ईरान के शिराज शहर में मंगलवार सुबह एक जज की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। यह हत्या उस समय हुई, जब जज अपने काम पर जा रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हत्या एक आतंकी घटना है। जज की पहचान एहसुम बाघेरी (38 वर्षीय) के रूप में हुई है, जिन पर दो अज्ञात लोगों ने हमला किया और फरार हो गए। एहसमु बाघेरी शिराज शहर के न्याय विभाग में बतौर जज काम करते थे। इससे पूर्व बाघेरी सुरक्षा और ड्रग तस्करी से जुड़े मामलों की सुनवाई करते थे। अभी तक किसी ने भी जज की हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है। ईरान में जज की हत्या की यह पहली घटना नहीं है और पूर्व में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इंग्लैंड के लिवरपूल शहर में फुटबॉल क्लब लिवरपूल की प्रीमियर लीग जीत का जश्न उस वक्त हादसे में बदल गया जब एक तेज रफ्तार कार भीड़ में घुस गई। मामले में पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार को हुई, जब शहर के सेंट्रल एरिया में हजारों लोग बारिश के बावजूद सड़कों पर उतरकर जीत का जश्न मना रहे थे। लिवरपूल टीम के खिलाड़ी दो बसों पर सवार होकर ट्रॉफी के साथ लोगों का अभिवादन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक कार भीड़ में घुस गई और कई लोगों को टक्कर मार दी। हालांकि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार को रोका और एक शख्स को गिरफ्तार किया। मर्सीसाइड पुलिस ने बताया कि कई पैदल चलने वालों के घायल होने की रिपोर्ट सामने आई है और घटना की जांच जारी है।