पाकिस्तान ने सिंध स्थित शिव अवतारी सतगुरु संत शादाराम साहिब की जयंती समारोह के लिए भारतीय हिंदू तीर्थयात्रियों को 87 वीजा जारी किए हैं। दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग ने शुक्रवार को बताया कि वीजा जारी करना 1974 के धार्मिक स्थलों की यात्रा पर पाकिस्तान-भारत प्रोटोकॉल के ढांचे के अंतर्गत आता है। सिंध के शादानी दरबार हयात पिताफी में शिव अवतारी सतगुरु संत शादाराम साहिब की 316वीं जयंती समारोह 24 नवंबर से 4 दिसंबर, 2024 तक आयोजित की जाएगी। भारत में पाकिस्तान के प्रभारी साद अहमद वराइच ने तीर्थयात्रियों को एक सुखद और संतुष्टिदायक यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
रूस के सात वैगनर निजी सैनिकों की गई जान
रूस के वैगनर निजी सैन्य ठेकेदार समूह के कम से कम सात भाड़े के सैनिक मध्य माली में हुए एक हमले में मारे गए, जिसकी जिम्मेदारी उत्तरी अफ्रीका में अलकायदा से जुड़े एक सहयोगी ने ली है, रॉयटर्स ने साइट इंटेलिजेंस ग्रुप के हवाले से रिपोर्ट दी है।
स्मॉग से निपटने के लिए स्कूली बच्चों को मिले पिक-एंड-ड्रॉप सेवाएं: हाईकोर्ट
लाहौर उच्च न्यायालय (एलएचसी) ने प्रदूषण के कारण शुक्रवार को पंजाब के स्कूलों को सख्त निर्देश दिए। अदालत ने कहा कि क्षेत्र में बिगड़ते स्मॉग संकट से निपटने के लिए सर्दियों की छुट्टियों के बाद छात्रों के लिए पिक-एंड-ड्रॉप सेवाएं प्रदान करें। न्यायमूर्ति शाहिद करीम ने स्मॉग रोकथाम उपायों से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान यह आदेश जारी किया।