फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: अमेरिका पर 34 फीसदी जवाबी टैरिफ लगाएगा चीन; यूक्रेन में रूसी हमले में 14 लोगों की मौत, 50 घायल

Fri, 04 Apr 2025 02:21 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
world updates - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

तुर्किये और पास के एक ग्रीक द्वीप के बीच प्रवासियों को लेकर जा रही दो नावों के गहरे समुद्री संकरे हिस्से में डूब जाने से 16 लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक लापता है और 40 से अधिक लोग घायल हैं। ग्रीस और तुर्किए के अधिकीरियों ने इस हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मृतकों के अलावा, एक व्यक्ति लापता है। मृतकों में कम से कम तीन बच्चे शामिल हैं। वहीं, 40 से अधिक लोगों को बचाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि ये दोनों दुर्घटनाएं ग्रीक द्वीप लेस्बोस और तुर्की तट के बीच एजियन सागर के संकरे हिस्से में हुई।  

विज्ञापन

हसीना की अवामी लीग से जुड़े दो नेताओं के घरों में तोड़फोड़
बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग से जुड़े दो नेताओं के घरों में तोड़फोड़ की गई है। बृहस्पतिवार को डेली स्टार अखबार ने बताया कि सिलहट सिटी कॉरपोरेशन (एससीसी) के पूर्व मेयर अनवरुज्जमां चौधरी और मौलवीबाजार-2 (कुलौरा) के पूर्व सांसद शफीउल आलम चौधरी नादेल के घरों पर बुधवार को छात्रों और आम लोगों के एक समूह ने हमला किया और तोड़फोड़ की। सिलहट एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) सैयद अनिसुर रहमान ने बताया कि नादेल के घर पर हुए हमले में मामूली नुकसान हुआ है। 

वहीं, अखबार ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि सूर्यास्त के बाद लोगों का एक समूह जुलूस लेकर हाउसिंग एस्टेट इलाके में नादेल के घर पहुंचा। उन्होंने घर पर धावा बोल दिया और सीसीटीवी कैमरे और एक लैपटॉप को नुकसान पहुंचाया। इस बीच, शाम करीब साढ़े सात बजे अनवरुज्जमां चौधरी के घर पर पथंतुला इलाके में एक और हमला हुआ, जहां हमलावरों ने फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान तोड़ डाला। मंगलवार को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के सूचना सलाहकार महफूज आलम ने दावा किया कि आवामी लीग के एक लाख से अधिक सदस्य भारत भाग गए हैं। बांग्लादेशी समाचार पोर्टल बीडीन्यूज24.कॉम के अनुसार आलम ने यह टिप्पणी ढाका में ईद के मौके पर आयोजित एक सभा में की थी।

राष्ट्रपति यून सुक येओल के महाभियोग पर आज आएगा ऐतिहासिक फैसला
दक्षिण कोरिया का संवैधानिक न्यायालय शुक्रवार को राष्ट्रपति यून सुक येओल के खिलाफ महाभियोग पर अपना फैसला सुनाएगा। इस फैसले से यह तय होगा कि उन्हें राष्ट्रपति पद से हटा दिया जाएगा या फिर उनकी शक्तियां बहाल कर दी जाएंगी। रूढ़िवादी नेता यून ने चार महीने पहले देश में मार्शल लॉ की घोषणा की थी, जिसके बाद से देश में काफी उथल-पुथल मच गई थी। संवैधानिक न्यायालय में शुक्रवार को स्थानीय समय अनुसार सुबह 11 बजे इस मामले की सुनवाई की जाएगी, जो राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित होगी। महाभियोग को बरकरार रखने के लिए न्यायालय के आठ न्यायाधीशों में से कम से कम छह को यून को राष्ट्रपति पद से हटाने के पक्ष में मतदान करना होगा।

मेन में एक व्यक्ति ने अपनी मां की गोलीमार कर हत्या की
अमेरिका के मेन से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक बेटे ने अपनी मां की ही गोलीमार कर हत्या कर दी। इस गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, एक 29 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी मां को गोली मारकर हत्या कर दी, फिर पास से गुजर रहे वाहनों पर गोलीबारी की। इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। घटना में एक अन्य महिला की भी मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।

