पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान जिले में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे आठ आतंकवादियों को मार गिराया। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने रविवार को बताया कि 5-6 अप्रैल की रात को उत्तरी वजीरिस्तान के हसन खेल में आतंकवादी पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के पास घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा बलों के साथ भीषण गोलीबारी में चार आतंकवादी घायल भी हुए हैं। आईएसपीआर ने कहा कि पाकिस्तान के सुरक्षा बल अपनी सीमाओं को सुरक्षित रखने और देश से आतंकवाद के खतरे को खत्म करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। बता दें कि प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) की ओर से नवंबर 2022 में सरकार के साथ संघर्ष विराम समाप्त करने के बाद, पाकिस्तान में पिछले एक साल में (विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में) आतंकवादी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है।
अमेरिका: तटीय जॉर्जिया में कार हादसे में पांच की मौत
जॉर्जिया के तटीय इलाके में रविवार सुबह एक कार हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई हादसा आई-95 पर मैकिनटोश काउंटी में सुबह करीब छह बजे हुआ, जब एक वाहन दूसरे वाहन से टकरा गया और फिर वह जलने लगा। राज्य की पुलिस ने यह जानकारी दी।
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान रेगन डूगन (27 वर्षीय) और उनके चार बच्चों के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 9, 4, 2 और 3 महीने थी। डूगन एक किराए की कार से नॉर्थ कैरोलिना के रैले से फ्लोरिडा अपने पति से मिलने जा रही थीं। उनके पति को भी हादसे के बारे में सूचित कर दिया गया है। दूसरे वाहन के यात्री को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बांग्लादेश की अदालत ने अवामी लीग समर्थक 70 वकीलों को भेजा जेल
बांग्लादेश की एक अदालत ने अवामी लीग समर्थक 70 वकीलों को जेल भेज दिया है। उनके खिलाफ पिछले साल हुए हिंसक छात्र आंदोलन के दौरान मारपीट व हत्या के प्रयास के मामले दर्ज थे। इस आंदोलन के कारण अवामी लीग प्रमुख व तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश छोड़ना पड़ा था। हसीना फिलहाल भारत में हैं।
कोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि ढाका मेट्रोपोलिटन सेशन जज मोहम्मद जाकिर हुसैन ने जमानत देने से इन्कार करते हुए वकीलों को जेल भेजने का आदेश दिया। हालांकि, अदालत ने नौ महिला वकीलों व ढाका बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अबू सैयद सागर को जमानत दे दी। इससे पहले वकीलों को हाईकोर्ट ने आठ हफ्ते की अग्रिम जमानत देते हुए स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण का आदेश दिया था। मामले में कुल 144 वकील नामजद हैं।
सऊदी अरब ने 14 देशों के नागरिकों के लिए वीजा पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह अस्थायी वीजा प्रतिबंध यात्रा नियमों को आसान बनाने में मदद करेगा। इससे हज के दौरान सुरक्षा बेहतर होगी। अधिकारियों ने लोगों से नए नियमों का पालन करने को कहा है ताकि वे किसी परेशानी से बच सकें। सऊदी सरकार का यह प्रतिबंध बिजनेस और फैमिली वीजा के अलावा उमराह वीजा पर भी लागू होगा। वीजा पर अस्थायी प्रतिबंध का यह फैसला बिना रजिस्ट्रेशन के लोगों को हज में शामिल होने से रोकने के लिए है। यह प्रतिबंध मध्य जून यानी इस साल का हज पूरा होने तक जारी रहेगा। सऊदी अधिकारियों ने बताया कि उमराह वीजा के लिए विदेशी 13 अप्रैल तक ही आ सकते हैं। इसके बाद उमराह वीजा नहीं दिए जाएंगे। जिन देशों के नागरिकों पर के लिए अस्थायी वीजा प्रतिबंध लगाया है उनमें पाकिस्तान, भारत, बांग्लादेश, मिस्र, इंडोनेशिया, इराक, नाइजीरिया, जॉर्डन, अल्जीरिया, सूडान, इथियोपिया, ट्यूनीशिया और यमन शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि अगर कोई प्रतिबंध के बावजूद सऊदी अरब में अवैध रूप से रहता है तो उसे पांच साल तक सऊदी अरब में आने से रोका जा सकता है। उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब में बीते साल हज के दौरान हजारों मौतें हुई थीं। मरने वालों में ज्यादा अवैध हज यात्री थे।
अमेरिका में खसरे का प्रकोप, टेक्सास में दूसरे बच्चे की मौत
अमेरिका में तीस साल में खसरे का सबसे बुरा प्रकोप देखा जा रहा है। इस बीच, टेक्सास में बिना टीकाकरण वाले एक और बच्चे की मौत हो गई। लुबॉक के यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर (यूएमसी) ने बताया कि बच्चा स्कूल जाने की उम्र का था और उसे अन्य कोई बीमारी नहीं थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी खसरे के कारण मौत हो गई। यूएमसी एक क्षेत्रीय अस्पताल और शिक्षण संस्थान है। इससे पहले फरवरी में टेक्सास में एक और बच्चे की इस बीमारी से मौत हुई थी। मार्च की शुरुआत में न्यू मैक्सिको में एक व्यस्क की भी मौत हो चुकी है।
अमेरिका: चाकू से हमला करने वाले शख्स को पुलिस ने मारी गोली, अस्पताल में भर्ती
न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन इलाके में रविवार सुबह एक 49 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने ही घर में 8 से 16 साल की उम्र की चार लड़कियों पर चाकू और मांस काटने वाले हथियार से हमला कर दिया। चारों लड़कियां उसकी रिश्तेदार हैं और गंभीर रूप से घायल हुई हैं। हालांकि, उनकी जान बच गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हमले के बाद 11 साल की लड़की ने पुलिस को फोन कॉल कर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी खून से सने हथियार के साथ दरवाजे पर मिला। उसने हथियार फेंकने से इनकार किया और पुलिस की ओर बढ़ा, जिसके बाद पुलिस को गोली मारकर उसे रोकना पड़ा। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को घर से दो धारदार हथियार मिले हैं। मामले की जांच जारी है।
रेत कलाकार सुदर्शन को ब्रिटेन का प्रतिष्ठित सैंड मास्टर सम्मान
विश्व प्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक को फ्रेड डारिंगटन सैंड मास्टर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पटनायक को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का विजेता घोषित किया जाना इस लिहाज से खास है कि वर्ष 2025 दिग्गज ब्रिटिश रेत कलाकार फ्रेड डारिंगटन की 100वीं वर्षगांठ है। दक्षिणी इंग्लैंड के वेमाउथ में शनिवार से शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय रेत कला महोत्सव सैंडवर्ल्ड-2025 के दौरान पटनायक ने विश्व शांति के संदेश के साथ भगवान गणेश की 10 फुट ऊंची रेत की मूर्ति बनाकर एक और उपलब्धि हासिल की। पटनायक ने कहा, मैं फ्रेड डारिंगटन ब्रिटिश सैंड मास्टर पुरस्कार प्राप्त करने वाला पहला भारतीय कलाकार बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पुरी निवासी पटनायक को इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी है।
अस्पताल से छुट्टी के दो हफ्ते बाद प्रार्थना में शामिल हुए पोप
अस्पातल से छुट्टी के दो हफ्ते बाद पोप फ्रांसिस अचानक रविवार को सेंट पीटर्स स्क्वायर्स पहुंचे, जहां बीमार व स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। पोप ने तालियां बजा रही भीड़ की ओर हाथ हिलाया। फ्रांसिस ने माइक्रोफोन पर कहा, सभी को रविवार की शुभकामनाएं।
तिब्बत के धार्मिक नेता डोर्जे की चीनी हिरासत में हत्या
तिब्बती धार्मिक नेता तुलकु हंगकर दोरजे की चीनी हिरासत में संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। उन्हें चीनी अधिकारियों ने लंबे समय से हिरासत में रखा था। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन ने हंगकर के निधन की पुष्टि की है। उसने बताया कि चीनी अधिकारियों ने तिब्बत के गाडे काउंटी स्थित लुंगनगोन मठ के अधिकारियों को दो अप्रैल को हंगकर की मौत के बारे में सूचना दी।
हूतियों का दावा- अमेरिका हमले में चार लोग मारे गए
हूतियों ने स्वीकार किया है कि अमेरिकी हमले में उनके दो नहीं चार लोग मारे गए हैं। इससे पहले रविवार को हूतियों ने दो लोगों की मौत की बात स्वीकारी थी, लेकिन अब चार की मौत होने की बात कही है। हालांकि अमेरिका ने जो हमले की वीडियो जारी की है, उसे देखकर लग रहा है कि हमले में हूतियों को भारी नुकसान हुआ होगा। शनिवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, उसमें लोगों के एक समूह पर हवाई हमला होते दिख रहा है। ट्रंप ने उन्हें हूती बताया था। हालांकि जगह का खुलासा नहीं किया था।
प्रतिबंध के बाद दक्षिणपंथी ली पेन ने दिखाई ताकत, पेरिस में की बड़ी रैली
घोटाले के आरोप में चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित की गईं फ्रांस की धुर दक्षिणपंथी नेता मरीन ली पेन ने रविवार को राजधानी पेरिस में एक बड़ी रैली आयोजित कर अपनी ताकत दिखाई। इस रैली में हजारों की संख्या में लोग जुटे। ली पेन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और वे आगे भी लड़ाई लड़ती रहेंगी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए और कहा कि ये लोग 2027 हमसे नहीं छीन सकते। फ्रांस में 2027 में राष्ट्रपति चुनाव होने जा रहे हैं। ली पेन को प्रतिबंधित किए जाने के बाद से फ्रांस का राजनीतिक पारा चढ़ा हुआ है।
पुर्तगाल राष्ट्रपति ने की भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य बनाने की वकालत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ संयुक्त वक्तव्य में पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य बनाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा एक ऐसे समय में हो रही है जब अंतरराष्ट्रीय स्थिति चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने बताया कि बहुपक्षवाद, नियमों पर आधारित अंतरराष्ट्रीय प्रणाली, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान, मुक्त व्यापार और जलवायु परिवर्तन से लड़ने के जैसे सिद्धांत अब संकट का सामना कर रहे हैं। यह संकट उन देशों द्वारा उठाए गए सवालों के कारण है, जो इन सिद्धांतों और मूल्यों के निर्माता रहे हैं।