जापान में स्कूल के मैदान पर बिजली गिरने से 5 छात्र घायल
गुरुवार को पश्चिमी जापान के नारा शहर में एक स्कूल के खेल मैदान पर अचानक बिजली गिरने से 5 छात्र घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ये सभी जूनियर हाई स्कूल के छात्र थे, जो उस समय फुटबॉल की प्रैक्टिस कर रहे थे। बिजली गिरने से एक छात्र बेहोश हो गया, जबकि बाकी चार को भी चोटें आईं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हादसे के समय मौसम खराब था और अचानक आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरी।
यूक्रेन में अमेरिका की राजदूत ब्रिजेट ब्रिंक इस्तीफा देंगी
यूक्रेन और रूस के बीच शांति समझौते को लेकर कोई फिक्स डेट सामने नहीं आ रहा है। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि अमेरिका की यूक्रेन में राजदूत ब्रिजेट ब्रिंक अपने पद से इस्तीफा देने जा रही हैं। उन्होंने कीव में लगभग तीन साल तक अपनी सेवाएं दीं। यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब ट्रंप प्रशासन रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने के लिए शांति समझौते की कोशिशों में जुटा है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी
मामले में जानकारी देते हुए अमेरिकी विदेश विभाग ने गुरुवार को बताया कि ब्रिंक जल्द ही अपना पद छोड़ेंगी, हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि वह कब तक पद पर रहेंगी। ब्रिंक को पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में यूक्रेन में राजदूत नियुक्त किया गया था।
चीन और उत्तर कोरिया द्वारा रूस को दी जा रही मदद एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लिए खतरा
अमेरिका के इंडो-पैसिफिक कमान प्रमुख एडमिरल सैमुअल पापारो ने गुरुवार को सीनेट में बताया कि चीन और उत्तर कोरिया द्वारा रूस को यूक्रेन युद्ध में दी जा रही मदद एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। पापारो ने बताया कि चीन ने रूस को उसके सैन्य उपकरणों को फिर से तैयार करने में मदद के लिए 70% मशीन टूल्स और 90% पुराने चिप्स (legacy chips) दिए हैं। इसके बदले में रूस संभवतः चीन को ऐसी तकनीक दे रहा है जिससे उसकी पनडुब्बियां और शांत रूप से चल सकें।
नॉर्थ डकोटा में पाइपलाइन से हजारों गैलन कच्चा तेल बहा
अमेरिका के नॉर्थ डकोटा के फार्मलैंड में एक भूमिगत पाइपलाइन से कच्चा तेल फैल गया है। पाइपलाइन की मालिक कंपनी साउथ बो ने गुरुवार को बताया कि अब तक हजारों गैलन तेल इकट्ठा कर लिया गया है, लेकिन यह साफ नहीं है कि तेल रिफाइनरियों तक दोबारा कब पहुंचेगा। यह तेल रिसाव मंगलवार को फोर्ट रैनसम के पास हुआ, जो फार्गो शहर से करीब 97 किलोमीटर दूर है। कंपनी के अनुसार, लगभग 3,500 बैरल (यानि करीब 1,47,000 गैलन) कच्चा तेल जमीन पर फैल गया था। अब तक 700 बैरल (करीब 29,400 गैलन) तेल वापस निकाला जा चुका है। हालांकि तेल फैलने के कारणों की जांच अभी जारी है। सफाई और जांच के काम में 200 से ज्यादा लोग लगे हुए हैं।
बता दें कि यह पाइपलाइन कनाडा के अल्बर्टा से अमेरिका के इलिनॉय, ओक्लाहोमा और टेक्सस राज्यों में स्थित रिफाइनरियों तक जाती है, जिसकी लंबाई करीब 4,327 किलोमीटर है। कंपनी का कहना है कि जब तक जरूरी सरकारी मंजूरी नहीं मिलती, तब तक पाइपलाइन से तेल भेजना शुरू नहीं किया जाएगा।
म्यांमार में भूकंप के बाद अब डेंगू का प्रकोप, डब्ल्यूएचओ की पुष्टि
म्यांमार के विनाशकारी भूकंप के बाद, हजारों विस्थापित परिवारों को अब बढ़ते स्वास्थ्य संकट का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि अस्थायी शिविरों में डेंगू के प्रकोप का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसकी पुष्टि की है।
उसने कहा, स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समन्वय में, संगठन ने देश के कुछ सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल रोकथाम व नियंत्रण प्रयास शुरू करने के लिए कदम उठाया है। म्यांमार में मांडले और नेपीता समेत कई क्षेत्रों में न सिर्फ भूकंप के चलते संरचनात्मक क्षति हुई है बल्कि अब नाजुक आश्रय स्थलों में बारिश का पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। मलबे में दबे कई जीवों के सड़ने से उठ रही सड़ांध के चलते भी प्रदूषण बढ़ने के चलते कई तरह की महामारियां फैल रही हैं। यह बीमारी बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए और भी खतरनाक साबित हो रही है।
बलोचों पर तिलमिलाए मुनीर बोले-पूरी ताकत से करें हमला
बलूचिस्तान में तेज होती आजादी की मांग और विरोध प्रदर्शमों के बीच पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की तिलमिलाहट सामने आई है।
रावलपिंडी स्थित जनरल हेडक्वार्टर में 268वें कोर कमांडर कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता करते हुए कहा, अब अगर बलोच खैबर पख्तूनख्वा या फिर बलूचिस्तान में कहीं भी हिंसा करते हैं तो उसका पूरी ताकत के साथ जवाब दिया जाए। मालूम हो कि पिछले करीब दो दशक से बलोच पाकिस््तान से अलगक स्वतंत्र राष््ट्र की मांग कर रहे हैं। साथ ही पाकिस्तान पर मूलभूत सुविधाओं से वंचित करने के आरोप भी लगा रहे हैं। उधर पूर्व पीएम व सत्तारूढ़ पार्टी के अध्यक्ष नवाज शरीफ ने संकटग्रस्त प्रांत के लिए ‘सियासी हल’ का आह्वान किया है। नवाज ने इस संदर्भ में बलूचिस्तान से पूर्व सीएम ड. अब्दुल मलिक बलोच से भी मुलाकात की।
एशिया बिजनेस काउंसिल फोरम में जयशंकर ने ग्लोबल साउथ के विकास पर दिया जोर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को एशिया बिजनेस काउंसिल स्प्रिंग फोरम 2025 में भाग लिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रणाली में किए जा रहे गहन बदलावों, ग्लोबल साउथ के लिए निहितार्थों और इसकी आवाज को बुलंद करने में भारत की भूमिका के बारे में बात की। उन्होंने दुनिया में विश्वसनीय और लचीली आपूर्ति शृंखला की आवश्यकता पर भी जोर दिया। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा, एशिया बिजनेस काउंसिल स्प्रिंग फोरम 2025 में बहुत अच्छी बातचीत हुई। अंतरराष्ट्रीय प्रणाली में हो रहे गहन बदलावों, ग्लोबल साउथ के लिए निहितार्थों और इसकी आवाज को आगे बढ़ाने में भारत की भूमिका के बारे में सार्थक बातचीत हुई।
टैरिफ वार के बीच चीन के मंत्री से मिले भारतीय राजदूत
चीन में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने चीन के उप-विदेश मंत्री सुन वीदोंग से 9 अप्रैल को मुलाकात कर द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा दुनिया के कई देशों पर भारी-भरकम टैरिफ लगा दिए गए हैं। इस मुलाकात में भारत और चीन के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर बात हुई। पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई खूनी झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्तों में खटास आ गई थी, लेकिन बीते साल अक्तूबर में पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच मुलाकात के बाद से दोनों देशों के रिश्तों में फिर से सुधार हो रहे हैं।
राजशाही समर्थक दुर्गा परसाई गिरफ्तार
नेपाल में बीते दिनों राजशाही के समर्थन में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार ने राजशाही समर्थकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी के तहत राजशाही समर्थक नेता दुर्गा परसाई को हिंसा में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दुर्गा परसाई की गिरफ्तारी झापा जिले के भद्रापुर से हुई और अब उन्हें राजधानी काठमांडू लाया जा रहा है।
पाकिस्तान ने टीटीपी के मोस्ट वांटेड आतंकी को ढेर किया
पाकिस्तान ने आतंकी संगठन तहरीक ए तालिबान के मोस्ट वांटेड आतंकी समेत कुल दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। पाकिस्तान पुलिस ने बताया कि उन्हें आतंकियों के बारे में खुफिया सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने खैबर पख्तूनख्वा इलाके में ऑपरेशन चलाकर दो आतंकियों को ढेर कर दिया। इनमें से एक आतंकी की पहचान हफीजुल्ला के रूप में हुई है। हफीजुल्ला पर 50 लाख का इनाम था।
सिंगापुर के रेस्तरां ने अमेरिकी लोगों पर लगाया अतिरिक्त सरचार्ज
सिंगापुर के एक चाइनीज रेस्तरां ने अमेरिकी लोगों पर 104 प्रतिशत सरचार्ज लगाने का एलान कर दिया। हालांकि बाद में विवाद होने पर इसे हटा लिया। सिंगापुर के चाइनाटाउन स्थित रेस्तरां के गेट पर अमेरिकी ग्राहकों पर 104 प्रतिशत सरचार्ज लगाने की जानकारी वाला पोस्टर लगाया हुआ था। सोशल मीडिया पर जब इसे लेकर चर्चा छिड़ी तो विवाद होने पर रेस्तरां ने सरचार्ज हटा लिया। यह सरचार्ज अमेरिका द्वारा चीन और कई देशों पर भारी भरकम टैरिफ लगाने के बाद लगाया गया था।
राष्ट्रपति मुर्मू पुर्तगाल और स्लोवाकिया की यात्रा के बाद भारत के लिए रवाना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुर्तगाल और स्लोवाकिया की अपनी ऐतिहासिक दो-राष्ट्र राजकीय यात्रा पूरी करने के बाद शुक्रवार को भारत के लिए रवाना हुईं - लगभग तीन दशकों में यह उनकी पहली ऐसी यात्रा थी। किसी भारतीय राष्ट्रपति ने आखिरी बार 29 साल पहले स्लोवाकिया का दौरा किया था, जबकि पुर्तगाल की यात्रा 27 साल के अंतराल के बाद हुई है। राष्ट्रपति के साथ उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन बंभानिया और संसद सदस्य - धवल पटेल और संध्या रे भी हैं।
पाकिस्तान और बेलारूस ने प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई
पाकिस्तान और बेलारूस ने शुक्रवार को उच्च स्तरीय वार्ता की और आपसी हितों के विभिन्न क्षेत्रों में अपने सहयोग और सहयोग को बढ़ाने पर सहमति जताई। एक की रिपोर्ट के अनुसार, बेलारूस के मिन्स्क में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के बीच हुई बैठक में यह समझौता हुआ। इसके बाद में एक प्रेस वार्ता में शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान कृषि और खनन उपकरण बनाने में बेलारूस की विशेषज्ञता से सीखना चाहता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान एक कृषि अर्थव्यवस्था है और इसकी 65 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में कृषि उपकरण बनाने के लिए दोनों देशों की कंपनियों के बीच संयुक्त उद्यम दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने कहा, 'हम अपनी प्रति एकड़ उपज बढ़ाने के लिए बेलारूस के अनुभव से भी सीखना चाहते हैं।'