डेट्रोइट के उपनगर में घर में विस्फोट से महिला की मौत
गुरुवार को डेट्रोइट के उपनगर साउथगेट में एक घर में हुए विस्फोट ने पड़ोस को हिला दिया। विस्फोट में एक महिला की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, विस्फोट के कारण महिला मलबे में फंसी, जबकि घायल व्यक्ति सामने के यार्ड में उड़ गया। दोनों को गंभीर जलन और अंदरूनी चोटें आईं। महिला के पैरों में भी गंभीर चोट आई थी। विस्फोट सुबह 6 बजे से पहले हुआ था, जिससे आस-पास के लोग चौंक गए। एक सोफा सड़क के दूसरी ओर खिड़की से टकराकर गिरा और मलबा ब्लॉक भर दूर गिरा, कुछ मलबा पेड़ों से लटकता हुआ पाया गया।

संयुक्त राष्ट्र ने सूडान में न्यायेतर हत्याओं की निंदा की
सूडान में जारी गृह युद्ध में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। इसी बीच संयुक्त राष्ट्र ने सूडान की राजधानी खार्तूम में हो रही न्यायेतर हत्याओं की रिपोर्ट की निंदा की है। स्थानीय अधिकार समूहों का कहना है कि सूडानी सेना ने खार्तूम और जेबेल औलिया में नागरिकों को फील्ड फांसी दी, जिन्हें कथित तौर पर अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के साथ सहयोग करने के संदेह में मार दिया गया। मानवाधिकारों के लिए संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने गुरुवार को कहा कि वह इस तरह की रिपोर्टों से स्तब्ध हैं और सूडानी सेना से नागरिकों को बिना किसी न्याय के मारने का यह सिलसिला बंद करने का आग्रह किया है।

पीएम मोदी की श्रीलंका यात्रा अहम द्विपक्षीय संबंधों में जुड़़ेगा नया एजेंडा
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रीलंका की यात्रा बेहद महत्वपूर्ण है, इससे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में नया एजेंडा जुड़ेगा। यह बातें बृहस्पतिवार को श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने मीडिया बातचीत में कही। पीएम मोदी की यात्रा के बारे में झा ने बताया कि प्रधानमंत्री 4-6 अप्रैल तक श्रीलंका के दौरे पर रहेंगे।

उन्होंने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण यात्रा है। दोनों देशों के संबंध बेहतर हो रहे हैं। मोदी श्रीलंका में नई सरकार बनने के बाद पहले विदेशी मेहमान के रूप में यहां आ रहे हैं। पिछले साल दिसंबर में राष्ट्रपति दिसानायके ने अपने पहले विदेशी दौरे के रूप में भारत का दौरा किया था। इसलिए, यह बहुत महत्वपूर्ण यात्रा है। हम अनिवार्य रूप से मौजूदा समझ को आगे बढ़ाने और संबंधों में नया एजेंडा जोड़ने पर विचार कर रहे हैं। जब राष्ट्रपति दिसानायके दिल्ली आए थे, तो प्रधानमंत्री ने हमारी साझेदारी के तीन स्तंभों कनेक्टिविटी, ऊर्जा और डिजिटलीकरण पर प्रकाश डाला था। आने वाले दिनों में हम इन क्षेत्रों में समझौते करेंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कुछ समझौते होंगे।

दक्षिण कोरियाई नेता यून सुक योल ने मांगी माफी

राष्ट्रपति पद से हटाए गए दक्षिण कोरियाई नेता यून सुक योल ने देश की जनता से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। बता दें कि दक्षिण कोरिया की संवैधानिक अदालत ने यून सुक योल को राष्ट्रपति पद से हटाने का आदेश दिया है। 

साल 2028 तक श्रीलंका के बारूदी सुरंगों से मुक्त होने के लक्ष्य पर संकट

श्रीलंका में गृहयुद्ध के दौरान इसके बड़े इलाके में बारूदी सुरंगे बिछाई गईं। लिट्टे की हार के बाद इन बारूदी सुरंगों को हटाया जा रहा और इसके लिए अमेरिका समेत विभिन्न देश फंडिंग दे रहे हैं। साल 2017 की ओटावा संधि के तहत श्रीलंका को साल 2028 तक बारूदी सुरंगों से मुक्त होने का लक्ष्य रखा गया है। अब अमेरिकी सरकार के फंडिंग बंद होने के बाद तय समय पर इस लक्ष्य को पाने का संकट खड़ा हो गया है। 

ब्रिटेन-फ्रांस ने रूस पर लगाया युद्धविराम में देरी का आरोप

ब्रिटेन और फ्रांस ने रूस पर युद्धविराम बातचीत में देरी कराने का आरोप लगाया है। दरअसल रूस ने अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। ब्रिटेन और फ्रांस ही उन देशों का नेतृत्व कर रहे हैं, जो रूस-यूक्रेन युद्ध में यूक्रेन की खुलकर मदद कर रहे हैं। फ्रांस के विदेश मंत्री का कहना है कि यूक्रेन तीन हफ्ते पहले ही युद्धविराम समझौते की शर्तों पर सहमति दे चुका है, लेकिन रूसी राष्ट्रपति पुतिन अपने कदम पीछे खींच रहे हैं। 

चीन ने अमेरिका की तरफ से टैरिफ लगाए जाने के जवाब में अमेरिका पर जवाबी टैरिफ लगाने का एलान किया है। जानकारी के मुताबिक, चीन अमेरिकी उत्पादों पर 34 प्रतिशत टैरिफ लगाएगा।

भारतीय सेना फील्ड अस्पताल का म्यांमार में मिशन जारी

ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत भारतीय सेना फील्ड अस्पताल म्यांमार में अपना समर्पित मानवीय मिशन जारी रखे हुए है, जहां हताहतों की संख्या 400 के करीब पहुंच गई है। चिकित्सा दल ने 23 सर्जरी, 1,300 से अधिक जांच और 103 एक्स-रे सफलतापूर्वक की हैं। दृढ़ निश्चय और चौबीसों घंटे प्रयासों के साथ, भारतीय चिकित्सा दल इस महत्वपूर्ण समय के दौरान म्यांमार के लोगों के साथ एकजुटता में खड़े होकर आवश्यक चिकित्सा देखभाल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
विज्ञापन

यूक्रेन में रूसी हमले में 14 की मौत, 50 घायल
मध्य यूक्रेन के शहर क्रीवी रीह पर रूस ने बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया, जिसमें 14 लोग मारे गए और 50 से अधिक घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि हमले में मारे गए लोगों में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर द्निप्रोपेट्रोव्स्क क्षेत्र से छह बच्चे भी शामिल हैं। क्षेत्र के नेता सेरही लिसाक ने इसे नागरिकों के खिलाफ हमला बताया है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, एक रूसी मिसाइल ने रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया। हमले में पांच इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं और बचाव अभियान जारी है। जेलेंस्की ने युद्ध को समाप्त करने की रूस की अनिच्छा पर निराशा जताई और कहा कि रूस हर दिन हमला कर रहा है। मिसाइल और ड्रोन से किए जा रहे हमले यह साबित करते हैं कि रूस केवल युद्ध चाहता है। जेलेंस्की ने यूक्रेन के सहयोगियों (अमेरिका, यूरोप और शेष विश्व) से यूक्रेन की हवाई सुरक्षा को मजबूत करने और मास्को पर युद्ध रोकने के लिए दबाव बढ़ाने का आग्रह किया है। जेलेंस्की ने कहा, अब, यह स्पष्ट है कि कौन शांति चाहता है और कौन युद्ध। यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने ब्रसेल्स में नाटो की बैठक में खार्किव हमले का जिक्र करते हुए कहा। हमें रूस पर शांति के लिए दबाव डालना चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें