असद समर्थकों ने घात लगाकर हमला किया, 13 पुलिस अधिकारियों की हत्या
सीरिया में बंदूकधारियों ने गुरुवार को एक तटीय शहर में सीरियाई पुलिस गश्ती दल पर घात लगाकर हमला किया। इसमें कम से कम 13 सुरक्षाकर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। हमला ऐसे समय में हुआ है जब सीरिया के तटीय क्षेत्र में पूर्व राष्ट्रपति बशर असद के अल्पसंख्यक अलावी संप्रदाय और इस्लामी समूहों के सदस्यों के बीच तनाव बढ़ गया है। ब्रिटेन की संस्था- सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा, लाताकिया शहर के पास जबलेह कस्बे में हुए हमले में कम से कम 16 लोग मारे गए।
लंदन क्रॉसबो हत्या: 26 वर्षीय हत्यारोपी पूर्व पार्टनर के साथ दुष्कर्म का भी दोषी, तीन महिलाओं की हुई थी मौत
लंदन में एक 26 साल के शख्स को महिला और उसकी दो बेटियों की हत्या का दोषी पाया गया था। हत्या के दौरान धनुष जैसी आकृति वाले हथियार क्रॉसबो का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण इसे लंदन क्रॉसबो कांड भी कहा जाता है। इस शख्स को कोर्ट ने अब अपनी पूर्व पार्टनर के साथ दुष्कर्म का भी दोषी पाया है। लगभग 45 मिनट की जिरह के बाद कैम्ब्रिज क्राउन कोर्ट में जूरी ने काइल क्लिफोर्ड को 25 वर्षीय पूर्व प्रेमिका लुईस हंट के साथ दुष्कर्म का दोषी ठहराया। हत्या के लिए महिला और उसकी बेटियों पर काइल ने क्रॉसबो और चाकू से हमला किया था। पिछली बार की पेशी में लुईस ने दुष्कर्म के आरोपों से इनकार किया था। जिन तीन लोगों की हत्या की गई, उसमें लुईस हंट, बड़ी बहन हन्नाह हंट (28 साल) और दोनों की मां कैरोल हंट (61) शामिल हैं। दोनों बहनों की क्रॉसबो से हत्या की गई, जबकि मां को चाकू घोंपकर मौत की नींद सुला दिया गया। महिलाएं बीबीसी से जुड़े कमेंटेटर जॉन हंट की पत्नी और बेटियां थीं।
एरियन छह रॉकेट फ्रांसीसी उपग्रह के साथ लॉन्च
फ्रांस के एरियन 6 रॉकेट की मदद से गुरुवार को फ्रांसीसी सैन्य टोही उपग्रह को लेकर आकाश की ओर उड़ान भरी। यूरोपीय हेवी लिफ्ट लॉन्चर- एरियन 6 रॉकेट की यह पहली वाणिज्यिक उड़ान थी। रॉकेट को फ्रेंच गुयाना के कौरू में यूरोपीय अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया। रॉकेट से वापस भेजी गई वीडियो और तस्वीरों में धरती का खूबसूरत नजारा देखा गया। रॉकेट का मिशन सीएसओ-3 सैन्य अवलोकन उपग्रह को लगभग 800 किलोमीटर की ऊंचाई पर कक्षा में पहुंचाना था। जुलाई 2024 में अपनी पहली उड़ान के बाद यह एरियन 6 का पहला वाणिज्यिक मिशन था।
पोप फ्रांसिस की सेहत में हो रहा सुधार
- फोटो : ANI
पोप फ्रांसिस की हालत स्थिर, वेटिकन शनिवार को देगा अगला अपडेट
सांस लेने से जुड़े गंभीर संक्रमण 'डबल निमोनिया' से पीड़ित पोप फ्रांसिस की तबीयत स्थिर है। वेटिकन की तरफ से जारी बयान के मुताबिक उन्हें सांस लेने का कोई नया संकट या बुखार नहीं हुआ है। चिकित्सकों ने कहा कि पोप की सेहत से जुड़ी अगली जानकारी या स्वास्थ्य पर अपडेट शनिवार को जारी किया जाएगा। हालांकि, पूर्वानुमान के मुताबिक पोप अब भी खतरे से बाहर नहीं हैं।
अमेरिका में भारतीय छात्र को गोली मारी, दूतावास परिजनों के संपर्क में
शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने अमेरिका के विस्कॉन्सिन-मिल्वौकी विवि से डाटा विज्ञान में पीजी कर रहे छात्र प्रवीण कुमार गम्पा की मौत पर दुख जताया है। दूतावास ने कहा, वह शिकागो में गम्पा के परिजनों के संपर्क में हैं और विवि उन्हें हरसंभव मदद दे रहा है। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने उनकी मृत्यु का विवरण नहीं दिया लेकिन स्थानीय खबरों में बताया गया है कि 27 वर्षीय भारतीय छात्र की गोली मारकर हत्या की गई। आशंका है कि डकैती के प्रयास में यह घटना हुई। एक्स पर एक पोस्ट में शिकागो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने कहा, हम प्रवीण कुमार गम्पा की असामयिक मृत्यु से दुखी हैं।
संयुक्त अरब अमीरात में दो और भारतीय नागरिकों को फांसी
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में हत्या के मामलों में दोषी ठहराए गए केरल के दो भारतीय नागरिकों को फांसी दी गई। विदेश मंत्रालय के अनुसार, फांसी की सजा पाने वाले व्यक्तियों की पहचान मुहम्मद रिनाश ए और मुरलीधरन पीवी के रूप में हुई है। रिनाश पर यूएई के एक नागरिक की हत्या का आरोप था, जबकि मुरलीधरन को एक भारतीय प्रवासी की हत्या के मामले में सजा सुनाई गई थी
ट्रंप पर टिप्पणी से गई राजनयिक की नौकरी
ब्रिटेन में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त फिल गॉफ को इस सप्ताह लंदन में एक कार्यक्रम के दौरान ट्रंप पर टिप्पणी के कारण नौकरी छोड़नी पड़ी। न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री ने कहा, गॉफ ने लंदन में यह टिप्पणी की थी। गॉफ ने अतिथि वक्ता फिनलैंड की विदेश मंत्री एलिना वाल्टोनन से पूछा, ‘राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ओवल ऑफिस’ में चर्चिल की आवक्ष प्रतिमा को फिर से स्थापित किया लेकिन क्या आपको लगता है कि वह वास्तव में इतिहास को समझते हैं?’ वाल्टोनन द्वितीय विश्व युद्ध काल में ब्रिटेन के नेता रहे विंस्टन चर्चिल के उस समय के भाषण को पढ़ रही थीं, जब वह तत्कालीन पीएम चेम्बरलेन की सरकार में एक सांसद थे। तभी यह टिप्पणी आई।
नाटो की एकजुटता पर ट्रंप को संदेह
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने NATO की एकजुटता पर संदेह जताया है। उन्होंने कहा, वे इस बात को भरोसे के साथ नहीं कह सकते कि अगर अमेरिका पर हमला होता है तो नाटो अमेरिका की रक्षा के लिए आगे आएगा। हालांकि, वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर 11 सितंबर के दिन हमले के बाद नाटो ने अमेरिका की मदद की थी। अमेरिका के इतिहास में यह एकमात्र ऐसा अवसर है जब रक्षा गारंटी का इस्तेमाल किया गया था। ट्रंप ने कहा, अगर NATO सदस्य देश रक्षा व्यय लक्ष्य को पूरा नहीं करते तो अमेरिका इस गठबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धताओं को छोड़ सकता है। ट्रंप के इस बयान से पहले नाटो राजदूत ने अमेरिकी सीनेटरों को आश्वासन दिया था कि सैन्य गठबंधन के प्रति अमेरिकी प्रशासन की प्रतिबद्धता "अटूट" रहेगी।
वेस्ट बैंक में लापता 10 भारतीय निर्माण श्रमिकों का मिला सुराग
इस्राइल में भारतीय दूतावास ने इस्राइली अधिकारियों ने वेस्ट बैंक में लापता 10 भारतीय निर्माण श्रमिकों का पता लगाया। उन्हें इस्राइल वापस ले आए हैं। हालांकि मामले की अभी भी जांच चल रही है। इस्राइल में भारतीय दूतावास ने कहा, भारत इस्राइली अधिकारियों के संपर्क में है। उनकी सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
ईरान में सैन्य स्थल पर विस्फोट में 1 की मौत, 10 अग्निशमनकर्मी घायल
ईरान की राजधानी तेहरान में एक सैन्य अड्डे पर धमाके में एक शख्स की मौत होने की खबर है। इस हादसे में 10 अग्निशमन कर्मी घायल हो गए। ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर समाचार एजेंसी ने कहा कि आग पहले कंटेनर के अंदर लगी। जब अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया तो विस्फोट हो गया। चार अग्निशमन कर्मियों को अस्पताल ले जाया गया तथा छह अन्य को मामूली चोटों के कारण घटनास्थल पर ही उपचार दिया गया। फिलहाल आग लगने और विस्फोट के कारणों का पता नहीं लगा है।
विदेश मंत्री जयशंकर ने आयरलैंड के राष्ट्रपति हिगिंस से की मुलाकात
ब्रिटेन और आयरलैंड के दौरे पर गए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार शाम आयरिश राष्ट्रपति माइकल डी हिगिंस से मुलाकात की। जयशंकर अपने आयरिश समकक्ष साइमन हैरिस के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'समकालीन विश्व और इसके विकास संबंधी वाद-विवाद पर उनकी अंतर्दृष्टि का महत्व है। उन्होंने राष्ट्रवाद को मजबूत करने में संस्कृति की भूमिका के बारे में बात की।'
FBI: विदेशों में बंधक अमेरिकी लोगों को वापस लाएंगे, एफबीआई निदेशक काश पटेल का बयान
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई के नए निदेशक काश पटेल ने कहा है कि विदेशों में बंधक अमेरिकी नागरिकों को वापस स्वदेश लाना उनकी प्राथमिकता में है। एक कार्यक्रम के दौरान काश पटेल ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन रूस, वेनेजुएला आदि देशों में बंधक अमेरिकी नागरिकों को वापस लाने की दिशा में काम कर रही है। हमास की कैद में मौजूद बंधकों को वापस लाने की भी कोशिशें हो रही हैं।
अमेरिकी कंपनी का निजी चंद्र लैंडर चंद्रमा पर उतरा, लेकिन स्थिति का पता नहीं
अमेरिका की एक निजी कंपनी के स्वामित्व वाला एक चंद्र ‘लैंडर’ बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात (भारतीय समयानुसार) चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरा। हालांकि, इसके कुछ मिनट बीत जाने के बाद भी उड़ान नियंत्रक (फ्लाइट कंट्रोलर) लैंडर की स्थिति के बारे ठोस जानकारी हासिल करने में असफल रहे। इस बात की पुष्टि नहीं की जा सकी है कि लैंडर सीधा खड़ा है या नहीं।पिछली बार जब ‘इंट्यूटिव मशीन्स’ नामक इस कंपनी ने एक वर्ष पहले चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान उतारा था, तो वह तिरछा होकर गिर गया था। कंपनी का सबसे नया ‘एथेना लैंडर’ योजना के अनुसार चंद्रमा की कक्षा से बाहर निकल गया। उसमें एक ‘आइस ड्रिल’, एक ड्रोन और दो रोवर लगे हैं।
20 मिनट बाद भी पुष्टि नहीं, सीधा प्रसारण अचानक बंद
कंपनी की तरफ से जारी बयान के मुताबिक एक घंटे तक ऐसा लगा कि यह ‘लैंडर’ अच्छी तरह उतर रहा है लेकिन ‘मिशन कंट्रोल’ को उसके उतरने की पुष्टि करने में थोड़ा समय लगा। मिशन निदेशक और सह-संस्थापक टिम क्रेन ने कहा, 'ऐसा अनुमान है कि हम सतह पर पहुंच गये हैं। हम मूल्यांकन कर रहे हैं कि सतह पर लैंडर की स्थिति (झुकाव/कोण) वास्तव में क्या है। अधिकारियों ने बताया कि ‘एथेना’ नियंत्रकों (कंट्रोलर) से संपर्क कर रहा था। इससे सौर ऊर्जा भी पैदा हो रही थी। हालांकि, ‘लैंडिंग’ के 20 मिनट बाद भी टिम क्रेन यह पुष्टि करने में असमर्थ रहे कि लैंडर के साथ सब कुछ ठीक है या नहीं। नासा और इंट्यूटिव मशीन्स ने इस लैंडिंग का सीधा प्रसारण अचानक बंद कर दिया। एक बयान में कहा गया कि बाद में वे और जानकारियां साझा करेंगे।