फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: अमेरिका में आपस में टकराए 17 वाहन, पांच की मौत; चीन में बैठक करेंगे SCO के रक्षा अधिकारी

Fri, 14 Mar 2025 10:16 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
अमेरिका के टेक्सास राज्य के ऑस्टिन में एक बड़े सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। सीबीएस न्यूज के मुताबिक, हादसा गुरुवार का रात करीब 11 बजे हुआ। आई-35 के 131000 ब्लॉक के दक्षिण की ओर जाने वाली लेन, हॉवर्ड लेन और परमेर लेन के बीच 17 वाहन आपस में टकरा गए। इसमें एक छोटा ट्रक भी शामिल था। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, टकराने के बाद कई लोग अपने वाहनों से चिपके हुए थे। घटनास्थल पर पांच लोग मृत पाए गए, जिनमें एक वयस्क, एक बच्चा और एक नवजात भी शामिल हैं। 11 अन्य को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। दो वयस्कों को गंभीर चोटों के साथ स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हादसे के कारणों की अभी जांच की जा रही है। 
विज्ञापन


एससीओ के रक्षा अधिकारियों की होगी बैठक
शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के रक्षा अधिकरी इस महीने के अंत में चीन के किंगदाओ शहर में दो दिवसीय बैठक करेंगे। इस बैठक में सदस्य देशों के बीच भविष्य में सुरक्षा सहयोग पर चर्चा की जाएगी। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 

एरिजोना के सांसद राउल ग्रिजल्वा का निधन
पर्यावरण संरक्षण के लिए आवाज उठाने वाले डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता एवं एरिजोना से सांसद राउल एम ग्रिजल्वा का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। ग्रिजल्वा के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि कैंसर के उपचार के दौरान जटिलताओं के कारण उनका निधन हो गया। इसमें कहा गया कि उपचार के कारण हाल के महीनों में वह कांग्रेस (अमेरिकी संसद) की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले रहे थे।
विज्ञापन


इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में पाया गया कि ईरान सार्वजनिक स्थानों पर अनिवार्य हिजाब पहनने से इनकार करने वाली महिलाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और जनता पर निर्भर करता है, जबकि कट्टरपंथी इस कानून का विरोध करने वालों के लिए कठोर दंड की मांग कर रहे हैं।

इस बीच पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को खैबर पख्तूनख्वा में फ्रंटियर कॉर्प्स कैंप के चेकपोस्ट पर आतंकी हमले को नाकाम कर दिया और 10 आतंकवादियों को मार गिराया। जियो न्यूज ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि दक्षिण वजीरिस्तान जिले के जंडोला में जोरदार विस्फोट के बाद भारी गोलीबारी की आवाज सुनी गई। सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने एफसी कैंप के पास गाड़ी में खुद को उड़ा लिया। बता दें कि यह हमला सुरक्षा बलों की ओर से बलूचिस्तान में जफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक करने और यात्रियों को बंधक बनाने वाले सभी 33 हमलावरों को मार गिराने के एक दिन बाद हुआ है।

अमेरिका में धमाके के बाद लगी आग, कई घायल
डेनवर में हुए विस्फोट के बाद कई लोगों के घायल होने की खबर है। एक सहायता-आवास सुविधा केंद्र में धमाके के बाद ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। 10 घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। दर्जनों लोगों को विस्थापित करना पड़ा। डेनवर अग्निशमन विभाग ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने ईस्टर्न स्टार मेसोनिक रिटायरमेंट कैंपस में लगी आग पर काबू पा लिया। विभाग के प्रवक्ता लुइस सेडिलो ने बताया कि केंद्र को फिलहाल बंद कर दिया गया है। 87 लोग विस्थापित हुए हैं, जिनके जल्दी लौटने की आशा नहीं है। इन लोगों को केवल अपने अपार्टमेंट में मौजूद निजी सामान निकालने की अनुमति मिलेगी। लोगों को केवल सुरक्षित माने जाने वाले अपार्टमेंटों में ही प्रवेश दिया जाएगा।

राजस्थान में भूकंप के झटके - फोटो : अमर उजाला
4.4 तीव्रता के झटकों से डोला इटली का नेपल्स; कई इमारतें क्षतिग्रस्त, 11 घायल अस्पताल में भर्ती
इटली के नेपल्स शहर में 4.4 तीव्रता का भूंकप दर्ज किया गया। इससे कई इलाकों में इमारतें मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं। सोते समय घरों में छतों का हिस्सा गिरने से 11 लोग घायल हो गए और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप बुधवार की रात स्थानीय समयानुसार लगभग डेढ़ बजे आया। इसका केंद्र पोत्सूओली के पास था। इसे पिछले 40 वर्षों में शहर में आया सबसे बड़ा भूकंप बताया जा रहा है। जैसे ही झटका महसूस हुआ लोग सड़कों पर खुल स्थानों की ओर भागे। कई लोग अपनी कारों में रात बिताने के लिए मजबूर हो गए। इससे पहले पिछले साल मई में भी लगभग ऐसा ही भूकंप दर्ज किया गया था। मेयर गेटानो मैनफ्रेडी ने पत्रकारों को बताया कि एक चर्च, एक सात मंजिला आवासीय इमारत और एक अन्य इमारत को नुकसान के कारण प्रतिबंधित घोषित कर दिया गया है। 

श्रीलंका के तत्काल मदद मांगने पर भारत ने उपहार में दीं जरूरी दवाइयां
भारत ने श्रीलंका के अनुरोध पर श्रीलंका को तत्काल जरूरी दवाओं की खेप दान की हैं। भारतीय उच्चायोग ने बृहस्पतिवार को बताया कि श्रीलंका के अस्पतालों में दवाओं की कमी को पूरा करने के लिए भारत ने फ्यूरोसेमाइड इंजेक्शन 20एमजी/2एमएल के 50,000 एम्पुल उपहार में दिए। दवा की खेप को श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने स्वास्थ्य और मास मीडिया मंत्री नलिंदा जयतिसा को सौंपा। उच्चायोग ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान भी भारत ने मई 2020 में श्रीलंका को एक विशेष विमान से 25 टन से अधिक दवाइयां आपूर्ति की थीं। इसी तरह जनवरी 2021 में कोविशील्ड वैक्सीन की 5,00,000 खुराकें और फरवरी 2022 में 1 लाख रैपिड एंटीजन टेस्ट किट उपलब्ध कराए थे।

एंटोनियो गुटेरस - फोटो : ANI/@antonioguterres
गुटेरस ने बांंग्लादेश में किया रोहिंग्या शिविरों का निरीक्षण
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस बांग्लादेश में 10 लाख से अधिक रोहिंग्या शरणार्थियों की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए यहचार दिवसीय यात्रा पर बांग्लादेश पहुंचे हैं। बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन ने बृहस्पतिवार को ढाका के मुख्य हवाई अड्डे पर गुटेरेस का स्वागत किया। बांग्लादेश की यह उनकी दूसरी यात्रा है। गुटेरेस की यह यात्रा इसलिए भी अहम मानी जा रही है।

लापता भारतीय छात्रा के मामले में 1 युवक जांच के दायरे में
अमेरिकी अधिकारी भारतीय छात्रा सुदीक्षा कोनांकी के डोमिनिकन गणराज्य की यात्रा के दौरान रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने के मामले में 24 वर्षीय एक युवक को जांच के दायरे में शामिल कर उससे पूछताछ कर रहे हैं। भारतीय नागरिक और अमेरिका की स्थायी निवासी सुदीक्षा कोनांकी को 6 मार्च को आखिरी बार पुंटा काना शहर के रिउ रिपब्लिक रिसॉर्ट में देखा गया था। वह छुट्टियां मनाने वहां गई थी।

बांग्लादेश में दुष्कर्म की शिकार 8 साल की बच्ची की मौत, पुलिस ने विरोध प्रदर्शनों पर लगाया रोक
बांग्लादेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बढ़ते आंदोलन के बीच दुष्कर्म की शिकार 8 साल की एक बच्ची बृहस्पतिवार को जिंदगी की जंग हार गई। राजधानी ढाका के एक सैन्य अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने के बाद उसकी मौत हो गई। हिंसा और विरोध को देखते हुए बांग्लादेश पुलिस ने राजधानी ढाका के महत्वपूर्ण स्थानों पर विरोध प्रदर्शनों पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी है। ढाका मेट्रोपोलिटन पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बृहस्पतिवार को 13 मार्च से अगले आदेश तक बांग्लादेश सचिवालय, जमुना और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की बैठक, रैलियां, सामूहिक समारोह, जुलूस आदि पर प्रतिबंध लगाया गया है।

लेबनान ने नए सेना प्रमुख और सुरक्षा अधिकारियों की नियुक्ति की
लेबनान ने बृहस्पतिवार को एक नए सेना प्रमुख और तीन सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की नियुक्ति की है। इस्राइल के साथ हिजबुल्ला के विनाशकारी युद्ध के बाद, सरकार ने यह कदम देश की सत्ता को मजबूत करने के लिए उठाया है। ये नियुक्तियां जनवरी में लेबनानी राजनीतिक समूह के द्वारा दो साल के गतिरोध के खत्म होने के बाद की गई हैं। इसमें पूर्व सेना प्रमुख जोसेफ औन को राष्ट्रपति चुना गया और प्रधानमंत्री नवाफ सलाम के नेतृत्व में नई सरकार बनी। नई नियुक्तियों में जनरल रूडोल्फ हाइकल को सेना प्रमुख, ब्रिगेडियर जनरल एडगर लॉवांडोस को राज्य सुरक्षा एजेंसी का प्रमुख, और ब्रिगेडियर जनरल हसन चौकैर को जनरल सुरक्षा का प्रमुख नियुक्त किया गया है। ब्रिगेडियर जनरल राएड अब्दुल्ला को आंतरिक सुरक्षा बलों का प्रमुख बनाया गया है।

पेरू के पूर्व राष्ट्रपति कैस्टिलो अस्पताल में भर्ती 
पेरू के पूर्व राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो को बृहस्पतिवार को जेल से अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने अपने विद्रोह के मुकदमे के विरोध में तीन दिन पहले भूख हड़ताल शुरू की थी, जिससे 55 वर्षीय कैस्टिलो की तबीयत खराब हो गई। अदालत ने बताया कि कैस्टिलो को स्वास्थ्य समस्या के कारण अस्पताल भेजा गया है, ताकि 'द्रव-इलेक्ट्रोलाइट विकार और हल्के निर्जलीकरण' की संभावना की जांच की जा सके।

ब्राजील की सबसे बड़ी पर्यावरणीय आपदा के लिए बीएचपी समूह की जिम्मेदारी पर लंदन में सुनवाई
ब्राजील की सबसे बड़ी पर्यावरणीय आपदा के लिए वैश्विक खनन कंपनी बीएचपी समूह की जिम्मेदारी पर लंदन में सुनवाई हुई। एक वकील ने बृहस्पतिवार को अदालत में कहा कि कंपनी को आपदा के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। हाईकोर्ट की न्यायाधीश फिनोला ओ'फैरेल ने कहा कि वह क्लास एक्शन मामले में बाद में फैसला सुनाएंगी, जिसमें दावेदार बीएचपी से 36 बिलियन पाउंड (47 बिलियन अमेरिकी डॉलर) का हर्जाना मांग रहे हैं। यह मामला ब्रिटेन में दायर किया गया था, क्योंकि बीएचपी की एक प्रमुख कानूनी इकाई लंदन में स्थित है। बता दें कि यह आपदा 10 साल पहले हुई थी, जब एक बांध टूटने से कई टन जहरीला खनन अपशिष्ट एक जलमार्ग में बह गया, जिससे 19 लोगों की मौत हुई और कई गांव बर्बाद हो गए।

कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो - फोटो : एएनआई
विदाई संदेश में निवर्तमान कनाडाई प्रधानमंत्री ट्रूडो क्या बोले?
निवर्तमान कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने देश के नाम विदाई संदेश में साहसी और निडर बने रहने का संकल्प प्रकट किया। ट्रूडो ने अपने कार्यकाल के अंतिम दिन कहा कि हमेशा "बिना किसी शर्म के और साहस के" कनाडाई बने रहेंगे। अपने एक्स हैंडल पर जारी वीडियो संदेश में ट्रूडो देश और कनाडा के लोगों पर गौरवान्वित दिखे। उन्होंने कहा, 'मुझे कनाडाई लोगों पर बहुत गर्व है। मुझे ऐसे देश की सेवा करने पर गर्व है, जो ऐसे लोगों से भरा हुआ है जो सच के साथ खड़े होते हैं और हमेशा एक-दूसरे का साथ देते हैं।' बता दें कि ट्रूडो के बाद अब मार्क कार्नी पदभार संभालेंगे।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति - फोटो : ANI
ट्रंप की टैरिफ वाली धमकी से सहमे बाजार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ से जुड़ी धमकियों के कारण यूरोपीय वाइन प्रभावित हुई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति ने धमकी दी है कि अगर यूरोपीय संघ अमेरिकी व्हिस्की पर 50% कर लगाने की अपनी योजना से पीछे नहीं हटेगा तो वह यूरोप से आने वाली सभी वाइन और अन्य मादक उत्पादों पर 200% कर लगा देंगे।

डेमाेक्रेटिक प्रतिनिधि राउल एम ग्रिजाल्वा का निधन
डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि, पर्यावरण संरक्षण और प्रगतिशील आदर्शों के चैंपियन राउल एम ग्रिजाल्वा का गुरुवार को निधन हो गया। ग्रिजाल्वा 77 वर्ष के थे। वह दक्षिणी एरिजोना का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने 12 कार्यकालों के दौरान यूएस हाउस नेचुरल रिसोर्सेज कमेटी के अध्यक्ष बने थे। उन्हें अप्रवासियों और मूल अमेरिकी जनजातियों के लिए मजबूती से लड़ने के लिए जाना जाता था। ग्रिजाल्वा का निधन कैंसर के उपचार से जटिलताओं के कारण हुआ। एक अन्य डेमोक्रेटिक हाउस सदस्य टेक्सास के प्रतिनिधि सिल्वेस्टर टर्नर का पिछले सप्ताह स्वास्थ्य समस्याओं के कारण निधन हो गया था। सदन के डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज ने कहा कि ग्रिजाल्वा की मौत से कांग्रेस और देश ने एक दिग्गज खो दिया है।
 

जिम्बाब्वे में बांध टूटने से 5 बच्चों की मौत
पूर्वी जिम्बाब्वे में एक बांध के ढह जाने से पांच बच्चों की मौत हो गई तथा बचावकर्मी दो अन्य लापता बच्चों की तलाश कर रहे हैं। देश की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने यह जानकारी दी। हाल के सप्ताहों में लगातार हुई बारिश के कारण आए पानी के प्रवाह से रविवार को देश के पूर्वी भाग में स्थित सुदूर जिले चिपिंगे के एक खेत में बांध की दीवारें टूट गईं। अधिकारियों ने शुरू में बताया कि अपनी मां के साथ कपड़े धो रही चार साल की बच्ची और 30 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। लड़की की मां बच गई। हालांकि, क्षेत्र में कुछ बच्चों के लापता होने के बाद, एक खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप इस सप्ताह चार और बच्चों के शव बरामद हुए।

ग्रीस के प्रधानमंत्री ने किया कैबिनेट में बदलाव
ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस ने शुक्रवार को अपनी सरकार की कैबिनेट में बदलाव किया। यह कदम 2023 में हुई रेल दुर्घटना और दक्षिणपंथी दलों को जनता से समर्थन हासिल करने के लिए उठाया गया है। किरियाकोस पिएराकाकिस को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई। 42 वर्षीय पिएराकाकिस न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के एक प्रमुख नेता और राजनीत में संतुलन बनाने वाले व्यक्ति माने जाते हैं। वहीं, दक्षिणपंथी पृष्ठभूमि के नेता माकिस वोरीदिस को नया प्रवासन मंत्री बनाया गया है। कैबिनेट में यह बदलाव तब किया गया है, जब एक दिन पहले अनुभवी राजनेता कॉन्स्टेंटिन तासूसाल ग्रीस के नए राष्ट्रपति बने हैं। तासूलास ने कतेरीना सकेलारोपोलू की जगह ली, जो इस पद तक पहुंचने वाली देश की पहली महिला थीं। 

आईसीसी के जजों के सामने वीडियो लिंक के जरिए पेश हुए फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति
फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) के जजों के सामने वीडियो लिंक के जरिए पेश हुए। राष्ट्रपति के पद पर रहते हुए उन्होंने ड्रग्स के खिलाफ अभियान चलाया था। आरोप है कि इस दौरान कई लोगों की हत्याएं की गईं। इस आरोप में उन्हें मनीला से गिरफ्तार किया गया था। दुतेर्ते हेग की कोर्ट में पेश नहीं हुए, लेकिन वे पास के एक हिरासत केंद्र से वीडियो स्क्रीन पर कुछ समय के लिए दिखाई दिए, जहां उन्हें रखा गया है।  
 
विज्ञापन

चीन, रूस और ईरान का अमेरिका से ईरान पर लगे प्रतिबंध हटाने का आह्वान
चीन, रूस और ईरान के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को बैठक की। इस दौरान उन्होंने ईरान के तेजी से बढ़ते परमाणु कार्यक्रम के कारण उस पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों को समाप्त करने और इस मुद्दे पर बहुपक्षीय वार्ता फिर शुरू करने का आह्वान किया। यह बैठक उस समय हुई है, जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता को एक पत्र लिखा और बातचीत को शुरू करने की कोशिश की। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें