स्पाइसजेट, एअर इंडिया एक्सप्रेस नेपाल से उड़ानें शुरू करेंगे
नेपाली उड्डयन प्राधिकरण ने पाइसजेट और एअर इंडिया एक्सप्रेस को काठमांडो के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टीआईए) से उड़ानें संचालित करने की मंजूरी दी है। प्रवक्ता हंस राज पांडे के मुताबिक, कोविड-19 महामारी से पहले स्पाइसजेट नेपाल के लिए नियमित उड़ानें संचालित करती थी। अब यह दोबारा उड़ानें संचालित करेगी।
भारतीय समुद्री दिग्गज विजय रीकैप आईएससी के ईडी बने
भारतीय समुद्री दिग्गज विजय डी. चाफेकर को सिंगापुर में समुद्री और सशस्त्र डकैती से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग समझौते (रीकैप) सूचना साझाकरण केंद्र का नया कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया गया है।
अमेरिका के संघीय आव्रजन विभाग ने एक छत बनाने वाली कंपनी के ठिकाने पर छापा मारकर 37 लोगों को गिरफ्तार किया है। यह छापेमारी की कार्रवाई उत्तरी वॉशिंगटन में की गई। छापेमारी में आव्रजन विभाग के साथ ही होमलैंड सिक्योरिटी, कस्टम, और बॉर्डर पेट्रोल के जवान शामिल रहे, जिन्होंने माउंट बेकर रूफिंग कंपनी के गोदाम में सुबह साढ़े सात बजे छापा मारा। यह इलाका कनाडा सीमा के नजदीक है। हिरासत में लिए गए लोगों को दो बसों में ले जाया गया। आव्रजन विभाग को सूचना मिली थी कि यहां अवैध अप्रवासी ठहरे हुए हैं। आव्रजन विभाग का कहना है कि ट्रंप प्रशासन के शुरुआती 50 दिनों में 32,809 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बुधवार को एक हवाई हमले में यमन में छह लोगों की मौत हो गई। यह हवाई हमला यमन में हूतियों के नियंत्रण वाले इलाकों में किया गया। हूतियों ने इस हमले का आरोप अमेरिका पर लगाया है। राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर हवाई हमले कर रहा है। ये हमले हूतियों द्वारा मध्य पूर्व के समुद्री इलाकों में व्यापारिक जहाजों पर हमले के बदले किए जा रहे हैं। अमेरिका की इस कार्रवाई को ईरान पर दबाव बनाने के तौर पर देखा जा रहा है। मंगलवार को भी अमेरिका ने यमन में 200 से ज्यादा हमले किए। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा है कि इन हमलों से ईरान काफी कमजोर हुआ है। हालांकि अभी तक हूतियों ने इन हमलों में उनके किसी बड़े नेता की मौत की पुष्टि नहीं की है।
प्रवासियों से भरी नौका ग्रीक द्वीप के पास पलटी, 4 मौतें
तुर्किये तट से प्रवासियों को लेकर ग्रीक द्वीप जा रही एक नौका बृहस्पतिवार को ग्रीस में पलट गई। ग्रीस तट रक्षक के मुताबिक, हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं और दो बच्चे (एक लड़का, एक लड़की) शामिल हैं। नौका मे बैठे 23 अन्य लोगों को बचा लिया गया है। लेसबोस द्वीप के उत्तरी तट पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। नाव पर कितने लोग सवार थे, उनकी राष्ट्रीयता क्या थी, वह किस तरह के जहाज का इस्तेमाल कर रहे थे। इस बारे में विवरण नहीं मिला है।