फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: मॉरीशस की आजादी के 57 साल, PM मोदी होंगे मुख्य अतिथि; सुनील मित्तल को ब्रिटेन का मानद नाइटहुड सम्मान

Sat, 22 Feb 2025 08:34 AM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले महीने मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने इसकी घोषणा की। रामगुलाम ने इसे दोनों देशों के बीच घनिष्ठ द्विपक्षीय संबंधों का प्रमाण बताया।

विज्ञापन


मॉरीशस के प्रधानमंत्री रामगुलाम ने शुक्रवार को ‘नेशनल असेंबली’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘यह हमारे देश के लिए वास्तव में एक विशेष सम्मान की बात है कि (प्रधानमंत्री मोदी के) इतने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद हमें ऐसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व की मेजबानी करने का अवसर मिलेगा।’ हर साल 12 मार्च को मॉरीशस अपना राष्ट्रीय दिवस मनाता है। इसे 12 मार्च, 1968 को ब्रिटिश शासन से आजादी मिली थी।

रामगुलाम ने कहा, ‘मुझे हमारे देश की स्वतंत्रता की 57वीं वर्षगांठ के समारोह के संदर्भ में सदन को यह सूचित करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि मेरे निमंत्रण पर भारत के प्रधानमंत्री महामहिम नरेन्द्र मोदी ने हमारे राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनने पर सहमति व्यक्त की है।’
विज्ञापन


सुनील भारती मित्तल मिली 'ब्रिटिश एम्पायर के नाइट कमांडर' की उपाधि 
भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक सुनील भारती मित्तल को आज 'नाइट कमांडर ऑफ द मोस्ट एक्सीलेंट ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर' (केबीई) की उपाधि प्रदान की गई। उन्हें यह सम्मान नई दिल्ली में ब्रिटेन के उच्चायुक्त के आवास पर एक विशेष समारोह में दिया गया। इस मौके पर उनके परिवार के सदस्य और मित्र भी मौजूद रहे। ब्रिटेन के उच्चायोग ने यह जानकारी दी। 

उच्चायोग ने कहा, इस समारोह का एलान 2024 में किया गया था। महामहिम राजा ने मित्तल को ब्रिटेन और भारत के व्यापार संबंधों में उनके योगदान के लिए मानद नाइटहुड की उपाधि देने का फैसला लिया था। ब्रिटिश उच्चायोग ने व्यापार में मित्तल के योगदान की सराहना की। 

भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने भारतीय कारोबारी को केबीई पदक प्रदान करने पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, मित्तल ब्रिटेन के बहुत अच्छे मित्र हैं, जिनके पास बीटी, ग्लेनेगल्स, नोरलेक हॉस्पिटैलिटी और वनवेब सहित महत्वपूर्ण निवेश हैं। मित्तल के नेतृत्व ने भारत-ब्रिटेन साझेदारी पर स्थायी प्रभाव डाला है, जिसमें भारत-यूके सीईओ फोरम के साथ उनका काम भी शामिल है।
 

अमेरिका: ओवल ऑफिस से हटाई गई 145 साल पुरानी मेज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नए डेस्क के साथ ओवल ऑफिस की एक तस्वीर साझा की। यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब अरबपति एलन मस्क अपने बेटे एक्स को ओवल ऑफिस लेकर आए थे। इस दौरान एक्स अजीबोगरीब आवाजें निकालने से लेकर नाक पोंछने तक, राष्ट्रपति के रेसोल्यूट डेस्क के करीब खड़े होकर सुर्खियां बटोरीं। अब, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रतिष्ठित 145 साल पुराने डेस्क को सीएंडओ डेस्क से बदल दिया है। उन्होंने इसे अस्थायी बदलाव कहा है।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर नए डेस्क के साथ ओवल ऑफिस की एक तस्वीर साझा की। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं था कि डेस्क को एक्स के नाक साफ करने की घटना के कारण बदला गया है या नहीं। वहीं पोस्ट से जुड़े नोट में लिखा था, 'चुनाव के बाद राष्ट्रपति को 7 में से 1 डेस्क चुनने का मौका मिलता है। यह डेस्क, सी एंड ओ, जो बहुत प्रसिद्ध है और जिसका इस्तेमाल राष्ट्रपति जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश और अन्य लोगों ने किया था, को व्हाइट हाउस में अस्थायी रूप से स्थापित किया गया है।



इस बीच यूक्रेन और रूस के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनोल्ड ट्रंप के राजदूत ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ रूस के साथ तीन साल से जारी युद्ध के बारे में व्यापक चर्चा की है और वह एक साहसी नेता हैं। सेवानिवृत्त अमेरिकी लेफ्टिनेंट जनरल कीथ केलॉग बुधवार को कीव गए थे और उन्हें गुरुवार को जेलेंस्की के साथ मिलकर संवाददाता सम्मेलन करना था, लेकिन इस कार्यक्रम में अंतिम क्षण में बदलाव किया गया। अमेरिकी राजदूत और जेलेंस्की ने मीडिया के सामने आकर केवल तस्वीरें खिंचवाईं।

पाकिस्तान ने कटासराज मंदिर दर्शन के लिए 154 भारतीय तीर्थयात्रियों को दिए वीजा
पाकिस्तान उच्चायोग ने शुक्रवार को कहा कि उसने देश के पंजाब प्रांत में स्थित श्री कटासराज मंदिर के दर्शन के लिए 154 भारतीय तीर्थयात्रियों को वीजा जारी किए। नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग ने कहा कि उसने तीर्थयात्रियों के एक समूह को चकवाल जिले में स्थित पवित्र श्री कटास राज मंदिर की यात्रा के लिए ये वीजा जारी किए। यात्रा 24 फरवरी से 2 मार्च तक चलेगा। 1974 के पाकिस्तान-भारत प्रोटोकॉल के तहत, प्रत्येक वर्ष हजारों भारतीय तीर्थयात्री विभिन्न धार्मिक उत्सवों में भाग लेने के लिए पाकिस्तान जाते हैं। 

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भारत दौरे पर
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और उनके कॉलेज ऑफ कमिश्नर्स अगले सप्ताह भारत आ रहे हैं। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी। यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को इस यात्रा की जानकारी दी।

बता दें कि यह यात्रा यूरोपीय संघ-भारत संबंधों में मजबूती और प्रगति को दर्शाती है। वॉन डेर लेयेन और उनके टीम सदस्य 27 और 28 फरवरी को नई दिल्ली का दौरा करेंगे। यात्रा के दौरान, भारत और यूरोप के बीच सामरिक एजेंडे को मजबूत करने पर चर्चा होगी।

वॉन डेर का बयान
वॉन डेर लेयेन ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य यूरोपीय संघ और भारत के बीच संबंधों को और भी गहरा करना है, विशेषकर व्यापार, सुरक्षा और रक्षा सहयोग, साथ ही आपूर्ति श्रृंखलाओं की मजबूती पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

पोप फ्रांसिस की हालत गंबीर, लेकिन जान का खतरा नहीं
पोप फ्रांसिस की तबियत को लेकर डॉक्टरों के बयान सामने आया है। उनका कहना है कि हालत अभी भी गंभीर है, लेकिन उनकी जान को खतरा नहीं है।  88 वर्षीय पोप को क्रोनिक ब्रोंकाइटिस और निमोनिया के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था। वे अब तक एक सप्ताह से अधिक समय से अस्पताल में हैं और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

डॉक्टरों ने दी जानकारी
डॉक्टरों के अनुसार, पोप को कभी-कभी ऑक्सीजन की खुराक दी जा रही है और उन्हें निमोनिया के लिए मजबूत दवाइयाँ दी जा रही हैं। उनकी स्थिति को लेकर डॉक्टरों ने कहा कि वे अगले पूरे सप्ताह तक अस्पताल में ही रहेंगे। पोप फ्रांसिस की स्थिति पर चर्चा करते हुए कुछ कार्डिनल्स ने यह सवाल उठाया कि अगर उनका स्वास्थ्य और बिगड़ता है तो क्या वह इस्तीफा देंगे। हालांकि, पोप फ्रांसिस ने हाल ही में कहा था कि वह इस बारे में विचार करेंगे, लेकिन उन्होंने अब तक इस्तीफे के कोई संकेत नहीं दिए हैं।

मुख्य न्यायाधीश ने इमरान खान की पार्टी से न्यायिक सुधारों का समर्थन मांगा
पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश याह्या अफरीदी ने शुक्रवार को जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) से देश में न्याय के बेहतर प्रशासन के लिए न्यायिक सुधारों का समर्थन करने का आग्रह किया। मुख्य न्यायाधीश ने पीटीआई प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान बताया कि वे न्यायिक सुधारों पर राष्ट्रीय स्तर पर परामर्श कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि न्यायिक सुधारों का समर्थन दोनों प्रमुख दलों को मिलना चाहिए।

 

जर्मनी में प्रवासी के तौर पर आए अनेक लोग रविवार को पहली बार देंगे वोट
 जर्मनी में पांच लाख से अधिक नए नागरिकों को इस सप्ताह के अंत में राष्ट्रीय चुनाव में पहली बार मतदान करने का अवसर मिलेगा। इन नए नागरिकों में से लगभग एक तिहाई मूल रूप से सीरिया से हैं। इनमें से ज़्यादातर ने पिछले दशक में युद्ध, राजनीतिक अस्थिरता और आर्थिक कठिनाई से बचने के लिए अपना घर छोड़ दिया था।

अकेले 2015-2016 में 10 लाख से अधिक प्रवासी जर्मनी आए जिनमें से अधिकतर सीरिया से आए। इनमें अफगानिस्तान और इराक से पहुंचे प्रवासियों की संख्या भी काफी अधिक है। देश के संघीय सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार, वर्ष 2021 में हुए पिछले राष्ट्रीय चुनाव के बाद से जर्मनी में नागरिकता प्राप्त करने वालों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। 2021 और 2023 के बीच पांच लाख से अधिक लोगों को नागरिकता दी गई। यद्यपि 2024 के आंकड़े अभी उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन विशेषज्ञों का अनुमान है कि पिछले वर्ष जर्मनी में ढाई लाख से अधिक लोगों को नागरिकता दी गई। रविवार को जर्मनी में पहली बार मतदान करने वाले अनेक नए नागरिकों ने अपने मताधिकार के बारे में उत्साह, बदलाव की आशा तथा सशक्तीकरण की भावना व्यक्त की है। कुछ लोग अति-दक्षिणपंथी, आप्रवासी-विरोधी, अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (एएफडी) पार्टी के उदय से चिंतित हैं।  

भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हुए सर्बिया के लोग
 बाल्कन देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ बदलाव के लिए हजारों लोग सर्बिया की राजधानी में सड़कों पर उतरे। उन्होंने पांच टुकड़ियों में संगठित होकर मार्च निकाला। इस दौरान नाकेबंदी के चलते छात्रों को हमलों का सामना भी करना पड़ा। राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूसिक के अधिकारियों ने उन पर मार्च खत्म करने का दबाव बनाया। गत वर्ष नवंबर में एक कंक्रीट छतरी के ढहने से 15 लोगों की मौत के बात हड़ताली छात्र लगातार हड़ताल कर रहे हैं। मौजूदा रैलियां वूसिक के लिए चुनौती बन गई हैं। एजेंसी

हवाई बीच रिसॉर्ट में गैस विस्फोट से सात लोग घायल
हवाई के एक बीच रिसॉर्ट में गुरुवार रात को एक संदिग्ध गैस विस्फोट हुआ, जिसमें सात लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना काआनापाली बीच के 'द व्हेलर' रिसॉर्ट के ग्रिल क्षेत्र में हुई, जो एक लोकप्रिय पर्यटक स्थल है। रिसॉर्ट, जो होटल, टाइमशेयर और रेंटल प्रॉपर्टीज से घिरा हुआ है, लाहिना शहर के उत्तर में कुछ मील दूर स्थित है, जो 2023 के घातक जंगल की आग में लगभग पूरी तरह जल गया था।

पुलिस ने दी जानकारी
माउी पुलिस विभाग के अनुसार, विस्फोट के बाद आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की निकासी की आवश्यकता नहीं पड़ी। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई गई कि विस्फोट में रिसॉर्ट के सामान्य क्षेत्र में बैकयार्ड ग्रिल्स के लिए उपयोग होने वाली लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस शामिल थी।

पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्तियों की उम्र 18 से 74 साल के बीच थी। सोशल मीडिया पर साझा किए गए इलाके के वीडियो में एक विस्फोट होता हुआ दिख रहा है, जो स्विमिंग पूल के पास हुआ और मलबा समुद्र तट के पास फैल गया था।

अमेरिका के लुइसविले में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या
अमेरिका के लुइसविले में शुक्रवार को एक मोटर वाहन कार्यालय में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी है।  लुइसविले मेट्रो पुलिस विभाग के मेजर डोनाल्ड बोकेमैन ने इस हत्याकांड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों को वहां एक व्यक्ति को मृत अवस्था में और दो अन्य घायल अवस्था में मिले। जिसके बाद दोनों घायलों को अस्पतालों में ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि जनता को कोई खतरा नहीं है।

एपी ने ट्रंप प्रशासन के खिलाफ दायर किया मुकदमा
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) ने अमेरिका के डोनाल्ड ट्रंप  प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दायर किया है, क्योंकि उनके रिपोर्ट को कथित तौर पर ओवल कार्यालय और एयर फोर्स वन के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होने से रोका गया था। एपी ने आरोप लगाया कि ट्रंप प्रशासन ने प्रेस की स्वतंत्रता का उल्लंघन किया, जिसका अमेरिकी संविधान में जिक्र है। 
  

40 करोड़ रुपये खर्च कर मंदिरों और गुरुद्वारों का नवीनीकरण कराएगा पाकिस्तान
पाकिस्तान सरकार ने देश में हिंदुओं और सिखों के धार्मिक स्थलों का नवीनीकरण कराने का फैसला किया है। मंदिरों और गुरुद्वारों के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया है, जिसपर 1 अरब पाकिस्तानी रुपये (करीब 40 करोड़ भारतीय रुपये) खर्च किए जाएंगे।

शनिवार को इवैक्यू ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) के प्रमुख सैयद अताउर रहमान की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। रहमान के मुताबिक, मास्टर प्लान के तहत मंदिरों और गुरुद्वारों को सजाया जाएगा और 1 अरब पाकिस्तानी रुपये के बजट से विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के पूजा स्थलों पर भारी मात्रा में धन खर्च किया जा रहा है। ईटीपीबी को इस साल एक अरब पाकिस्तानी रुपये से अधिक आवंटित हुए हैं। ईटीपीबी की बैठक में देशभर से हिंदू और सिख समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ सरकारी और गैर-सरकारी सदस्यों ने भी भाग लिया।

फ्रांस का भगोड़ा अपराधी रोमानिया से गिरफ्तार
फ्रांस के एक भगोड़े कैदी को शनिवार को रोमानिया में पकड़ा गया है। यह कैदा नौ महीने पहले फरार हो गया था। फ्रांसीसी सरकार ने यह जानकारी दी। 

फ्रांसीसी गृह मंत्री ब्रूनो रिटेलो ने रोमानिया में मोहम्मद अमरा की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सभी ताकतों को धन्यवाद कहा और इसकी जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की। रिटेलो के कार्यालय ने गिरफ्तारी के बारे में तत्काल कोई विवरण नहीं दिया। 
 
अमरा (30 वर्षीय) ने मई में नॉर्मंडी में एक जेल से भागने के दौरान दो सिक्योरिटी गार्ड को मार डाला था, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया था। चोरी के आरोप में सजा सुनाए जाने के बाद वह फरार हो गया था। वह एक हत्या की कोशिश और एक अपहरण के मामले में भी जांच केदायरे में था। 
 
विज्ञापन

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी फ्रांस के लिए रवाना
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी शनिवार को फ्रांस के आधिकारिक दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरे का मकसद दोनों देशों के बीच आपसी साझेदारी को और मजबूत करना, साझा हितों पर विचार विमर्श करना और द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देना है। सेना ने यह जानकारी दी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें