पुर्तगाल में भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कई तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ दूतावास ने बयान भी जारी किया। इसमें कहा गया है कि भारतीय दूतावास ने चांसरी भवन के पास विरोध प्रदर्शन की योजना बनाने वाले पाकिस्तान के लोगों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि चांसरी भवन पर ऑपरेशन सिंदुर लिखे बैनर लगाए गए हैं। भारत ने कहा कि वह ऐसे हताशाजनक उकसावे से डरने वाला नहीं है। हमारा संकल्प अडिग है। दूतावास की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सहयोग के लिए भारत ने पुर्तगाल सरकार और स्थानीय पुलिस अधिकारियों को धन्यवाद भी दिया।
इटली में यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिले अमेरिकी उपराष्ट्रपति (VP) जेडी वेंस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इटली दौरे पर हैं। उन्होंने रोम में वेटिकन सिटी के सेंट पीटर स्क्वायर में पोप लियो XIV के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की। बैठक के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद रहे। वेंस और जेलेंस्की के बीच रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से अधिक समय से जारी युद्ध और शांति बहाली के लिए संघर्ष विराम के उपायों पर बात हुई। वेंस के कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक दोनों नेताओं ने यूक्रेन में रक्तपात को समाप्त करने के अपने साझा लक्ष्य पर चर्चा की।
ट्रेन ने पैदल यात्रियों को मारी टक्कर, दो की मौत, एक लापता
अमेरिका के ओहायो राज्य के फ्रेमोंट इलाके में रविवार शाम हुए एक हादसे में ट्रेन ने कई पैदल यात्रियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक लापता है। लापता की नदी में तलाश की जा रही है। हादसा फ्रेमोंट में एरी झील के नजदीक हुआ। पैदल यात्री पुल पर थे, जब अचानक से ट्रेन आ गई और यह हादसा हो गया। पुलिस ने पुल को बंद कर दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने की 11वें पंचेन लामा की रिहाई की मांग
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को 11वें पंचेन लामा की रिहाई की मांग की। पंचेन लामा, जिनका असली नाम गेधुन चोइकी नईमा है, उन्हें चीन की सरकार द्वारा उस वक्त अगवा कर लिया गया था, जब वे महज छह साल के थे। 17 मई 1995 को जब दलाई लामा ने छह साल के गेधुन चोइकी नईमा को 11वां पंचेन लामा घोषित किया तो उसके तीन दिन बाद ही चीन की सरकार ने पंचेन लामा और उनके परिवार को अगवा कर लिया और नए पंचेन लामा के नाम का एलान कर दिया। चीन की इस कोशिश को तिब्बत के लोगों पर आध्यात्मिक रूप से भी नियंत्रण करने के तौर पर देखा गया। करीब 30 साल बीत जाने के बाद भी अब तक 11वें पंचेन लामा और उनके माता-पिता का कुछ पता नहीं चल सका है।
कंबोडिया के अंकोरवाट में बिजली गिरने से तीन की मौत
कंबोडिया में यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल अंकोरवाट मंदिर परिसर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। घटना शुक्रवार शाम की है। घटना में मरने वाले तीनों नागरिक कंबोडियाई हैं। घटना के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर काफी कुछ लिखा और पोस्ट किया जा रहा है। जिस पर कंबोडिया के पर्यटन मंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे घटना को लेकर ऑनलाइन पोस्ट न करें। उन्होंने कहा कि नकारात्मक सूचना से देश के पर्यटन क्षेत्र को नुकसान होगा।
ईरान ने अपने नागरिक की गिरफ्तारी पर ब्रिटिश राजनयिक को तलब किया
ईरान ने ब्रिटेन में अपने एक नागरिक की गिरफ्तारी को 'गैरकानूनी और अनुचित' बताते हुए ब्रिटिश राजनयिक को तलब किया है। यह जानकारी ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने दी।
आईआरएनए की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन के कार्यवाहक उच्चायुक्त को तलब किया। गिरफ्तारी को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया और इसे राजनीतिक मकसद से की गई कार्रवाई कहा। मंत्रालय ने इस पर गंभीर असंतोष जताया। ईरान ने ब्रिटेन को चेतावनी दी कि अगर उसने इस तरह का 'असहयोग' वाला रुख जारी रखा, तो दोनों देशों के संबंधों को नुकसान पहुंच सकता है।
हाल ही में तीन ईरानी मूल के लोगों पर ब्रिटेन में पत्रकारों की जासूसी और उन पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगा। दो हफ्ते पहले चार अन्य ईरानी नागरिकों को आतंकवादी गतिविधि की साजिश के शक में पकड़ा गया था। हालांकि, उन्हें शनिवार को रिहा कर दिया गया, लेकिन ब्रिटिश पुलिस की जांच अभी भी जारी है।
जासूसी विवाद: ब्रिटेन और ईरान ने एक दूसरे के शीर्ष राजनयिकों को किया तलब
तीन ईरानी नागरिकों पर जासूसी के आरोप में मुकदमा दर्ज करने के बाद ब्रिटेन ने सोमवार को ईरान के राजदूत सैयद अली मूसवी को तलब किया। यह कदम ईरान की ओर से रविवार को एक ब्रिटिश राजनयिक को तलब किए जाने के बाद उठाया गया। उसने ब्रिटेन में एक ईरानी नागरिक की गैरकानूनी और अन्यायपूर्ण हिरासत पर विरोध जताया था। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने यह जानकारी दी।
ईरान ने अपने नागरिक की हिरासत को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया और इसे राजनीति से प्रेरित न्यायिक कार्रवाई बताया। ईरानी विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन को चेतावनी दी कि गैर-रचनात्मक व्यवहार से राजनयिक संबंधों को नुकसान हो सकता है। लंदन की एक अदालत में शनिवार को तीन लोगों पर ईरानी समाचार आउटलेट के लिए ब्रिटेन में पत्रकारों की निगरानी और हिंसा की साजिश रचने के आरोप लगाए गए। ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली ब्रिटेन सरकार का कहना है कि ईरान को अपने कार्यों के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। दो सप्ताह पहले तीन लोगों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने एक अलग आतंकवाद जांच में चार अन्य ईरानी नागरिकों को हिरासत में लिया था। उन्हें शनिवार को रिहा कर दिया गया, हालांकि जांच जारी है।
होंडुरास के विदेश मंत्री के भारत दौरे पर विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि होंडुरास के विदेश मंत्री एडुआर्डो एनरिक रीना गार्सिया की भारत यात्रा और उसका यहां अपना दूतावास खोलना, लैटिन अमेरिका और कैरीबियाई क्षेत्र पर नई दिल्ली के बढ़ते फोकस का प्रमाण है। होंडुरास के विदेश एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री गार्सिया 15 मई से 18 मई तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहे।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर और गार्सिया ने भारत-होंडुरास संबंधों के ‘संपूर्ण आयाम की समीक्षा’ की, जिसमें राजनीतिक सहयोग, व्यापार एवं निवेश, विकास साझेदारी और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर चर्चा की गई। मंत्रालय ने कहा, ‘उन्होंने आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।’ जयशंकर ने आतंकवाद का पूरी तरह विरोध करने में होंडुरास के एकजुटता के संदेश की सराहना की। दोनों मंत्रियों ने 15 मई को नयी दिल्ली में होंडुरास गणराज्य के नव स्थापित दूतावास का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया था।
तीन देशों की यात्रा पर जयशंकर, डट समकक्ष से की मुलाकात
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को अपने डच समकक्ष कैस्पर वेल्डकंप से मुलाकात की और द्विपक्षीय साझेदारी को गहरा करने और यूरोपीय संघ के साथ संबंधों पर विस्तार से चर्चा की। जयशंकर तीन देशों यात्रा की यात्रा के पहले पड़ाव पर नीदरलैंड में हैं। वह डेनमार्क और जर्मनी भी जाएंगे। जयशंकर ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा करने और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस को समर्थन देने के लिए नीदरलैंड की सराहना की। भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चले सैन्य संघर्ष के बाद यह जयशंकर की पहली विदेश यात्रा है।
डोमिनिकन गणराज्य और हैती की सीमा पर पांच लोगों की हत्या
डोमिनिकन गणराज्य और हैती की सीमा पर पांच लोगों की हत्या कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि यह संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करी का मामला है। पुलिस ने कहा कि वे रविवार को लोगों पर गोली चलाने और अज्ञात मात्रा में मादक पदार्थ और पैसे लेकर भागने के आरोपी तीन संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं। डोमिनिकन गणराज्य के सीमावर्ती शहर दजाबोन में हुई गोलीबारी में दो अन्य लोग घायल हो गए।