फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: आईएनएस तुशील पहली बार पहुंचा लंदन बंदरगाह; खैबर पख्तूनख्वा में दो गुटों में संघर्ष, पांच की मौत

Sun, 22 Dec 2024 10:18 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

भारतीय नौसेना के नवीनतम बहु-भूमिका वाला स्टील्थ-गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट, आईएनएस तुशील ने अपने पहले अभियान के तहत लंदन बंदरगाह का दौरा किया। यूके में भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। यह युद्धपोत प्रोजेक्ट 1135.6 के तहत उन्नत क्रिवाक III श्रेणी का हिस्सा है और 9 दिसंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में इसे नौसेना में शामिल किया गया था।

विज्ञापन


2016 में किए गए एक अनुबंध के तहत रूस में निर्मित, आईएनएस तुशील अपनी श्रेणी का सातवां और दो उन्नत जहाजों में से पहला है। इसका निर्माण भारतीय विशेषज्ञों की देखरेख में कालिनिनग्राद में पूरा हुआ। इससे पहले सोशल मीडिया पोस्ट में भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि 17 दिसंबर को रूस से रवाना होने के बाद इस जहाज ने अपने पहले अभियान के दौरान मित्र देशों की नौसेनाओं के साथ अभ्यास और गश्त की, जिसमें समुद्री डकैती-प्रभावित क्षेत्र भी शामिल हैं। लंदन बंदरगाह का दौरा हाल ही में नई दिल्ली में भारत-यूके 2+2 विदेश और रक्षा संवाद के बाद हुआ, जहां दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह यात्रा 2021 में स्थापित व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत समुद्री संबंधों को मजबूत करने का प्रतीक है।  

मॉरीशस दौरे पर विदेश सचिव मिस्री, पूर्व PM से की मुलाकात
विदेश सचिव विक्रम मिस्री मॉरीशस की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं। मिस्री प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद भारत और मॉरीशस के बीच पहली उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता में शामिल होंगे। राजधानी पोर्ट लुइस पहुंचने के बाद मॉरीशस में भारतीय उच्चायोग ने एक्स पर बयान जारी किया। उच्चायोग ने बताया कि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पूर्व प्रधानमंत्री और मूवमेंट सोशलिस्ट मिलिटेंट पार्टी के नेता प्रविंद कुमार जगन्नाथ से मुलाकात की। दोनों के बीच भारत-मॉरीशस संबंधों की विशेष प्रकृति और विकास साझेदारी की जन-केंद्रित प्रकृति पर चर्चा हुई।

 तुर्किये का एंबुलेंस हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, चार की मौत
तुर्किये के दक्षिण-पश्चिम में रविवार सुबह हुए एंबुलेंस हेलिकॉप्टर हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें दो पायलट, एक डॉक्टर व एक स्वास्थ्यकर्मी शामिल है। ये सभी मुग्ला से चले थे और पड़ोसी राज्य अंटाल्या से मरीज को एयर लिफ्ट करने वाले थे। जिस अस्पताल से हेलिकॉप्टर उड़ान भर रहा था, उसी से टकरा गया और पास के मैदान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मुग्ला की प्रांतीय सरकार ने बताया कि जिस समय हेलिकॉप्टर उड़ान भर रहा था, उस समय घना कोहरा था।

क्वीन कैमिला के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए किंग चार्ल्स-III 
ब्रिटेन के किंग चार्ल्स-III अपनी पत्नी कैमिला के साथ शुक्रवार को वाल्थम फॉरेस्ट टाउन हॉल में एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान भारतीय मूल के एक व्यक्ति ने कैंसर से उबर रहे किंग चार्ल्स से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने कहा, मैं अभी भी जिंदा हूं। बकिंघम पैलेस के सूत्रों ने बताया कि किंग चार्ल्स के कैंसर का इलाज अगले साल तक जारी रहेगा।

नेपाल के पूर्व गृह मंत्री लामिछाने के खिलाफ धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप पत्र दायर
पुलिस ने धोखाधड़ी, संगठित अपराध और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों में पूर्व नेपाली गृह मंत्री रबी लामिछाने के खिलाफ रविवार को आरोप पत्र दायर किया है।

जिला अटॉर्नी कार्यालय के अनुसार, पुलिस ने पूर्व डीआईजी छबीलाल जोशी, लीला पचाई, राम बहादुर खनाल और कृष्ण बहादुर गुरुंग के साथ-साथ लामिछाने के खिलाफ भी इन्हीं तीन मामलों में आरोप पत्र दायर किया है। इसके अलावा, घोटाले में शामिल आठ कंपनियों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए हैं। अदालत के कार्यवाहक रजिस्ट्रार ख्याम नारायण लामिछाने ने बताया, आरोप पत्र में पुलिस ने निर्धारित किया है कि आरोपियों से 1.5 अरब नेपाली रुपए वसूले जाने की जरूरत है। पुलिस रिपोर्ट में सहकारी धोखाधड़ी के लिए लामिछाने को चार से छह साल की जेल, संगठित अपराध के लिए अतिरिक्त 50 प्रतिशत सजा और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए दो से 15 साल की जेल और गबन की गई राशि का दोगुना जुर्माना लगाने का सुझाव दिया गया है।

ब्राजीलः विमान हादसे में 10 लोगों की मौत
ब्राजील के दक्षिण स्थित ग्रामाडो शहर में रविवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 10 लोग मारे गए। गवर्नर एडुआर्डो लेइट ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि विमान एक दुकान पर गिरा था। प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जिंदा नहीं बच पाया। सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद 15 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें ज्यादातर लोगों को धुएं के कारण दम घुटने की शिकायत थी।
 

पाकिस्तानः खैबर पख्तूनख्वा में दो गुटों में संघर्ष, पांच की मौत
खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में दो गुटों में हुए संघर्ष में पांच लोग मारे गए। पुलिस ने बताया कि दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश थी। एक कार्यक्रम के दौरान जब दोनों गुट एक दूसरे के सामने आए गए तो गोलीबारी शुरू हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
 
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलिया के वानुअतु द्वीप पर रविवार तड़के 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। इससे इमारतें हिल गईं। हालांकि भूकंप के चलते कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। इससे कुछ दिन पहले आए 7.3 तीव्रता वाले भूकंप में 12 लोगों की मौत हो गई थी। रविवार को आया भूकंप में 40 किमी की गहराई पर था। 

लाल सागर में गोलीबारी में दो अमेरिकी पायलटों की मौत
अमेरिकी सेना ने बताया कि लाला सागर के ऊपर से की गई गोलीबारी में दो अमेरिकी नौसेना के पायलटों की मौत हो गई। अमेरिकी सेना ने शनिवार को यमन की राजधानी सना ने हूतियों के मिसाइल भंडारण सुविधा और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पर हवाई हमले किए थे। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने कहा कि हमलों का उद्देश्य दक्षिणी लाल सागर, बाब अल-मंडेब और अदन की खाड़ी में अमेरिकी नौसेना के युद्धपोतों और व्यापारी जहाजों पर हमले के हूती अभियानों को बाधित करना और कमजोर करना था।

UN आंतरिक न्याय परिषद की अध्यक्षता करेंगे भारतीय जज
संयुक्त राष्ट्र आंतरिक न्याय परिषद में भारतीय न्यायाधीश को अध्यक्षता का अवसर मिला है। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस मदन बी लोकुर को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 12 नवंबर, 2028 तक होगा। यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने 19 दिसंबर को जस्टिस लोकुर को भेजे पत्र में कहा, आपको तत्काल प्रभाव से आंतरिक न्याय परिषद के सदस्य के रूप में अध्यक्ष के रूप में नियुक्त करते हुए खुशी हो रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें