पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को कोयला खदान में दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद अधिकारी और बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतकों की पहचान रहीमुल्लाह, असलम खान और शेर रहमान के रूप में हुई है। सभी शांगला जिले के रहने वाले थे।
पुलिस ने बताया कि औरकजई जिले की खदान में ऑक्सीजन की भारी कमी के कारण खनिकों की मौत हुई है। ऑक्सीजन की कमी के कारण और सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन की जानकारी जुटाई जा रही है। एक विशेषज्ञ ने कहा कि यह त्रासदी पूरे पाकिस्तान में कोयला खदानों में खराब सुरक्षा स्थितियों को लेकर चल रहीं चिंताओं को उजागर करती है। खासकर खैबर पख्तूनख्वा में, क्योंकि यह क्षेत्र देशभर की कोयला खदानों में बड़ी संख्या में मजदूरों की आपूर्ति के लिए जाना जाता है।
इस्राइल ने वरिष्ठ हिजबुल्ला कमांडर को मार गिराया
इस्राइली रक्षा बल (आईडीएफ) ने बिंट जेबिल सेक्टर में हिजबुल्ला के वरिष्ठ कमांडर अली अब्द अल-कादर इस्माइल को मार गिराया। आईडीएफ ने कहा कि इस्माइल दक्षिणी लेबनान में आतंकवादी संगठन के पुनर्वास के प्रयासों में शामिल था। इस बीच इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने ड्रूज समुदाय के आध्यात्मिक नेता शेख मुआफाक तारिफ के घर का दौरा किया और सीरिया में अपने भाइयों की सहायता करने का संकल्प लिया। रक्षा मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, जूलिस गांव का दौरा करते हुए, काट्ज ने कहा कि सेना दक्षिणी सीरिया के ड्रूज समुदाय के लोगों को चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए काम करेगी। बता दें कि डूज समुदाय पर इस महीने की शुरुआत में बेडौइन जनजातियों ने घातक हमले किए थे।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से होगा व्यापक उदारीकरण : पनगढि़या
भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता एक बड़ी उपलब्धि होगी यह उम्मीद 16वें वित्त आयोग के चेयरमैन अरविंद पनगढ़िया ने जताई। इस हफ्ते न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में आयोजित एक संवाद के दौरान पनगढ़िया ने कहा, इस समझौते के चलते देश में व्यापक उदारीकरण होगा।
प्रख्यात अर्थशास्त्री ने भारत-यूरोपीय संघ में हुए समझौते का भी जिक्र किया। वह बोले, एक बार भारत-अमेरिका व्यापार समझौता हो जाए तो यूरोपीय संघ के साथ भी समझौता हो जाएगा। पनगढ़िया ने कहा, इन दो व्यापार समझौतों के साथ भारत का यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ एक खुला बाजार होगा। ये दो सबसे बड़े बाजार हैं। किसी भी भावी निवेशक के लिए यह भारत को एक बहुत ही आकर्षक स्थान बनाता है। यह एक बड़ा बदलाव लाने वाला कदम होगा।
ट्यूनीशिया में राष्ट्रपति सईद के शासन के विरुद्ध प्रदर्शन
राष्ट्रपति कैस सईद के विरोध में ट्यूनीशियाई लोग सड़कों पर उतर आए हैं। सईद के एक-व्यक्ति शासन को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों के चार साल पूरे होने पर यह प्रदर्शन हुए हैं। 25 जुलाई, 2021 को, सईद ने संसद को निलंबित कर कर अपने पीएम को बर्खास्त कर दिया और आपातकाल लागू कर दिया। इसके बाद शासन को अध्यादेश द्वारा लागू किया गया। कुछ लोगों ने उनके प्रयासों की सराहना की, लेकिन आलोचकों ने इन कदमों को तख्तापलट करार दिया।
नेपाल: ड्रग तस्करी में 5 भारतीय गिरफ्तार एक को लगी गोली
नारकोटिक ड्रग्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने पिछले 24 घंटों में नेपाल के विभिन्न हिस्सों से मादक पदार्थ रखने के आरोप में पांच भारतीयों को गिरफ्तार किया है। ब्राउन शुगर ले जा रहे एक तस्कर को पुलिस कार्रवाई के दौरान बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने भारत के बिहार राज्य के किशनगंज जिला निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद इस्लाम को शनिवार सुबह पूर्वी नेपाल के झापा जिले के भद्रपुर में गोली मारी।
नेपाल पुलिस के नारकोटिक ड्रग्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रवक्ता जनक बहादुर शाही ने बताया कि इस्लाम के पास से 110 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। उसका भद्रपुर के प्रांतीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक अन्य घटना में भारत के पूर्वी चंपारण निवासी 37 वर्षीय सेख सबीलाख्तर को चितावन जिले के राप्ती में 671 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा जांच के दौरान उसके भारतीय पंजीकरण नंबर प्लेट वाले ट्रक के ड्राइवर केबिन के ऊपर एक नकली डिब्बे से गांजे के 43 पैकेट बरामद किए गए। सबीलाख्तर हिरासत में है। तीसरी घटना में झापा जिले के कचनकवल से तबसुन आरा समेत तीन लोगों को 58 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा गया। उनके साथ एक महिला भी मिली।
दक्षिण-पूर्वी ईरान में कोर्ट पर बंदूकधारियों के हमले, 6 की मौत
दक्षिण-पूर्वी ईरान की एक अदालत भवन पर बंदूक और ग्रेनेड से हमले में एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए। ईरान की सरकारी टीवी ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने यह दिल दहला देने वाला हमला किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि सुरक्षा बलों ने देश के अशांत दक्षिणी प्रांत सिस्तान और बलूचिस्तान में हुई सशस्त्र झड़प में तीन बंदूकधारियों को मार गिराया। इसमें किसी भी पीड़ित की पहचान नहीं बताई गई है। सरकारी टीवी ने कहा कि हमला प्रांत की राजधानी जाहेदान में हुआ।
रूस और यूक्रेन में हवाई हमलों में 4 लोगों की मौत
रूस-यूक्रेन के बीच रात भर चले हवाई हमलों में दोनों देशों के दो-दो लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के दक्षिणी नीपर और उत्तर-पूर्वी सूमी क्षेत्रों पर रॉकेट और ड्रोन से संयुक्त हमला हुआ। नीपर क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख सेरही लिसाक ने बताया कि इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 5 घायल हो गए। उधर, रूस में यूक्रेनी ड्रोनों ने रात भर कई क्षेत्रों को निशाना बनाया। कार्यवाहक गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने कहा, यूक्रेन की सीमा से लगे रोस्तोव क्षेत्र में हुए ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई।
पूर्वी कांगो में चर्च पर आईएस समर्थित आतंकियों का हमला, 21 की मौत
पूर्वी कांगो में इस्लामिक स्टेट समर्थित आंतकियों द्वारा चर्च पर किए गए हमले में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है। एक सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि पूर्वी कांगो में इस्लामिक स्टेट समर्थित विद्रोहियों द्वारा रविवार को चर्च परिसर पर किए गए हमले में कम से कम 21 लोग मारे गए। यह हमला अलाइड डेमोक्रेटिक फ़ोर्स (एडीएफ) के सदस्यों ने कोमांडा में एक कैथोलिक चर्च परिसर के अंदर रात लगभग 1 बजे किया। आतंकियों ने कई घर और दुकानें भी जला दीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 21 से ज़्यादा लोगों को चर्च के अंदर और बाहर गोली मार दी गई और कम से कम तीन जले हुए शव बरामद हुए हैं। कई घरों को जलाए जाने की सूचना है। वहीं कोमांडा के इतुरी प्रांत में कांगो सेना के एक प्रवक्ता ने 10 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की।
पाकिस्तान में पोलियो के तीन और मामले मिले
पाकिस्तान में पोलियो के तीन और मामले सामने आए हैं, जिससे इस साल देश भर में पोलियो के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। पाकिस्तान पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम (पीपीईपी) के एक बयान में कहा गया है कि ताज़ा मामलों में खैबर पख्तूनख्वा (केपी) के लक्की मरवात और उत्तरी वज़ीरिस्तान ज़िले से दो-दो और सिंध के उमेरकोट ज़िले से एक मामला सामने आया है। इन नए मामलों के साथ, 2025 में पाकिस्तान में पोलियो के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है, जिनमें खैबर पख्तूनख्वा से दस मामले शामिल हैं। अफगानिस्तान के साथ, पाकिस्तान दुनिया के उन आखिरी दो देशों में से एक है जहां पोलियो अभी भी महामारी बना हुआ है।
फिलीपींस सैनिकों ने 7 कम्युनिस्ट विद्रोहियों को मार गिराया
फिलीपींस के सैनिकों ने रविवार को एक हमले में सात कम्युनिस्ट गुरिल्लाओं को मार गिराया। फिलीपींस की सरकार ने कई दशकों से इन कम्युनिस्ट गुरिल्ला उग्रवादियों के खिलाफ संघर्ष छेड़ा हुआ है और फिलीपींस की सेना का दावा है कि अब ये संघर्ष खात्मे के कगार पर है। सेना के 9वें इन्फैंट्री डिवीजन के मेजर फ्रैंक रोल्डन ने बताया कि सैन्य बलों ने पिछले हफ़्ते मसबाते प्रांत में एक झड़प में न्यू पीपुल्स आर्मी के दो गुरिल्लाओं को मार गिराया और फिर रविवार तड़के उसोन शहर के अंदरूनी इलाकों में भाग रहे विद्रोहियों को पकड़ लिया, जहां उन्होंने 30 मिनट तक चली गोलीबारी में उनमें से सात को मार गिराया। घटनास्थल से सैनिकों ने सात असॉल्ट राइफलें और दो ग्रेनेड लॉन्चर बरामद किए। रोल्डन ने बताया कि कम से कम आठ विद्रोही अलग-अलग दिशाओं में भागने में कामयाब रहे और उनका पीछा किया जा रहा है।
पाकिस्तान में सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत
पाकिस्तान में रविवार को सड़क हादसे में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक अन्य घायल हो गए। इस्लामाबाद से लाहौर जा रही 40 यात्रियों से भरी बस पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में बलकसार के निकट खाई में गिर गई। चकवाल रेस्क्यू 1122 आपातकालीन सेवाओं के प्रवक्ता के अनुसार बस का एक टायर फटने के बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया। इससे वाहन पलट गया और खाई में गिर गया। चकवाल जिला स्वास्थ्य प्राधिकरण (डीएचए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सईद अख्तर ने कहा कि हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और 30 घायल हो गए। आठ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में बस चालक भी शामिल है।
रूस ने मॉस्को और उत्तर कोरिया के प्योंगयांग के बीच शुरू की उड़ान
रूस ने रविवार को मॉस्को और प्योगयांग के बीच नियमित उड़ान शुरू कर दी है। रूसी एयरलाइन नॉर्डविंड की पहली उड़ान मॉस्को के शेरेमेत्येवो हवाई अड्डे से 400 से ज्यादा यात्रियों को लेकर रवाना हुई। रूसी परिवहन मंत्रालय ने कहा कि मांग को पूरा करने के लिए हर महीने एक उड़ान होगी। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इस महीने की शुरुआत में उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन से मुलाकात करने के लिए उत्तर कोरिया के नए वॉनसन-कलमा समुद्र तट रिसॉर्ट का दौरा किया था। उन्होंने रूसी पर्यटकों को इस परिसर का दौरा करने के लिए प्रोत्साहित करने का वादा किया था। रूस और उत्तर कोरिया ने हाल के वर्षों में सैन्य और अन्य संबंधों में तेजी से विस्तार किया है।