फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: पूर्व पीएम खालिदा जिया बांग्लादेश लौटी; हथकड़ी लगे होने के बाद भी फिल्मी स्टाइल में फरार हुआ आरोपी

Tue, 06 May 2025 11:06 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी सुर्खियां - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
दक्षिण-पश्चिम चीन में अचानक आए तूफान के कारण पर्यटकों की चार नावें पलट गईं। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। चीन की सरकारी मीडिया- सीसीटीवी ने सोमवार को बताया कि रविवार दोपहर को गुइझोउ प्रांत में तेज हवाओं के कारण 80 से अधिक लोग नदी में गिर गए। अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण चीन की सबसे लंबी नदी यांग्त्ज़ी की सहायक नदी वू उफान पर है। खराब मौसम में पलटी नावों पर सवाल 10 लोगों की मौत हो गई। शुरुआती मीडिया रिपोर्ट्स में पर्यटकों की दो नावें पलटने की बात सामने आई। हालांकि, बाद में जारी सरकारी बयान के मुताबिक कुल चार नावें पलटीं। अन्य दो नावों में कोई यात्री नहीं था और चालक दल के सात सदस्य खुद को बचाने में सफल रहे। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों को खोजने और घायलों की देखभाल के लिए हरसंभव प्रयास करने का आह्वान किया है। मामूली रूप से चोटिल 70 लोगों को अस्पताल भेजा गया। 
विज्ञापन


अमेरिकी शहर सैन डिएगो में नाव पलटने से तीन मरे, 9 लापता
अमेरिका के सैन डिएगो में समुद्र तट पर छोटी नाव पलटने के कारण तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। शेरिफ के अधिकारियों ने बताया कि नौ लोग लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। तटरक्षक बल ने एक्स पर जारी एक बयान में कहा, राहत और बचाव दल सैन डिएगो शहर से लगभग 24 किमी उत्तर में पानी में नौ लापता लोगों की तलाश कर रहा है। हादसे में डूबी नाव का आम तौर पर इस्तेमाल मछली पकड़ने के लिए होता है, लेकिन तस्कर भी इनका उपयोग करते हैं।

मिशिगन में फलस्तीन समर्थक सात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आरोप वापस लिए गए
अमेरिका के सरकारी वकीलों ने मिशिगन में फलस्तीन समर्थक सात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आरोप वापस लेने का फैसला लिया है। इन पर एक वर्ष पहले मिशिगन विश्वविद्यालय में फलस्तीनी समर्थक शिविर में तोड़फोड़, पुलिस के विरोध और अतिक्रमण करने जैसे आरोप लगे थे। अटॉर्नी जनरल डाना नेसेल ने कहा कि उनका मानना है कि मामले मजबूत हैं, लेकिन वे आलोचना और अन्य कारणों से थक चुके हैं। उन्होंने कहा कि वाश्टेनॉ काउंटी के एक न्यायाधीश ने कई तारीखों पर सुनवाई के बावजूद अभी तक यह तय नहीं किया है कि मामलों को ट्रायल कोर्ट में भेजा जाए या नहीं। डेमोक्रेट समर्थक माने जाने वाले नेसेल ने कहा, पूर्वाग्रह, निराधार और बेतुके आरोपों के कारण माहौल बिगड़ रहा है। ध्यान भटकाने वाली बातों और लगातार हो रही देरी ने एक सर्कस जैसा माहौल बना दिया है। इस कारण वे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ आरोप वापस लेने पर सहमत हैं। बचाव पक्ष के वकील आमिर मैकलेड ने कहा कि नेसेल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को अपराध में बदलने की कोशिश कर रहे हैं।

सिंगापुर की नई संसद में विपक्ष के नेता रहेंगे प्रीतम सिंह : वोंग
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने पुष्टि की है कि वर्कर्स पार्टी के महासचिव प्रीतम सिंह 3 मई के आम चुनाव के बाद नई संसद में विपक्ष के नेता बने रहेंगे। सोमवार को एक फेसबुक पोस्ट में वोंग ने कहा, सिंह के पास अपने कर्तव्यों को निभाने के लिए स्टाफ और संसाधन भी होंगे।

पाकिस्तानी हैकरों ने भारतीय वेबसाइटों को बनाया निशाना
पाकिस्तानी हैकरों ने भारतीय रक्षा वेबसाइटों को निशाना बनाकर अहम जानकारियां चुराने की कोशिश की। इसके बाद कई वेबसाइटें एहतियातन ऑफलाइन कर दी गईं। भारतीय साइबर एजेंसियां जांच कर रही हैं कि क्या जानकारी लीक हुई है। पाकिस्तान साइबर फोर्स नामक समूह ने दावा किया कि उसने भारतीय सैन्य इंजीनियरिंग सेवा और मनोहर परिकर इंस्टीट्यूट ऑफ डिफेंस स्टडीज एंड एनालिसिस की वेबसाइट हैक कर रक्षा अधिकारियों के लॉग-इन डाटा सहित व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर ली। सूत्रों के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाली आर्म्ड व्हीकल निगम लि. की वेबसाइट से छेड़छाड़ की गई। वेबसाइट पर पाकिस्तानी झंडा लगा दिया गया। इसके बाद, भारतीय एजेंसियों और सेना ने साइबर सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाने शुरू कर दिए गए हैं। 

अब पाकिस्तान का दावा-फतह मिसाइल का परीक्षण सफल
पाकिस्तान ने सोमवार को 120 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली सतह से सतह पर मार करने वाली फतह मिसाइल का सफल परीक्षण करने का दावा िकया है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ने दावा किया कि मिसाइल स्वदेश में विकसित हुई है। यह पारंपरिक हथियार ले जाने में सक्षम है।

हमला करवाने के बाद पाकिस्तान ने पारित किया निंदा प्रस्ताव
पहलगाम में आतंकी हमला करने वाले पाकिस्तान ने बेशर्मी की सारी हदें पार करते हुए भारत पर उसे बदनाम करने के लिए अभियान चलाने का आरोप लगाया है। यही नहीं, पाकिस्तान की संसद ने इस संबंध में भारत के खिलाफ एक निंदा प्रस्ताव भी पारित किया है। सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के सांसद तारिक फजल चौधरी ने प्रस्ताव पेश किया, जिसमें पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए हमले को पाकिस्तान से जोड़ने के प्रयासों को खारिज कर दिया गया। प्रस्ताव में कहा गया है कि भारत संकीर्ण राजनीतिक लक्ष्य के लिए पाकिस्तान के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण अभियान चला रहा है। प्रस्ताव में सिंधु जल संधि को निलंबित करने भारत के एकतरफा फैसले के निंदा की गई है और इसे युद्ध की कार्रवाई बताया गया है। शांति का राग अलापते हुए यह भी कहा कि वह भारत के किसी भी तरह के आक्रमण का जवाब देने में सक्षम है। 

पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग ने लाहौर में निकाली भारत विरोधी रैली
मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के आतंकी संगठन जमात-उद-दावा की राजनीतिक शाखा पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग ने लाहौर में भारत विरोधी रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों के तख्तियों और बैनरों पर पाकिस्तानी सेना के समर्थन के नारे लिखे थे।

नेतन्याहू को साइप्रस के साथ सहमति के बीच याद आए मोदी
इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस से मुलाकात में भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी का भी जिक्र किया। नेतन्याहू ने इस बैठक में मोदी के साथ हुई अपनी बातचीत को याद किया। उन्होंने एक्स पर कहा, हमने जिन विचारों पर राजी हैं, उनमें से एक आईएमईसी भी है। वह बोले, मैंने कुछ दिन पहले ही पीएम नरेंद्र मोदी के साथ इस पर चर्चा की। हम उनके साथ एक साझा चर्चा करना चाहते हैं। नेतन्याहू ने इस्राइल और साइप्रस के बीच गहरे संबंधों पर भी जोर दिया।

हथकड़ी लगे होने के बावजूद फरार हुआ आरोपी

अमेरिका के सिएटल टाकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इतना ही नहीं आरोपी फिल्मी स्टाइल में एक ट्रेन में सवार होकर एक अन्य स्टेशन पर उतरकर फरार हो गया। यह सब तब हुआ, जब आरोपी के हाथों में हथकड़ी लगी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी केंटुकी में एक मामले में वांछित है। पुलिस ने एयरपोर्ट पर उसे हिरासत में लिया था, लेकिन वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने में सफल हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। 
 

ट्रेन में गंदगी से बीमार हुआ अमेरिकी पर्यटक

भारत दौरे पर आए एक अमेरिकी पर्यटक के लिए भारतीय ट्रेन में सफर करना बुरा अनुभव साबित हुआ। अमेरिकी पर्यटक, जो कि एक ट्रैवल ब्लॉगर भी है, उसका कहना है कि 15 घंटे की ट्रेन यात्रा में बहुत गंदगी देखी, जिसके चलते उसे सांस संबंधी परेशानी हो गई। अमेरिकी पर्यटक ने कहा है कि अब वे कभी भी ट्रेन में सफर नहीं करेगा। अमेरिकी पर्यटक ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि उसने वाराणसी से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए थर्ड एसी में टिकट लिया था, लेकिन 15 घंटे का यह सफर उसके ट्रेन में यात्रा करने के अनुभव का सबसे गंदा सफर साबित हुआ। उसने कहा कि वह भारत से प्यार करता है और यहां के लोग बहुत अच्छे हैं, लेकिन ट्रेन का सफर बहुत गंदा रहा और इसे ऐसा नहीं होना चाहिए था। अमेरिकी पर्यटक का इन दिनों भूटान के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

पूर्व पीएम खालिदा जिया बांग्लादेश लौटी

बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया अपने देश लौट आई हैं। वह बीते चार महीनों से लंदन में रहकर अपना इलाज करा रहीं थी। कतर के अमीर की एयर एंबुलेंस में खालिदा जिया मंगलवार सुबह 10.30 बजे ढाका पहुंचीं। उनके साथ उनकी बहू जुबैदा रहमान और सैयदा शर्मिला रहमान भी साथ थीं। खालिदा जिया के विमान ने सोमवार शाम साढ़े चार बजे उड़ान भरी थी। 79 वर्षीय पूर्व पीएम खालिदा जिया दिल, किडनी और लिवर की समस्या से जूझ रही हैं।  
 
विज्ञापन

अमेरिका ने 'साइबर घोटाले को बढ़ावा देने' के लिए मिलिशिया पर लगाए प्रतिबंध
दक्षिण-पूर्वी म्यांमार में एक जातीय मिलिशिया को मानव तस्करी और ऑनलाइन घोटाले में कथित संलिप्तता के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की तरफ से प्रतिबंधित किया गया है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने सोमवार को करेन नेशनल आर्मी या केएनए के साथ-साथ इसके नेता कर्नल सॉ चिट थू और उनके बेटों सॉ हटू एह मू और सॉ चिट चिट के खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की। ट्रेजरी विभाग के एक बयान के अनुसार, उन पर "अमेरिकी नागरिकों को नुकसान पहुंचाने वाले साइबर घोटाले, मानव तस्करी और सीमा पार तस्करी को बढ़ावा देने" का आरोप है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें