नेपाल में सात अवैध बांग्लादेशी अप्रवासियों को गिरफ्तार किया गया है। काठमांडू पुलिस ने बताया कि रविवार को काठमांडू से सात बांग्लादेशी नागरिकों को निर्धारित समय से अधिक समय तक नेपाल में रहने और कई संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर काठमांडू जिला अपराध जांच कार्यालय से भेजी गई पुलिस टीम ने कार्रवाई की। वीजा अवधि खत्म होने के बावजूद भी देश में रह रहे सात बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आव्रजन विभाग को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक 26 से 46 वर्ष की आयु के ये सभी बांग्लादेशी नागरिक कई संदिग्ध गतिविधियों में भी संलिप्त रहे हैं।
अफगान महिला रेडियो स्टेशन का प्रसारण होगा बहाल, तालिबानी रोक हटी
तालिबान शासन ने अफगानिस्तान में महिला रेडियो स्टेशन पर लगे प्रतिबंध को हटाने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद अब अफगान महिला रेडियो स्टेशन- रेडियो बेगम का प्रसारण फिर से शुरू होगा। करीब चार साल पहले, मार्च 2021 में ‘रेडियो बेगम’ की शुरुआत हुई थी। इस पर प्रसारित की जाने वाली सामग्री अफगान महिलाओं द्वारा तैयार की जाती है। इसका सहयोगी उपग्रह चैनल ‘बेगम टीवी’ फ्रांस से संचालित होता है और सातवीं से 12वीं कक्षा तक के अफगान स्कूली पाठ्यक्रम को कवर करने वाले कार्यक्रम प्रसारित करता है। तालिबान ने देश में महिलाओं और लड़कियों की छठी कक्षा से आगे की शिक्षा पर प्रतिबंध लगा दिया है। तालिबान के सूचना एवं संस्कृति मंत्रालय ने शनिवार रात जारी एक बयान में कहा कि ‘रेडियो बेगम’ ने परिचालन पुनः आरंभ करने की अनुमति के लिए 'कई बार अनुरोध' किया था और स्टेशन द्वारा अधिकारियों से प्रतिबद्धता जताए जाने के बाद निलंबन हटा दिया गया।
फ्रांस में चाकू हमले में एक की मौत, मैक्रों ने बताया इस्लामी आतंकवाद
फ्रांस में शनिवार को चाकू से हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। फ्रांस के आतंकवाद रोधी एजेंसी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस हमले को इस्लामी आतंकवाद करार दिया है। प्रॉसिक्यूटर कार्यालय के अनुसार, एक व्यक्ति ने शनिवार दोपहर मुलहाउस शहर में स्थानीय पुलिस अधिकारियों पर अल्लाहू अकबर चिल्लाते हुए हमला कर दिया था। एक राहगीर ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उसकी भी मौत हो गई, जबकि तीन पुलिस अधिकारी घायल हो गए। अभियोजक कार्यालय ने कहा कि संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है। मैक्रों ने वार्षिक फ्रेंच फार्म शो के दौरान मीडिया से कहा, यह नि:संदेह इस्लामी आतंकवाद का कृत्य है। गृह मंत्री मुलहाउस के लिए रवाना हो चुके हैं। आगे की जांच जारी है।
नसरल्ला सुपुर्द-ए-खाक, पांच महीने बाद दफनाया गया शव
लेबनान की राजधानी के दक्षिणी उपनगर पर इस्राइली हवाई हमले में मारे गए हिजबुल्ला के पूर्व नेता नसरल्ला को उसकी मौत के पांच महीने बाद रविवार को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। जनाजे में हजारों लोग बेरूत में जमा हुए। बता दें कि, इस्राइल की वायुसेना ने आतंकवादी समूह के मुख्य संचालन कक्ष पर 80 से अधिक बम गिराए थे जिसमें हसन नसरल्ला की मौत हो गई थी। उसकी मौत ईरान समर्थित समूह के लिए एक बड़ा झटका थी। नसरल्ला 30 से अधिक साल तक इस समूह का नेता रहा और वह इसके संस्थापकों में से एक था। क्षेत्र में ईरान समर्थित समूहों के बीच उसका काफी प्रभाव था।
शरणार्थी शिविरों में रहने की तैयारी में इस्राइली सेना
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइल के रक्षा मंत्री ने कहा है कि सेना अगले वर्ष तक पश्चिमी तट के कुछ शरणार्थी शिविरों में रहने की तैयारी कर रही है।
सूडान के शहर कोस्ती में हैजा से 60 लोगों की मौत
सूडान के स्वास्थ्य अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी दी कि सूडान के दक्षिणी शहर कोस्ती में हैजा के प्रकोप से पिछले तीन दिनों में करीब 60 लोगों की मौत हो गई और लगभग 1,300 लोग बीमार हो गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इस भयंकर महामारी का मुख्य कारण दूषित पेयजल है।
मंत्रालय के अनुसार, शहर का जल संयंत्र एक कुख्यात अर्धसैनिक समूह द्वारा हमले का शिकार हो गया था, जिसके कारण पानी की आपूर्ति बाधित हो गई और दूषित पानी पीने से हैजा फैलने की स्थिति बन गई। यह अर्धसैनिक समूह करीब दो वर्षों से देश की सेना के खिलाफ संघर्ष कर रहा है।
मंत्रालय ने जारी किया आकड़ा
स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि गुरुवार और शनिवार के बीच इस बीमारी से 58 लोगों की मौत हो गई और 1,293 लोग बीमार हो गए। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए तत्काल कदम उठाए जा रहे हैं, और स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सहायता और साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
40 करोड़ रुपये खर्च कर मंदिरों और गुरुद्वारों का नवीनीकरण कराएगा पाकिस्तान
पाकिस्तान सरकार ने देश में हिंदुओं और सिखों के धार्मिक स्थलों का नवीनीकरण कराने का फैसला किया है। मंदिरों और गुरुद्वारों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया है, जिसपर 1 अरब पाकिस्तानी रुपये (करीब 40 करोड़ भारतीय रुपये) खर्च किए जाएंगे।
शनिवार को इवैक्यू ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) के प्रमुख सैयद अताउर रहमान की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। रहमान के मुताबिक, मास्टर प्लान के तहत मंदिरों और गुरुद्वारों को सजाया जाएगा और 1 अरब पाकिस्तानी रुपये के बजट से विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के पूजा स्थलों पर भारी मात्रा में धन खर्च किया जा रहा है। ईटीपीबी को इस साल एक अरब पाकिस्तानी रुपये से अधिक आवंटित हुए हैं। ईटीपीबी की बैठक में देशभर से हिंदू और सिख समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ सरकारी और गैर-सरकारी सदस्यों ने भी भाग लिया।
यॉर्क, पेनसिल्वेनिया: अस्पताल में गोलीबारी के बाद बंदूकधारी मारा गया
सेंट्रल पेनसिल्वेनिया के यॉर्क स्थित UPMC मेमोरियल अस्पताल में शनिवार को गोलीबारी की घटना सामने आई, जिसके बाद एक बंदूकधारी मारा गया। अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कोई मरीज घायल नहीं हुआ है, लेकिन बंदूकधारी की मौत हो गई है।
अस्पताल के अधिकारी ने दी जानकारी
अस्पताल की जनसंपर्क उपाध्यक्ष, सुसान मैन्को ने एक ईमेल बयान में कहा कि कानून प्रवर्तन अधिकारी अस्पताल परिसर में मौजूद हैं और स्थिति को संभालने में लगे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि किसी और को कितनी चोटें आई हैं।
साथ ही मामले में UPMC मेमोरियल अस्पताल ने अपने कर्मचारियों से कहा कि जो कर्मचारी शनिवार को काम पर नहीं थे, वे घर पर रहें। साथ ही, अस्पताल ने मरीजों के परिवारों को सूचित किया कि वे अस्पताल के सामने सड़क के दूसरी ओर स्थित OSS बिल्डिंग की पार्किंग में रिपोर्ट करें। UPMC मेमोरियल यॉर्क एक पाँच मंज़िला, 104 बिस्तरों वाला अस्पताल है, जो 2019 में खुला था और यह क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में कार्य करता है।
पोप फ्रांसिस की हालत गंभीर
ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस की हालत गंभीर हो गई है। अस्थमा से पीड़ित पोप को फेफड़ों में जटिल संक्रमण के चलते पिछले सप्ताह अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वेटिकन की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि जांच में एनीमिया से जुड़ी स्थिति सामने आने के बाद 88 वर्षीय पोप को रक्त भी चढ़ाया गया। बयान में कहा गया कि पोप अभी भी चेतना में हैं और शनिवार को उन्होंने पूरा दिन आरामकुर्सी पर बिताया। हालांकि, एक दिन पहले के मुकाबले उन्हें ज्यादा दर्द हो रहा था। इससे पहले डॉक्टरों ने कहा था कि पोप फ्रांस निमोनिया और जटिल श्वसन संक्रमण से जूझ रहे हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें कम से कम एक सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ेगा।
यूनुस ने एलन मस्क को बांग्लादेश आने का निमंत्रण दिया
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने अरबपति अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क को बांग्लादेश आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने देश में स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने के लिए अमेरिका के शीर्ष व्यवसायी और स्पेसएक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मस्क को पत्र लिखा। 19 फरवरी को लिखे पत्र में यूनुस ने मस्क से कहा, उनकी बांग्लादेश यात्रा से उन्हें युवा बांग्लादेशी पुरुषों और महिलाओं से मिलने का मौका मिलेगा, जो इस अग्रणी तकनीक के मुख्य लाभार्थियों में से होंगे। उन्होंने बेहतर भविष्य के लिए अपने आपसी दृष्टिकोण को साकार करने के लिए मस्क से मिलकर काम करने का आह्वान किया। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस ने रविवार को बताया, बांग्लादेश के बुनियादी ढांचे में स्टारलिंक की कनेक्टिविटी से परिवर्तनकारी प्रभाव पड़ेगा। इससे बांग्लादेश के उद्यमी युवाओं, ग्रामीण और कमजोर महिलाओं और दूरदराज और वंचित समुदायों को विशेष लाभ मिलेगा।
अमेरिकी वायुसेना अड्डे पर गोलीबारी में एक सैनिक की मौत, एक अन्य घायल
न्यू मैक्सिको स्थित अमेरिकी वायुसेना अड्डे पर शनिवार तड़के हुई गोलीमारी में एक वायुसैनिक की मौत हो गई और एक घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कोई आतंकवादी या किसी बाहरी व्यक्ति की ओर से किया हमला नहीं था। अल्बुकर्क स्थित किर्टलैंड एयर फोर्स बेस के अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने लगभग 2 बजे बेस के प्रवेश द्वार के पास गोलीबारी की सूचना दी। एक वायुसैनिक की मौके पर ही मौत हो गई। घायल सैनिक के हाथ में गोली लगी थी और उसे बाद में अस्पताल से छुट्टी दे गई। वायुसेना की तरफ से साझा की गई जानकारी में और कोई ब्योरा नहीं दिया गया है। वायुसेना के प्रवक्ता ने यह भी बताने से इन्कार कर दिया कि क्या गोली बारी करने वाला कोई एक था या कई थे और क्या वे भी वायुसैनिक थे। एफबीआई मामले की जांच में जुट गई।