। भुट्टो ने कहा कि 'हमने शहबाज शरीफ को एक बार नहीं, बल्कि दो बार प्रधानमंत्री बनाया और अब आपको लगता है कि आप हमें धमकियों से डरा सकते हैं?' उन्होंने कहा कि उनकी परियोजना से कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचा रही है। भुट्टो ने कहा, 'शेर पार्टी' की हर पहल किसान विरोधी है। गेहूं घोटाले ने हमारे किसानों को आर्थिक रूप से तबाह कर दिया है। बिलावल ने कहा, 'सरकार को किसी भ्रम में नहीं रहना चाहिए। मैं पीछे नहीं हटूंगा। मैं लोगों के साथ खड़ा हूं। बिलावल ने अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि अगर संघीय सरकार विवादास्पद नहर परियोजनाओं को वापस नहीं लेती है तो पीपीपी गठबंधन का हिस्सा नहीं रहेगी।'
 

कांगो के पूर्व राष्ट्रपति निर्वासन से लौटे, विद्रोहियों के गढ़ में पहुंचे

निर्वासन में रह रहे कांगो के पूर्व राष्ट्रपति जोसेफ कबीला शुक्रवार को वापस कांगो लौट आए। कांगो आने के बाद वे विद्रोहियो के कब्जे वाले गोमा शहर पहुंचे। पूर्व राष्ट्रपति के करीबी ने बताया कि वे शांति वार्ता में शामिल होने के लिए कांगो पहुंचे हैं। कबीला ने साल 2023 में कांगो छोड़ा था और अब वे शांति प्रयासों में हिस्सा लेने कांगो लौटे हैं। गोमा पर रवांडा समर्थित एम23 विद्रोहियों का कब्जा है। कांगो में दशकों से चल रहा संघर्ष जनवरी में और बढ़ गया, जब विद्रोहियों ने आगे बढ़कर गोमा पर कब्ज़ा कर लिया, उसके बाद बुकावु शहर पर भी कब्ज़ा कर लिया, जिसे उन्होंने फरवरी में अपने कब्जे में ले लिया। इस लड़ाई में करीब 3,000 लोग मारे गए हैं और दुनिया के सबसे बड़े मानवीय संकटों में से एक को और बदतर बना दिया है, जिसमें करीब 70 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।

नेपाल में हादसे का शिकार हुए 25 भारतीय पर्यटक, तीन की हालत गंभीर

नेपाल गए 25 भारतीय पर्यटक एक हादसे का शिकार हो गए हैं। इस हादसे में घायल तीन लोगों की हालत गंभीर है। भारतीय पर्यटक एक बस से नेपाल के पोखरा जा रहे थे। 19 पर्यटकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बस के ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ। हादसे में घायल लोग लखनऊ, सीतापुर, हरदोई और बाराबंकी जिले के निवासी हैं। 
 
विज्ञापन

बलूचिस्तान में पांच आतंकवादी मारे गए
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के डुकी जिले में शनिवार को कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन के पांच आतंकवादियों को मार गिराया। इलाके में आतंकवाद विरोधी अभियान चला रहे सुरक्षा बलों के काफिले पर हमला करने के बाद आतंकवादियों को मार गिराया गया।

आतंकवाद निरोधी विभाग (सीटीडी) ने एक बयान में कहा कि डुकी के धाबर पहाड़ी इलाके में संयुक्त अभियान चलाया गया और पुष्टि की कि पांचों प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन से जुड़े थे। इसमें कहा गया कि वे हाल के दिनों में कोयला खदानों और श्रमिकों पर हमलों में शामिल थे।

सीटीडी की यह कार्रवाई सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के उस बयान के कुछ दिनों बाद हुई है जिसमें उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान की प्रगति के रास्ते में आने वाले सभी तत्वों को हटा दिया जाएगा और आतंकवाद को कुचलने के राज्य के दृढ़ संकल्प की पुष्टि की। इस हफ्ते की शुरुआत में बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में बलूचिस्तान कांस्टेबुलरी के एक वाहन में आईईडी विस्फोट होने से तीन पुलिसकर्मी मारे गए और 20 घायल हो गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें