ट्रंप के विरुद्ध मेक्सिको-ब्राजील साथ आए, पलटवार की तैयारी
अमेरिकी टैरिफ ने भले ही 75 देशों में टैरिफ को 90 दिनों के लिए टाल दिया है, लेकिन कई देश ट्रंप के फैसले से नाखुश हैं। वे आपस में मिलकर ट्रंप को जवाब देने की रणनीति बना रहे हैं। अब मेक्सिको और ब्राजील ने भी टैरिफ मुद्दे पर अमेरिका पर पलटवार के लिए हाथ मिलाया है। लैटिन अमेरिका की सबसे बड़ी दोनों अर्थव्यवस्थाओं ने द्विपक्षीय व्यापार की मजबूती पर जोर दिया है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम और ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा ने होंडुरास में एक क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन में ट्रंप के टैरिफ और बढ़ते निर्वासन का जवाब देने की रणनीति बनाई। दोनों ने साझा बयान में एकजुट होने की जरूरत पर बल दिया।
मुक्त व निष्पक्ष व्यापार के लिए कर रहे कई देशों से वार्ता : अल्बनीज
इस पूरे मामले पर ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा, हमारा रुख मुक्त व निष्पक्ष व्यापार है। हम उन सभी देशों से चर्चा कर रहे हैं, जो हमारे हित में खड़े हैं। अपनी तैयारी को लेकर चीनी प्रधानमंत्री (प्रीमियर) ली कियांग ने कहा, चीन ने पूरा मूल्यांकन कर लिया है और सभी तरह की अनिश्चितताओं से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, चीन भी स्थिति के हिसाब से नीतियां पेश करेगा। देशों को लामबंद करने की चीन की कोशिशों के बीच ऐसा नहीं है कि सभी देश चीन के साथ जुड़ने में दिलचस्पी रखें। बहुत से ऐसे देश जिनका चीन के साथ विवाद रहा है वे इसमें दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं।