फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, एक की मौत; पाकिस्तान की अदालत ने इमरान खान के भांजे शाहरेज को भेजा जेल

Sat, 30 Aug 2025 06:55 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
रूस ने दक्षिणी यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया, जिसमें एक नागरिक की मौत और 28 लोग घायल हो गए। क्षेत्र में पांच मंजिला इमारत पर हमला हुआ। यूक्रेन ने बताया कि 537 ड्रोन और 45 मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से ज्यादातर को मार गिराया गया। यह हमला दो दिन पहले कीव पर हुए भीषण हमले के बाद हुआ था, जिसमें 23 लोगों की मौत हुई थी। हमले के बाद अमेरिका ने यूक्रेन को 825 मिलियन डॉलर का हथियार पैकेज मंजूर किया।
विज्ञापन


पाकिस्तान की अदालत ने इमरान खान के भांजे शाहरेज को भेजा जेल
पाकिस्तान की अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के भांजे शाहरेज खान को नौ मई दंगों से जुड़े मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। शाहरेज पर सेना अधिकारी के घर पर हमले का आरोप है। उनका कहना है कि वे उस दिन चितरल में थे और यह राजनीतिक साजिश है। अदालत ने पुलिस की 30 दिन की रिमांड की मांग ठुकरा दी। मानवाधिकार संगठनों ने गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है।

पीएनजी की स्वतंत्रता दिवस पर पहुंचा भारतीय युद्धपोत
भारतीय नौसेना का स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस कदमत पापुआ न्यू गिनी के पोर्ट मोरेस्बी पहुंचा। यह दौरा वहां के 50वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने और भारत-पीएनजी की बढ़ती समुद्री साझेदारी को मजबूत करने का प्रतीक है। यह भारत की एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विज्ञापन


डिमेंशिया से पीड़ित राल्फ लेरॉय मेंज़ीज़ की फायरिंग स्क्वाड से होने वाली फांसी पर लगी रोक
अमेरिका के यूटा में सुप्रीम कोर्ट ने डिमेंशिया से पीड़ित राल्फ लेरॉय मेंज़ीज़ की फायरिंग स्क्वाड से होने वाली फांसी पर रोक लगा दी है। 67 वर्षीय मेंज़ीज़ को 1986 में मौरीन हंसाकर की हत्या के लिए 5 सितंबर को फांसी दी जानी थी। उनके वकीलों ने तर्क दिया कि मेंज़ीज़ डिमेंशिया के कारण अपनी सजा को समझने में असमर्थ हैं और शारीरिक रूप से भी बेहद कमजोर हैं। 2019 में, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने भी मानसिक बीमारी से पीड़ित दोषियों की फांसी को अमानवीय बताते हुए रोका था। हंसाकर का शव अगवा होने के दो दिन बाद एक जंगल में मिला था।

हिजबुल्ला निरस्त्रीकरण के बीच लेबनानी सेना का 'संवेदनशील मिशन'
लेबनान में सेना प्रमुख जनरल रोडोल्फ हैकाल ने कहा है कि सेना जल्द ही 'संवेदनशील मिशनों' को अंजाम देगी और नागरिक शांति बनाए रखते हुए आवश्यक कदम उठाएगी। यह बयान सरकार की ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह को वर्ष के अंत तक निरस्त्र करने की योजना के संदर्भ में आया है। हिज़्बुल्लाह ने अपने हथियार छोड़ने से इनकार किया है और कहा है कि यह निर्णय इज़राइल के हित में है। नवंबर 2024 में इज़राइल-हिज़्बुल्लाह युद्ध के बाद से समूह का कहना है कि जब तक इज़राइल कुछ क्षेत्रों से नहीं हटता, वह निरस्त्रीकरण पर बात नहीं करेगा।

यौन शिक्षा सामग्री से लिंग विचारधारा के संदर्भ हटाएं राज्य: ट्रंप प्रशासन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने इस हफ्ते 40 राज्यों से कहा है कि वे यौन शिक्षा की उन सामग्री को हटाएं, जिनमें LGBTQ+ या  लिंग विचारधारा का जिक्र है, वरना उनकी फंडिंग रोक दी जाएगी। ट्रंप प्रशासन जनवरी में सत्ता में लौटने के बाद से लगातार यह प्रयास कर रहा है कि लोगों को केवल 'पुरुष' या 'महिला' के रूप में ही मान्यता दी जाए। कार्यवाहक स्वास्थ्य और मानव सेवा सचिव एंड्रयू ग्रैडिसन ने कहा, 'संघीय फंड्स का इस्तेमाल बच्चों के दिमाग जहर से भरने या खतरनाक विचारधारा को बढ़ावा देने के लिए नहीं होगा।' इस रुख का कई चिकित्सा संगठनों ने विरोध किया है। उनका कहना है कि वैज्ञानिक शोध दिखाता है कि लिंग और जेंडर केवल दो श्रेणियों में नहीं, बल्कि एक स्पेक्ट्रम के रूप में समझे जाने चाहिए। प्रशासन का यह दबाव पर्सनल रिस्पॉन्सिबिलिटी एजुकेशन प्रोग्राम के 81 मिलियन डॉलर की ग्रांट से जुड़ा है। राज्यों को 60 दिन का समय दिया गया है, वरना पैसा रोक दिया जाएगा। कैलिफोर्निया की 12 मिलियन डॉलर की ग्रांट पहले ही काटी जा चुकी है।

700 अप्रवासी बच्चों को वापस भेजने की योजना बना रहा ट्रंप प्रशासन
अमेरिका के ओरेगन राज्य के सीनेटर रॉन वायडन ने शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को बताया कि ट्रंप प्रशासन लगभग 700 ग्वाटेमाला के ऐसे बच्चों को देश से बाहर भेजने की योजना बना रहा है जो अपने माता-पिता के बिना अमेरिका आए थे। सीनेटर वायडन ने यह जानकारी स्वास्थ्य एवं मानव सेवा विभाग की ऑफिस ऑफ रिफ्यूजी रिसेटलमेंट की कार्यकारी निदेशक एंजी सालाजार को भेजे एक पत्र में दी। यह दफ्तर उन बच्चों की देखरेख करता है जो बिना अभिभावक के अमेरिका आते हैं। वायडन ने लिखा कि इन बच्चों को वापस भेजना 'कार्यालय की बाल कल्याण जिम्मेदारी और इस देश की लंबे समय से चली आ रही प्रतिबद्धता' का उल्लंघन होगा। 

अगले हफ्ते तक दोबारा खुलेगा करतारपुर कॉरिडोर
पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की कि करतारपुर कॉरिडोर और गुरुद्वारा दरबार साहिब से बाढ़ का पानी निकाल दिया गया है और यह अगले हफ्ते की शुरुआत में सिख श्रद्धालुओं के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा। कुछ दिन पहले आई बाढ़ के कारण करतारपुर कॉरिडोर जलमग्न हो गया था। इस दौरान करीब 150 स्थानीय सिख श्रद्धालु और अधिकारी परिसर में फंस गए थे, जिन्हें बाद में हेलिकॉप्टर और नावों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। पंजाब प्रांत इस समय भीषण बाढ़ से जूझ रहा है, जिससे अब तक 15 लाख से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं। पंजाब की वरिष्ठ मंत्री मरियम औरंगजेब ने शुक्रवार को कहा, 'मुख्यमंत्री मरियम नवाज के निर्देश पर ऐतिहासिक करतारपुर साहिब को शुक्रवार को बहाल कर दिया गया है। इसे तीन से चार दिनों में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।'

फिनलैंड की वायु सेना के कुछ झंडों पर मौजूद स्वास्तिक चिह्न जल्द हटाए जाएंगे
नाटो सदस्य फिनलैंड की वायुसेना के कुछ झंडों पर अब भी स्वास्तिक चिह्न मौजूद है, लेकिन इसे जल्द हटाया जा रहा है क्योंकि यह उसके पश्चिमी सहयोगियों के बीच असहज स्थिति पैदा करता है। फिनलैंड की वायुसेना द्वारा स्वास्तिक का इस्तेमाल इतिहास में ज्यादा जटिल है। यह प्रतीक प्राचीन काल से मौजूद है और फिनलैंड ने इसे नाजी जर्मनी के उदय से बहुत पहले अपनी वायुसेना के प्रतीक के तौर पर अपनाया था। पिछले कुछ वर्षों से बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। वायुसेना कमांड के प्रतीक चिह्न से कुछ साल पहले ही स्वास्तिक को चुपचाप हटा दिया गया था। लेकिन कुछ झंडों पर यह अब भी मौजूद था, जिसे देखकर नाटो के सहयोगी देशों, पर्यटकों और विदेशी मेहमानों में हैरानी होती थी।

हवाई में क्रूज यात्रियों पर लगाए गए नए पर्यटक कर को लेकर कानूनी चुनौती
हवाई राज्य सरकार द्वारा जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए लगाए गए नए पर्यटक कर पर अब कानूनी विवाद शुरू हो गया है। क्रूज उद्योग से जुड़े संगठनों ने अदालत में याचिका दाखिल कर इस कानून की सांविधानिकता को चुनौती दी है और मांग की है कि अधिकारियों को क्रूज यात्रियों पर यह कर लागू करने से रोका जाए। यह अमेरिका में अपनी तरह का पहला कर है, जिसे जलवायु परिवर्तन की वजह से होने वाले तटीय क्षरण, जंगलों में आग और अन्य समस्याओं से निपटने के लिए लागू किया गया है। हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने इस कानून पर मई में हस्ताक्षर किए थे। अधिकारियों का अनुमान है कि इससे हर साल लगभग 100 मिलियन डॉलर (करीब 830 करोड़ रुपये) की अतिरिक्त आय होगी।

यमन पर इस्राइली हमले में हूती पीएम रक्षा मंत्री व आर्मी चीफ की मौत का दावा
इस्राइल ने यमन की राजधानी सना में हूती विद्रोहियों के खिलाफ बड़ा हवाई हमला किया है। हमले में हूती प्रधानमंत्री गालिब अल-रहावी और समूह के रक्षा मंत्री समेत कई सैन्य अधिकारी मारे जाने की आशंका है। हालांकि, हूती नेताओं की मौत पर समूह की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अल रहावी एक साल से हूतियों के कब्जे वाले यमन के प्रधानमंत्री थे। हालांकि, उन्हें अंतरराष्ट्रीय मान्यता नहीं मिली थी। इस्राइली मीडिया ने इसे यमन के हूतियों पर सबसे बड़ा हमला करार दिया है। हमला उस वक्त किया गया जब ये शीर्ष नेता एक अपार्टमेंट में राष्ट्रीय स्तर पर प्रसारित एक भाषण कार्यक्रम देख रहे थे। हमले की खबर सबसे पहले हूती समूह से संचालित अल मसीरा टीवी ने दी और फिर रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज और आईडीएफ ने भी हमले की पुष्टि की। यमन के अल-जम्हूरिया चैनल ने बताया कि हूती प्रधानमंत्री अल-रहावी अपने कई सहयोगियों के साथ एक अपार्टमेंट में थे, जब उन्हें निशाना बनाया गया। हूती रक्षा मंत्री मोहम्मद नासिर अल-अथिफी और चीफ ऑफ स्टाफ मोहम्मद अब्द अल-करीम अल-गमारी के भी इस हमले में मारे जाने की संभावना है।

सिंगापुर में एक भारतीय नागरिक को जेल की सजा, सड़क दुर्घटना में लॉ प्रोफेसर की मौत का दोषी

सिंगापुर की एक अदालत ने शुक्रवार को एक भारतीय नागरिक को 2023 में एक सड़क दुर्घटना में नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ़ सिंगापुर (NUS) के एक वरिष्ठ लॉ प्रोफेसर की मौत के लिए दो साल एक महीने की जेल और 2,000 सिंगापुर डॉलर के जुर्माने की सजा सुनाई। 7 जुलाई, 2023 को, एक निर्माण मजदूर नटराजन मोहनराज (28) ट्रक चलाते समय अपना मोबाइल फोन देख रहा था और उसी वक्त उसके ट्रक ने एमेरिटस प्रोफेसर टैन यॉक लिन (70) की कार से टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रोफेसर की इलाज के दौरान मौत हो गई।  

सिंगापुर के अखबार द स्ट्रेट्स टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, नटराजन का लापरवाही से गाड़ी चलाने का इतिहास रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने उन्हें जून 2023 में 25 जुलाई से पहले अपना लाइसेंस सरेंडर करने का नोटिस जारी किया था, लेकिन लाइसेंस सरेंडर करने की समय सीमा से दो हफ्ते पहले ही दुर्घटना हो गई। दुर्घटना के बावजूद, नटराजन ने 2024 में अपना लाइसेंस रद्द होने के बाद भी दो अलग-अलग मौकों पर दूसरी लॉरी चलाना जारी रखा। सिंगापुर मीडिया की रिपोर्ट में कहा कि अदालत ने मोहनराज को सिंगापुर में आजीवन गाड़ी चलाने से भी प्रतिबंधित कर दिया है।
 

नेपाल के प्रधानमंत्री चीन के लिए रवाना हुए

नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शनिवार को तियानजिन के लिए रवाना हुए। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस भी चीन पहुंच चुके हैं। 
 
विज्ञापन

पाकिस्तान के आतंकी हमले में पुलिसकर्मी की मौत, 2 घायल

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को एक पुलिस वैन पर आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह घटना कोहाट जिले के लाची तहसील में दारमालक पुलिस चौकी के पास हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने पुलिस वाहन पर गोलीबारी की। अधिकारियों ने बताया कि एक पुलिस उप-निरीक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो कांस्टेबल घायल हो गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें