अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एड मार्टिन को वॉशिंगटन डीसी के शीर्ष संघीय वकील (यूएस अटॉर्नी) के पद पर स्थायी रूप से नियुक्त करने के लिए नामित किया है। एड मार्टिन एक कट्टरपंथी कार्यकर्ता हैं और उन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में धोखाधड़ी के ट्रंप के दावे और 6 जनवरी 2021 के कैपिटल हिंसा में शामिल लोगों का समर्थन किया था। मार्टिन फिलहाल अंतरिम यूएस अटॉर्नी के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्हें यह पद 20 जनवरी को ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद मिला था। अब उनकी नियुक्ति के लिए अमेरिकी सीनेट की मंजूरी जरूरी होगी।
सर्बिया में दोषियों को सख्त सजा देने की मांग
सर्बिया के दूसरे सबसे बड़े शहर नोवी सैड में एक पुनर्निर्मित रेलवे स्टेशन की छत गिरने से 15 लोगों की मौत के तीन माह बाद भी प्रदर्शन हो रहे हैं। दोषियों को सख्त सजा दिए जाने व मृतकों के परिजनों के लिए न्याय की मांग करते हुए रविवार को मध्य सर्बियाई शहर क्रागुजेवैक में करीब 15 हजार लोगों ने मोबाइल की फ्लैशलाइट व टॉर्च जलाकर प्रदर्शन किया। बड़े पैमाने पर हो रहे प्रदर्शनों से राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूसिक की सत्ता पर एक दशक पुरानी पकड़ कमजोर हो गई है।
जर्मनी में एएफडी पार्टी के खिलाफ सड़कों पर 30 हजार लोग
जर्मनी के आम चुनाव में सिर्फ एक सप्ताह रह गए हैं। इससे पहले धुर दक्षिणपंथी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (एएफडी) के खिलाफ लोग सड़कों पर आ गए हैं। रविवार को बर्लिन में करीब 30 हजार लोगों ने पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन किया और निष्पक्ष चुनाव की मांग की। पिछले सप्ताहांत म्यूनिख में भी इसी तरह के एक प्रदर्शन में सवा लाख लोग शामिल हुए थे। कई लोगों नेअल्टरनेटिव फॉर जर्मनी की निंदा करते हुए नारे लिखी तख्तियां ले रखी थीं।
इस साल जुलाई में ब्रिक्स की मेजबानी करेगा ब्राजील
ब्राजील इस साल जुलाई में ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी करेगा। 6 और 7 जुलाई को ब्राजील के रियो डी जनेरियो में होने वाले इस सम्मेलन में भारत के अलावा चीन, रूस और दक्षिण अफ्रीका जैसे देश भाग लेंगे। सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ब्राजील 2025 तक विकासशील अर्थव्यवस्थाओं के समूह की अध्यक्षता करेगा। इस दौरान वह वैश्विक शासन सुधार और ग्लोबल साउथ (वैश्विक दक्षिण) देशों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेगा। भारत, ब्राजील, रूस और चीन ने साल 2009 ने 'ब्रिक' की स्थापना की थी। अगले साल 2010 में दक्षिण अफ्रीका इस संगठन से जुड़ा, जिसके बाद इसे ब्रिक्स कहा जाने लगा। पिछले साल ईरान, मिस्र, इथोपिया और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ब्रिक्स में शामिल हुए।
नेपाल में एक हफ्ते तक संसद में पेश नहीं होंगे 5 अध्यादेश
सरकार ने पांच अध्यादेशों को संसद में पेश किए जाने की योजना अगले हफ्ते तक टाल दी है। नेपाल सरकार ने 18 फरवरी को संसद के दोनों सदनों में अध्यादेश पेश करने की योजना बनाई थी, लेकिन सांसदों के राजधानी से बाहर होने के कारण अब इसे 23 फरवरी तक के लिए टाल दिया गया है। सत्ता पक्ष ने भूमि संबंधी अध्यादेश को छोड़कर बाकी पांच अध्यादेशों को संसद से पारित कराने की तैयारी की है। सत्तारूढ़ दल के प्रमुख सचेतकों की रविवार को हुई बैठक में विधेयकों को शीघ्र पारित कराने की रणनीति पर सहमति बनी। सिंह दरबार स्थित सीपीएन-यूएमएल संसदीय दल के कार्यालय में हुई बैठक में अध्यादेशों को पेश करने व उन्हें कार्यसूची में शामिल करने पर भी चर्चा हुई।
आईएफआर में भाग लेने इंडोनेशिया पहुंचा भारतीय नौसैन्य दल
भारतीय नौसेना के आईएनएस शार्दुल और लॉन्ग रेंज मैरीटाइम सर्विलांस पी-8-आई विमान अंतरराष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू (आईएफआर) 2025 में भाग लेने के लिए रविवार को इंडोनेशिया के बाली पहुंचे। रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार 15 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाला आईएफआर एक प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय नौसैनिक कार्यक्रम है। इसकी समीक्षा इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो करेंगे।
सिंगापुर में एक भारतवंशी सांसद को सिंगापुर की संसद में झूठी गवाही देने का दोषी पाया गया है। भारतवंशी नेता प्रीतम सिंह ने संसदीय समिति के सामने झूठी गवाही दी, इसके चलते प्रीतम सिंह को संसद सदस्यता से अयोग्य ठहराया जा सकता है और इस साल के आम चुनाव में उनके चुनाव लड़ने पर भी रोक लग सकती है। सिंगापुर की अदालत ने प्रीतम सिंह को दोषी माना है। सिंह पर एक अन्य सांसद के मामले में जांच कर रही संसदीय समिति के सामने झूठी गवाही देने का दोषी पाया गया है। सजा के तहत प्रीतम सिंह को तीन साल जेल और सात हजार सिंगापुरी डॉलर या दोनों की सजा हो सकती है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे
यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति वार्ता की लगातार उठ रही मांग के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की रविवार देर रात को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह संकेत दिया था कि वह सऊदी अरब में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। संयुक्त अरब अमीरात को लंबे समय से शांति वार्ता के लिए संभावित स्थल के रूप में देखा जाता रहा है, क्योंकि युद्ध शुरू होने के बाद से ही यहां बड़ी संख्या में रूस और यूक्रेन के प्रवासी आ पहुंचे हैं और अमीरात को पूर्व में मध्यस्थता का अनुभव भी है। जर्मनी में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में भाग लेने के बाद जेलेंस्की अबू धाबी पहुंचे। उनके कार्यालय द्वारा जारी फुटेज में रविवार देर रात को हवाई अड्डे पर उन्हें और उनकी पत्नी ओलेना का अमीरात के अधिकारी स्वागत करते दिख रहे हैं।
युद्ध शुरू होने के बाद जेलेंस्की की यह यूएई की पहली यात्रा है। जेलेंस्की के कार्यालय ने ऑनलाइन संदेश में कहा, 'हमारी शीर्ष प्राथमिकता हमारे अधिक से अधिक लोगों को कैद से मुक्त कराकर स्वदेश वापस लाना है।' राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा, 'हम निवेश और आर्थिक साझेदारी के साथ-साथ बड़े पैमाने पर मानवीय कार्यक्रम पर भी ध्यान केंद्रित करेंगे।'
बांग्लादेश में 41 पूर्व पुलिस अधिकारी गिरफ्तार
बांग्लादेश में पुलिस ने 41 पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, जो 1,059 पूर्व पुलिसकर्मियों में शामिल हैं, जिन पर 2024 के छात्र नेतृत्व वाले आंदोलन के दौरान अत्याचार करने का आरोप है, जिसके कारण प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से बाहर होना पड़ा, अधिकारियों और मीडिया रिपोर्टों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बता दें कि, अवामी लीग की नेता शेख हसीना ने पिछले साल 5 अगस्त को इस्तीफा दे दिया था और भारत चली गईं थीं, जब कोटा प्रणाली के खिलाफ छात्रों के भेदभाव विरोधी विरोध ने एक आंदोलन का रूप ले लिया और उनकी 16 साल की सरकार का पतन हो गया। जुलाई और अगस्त के बीच विरोध प्रदर्शनों के दौरान करीब 1,400 लोगों की मौत हो गई थी।
चीन का दावा- ताइवान के मामले में अमेरिका ने अपने कदम ‘पीछे खींचे’
चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को अमेरिकी सरकार के संशोधित तथ्य पत्रक पर आपत्ति जताई, जिसमें ताइवान की स्वतंत्रता के लिए अमेरिकी विरोध की एक पंक्ति हटा दी गई थी। मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि अमेरिका ने ताइवान पर अपने रुख पर बहुत पीछे खींचे और द्वीप पर अलगाववादी ताकतों को गलत संदेश भेजा है।
चीन में कम्युनिस्टों के सत्ता में आने के बाद 1949 में गृहयुद्ध के दौरान ताइवान और चीन अलग हो गए थे। पराजित राष्ट्रवादी ताइवान भाग गए और वहां एक प्रतिद्वंद्वी सरकार स्थापित की। ताइवान की अपनी सरकार और सेना है, लेकिन उसने कभी भी चीन से औपचारिक स्वतंत्रता की घोषणा नहीं की है। एक दैनिक मीडिया ब्रीफिंग में संशोधन के बारे में पूछे जाने पर गुओ ने कहा, 'हम अमेरिका से आग्रह करते हैं कि वह ताइवान की स्वतंत्रता को बढ़ावा देना और उसका समर्थन करना बंद करे और चीन-अमेरिका संबंधों और ताइवान जलडमरूमध्य की शांति और स्थिरता को और नुकसान पहुंचाने से बचें।'
मिस्र: आवासीय इमारत ढहने से 10 लोगों की मौत
अधिकारियों ने बताया कि मिस्र में सोमवार सुबह एक आवासीय इमारत ढह गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि ग्रेटर काहिरा के पश्चिमी हिस्से के केरदासा शहर में बचाव दल और एंबुलेंस को मलबे को हटाने और पीड़ितों की तलाश के लिए तैनात किया गया है।
भारतीय दूतावास शहजादी के मामले पर लगातार नजर रख रहा है: सूत्र
भारतीय नागरिक शहजादी, जो वर्तमान में कुछ आरोपों के तहत यूएई की जेल में बंद है, को 24 घंटे के भीतर फांसी दिए जाने की खबरें गलत हैं। वहीं सूत्रों ने सोमवार को बताया कि भारतीय दूतावास मामले पर लगातार नजर रख रहा है। शहजादी उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की मूल निवासी है। सितंबर 2024 की शुरुआत में, शहजादी के पिता शब्बीर ने बांदा में कहा था कि उनकी बेटी, जो लंबे समय से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की जेल में है, ने उन्हें फोन करके बताया था कि उसे 20 सितंबर के बाद कभी भी फांसी दी जा सकती है।
शब्बीर ने यह भी कहा था कि उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईमेल भेजकर अपनी बेटी की जान बचाने का अनुरोध किया था। दिन में पहले आई कुछ रिपोर्टों में कहा गया था कि शहजादी को 24 घंटे के भीतर फांसी दी जा सकती है।