सीरिया ने तटीय इलाकों में अलावी लोगों की हत्याओं की जांच के लिए समयसीमा बढ़ाई
सीरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह तटीय इलाकों में अलावी नागरिकों की हत्याओं की जांच का समय बढ़ाएगा, जिसमें सरकारी बलों और पूर्व राष्ट्रपति बशर असद के वफादार सशस्त्र समूहों के बीच झड़पों के बाद सैकड़ों लोग मारे गए थे, जो सांप्रदायिक बदला लेने वाले हमलों में बदल गए थे। 6 मार्च को हिंसा भड़क उठी, जब असद के वफादारों ने नई सरकार के गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया, जिसके बाद इस्लामवादी नेतृत्व वाले समूहों ने लताकिया, बनियास और अन्य तटीय इलाकों पर समन्वित हमले शुरू कर दिए।
मानवाधिकार समूहों के अनुसार, 1,000 से अधिक नागरिक - जिनमें से अधिकांश अलावी थे, एक इस्लामी अल्पसंख्यक जिससे असद ताल्लुक रखते हैं - जवाबी हमलों में मारे गए, जिसमें घरों पर छापे, फांसी और आगजनी शामिल थी, जिससे हजारों लोग विस्थापित हुए। सांप्रदायिक हिंसा संभवतः सीरिया के आधुनिक इतिहास में सबसे खूनी 72 घंटों में से एक थी, जिसमें 14 साल का गृहयुद्ध भी शामिल है, जिससे देश अब उभर रहा है। हिंसा ने नए सिरे से गृहयुद्ध का डर पैदा किया और प्रतिशोध के अंतहीन चक्र को खोलने की धमकी दी, जिससे हज़ारों अलावी अपने घरों से भागने को मजबूर हो गए, जिनमें से लगभग 30,000 उत्तरी लेबनान में शरण ले रहे हैं। 9 मार्च को, राष्ट्रपति अहमद अल-शरा, जो एक इस्लामी विद्रोही समूह के पूर्व नेता थे, ने एक तथ्य-खोज समिति का गठन किया और उसे अपने निष्कर्षों की रिपोर्ट करने और अपराधियों की पहचान करने के लिए 30 दिन का समय दिया।
ट्रंप एक बार फिर अर्धवार्षिक घड़ियों को बदलने पर लगाना चाहते हैं रोक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर घड़ी बदलने की प्रक्रिया को रोकने की बात की है। शुक्रवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए कांग्रेस से कहा कि दिन के अंत में ज्यादा दिन की रोशनी के लिए जोर डाले। ट्रंप का कहना था कि यह बहुत लोकप्रिय होगा और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि घड़ी बदलने की परेशानी खत्म हो जाएगी, जो कि हमारे सरकार के लिए एक बहुत महंगा कार्य है!
ट्रंप का यह सुझाव है कि देश को डेलाइट सेविंग टाइम (डीएसटी) पर रखना चाहिए, जिससे समय को आगे बढ़ाया जाए और दिन के अंत में ज्यादा रोशनी मिले। पहले ट्रंप ने डेलाइट सेविंग टाइम को खत्म करने की बात की थी, लेकिन पिछले महीने उन्होंने इसे लेकर अपनी राय बदल ली थी और इसे 50-50 मुद्दा बताया था। उन्होंने कहा था, इस पर उत्साहित होना मुश्किल है।
प्रिंस हैरी की अघोषित यूक्रेन यात्रा
ब्रिटेन के प्रिंस हैरी ने गुरुवार को अचानक और अघोषित यात्रा पर यूक्रेन पहुंचे। जहां उन्होंने रूस के साथ चल रहे युद्ध में घायल हुए सैनिकों और आम लोगों से मुलाकात की। यह यात्रा उनके घायल सैनिकों के साथ लंबे समय से चल रहे काम का हिस्सा थी। प्रिंस हैरी ने यूक्रेन के लविवि शहर में स्थित सुपरह्यूमन्स सेंटर नाम की एक ऑर्थोपेडिक क्लिनिक का दौरा किया। यह क्लिनिक युद्ध में घायल हुए सैनिकों और नागरिकों का मुफ्त इलाज करता है। यहां पर लोगों को कृत्रिम अंग, सर्जरी और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता दी जाती है।