फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: यूएस कैपिटल हिल हमले के आरोपी की मौत; फ्रांसीसी पीएम ने एलन मस्क को बताया लोकतंत्र के लिए खतरा

Tue, 28 Jan 2025 01:03 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

छह जनवरी 2021 को हुए यूएस कैपिटल हिल हमले के आरोपी मैथ्यू हटल की पुलिस अधिकारी से झड़प के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हटल ने उत्तर-पश्चिम इंडियाना में यातायात रोका। इस दौरान पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने विरोध किया। इस दौरान अधिकारी और संदिग्ध के बीच झगड़ा हुआ। इस झगड़े पुलिस अधिकारी ने गोली चला दी। इससे आरोपी घायल हो गया। पिछले सप्ताह शपथ ग्रहण के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूएस कैपिटल हिल हमले के आरोपियों को क्षमादान दे दिया था। 

विज्ञापन


फ्रांस के पीएम बोले- लोकतंत्र के लिए खतरा हैं मस्क
फ्रांस के प्रधानमंत्री फ्रेंकोइस बायरू ने कहा कि एलन मस्क लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। पैसे को विवेक पर शासन करने का अधिकार नहीं दिया जाना चाहिए। इससे पहले फ्रांस के पीएम ने कहा था कि फ्रांस और पूरे यूरोप को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी नीतियों के खिलाफ खड़ा होना होगा, अन्यथा प्रभुत्व कुचले जाने या हाशिए पर डाल दिए जाने का जोखिम उठाना होगा।

अगले माह भारत आएंगे ब्रिटिश व्यापार मंत्री
ब्रिटेन के व्यापार राज्यमंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने कहा कि वह अगले महीने भारत की यात्रा करेंगे। उनकी यात्रा का मुख्य मकसद मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) को लेकर चल रही बातचीत को अंतिम रूप देना है।

रेनॉल्ड्स सोमवार को यहां हाउस ऑफ लॉर्ड्स परिसर में इंडिया ग्लोबल फोरम (आईजीएफ) के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार संबंधों के बारे में बताया जो सितंबर 2024 तक 41 अरब पौंड था। हालांकि, उन्होंने दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में भारत और छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में ब्रिटेन के बीच व्यापार में सुधार करने की ब्रिटिश सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

यह यात्रा ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की 2025 की शुरुआत में ब्रिटेन-भारत एफटीए वार्ता को फिर से शुरू करने की घोषणा की पृष्ठभूमि में हो रही है, जो पिछले साल दोनों देशों में आम चुनावों के कारण रुकी हुई थी। यह घोषणा पिछले नवंबर में ब्राजील में जी20 शिखर सम्मेलन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक के बाद की गई।

अवैध रूप से अमेरिका में रह रहे अपने नागरिकों को वापस लेगा चीन
चीन सरकार की ओर से सोमवार को कहा गया है कि वह अमेरिका से इंगित किए गए अपने नागरिकों को वापस लाने के लिए तैयार है। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध रूप से वहां रह रहे लोगों को वापस न लेने पर कुछ देशों पर टैरिफ और प्रतिबंध लगाने की धमकी दी है। हाल के महीनों में अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) पांच चार्टर उड़ानों में सैकड़ों चीनी नागरिकों को चीन वापस भेज चुका है। अमेरिका की ओर से इन्हें अवैध निवासी बताया है। विभाग ने निर्वासन आदेशों के तहत अमेरिका में हजारों चीनी नागरिकों को स्वीकार करने से इन्कार करने पर चीनी अधिकारियों को वीजा प्रतिबंधों समेत गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

इस बारे में चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बीजिंग में मीडिया से बातचीत में कहा, हम अमेरिका और अन्य देशों के प्रवासन और कानून प्रवर्तन विभागों के साथ सहयोग कर रहे हैं। सत्यापन के बाद चीनी मुख्य भूमि से चीनी नागरिक के रूप में पुष्टि किए जाने के बाद चीन उन नागरिकों को वापस लेने के लिए तैयार है। ट्रंप ने पिछले सप्ताह राष्ट्रपति पद संभालने के पहले दिन ही अवैध आप्रवासन को राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया था।

 

वेस्ट वर्जीनिया में घर में विस्फोट से 1 की मौत
 वेस्ट वर्जीनिया  में  क्लार्क्सबर्ग के चेस्टनट हिल्स में एक घर में विस्फोट से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस विस्फोट के  आसपास के घरों को खाली कराना पड़ा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

क्लार्क्सबर्ग पुलिस प्रमुख मार्क किडी ने बताया कि विस्फोट से खिड़कियां उड़ गईं और उसका मलबा कई ब्लॉकों तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि मैंने कभी ऐसा कुछ नहीं देखा। यह एक चमत्कार ही है कि किसी और को चोट नहीं आई।

चीन ने घोटालेबाजों को म्यांमार से किया गिरफ्तार
 चीन के अफसरों ने म्यांमार और थाईलैंड की सीमाओं के पास ऑनलाइन घोटाला नेटवर्क से जुड़े मानव तस्करी मामलों में यान नामक एक प्रमुख संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। चीनी सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने कहा, यान को मंत्रालय, थाईलैंड में चीनी दूतावास और थाई कानून प्रवर्तन अधिकारियों के साझा प्रयासों से पकड़ा गया। चीन ने घोटाला नेटवर्क में संदिग्धों को गिरफ्तार करने में कोई कसर नहीं छोड़ने का संकल्प लिया है।  
 

इमरान, बुशरा अल-कादिर ट्रस्ट केस में हाईकोर्ट पहुंचे
  पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व पीएम इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी ने सोमवार को अल-कादिर ट्रस्ट मामले में अपनी सजा को हाईकोर्ट में चुनौती दी। इस्लामाबाद की एक जवाबदेही अदालत ने इस माह शुरुआत में एक बहुप्रतीक्षित फैसले में हाई-प्रोफाइल 19 करोड़ ब्रिटिश पाउंड मामले में दोनों को दोषी ठहराया था। मामले के तहत दंपती ने एक अरबपति से समझौते के तहत पाकिस्तान को लौटाई गई राशि का दुरुपयोग किया था।  

अमेरिका ने बांग्लादेश पाकिस्तान समेत कई देशों की सहायता को रोक दिया
 अमेरिका ने अन्य देशों को दी जाने वाली अमेरिकी सहायता को निलंबित करने और उसकी समीक्षा किए जाने का आदेश दिया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह मदद ‘अमेरिका फर्स्ट’ के एजेंडे के तहत उसकी विदेश नीति के अनुरूप है या नहीं।

इस आदेश के तहत, बांग्लादेश की 40 करोड़, पाकिस्तान की 23.10 करोड़ और अफगानिस्तान की 1 अरब डॉलर की सहायता रोक दी गई है। भारत को मिलने वाली 17.50 करोड़ डॉलर की मदद भी रोक दी गई है। इनके अलावा जिन देशों की सहायता पर अमेरिका ने रोक लगाई है उनमें नेपाल को 11.80 करोड़ व श्रीलंका को 12.30 करोड़ डॉलर की मदद भी प्रभावित हुई है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप के मुताबिक, यदि मदद के बदले हमें कोई लाभ नहीं मिल रहा तो हम अंधाधुंध तरीके से धन नहीं देंगे।  

अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो पर भड़का तालिबान
तालिबान के एक राजदूत ने सोमवार को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की उस टिप्पणी पर आपत्ति जताई जिन्होंने कहा था कि वह अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में रखने के लिए अफगानिस्तान के शासकों पर इनाम की घोषणा करेंगे।

पिछले सप्ताह अमेरिका और अफगानिस्तान के बीच कैदियों की अदला-बदली में तालिबान के एक सदस्य खान मुहम्मद के बदले दो अमेरिकियों को रिहा किया गया था।  रूबियो ने कहा था कि तालिबान ने ज्यादा अमेरिकी नागरिकों को बंधक बना रखा है। अमेरिकी नागरिक रयान कॉर्बेट और विलियम मैकेंटी को रिहा करने का समझौता जो बाइडन का राष्ट्रपति कार्यकाल खत्म होने से पहले ही किया गया था। लेकिन दो और अमेरिकी, जॉर्ज ग्लीजमैन व महमूद हबीबी अभी तालिबान की हिरासत में हैं। 

अवैध प्रवासियों की जांच के लिए न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी के गुरुद्वारे पहुंचे सुरक्षा अफसर
 अमेरिकी गृह मंत्रालय के सुरक्षा अफसरों ने अवैध प्रवासियों की जांच के लिए न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी के गुरुद्वारों का दौरा किया। इस पर कुछ सिख संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे अपनी आस्था की पवित्रता के लिए खतरा बताया। माना जाता है कि कुछ अवैध प्रवासी न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी के कुछ गुरुद्वारों का इस्तेमाल करते हैं।

 गृह मंत्रालय ने कहा, यह कार्रवाई हत्यारों, दुष्कर्मियों समेत आपराधिक विदेशियों को पकड़ने में अधिकारियों को सक्षम बनाती है। ट्रंप ने शपथ के कुछ घंटों में ही कार्यवाहक गृह मंत्री बेंजामिन हफमैन ने आव्रजन-सीमा शुल्क प्रवर्तन व सीमा शुल्क व सीमा सुरक्षा प्रवर्तन कार्रवाइयों के लिए पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन के उन दिशानिर्देशों को रद्द कर दिया था, जो तथाकथित ‘संवेदनशील’ क्षेत्रों में या उसके आसपास कानून को लागू करने बाधा पहुंचाते हैं। इनमें गुरुद्वारे और गिरजाघर जैसे पूजा स्थल शामिल हैं। 

दक्षिणी लेबनान में इस्राइली सेना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में दूसरे दिन भी 2 की मौत
दक्षिणी लेबनान में घातक विरोध प्रदर्शन के दूसरे दिन इस्राइली सैनिकों की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे एक दिन पहले भी गोलीबारी में 24 लोगों के मारे गए थे और 130 से अधिक लोग घायल हो गए थे।  

ट्रंप के खिलाफ जांच कर रहे 12 से ज्यादा कर्मचारियों को अमेरिकी न्याय विभाग ने निकाला
अमेरिकी न्याय विभाग ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ चल रही आपराधिक जांच में काम कर रहें एक दर्जन से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। यह कदम विशेष वकील जैक स्मिथ की टीम में काम करने वाले अभियोजकों को निशाना बनाते हुए उठाया गया है। 

बता दें कि ट्रंप प्रशासन ने राष्ट्रपति के खिलाफ चल रही आपराधिक जांच में काम कर रहे कुछ कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। यह कदम प्रशासन के अंदर चल रही उथल-पुथल को दिखाता है और यह दर्शाता है कि प्रशासन उन कर्मचारियों को बाहर करने का प्रयास कर रहा है जिन्हें वह राष्ट्रपति के प्रति निष्ठाहीन मानता है। 

आमतौर पर, ऐसे संवेदनशील मामलों में अभियोजक अपनी नौकरी पर बने रहते हैं, लेकिन इस बार उन्हें हटाया गया है। न्याय विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल जेम्स मैकहेनरी ने की है, हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि कौन-कौन से अभियोजक इस कार्रवाई प्रभावित हुए हैं। हालांकि इस महीने की शुरुआत में विशेष वकील जैक स्मिथ ने खुद विभाग से इस्तीफा दे दिया था।

ह्यूमन राइट्स वॉच ने दिया बांग्लादेश में  लोकतंत्र की वापसी का सुझाव
ह्यूमन राइट्स वॉच ने बांग्लादेश में लोकतंत्र की वापसी का सुझाव दिया। अपने 50 पन्नों की रिपोर्ट में संस्था ने कहा है कि बांग्लादेश में मनमाने ढंग से हो रहीं गिरफ्तारियों और प्रतिशोध की हिंसा के चलते बिगड़ी व्यवस्था को दूर करने की जरूरत है। अगर ऐसा नहीं किया गया तो देश की प्रगति खतरे में पड़ सकती है। ह्यूमन राइट्स वॉच की एशिया निदेशक एलेन पियर्सन ने कहा कि लोकतंत्र के लिए लड़ते हुए करीब एक हजार बांग्लादेशी नागरिकों ने अपनी जान गंवाई है। अगर अंतरिम सरकार इसमें सुधार नहीं करेगी तो भविष्य में दिक्कत होगी। 

भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के बाद सर्बिया के प्रधानमंत्री ने दिया इस्तीफा
सर्बिया के प्रधानमंत्री मिलोस वुचेविच ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा देने का एलान किया। उन्होंने यह फैसला नवंबर में एक कंक्रीट की छत गिरने से हुई 15 लोगों की मौत के बाद बड़े भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के कारण लिया। वुचेविच ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मैं बिना किसी शर्त के इस्तीफा दे रहा हूं। 

इमरान खान की पार्टी ने सरकार से वार्ता के चौथे दौर का बहिष्कार किया
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने सरकार के साथ सियासी तनाव कम करने के लिए आयोजित चौथे दौर की वार्ता का बहिष्कार किया है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने बैठक में शामिल होने से इनकार किया, जिसके बाद सरकार के वार्ताकारों के साथ नेशनल असेंबली के स्पीकर अयाज सादिक संसद भवन में बैठक का इंतजार करते रहे। लेकिन पीटीआई के नेता नहीं आए। 

इमरान खान ने पहले ही निर्देश दिया था कि अगर सरकार उनकी मांग पर जांच समितियां नहीं बनाती, तो वह वार्ता का हिस्सा नहीं बनेंगे। पीटीआई ने 17 जनवरी को अपनी मांगों की एक सूची सरकार को दी थी, जिसमें नौ मई 2023 और 26 नवंबर 2024 के प्रदर्शनों की जांच के लिए दो न्यायिक निकायों की गठन की मांग की गई थी। पीटीआई ने इसके लिए सात दिनों का समय दिया था। सरकार ने इन मांगों पर आपत्ति जताई थी और चौथे दौर में पीटीआई को अपना जवाब देने की तैयारी की थी। लेकिन यह बैठक नहीं हो पाई। 

दक्षिण कोरिया के यात्री विमान में लगी आग, सुरक्षित निकाले गए सभी यात्री  
दक्षिण कोरिया के एक हवाई अड्डे पर मंगलवार रात उड़ान भरने से पहले एक यात्री विमान के पिछले हिस्से में आग लग गई जिसमें 176 लोग सवार थे। खबरों के अनुसार सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी शहर बुसान के गिम्हे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एयर बुसान का विमान हांगकांग जा रहा था। खबर में कहा गया कि 169 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को एक ‘इन्फ्लेटेबल स्लाइड’ का उपयोग करके बाहर निकाला गया। खबर में कहा गया है कि तीन लोग घायल हो गए, लेकिन उनकी हालत गंभीर नहीं है।
विज्ञापन

नेपाल के गृह मंत्री से मिलीं विदेश मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव महावर, दोनों देशों के आपसी संबंधों पर चर्चा
विदेश मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव मुनु महावर ने मंगलवार को नेपाल के गृह मंत्री रमेश लेखक से मुलाकात की और दोनों देशों के सीमा संबंधों, आपसी हितों और चिंताओं पर विचार-विमर्श किया। राइजिंग नेपाल अखबार के मुताबिक, बैठक में सीमा पार अपराध और इसका समाधान, दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के बीच सहयोग और कंचनपुर के डोधारा चांदनी में एक एकीकृत कस्टम सुविधा के निर्माण पर चर्चा की गई। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें