फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष को हटाने का कोई इरादा नहीं: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल को हटाने का उनका कोई इरादा नहीं है। इससे पहले, ट्रंप ने कहा था कि वे अमेरिकी केंद्रीय बैंक के प्रमुख को हटाना चाहते हैं, क्योंकि वे फेड द्वारा अल्पकालिक ब्याज दरों में कटौती पर रोक लगाने से निराश हैं। ट्रंप के इस बयान के बाद शेयर बाजार में बिकवाली हुई। फेड अध्यक्ष पॉवेल ने कहा कि ट्रंप के टैरिफ धीमी वृद्धि और उच्च मुद्रास्फीति दबावों के बारे में अनिश्चितता पैदा कर रहे हैं, जबकि राष्ट्रपति का कहना है कि मुद्रास्फीति संबंधी चिंताएं अनिवार्य रूप से अस्तित्वहीन हैं। ट्रंप ने कहा कि ऊर्जा और किराने की कीमतें गिर रही हैं। इसलिए फेड को अपनी बेंचमार्क दरों में कटौती करनी चाहिए, क्योंकि मुद्रास्फीति अब अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए खतरा नहीं है।
अमेरिका से निकाले प्रवासियों को तीन महीने तक देश में रहने की अनुमति देगा कोस्टा रिका
कोस्टा रिका ने मंगलवार को घोषणा की कि वह अमेरिका से निर्वासित और मध्य अमेरिकी देश में हिरासत में रखे गए लगभग 200 प्रवासियों में से कुछ को तीन महीने तक स्वतंत्र रूप से रहने और घूमने की अनुमति देगा। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब मानवाधिकार वकीलों ने कोस्टा रिका पर कुछ दिनों पहले मुकदमा दायर किया है। वकीलों ने आरोप लगाया है कि सरकार ने 81 प्रवासी बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन किया है। उन्हें बिना किसी कानूनी उपाय, शिक्षा या मनोवैज्ञानिक सेवाओं तक पहुंच के ग्रामीण शिविर में हिरासत में रखा है। हालांकि, इस बात की तत्काल कोई जानकारी नहीं है कि कितने प्रवासियों को परमिट दिए जाएंगे, जो ज्यादातर अफगानिस्तान, रूस, चीन, पाकिस्तान, भारत और अन्य देशों से हैं। सरकार ने कहा है कि परमिट 'मानवीय कारणों से' दिए जाएंगे और तीन महीने तक चलेंगे। जब तक कि प्रवासी कोस्टा रिका में शरण नहीं ले लेते या देश छोड़ने के तरीके नहीं तलाश लेते।
चीन के बीजिंग में एक पुल ढहने की खबर है। बीजिंग म्यूनिसिपल कमीशन ऑफ ट्रांसपोर्ट ने यह जानकारी दी है। गनीमत है कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हादसे की वजहों की जांच की जा रही है।
यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लियेन ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कई बेगुनाहों की जान गई है। मेरी हर भारतीय से लेकर पीएम मोदी तक सभी के प्रति संवेदनाएं हैं। मुझे पता है कि भारत के विश्वास को तोड़ा नहीं जा सकता। आप इस संकट से मजबूत होकर उभरेंगे और पूरा यूरोप आपके साथ खड़ा है।
चीन गुरुवार को अपने अंतरिक्ष स्टेशन पर तीन अंतरिक्ष यात्रियों को भेजेगा। ये अंतरिक्षयात्री पिछले छह महीनों से स्टेशन पर तैनात अपने सहयोगियों की जगह लेंगे। चीन मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी (सीएमएसए) के प्रवक्ता लिन ज़िकियांग ने मीडिया को बताया कि शेनझोउ-20 चालक दल के अंतरिक्ष यान को गुरुवार (बीजिंग समय) शाम 5:17 बजे उत्तर-पश्चिम चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्च किया जाएगा। अंतरिक्ष यान में तीन अंतरिक्ष यात्री होंगे - चेन डोंग, चेन झोंगरुई और वांग जी, जिनमें चेन डोंग कमांडर होंगे। लिन ने कहा कि चालक दल ज़ेब्राफ़िश, प्लैनेरियन और स्ट्रेप्टोमाइस से जुड़े नए जीवन विज्ञान प्रयोग करेगा।