कनाडा के पियर्सन एयरपोर्ट पर डेल्टा एयरलाइंस का विमान हादसे का शिकार हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक टोरंटो में हुए इस हादसे में एक बच्चा समेत कुल आठ लोग घायल हुए हैं। हवाईअड्डा प्रबंधन ने हादसे के संबंध में बताया कि मिनियापोलिस से उड़ान भरने के बाद टोरंटो में स्थानीय समय के मुताबिक विमान को दोपहर करीब 3.30 बजे लैंड करना था। हालांकि, मित्सुबिशी CRJ-900LR नाम का विमान बर्फीले टरमैक पर पलट गया। हादसे में घायल हुए आठ लोगों में से तीन गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म- एक्स पर जारी एक बयान में एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा, आपातकालीन टीमें काम पर लगी हुई हैं। विमान में सवार सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के बारे में जानकारी मिल गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी 80 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। टोरंटो में आए शीतकालीन तूफान के कारण यहां का तापमान माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हादसे से पहले हवाई अड्डे पर बर्फबारी हो रही थी। साथ ही हवाओं की रफ्तार 51 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई। ऐसे में आशंका है कि हादसा खराब मौसम के कारण हुआ है। इस मामले में अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन ने एक बयान में कहा कि कनाडा का परिवहन सुरक्षा बोर्ड जांच का नेतृत्व करेगा।
चार मार्च तक स्थगित किया गया अरब शिखर सम्मेलन
मिस्र ने अरब शिखर सम्मेलन को चार मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा पट्टी से फलस्तीनी आबादी को हटाने और इस क्षेत्र पर अमेरिका के नियंत्रण का प्रस्ताव रखा था। ट्रंप की इस योजना के खिलाफ मिस्र अरब देशों के सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। मिस्र के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि यह सम्मेलन चार मार्च को काहिरा में आयोजित किया जाएगा, ताकि और अधिक तैयारियां की जा सकें। इस शिखर सम्मेलन को पहले 27 फरवरी को आयोजित किया जाना था।
गाजा में इस्राइल-हमास संघर्ष के 500 दिन, सड़कों पर दिखा आक्रोश
पश्चिम एशिया में बीते 15 महीने से जारी हिंसा सीजफायर के कारण थोड़े समय के लिए थमी है। इसी बीच हमास और इस्राइल के हिंसक संघर्ष के 500 दिन पूरे हो चुके हैं। इस मौके पर इस्राइल में रहने वाले लोगों ने बंधक बनाए गए सभी लोगों की रिहाई के लिए प्रदर्शन किया। यरूशलम में जमा हुए प्रदर्शनकारियों में एक ने कहा, बंधकों के पास अधिक समय नहीं है, उन्हें जल्द रिहा किया जाना चाहिए। रिहा किए गए तीन बंधकों में से एक ने तेल अवीव में आयोजित रैली को वीडियो के माध्यम से संबोधित किया। हमास के कब्जे से रिहाई का अनुभव बताते हुए इयर हॉर्न ने कहा, 'मैं हमास की सुरंगों में था। 498 दिनों के बाद मुझे रिहा किया गया।' यरूशलम में एक अन्य प्रदर्शनकारी एलेनोर सैटलो ने कहा, कई बंधक अभी भी हमास के कब्जे में हैं। बंधकों की रिहाई के लिए जल्द कदम उठाए जाने की जरूरत है। इसी बीच लेबनान ने ईरान से उड़ानों पर लगी रोक बढ़ाने का भी फैसला लिया है। हिजबुल्लाह नेता नईम कासेम के मुताबिक अगर कोई ईरानी विमान बेरूत हवाई अड्डे पर उतरा तो इजरायल ने हमला करने की धमकी दी है।
खैबर पख्तूनख्वा-अफगान वार्ता के लिए शर्तें तय होंगी: पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय
पाकिस्तान की संघीय सरकार ने उग्रवाद प्रभावित खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के प्रशासन और तालिबान के नेतृत्व वाली अफगानिस्तान सरकार के बीच वार्ता को लेकर बड़ा बयान दिया है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा और आर्थिक सहयोग पर आगामी वार्ता की रूपरेखा देश की सरकार ही निर्धारित करेगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शफकत अली खान ने कहा, विदेशी मामले संघीय सरकार के अधिकार क्षेत्र में है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर के नेतृत्व वाली खैबर पख्तूनख्वा (केपी) प्रांतीय सरकार काबुल में दो प्रतिनिधिमंडल भेजेगी। बता दें कि पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद और क्षेत्रीय व्यापार गतिशीलता पर बढ़ती चिंताओं से जूझ रहा है।
कमला हैरिस को मिलेगा NAACP चेयरमैन पुरस्कार
अमेरिका में पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को नागरिक अधिकार संगठन के इमेज पुरस्कार समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा। भारतवंशी नेता को एनएएसीपी का चेयरमैन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। NAACP के राष्ट्रीय निदेशक मंडल के अध्यक्ष लियोन डब्ल्यू रसेल ने कहा, कमला हैरिस एक नेता से कहीं बढ़कर हैं - वे बदलाव की ताकत का प्रतीक हैं। अधिक न्यायसंगत भविष्य के लिए उनके भीतर एक अटूट जुनून है। न्याय, समानता और समाज की बेहतरी के लिए अथक समर्पण के लिए यह पुरस्कार दिया जाता है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और दिवंगत अभिनेता रूबी डी जैसी हस्तियों को भी इस पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।
यूक्रेन में ब्रिटिश सेना भेजने से पहले अमेरिका की "सहायता" जरूरी: पीएम स्टारमर
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा है कि यूक्रेन में उनके देश की सेना भेजने से पहले अमेरिकी सुरक्षा गारंटी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रूस के आक्रमण के बीच यूक्रेन का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। पेरिस में एक आपातकालीन शिखर सम्मेलन के समापन पर, यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्थायी शांति समझौते पर पहुंचने पर अन्य देशों के साथ ब्रिटिश सेना को जमीन पर उतारने की इच्छा व्यक्त की।
ट्रंप ने सामाजिक सुरक्षा प्रमुख ने इस्तीफा दिया
अमेरिका में सामाजिक सुरक्षा प्रशासन की कार्यवाहक आयुक्त ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा एलन मस्क के नेतृत्व वाले सरकारी दक्षता विभाग की सामाजिक सुरक्षा पाने वाले लोगों के डाटा तक पहुंच के बाद सामने आया है। कार्यवाहक आयुक्त मिशेल किंग ने बीते दिनों दक्षता विभाग को सामाजिक सुरक्षा प्रशासन के संवेदनशील डाटा तक पहुंच देने से इनकार कर दिया था। अब व्हाइट हाउस ने किंग की जगह लेलैंड डुडेक को सामाजिक सुरक्षा विभाग का कार्यवाहक आयुक्त नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि दक्षता विभाग अमेरिकी सरकार के अहम विभागों और संवेदनशील डाटा तक पहुंच पाने की कोशिश कर रहा है और इसके विरोध में कई अधिकारी या तो पद छोड़ चुके हैं या फिर उन्हें हटा दिया गया है।
अमेरिका में बाढ़ के बाद जानलेवा ठंड का कहर
सप्ताहांत में आई बाढ़ के बाद अमेरिका के कई हिस्सों में 'जानलेवा ठंड' का कहर जारी है। पूर्वी अमेरिका में आए तूफानों के बाद रॉकी पर्वतीय इलाके और उत्तरी मैदानों को ध्रुवीय भंवर ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने सोमवार को बताया कि उत्तरी डकोटा के कुछ हिस्सों में तापमान शून्य से 51 डिग्री सेल्सियस नीचे और मोंटाना के कुछ हिस्सों में तापमान शून्य से 46 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कनाडा की सीमा से लेकर ओकलाहामा और मध्य टेक्सास तक फैले अमेरिका के 11 राज्यों में अत्यधिक ठंड की चेतावनी जारी की गई है।
केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने सोमवार को कहा कि बाढ़ से प्रभावित केंटकी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। नौ मौतें बाढ़ से संबंधित थीं। उन्होंने कहा कि दो घातक वाहन दुर्घटनाएं खराब मौसम से जुड़ी थीं, और बाढ़ में फंसे कम से कम 1,000 लोगों को बचाया गया है। केंटकी और टेनेसी के कुछ हिस्सों में छह इंच तक बारिश हुई और पूरे दक्षिण में भयंकर तूफान आया।
पश्चिम वर्जीनिया में बाढ़ से संबंधित एक मौत की पुष्टि हुई है और कई लोग अभी भी लापता हैं। कम से कम 13 काउंटियों में आपातकाल की स्थिति है और कुछ क्षेत्रों में वाहन यातायात बंद है। अटलांटा में, रविवार की सुबह एक घर पर एक बड़ा पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। केंटकी के अधिकांश हिस्सों और अर्कांसस, टेनेसी, मिसिसिपी, अलबामा, वेस्ट वर्जीनिया, वर्जीनिया और ओहायो के कुछ हिस्सों में भी बाढ़ की चेतावनी जारी की गई।
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमला, पाकिस्तान के चार सैनिकों की मौत
पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिम क्षेत्र खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तानी सेना की राहत सामग्री ले जा रहे ट्रकों पर पहले हुए हमले में चार सैनिकों की मौत हो गई। आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया और इस दौरान हुई गोलीबारी में पाकिस्तानी सेना के चार जवान मारे गए। यह हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुर्रम जिले में हुआ। अधिकारियों ने बताया कि कुर्रम में हुए हमले में कुछ सुरक्षा कर्मी घायल भी हुए हैं। यहां हाल के महीनों में शिया और सुन्नी कबीलों के बीच झड़पों में कम से कम 130 लोग मारे गए हैं। फिलहाल किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुन्नी उग्रवादियों पर संदेह जताया जा रहा है। कुर्रम के कुछ हिस्सों में शिया मुसलमानों का वर्चस्व है, हालांकि वे पाकिस्तान के शेष हिस्सों में अल्पसंख्यक हैं, जहां सुन्नी बहुसंख्यक हैं। इस क्षेत्र में सांप्रदायिक संघर्ष का इतिहास रहा है, जहां उग्रवादी सुन्नी समूह अल्पसंख्यक शियाओं को निशाना बनाते रहे हैं।
तुर्किए में पीकेके से जुड़े 282 संदिग्ध हिरासत में
तुर्किए में पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी या पीकेके के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान छेड़ा हुआ है। इस अभियान के तहत बीते पांच दिनों में पीकेके से जुड़े 282 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। तुर्किए के आंतरिक मामलों के मंत्री अली येरलिकाया ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। संदिग्धों को तुर्किए के 51 प्रांतों से हिरासत में लिया गया है। गौरतलब है कि तुर्किए की सरकार और पीकेके के बीच संघर्ष को सुलझाने के लिए कोशिशें जारी हैं, लेकिन इसके बावजूद तुर्किए की सरकार पीकेके से जुड़े लोगों पर कार्रवाई कर रही है। तुर्किए की सरकार का कहना है कि जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उन पर पीकेके को आर्थिक मदद पहुंचाने और संगठन में नए लोगों की भर्ती कराने का आरोप है।
चीनी नौसेना के हेलीकॉप्टर ने फिलीपींस के गश्ती विमान के 10 फीट ऊपर भरी उड़ान
चीन और फिलीपींस के बीच दक्षिणी चीन सागर में स्थित विवादित क्षेत्र को लेकर विवाद है। इसे लेकर मंगलवार को चीनी नौसेना ने उकसावे वाली कार्रवाई की और फिलीपींस के एक गश्ती विमान के सिर्फ 10 फीट ऊपर उड़ान भरी। फिलीपींस के विमान के पायलट ने रेडियो पर इसे लेकर चेतावनी भी दी, लेकिन इसके बावजूद चीनी नौसेना के पायलट ने चेतावनी को अनसुना कर दिया और बेहद नजदीक विमान उड़ाना जारी रखा। फिलीपींस का विमान दक्षिणी चीन सागर में स्थित विवादित स्कारबोरो शोल के ऊपर उड़ान भर रहा था। बता दें कि शोल इलाके पर चीन और फिलीपींस दोनों दावा करते हैं। फिलीपींस के विमान में अंतरराष्ट्रीय मीडिया के कई पत्रकार भी सवार थे। चीनी नौसेना के हेलीकॉप्टर ने करीब तीस मिनट तक फिलीपींस के विमान के ऊपर उड़ान भरी। इस घटना के बाद फिलीपींस तटरक्षक बल और मत्स्य ब्यूरो ने एक बयान में कहा कि 'वे चीन की आक्रामक कार्रवाइयों के बावजूद, पश्चिमी फिलीपींस सागर में अपनी संप्रभुता, संप्रभु अधिकारों और समुद्री अधिकार क्षेत्र का दावा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'