फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: अभी अस्पताल में ही रहेंगे ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति; न्यूज चैनल ने कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

Mon, 14 Apr 2025 01:52 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की अहम खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शनिवार को इस्राइल के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन हुआ, जिसमें लगभग एक लाख लोगों ने गाजा पट्टी में हो रही हिंसा की निंदा की। प्रदर्शनकारियों ने ढाका विश्वविद्यालय क्षेत्र स्थित सुहरावर्दी पार्क में इकट्ठा होकर फलस्तीनी झंडे लहराए और फ्री पैलेस्टाइन के नारे लगाए। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के पुतलों को पीटा गया। प्रदर्शन में गाजा में मारे गए नागरिकों के प्रतीकात्मक ताबूत और चित्र भी दिखाए गए। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और इस्लामवादी संगठनों ने भी इस रैली को समर्थन दिया। 17 करोड़ आबादी वाले इस मुस्लिम बहुल देश ने इस्राइल के साथ कूटनीतिक संबंध नहीं रखे हैं। बांग्लादेश - फलस्तीन की स्वतंत्रता का समर्थन करता है। बीएनपी नेता व पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के समर्थकों ने कहा कि गाजा में निर्दोषों की मौत मानवता के खिलाफ अपराध है। प्रदर्शनकारियों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से फलस्तीनियों के अधिकारों की रक्षा की मांग की।
विज्ञापन


ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति बोल्सोनारो पेट दर्द के चलते अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर 
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो को पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उन्हें उत्तर-पूर्वी ब्राजील से राजधानी ब्रासीलिया मेडिकल विमान से स्थानांतरित किया जाएगा।

बोल्सोनारो को शुक्रवार सुबह उस वक्त पेट में तेज दर्द हुआ जब वे उत्तर-पूर्वी ब्राजील के दौरे पर थे। डॉक्टरों ने बताया कि यह दर्द आंतों में रुकावट (बॉवेल ऑब्स्ट्रक्शन) की वजह से हुआ है, जो साल 2018 में चुनाव प्रचार के दौरान पेट में चाकू लगने की घटना से जुड़ी दीर्घकालिक समस्याओं का नतीजा है।
विज्ञापन


पूर्व राष्ट्रपति पर 2018 में एक चुनावी रैली के दौरान हमला हुआ था, जिसमें उनके पेट में गंभीर चोट आई थी। उस हमले के बाद से वे कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं और 2019 से 2022 के बीच अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई सर्जरी करवाई थीं।


इस्राइली सेना ने मोराग कॉरिडोर को कब्जे में लिया, राफा शहर का खान यूनिस से संपर्क कटा
इस्राइली सैन्य बल (आईडीएफ) ने दक्षिणी गाजा पट्टी में मोराग कॉरिडोर पर पूरी तरह से नियंत्रण कर लिया है। साथ ही सेना ने राफा शहर को खान यूनिस से से काट दिया है। आईडीएफ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उसने राफा को अब पूरी तरह से घेर लिया है। उसकी 36वीं डिवीजन ने मोराग कॉरिडोर को नियंत्रित में ले लिया है। गाजा डिवीजन मिस्र-गाजा सीमा पर फिलाडेल्फिया गलियारे में काम कर रही है। सेना ने घोषणा की कि वह अब राफा के अंदर अपने अभियान का विस्तार उन क्षेत्रों तक करेगी, जहां उसे अभी भी बचे हुए हमास आतंकवादियों को खत्म करना है। बता दें कि आईडीएफ ने लगभग दो सप्ताह पहले राफा में नागरिकों के लिए निकासी चेतावनी जारी की थी।

बांग्लादेश के विदेश सचिव एमडी जसीम उद्दिन - फोटो : एएनआई
अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध: बांग्लादेश
बांग्लादेश के विदेश सचिव एमडी जाशिम उद्दिन ने हाल ही में बैंकॉक में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के बीच हुई मुलाकात को एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। बैठक में पीएम मोदी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर भारत की चिंताओं को रेखांकित किया था। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि बांग्लादेश सरकार अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी और उनके खिलाफ अत्याचारों की गहन जांच की जाएगी। विदेश सचिव उद्दिन ने आश्वासन दिया कि बांग्लादेश अपनी धरती पर अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, हम अपने नागरिकों को लेकर किसी भी तरह की हिंसा या धमकी को बर्दाश्त नहीं करते। हमें अपनी जिम्मेदारियों का पूरा अहसास है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों नेताओं की इस मुलाकात से दोनों देशों के रिश्तों में आई खटास को दूर करने में मदद मिलेगी। उद्दिन ने कहा, हम उच्च राजनीतिक स्तर पर मुलाकात को दोनों पक्षों के लिए महत्वपूर्ण मानते हैं। बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान हुई यह बैठक दोनों नेताओं के लिए पहली व्यक्तिगत मुलाकात थी। मैं इसे एक महत्वपूर्ण कदम मानता हूं, जो हमारे रिश्तों पर छाए बादलों को हटाने और आगे बढ़ने में मदद करेगा। उन्होंने भारत के साथ खुले संवाद और सहयोग पर जोर देते हुए हाल के उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान को भी रेखांकित किया।

अमेरिका: डीओजीई के कर्मचारी को ट्रेजरी विभाग की संवेदनशील जानकारी तक पहुंच की अनुमति
न्यूयॉर्क की एक जज ने एलन मस्क के सरकारी दक्षता विभाग (डीओजीई) पर लगी एक रोक में ढील दी है। डीओजीई को अमेरिकी ट्रेजरी विभाग की संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने की अनुमति नहीं है। हालांकि, जज जेनेट ए. वर्गास ने शुक्रवार को कहा कि डीओजीई के कर्मचारी रयान वंडरली को ट्रेजरी विभाग के संवेदनशील भुगतान और डाटा प्रणाली तक पहुंचने की अनुमति दी जा सकती है, लेकिन इसके लिए उन्हें कुछ खास प्रशिक्षण लेना होगा, जैसाकि ट्रेजरी विभाग के अन्य कर्मचारियों को मिलती है। साथ ही उन्हें बाद में अपनी वित्तीय जानकारी भी देनी होगी। यह अनुमति ऐसे समय में दी गई है, जब हाल ही में 19 डेमोक्रेट राज्यों के अटॉर्नी जनरल ने गोपनीयता के मुद्दों को लेकर डीओजीई के खिलाफ मामला दायर किया है। उन्होंने दावा किया था कि मस्क की डीओजीई टीम में राजनीतिक नियुक्तियां हुई हैं, जिनकी ट्रेजरी विभाग के रिकॉर्ड तक पहुंच नहीं होनी चाहिए।

यूएई से मुंबई, कन्नूर के लिए 15 मई से दैनिक उड़ानें शुरू
यूएई के फुजैराह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने भारत की इंडिगो एअरलाइन के साथ अपनी साझेदारी की घोषणा की है। जिसके तहत 15 मई से मुंबई और कन्नूर के लिए दो सीधी दैनिक उड़ानें शुरू की जाएंगी। यह नई साझेदारी फुजैराह अमीरात और भारत के बीच संबंधों को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो यात्रियों को अधिक यात्रा विकल्प और नए गंतव्यों तक आसान पहुंच प्रदान करती है। इससे संपर्क सुधरेंगे।

योग-भारतीय संस्कृति के प्रचार के लिए मोदी ने की चीनी विद्वान वांग की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के प्रतिष्ठित विद्वान और भारत-प्रेमी प्रोफेसर वांग झीचेंग को योग, वेदांत और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को चीन में लोकप्रिय बनाने के उनके प्रयासों के लिए सराहना की। भारतीय कॉन्सुल जनरल प्रतीक माथुर ने बृहस्पतिवार को हांगझू स्थित झेजियांग यूनिवर्सिटी में आयोजित एक समारोह में पीएम मोदी का पत्र प्रोफेसर वांग को सौंपा। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में प्रोफेसर वांग के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय दर्शन, विशेष रूप से योग और वेदांत, को चीन में समझने-समझाने का उल्लेखनीय कार्य किया है। पीएम मोदी ने लिखा, आपके प्रयासों ने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सेतु का निर्माण किया है।

9 मई को भारत केे कई शहरों में विजय दिवस मनाएगा रूस पीएम मोदी मॉस्को आमंत्रित
रूस ने 9 मई को विजय दिवस के अवसर पर दिल्ली समेत भारत के कई शहरों में कार्यक्रमों की योजना बनाई है, साथ ही मास्को में भव्य समारोह आयोजित किए जाएंगे। रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने शनिवार को कहा, इस साल विजय दिवस विशेष है। यह द्वितीय विश्व युद्ध में सोवियत संघ की नाजी जर्मनी पर जीत की 80वीं वर्षगांठ को चिह्नित करता है। रूस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। अलीपोव ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, हम मॉस्को में 9 मई को बड़े समारोह आयोजित करेंगे और हमें उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करने में खुशी होगी। यदि रक्षा मंत्री आएंगे तो उनका स्वागत होगा।

अभी अस्पताल में भर्ती रहेंगे ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो

ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो को शुक्रवार को पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अभी भी उनकी हालत में पूरी तरह से सुधार नहीं हुआ है और वे अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और यह समस्या उन्हें साल 2018 में हुए हमले के चलते हुई है। हमले के बाद से ही बोल्सोनारो की तबीयत पूरी तरह से ठीक नहीं है और वे कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। पूर्व राष्ट्रपति ने बताया कि उनकी एक और सर्जरी करने की जरूरत पड़ सकती है। 
 

फंडिंग रुकने पर अमेरिकी न्यूज चैनल ने कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

अमेरिका के अरबी भाषा के न्यूज चैनल ने फंडिंग रुकने पर अपने अधिकतर कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। अमेरिका के इस अरबी भाषा के न्यूज चैनल की पश्चिम एशिया, उत्तरी अफ्रीका के देशों में काफी दर्शक हैं। टीवी चैनल का दावा है कि इन देशों में करीब तीन करोड़ लोग उनका चैनल देखते हैं। न्यूज चैनल अल-हूरा ने शनिवार को अपने कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। 

श्रीलंका की बिजली कंपनी ने देशव्यापी ब्लैकआउट रोकने की अपील की
श्रीलंका की सरकारी बिजली इकाई ने सभी छतों पर सौर ऊर्जा जनरेटर लगाने वालों से रविवार से 21 अप्रैल तक अपने सिस्टम बंद रखने को कहा है। कंपनी ने कहा कि लंबे अवकाश काल और धूप वाले मौसम के कारण राष्ट्रीय बिजली की मांग ऐतिहासिक रूप से निम्न स्तर पर पहुंच गई है, जबकि अत्यधिक परिवर्तनशील नवीकरणीय ऊर्जा (वीआरई) का योगदान राष्ट्रीय ग्रिड पर असाधारण दबाव डाल रहा है। इससे आंशिक आउटेज या पूरे देश में ब्लैकआउट हो सकता है। कंपनी ने प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे तक सौर ऊर्जा बंद रखने का अनुरोध किया है। अधिकारियों ने बताया कि पहले भी मांग से अधिक सौर ऊर्जा उत्पादन के कारण ग्रिड ठप हो गया था।

नाइजीरिया में बम विस्फोट में आठ बस यात्रियों की मौत
उत्तरपूर्वी नाइजीरिया में बम विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। बोर्नो राज्य पुलिस के प्रवक्ता नहूम दासो ने बताया कि शनिवार को राज्य में डंबोआ-मैदुगुरी राजमार्ग पर बस जा रही थी तभी अचानक रोड किनारे विस्फोट हुआ, जिससे बस चपेट में आ गई। दासो ने बताया कि विस्फोट बोको हरम समूह के इस्लामी चरमपंथियों ने किया है। बोको हरम समूह आधुनिक शिक्षा का विरोध और इस्लामी कानून को लागू करना चाह रहे हैं।
विज्ञापन

ट्रंप कमांडर इन चीफ के तौर पर काम करने के लिए पूरी तरह से फिट हैं : डॉक्टर
व्हाइट हाउस ने अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (78) की शारीरिक जांच की रिपोर्ट जारी कर कहा कि वह कमांडर इन चीफ के तौर पर काम करने के लिए पूरी तरह से फिट हैं। ट्रंप के फिजीशियन नेवी कैप्टन सीन बारबेला ने कहा कि वह एक्टिव हैं। वह एक स्वस्थ जीवनशैली का पालन करते हैं। इसमें दिन में कई बैठकों में भाग लेना, मीडिया की उपलब्धता और गोल्फ इवेंट्स में लगातार हिस्सा लेना शामिल है। बता दें कि 14 जून को ट्रंप 79 साल के हो जाएंगे। रविवार को जारी रिपोर्ट में डॉक्टर ने सारांश में कहा कि ट्रंप कमांडर-इन-चीफ और राष्ट्राध्यक्ष के कर्तव्यों का पालन करने के लिए पूरी तरह से फिट हैं। स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट से पता चला कि 2020 में राष्ट्रपति के तौर पर अपनी आखिरी शारीरिक जांच के बाद से ट्रंप का वजन 20 पाउंड कम हुआ है। उस समय उनका वजन 244 पाउंड था और अब घटकर 224 पाउंड रह गया है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि ट्रंप ने पहले मोतियाबिंद की सर्जरी करवाई थी। यह उम्रदराज लोगों के बीच एक आम प्रक्रिया है। अब उन्हें साफ दिखाई दे रहा है। बारबेला ने कहा कि ट्रंप एक शौकीन गोल्फर हैं। हाल ही में उन्होंने फ्लोरिडा में अपने खेले गए एक गोल्फ टूर्नामेंट में जीत हासिल की है। ट्रंप के कोलेस्ट्रॉल के स्तर में समय के साथ सुधार हुआ है, जिसमें रोसुवास्टेटिन और एजेटिमीब दवाओं की मदद मिली है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें