फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: ब्रिटिश पायलट जॉन पैडी का 105 साल की आयु में निधन; इस्तांबुल मेयर की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा कड़ी

Wed, 19 Mar 2025 11:21 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
ब्रिटेन युद्ध के आखिरी जीवित पायलट जॉन पैडी हेमिंग्वे का सोमवार को डबलिन में उनके घर पर निधन हो गया। वह 105 वर्ष के थे। उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी वायु सेना के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। रॉयल एयर फोर्स (आएएफ) ने उनकी मौत की पुष्टि की। हेमिंग्वे जब 20 साल के थे तब उन्होंने रॉयल एयर फोर्स ज्वाइन किया था। आरएएफ ने बताया कि अगस्त 1940 में जर्मन विमानों के साथ हवाई लड़ाई के दौरान हेमिंग्वे ने हिम्मत और जोश का परिचय दिया। उन्हें 1941 में वीरता के लिए विशिष्ट फ्लाइंग क्रॉस से सम्मानित किया गया था।
विज्ञापन


आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते की समीक्षा में आएगी तेजी, मलयेशिया के साथ बनी सहमति
भारत और मलयेशिया ने 2025 तक आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौते (एआईटीआईजीए) की समीक्षा में तेजी लाने के लिए कदम उठाने पर सहमति जताई है। मलयेशिया 10 सदस्यीय आसियान के प्रमुख सदस्यों में से एक है और इस वर्ष समूह का अध्यक्ष है। मंगलवार को वाणिज्य राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और मलयेशिया के निवेश, व्यापार और उद्योग उप मंत्री लियू चिन टोंग के बीच यहां हुई द्विपक्षीय बैठक में समीक्षा में तेजी लाने का निर्णय लिया गया। यह समझौता 2010 में लागू हुआ था और आसियान से आयात बढ़ने तथा व्यापार संतुलन 10 सदस्यीय समूह के पक्ष में हो जाने के बाद भारत की मांग पर 2019 में समझौते की समीक्षा पर सहमति बनी थी।

पेरू के राष्ट्रपति ने की आपातकाल की घोषणा 
पेरू के राष्ट्रपति दीना बोलुआर्ट ने सोमवार को राजधानी में आपातकाल की घोषणा की, यह कदम एक लोकप्रिय गायक की हत्या के बाद बढ़ते आक्रोश और हिंसा के कारण उठाया गया। राष्ट्रपति ने पुलिस की मदद के लिए सैनिकों की तैनाती का आदेश दिया है। सरकार ने एक आदेश जारी किया, जिसमें कहा गया कि आपातकाल की स्थिति 30 दिनों तक रहेगी और इस दौरान कुछ अधिकारों को प्रतिबंधित किया जाएगा, जैसे सभा और आंदोलन की स्वतंत्रता। इसका मतलब यह है कि पुलिस और सेना बिना न्यायिक आदेश के लोगों को हिरासत में ले सकती है।

गौरतलब है कि पेरू में हाल के महीनों में हत्याओं, जबरन वसूली और सार्वजनिक हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं। 1 जनवरी से 16 मार्च तक पुलिस ने 459 हत्याएं और जनवरी में 1,909 जबरन वसूली की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज की है। रविवार को कम्बिया बैंड "आर्मोनिया 10" के प्रमुख गायक पॉल फ्लोर्स की हत्या के बाद स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई।

 

मेक्सिको सिटी ने बुलफाइटिंग पर लगाया प्रतिबंध
मेक्सिको सिटी के सांसदों ने मंगलवार को हिंसक बुलफाइटिंग पर प्रतिबंध लगाने के लिए भारी मतदान किया। इस कानून के तहत अब बैलों की हत्या और उन्हें घायल करने वाली नुकीली वस्तुओं के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है। साथ ही यह भी तय किया गया है कि बैल कितनी देर तक रिंग में रह सकते हैं, यह सभी "हिंसा के बिना बुलफाइटिंग" नामक पहल का हिस्सा होगा।

इस फैसले से बुलफाइटिंग के समर्थक और मैटाडोर्स (बुलफाइटिंग के कलाकार) गुस्से में आ गए हैं। कुछ ने स्थानीय कांग्रेस में पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और तख्तियां उठाई, जिन पर लिखा था "ला फिएस्टा ब्रावा (बुलफाइटिंग) का प्रशंसक होना कोई अपराध नहीं है, यह गर्व की बात है।

 

सोमालिया में राष्ट्रपति काफिले पर अल-शबाब का बम हमला, राष्ट्रपति सुरक्षित
सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में मंगलवार को राष्ट्रपति भवन के पास एक बम विस्फोट हुआ। सरकार के मुताबिक, यह हमला आतंकवादी समूह अल-शबाब ने राष्ट्रपति हसन शेख मोहम्मद के काफिले को निशाना बनाकर किया। हालांकि, राष्ट्रपति को कोई नुकसान नहीं हुआ। विस्फोट के बाद सरकार ने इसे हताशा की कायरतापूर्ण कार्रवाई करार दिया। बता दें कि अल-शबाब ने हमले की जिम्मेदारी ली। घटनास्थल पर एक गवाह ने तीन शव देखे, लेकिन सरकार ने आधिकारिक रूप से मरने वालों की संख्या नहीं बताई। अल-शबाब समूह सरकार विरोधी गतिविधियों में शामिल है और अक्सर सरकारी अधिकारियों और सैन्य कर्मियों को निशाना बनाता है।

 

होंजुरास में विमान दुर्घटना में 12 लोगों की मौत
होंडुरास के तट पर एक छोटे वाणिज्यिक विमान दुर्घटना ग्रस्त हो गया। इसमें फेमस गरिफुना संगीतकार ऑरेलियो मार्टिनेज समेत 12 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही पांच लोग घायल हो गए। बता दें कि यह दुर्घटना सोमवार रात हुई, जब लैन्हा एयरलाइंस का विमान रोआटन द्वीप से उड़ान भरने के कुछ समय बाद समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान ला सेइबा शहर की ओर जा रहा था।

विमान में 17 लोग थे सवार
विमान में 17 लोग सवार थे, जिनमें से पांच को बचा लिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, विमान पूरी ऊंचाई तक नहीं पहुंच पाया और टक्कर के तुरंत बाद डूब गया। स्थानीय मछुआरों ने बचे हुए लोगों को बचाया।

गबार्ड बोलीं- राष्ट्रपति ट्रंप अधिकतम पारदर्शिता के एक नए युग की शुरुआत कर रहे
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी की हत्या से संबंधित दस्तावेजों को गोपनीय रखा गया था। हालांकि, अब ट्रंप प्रशासन के फैसले के बाद पहले से गोपनीय रखे गए अभिलेख सार्वजनिक कर दिए गए हैं। इस संबंध में अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड ने बताया, राष्ट्रपति ट्रंप अधिकतम पारदर्शिता के एक नए युग की शुरुआत कर रहे हैं। आज, उनके निर्देशानुसार, पहले से संपादित जेएफके हत्याकांड की फाइलें बिना किसी संशोधन के जनता के लिए जारी की जा रही हैं। वादे किए गए, वादे पूरे हुए।

लापता सुदीक्षा को मृत घोषित करने का अनुरोध किया गया
लापता हुई 20 वर्षीय भारतीय छात्रा सुदीक्षा कोनांकी के परिवार ने अमेरिकी पुलिस से उनकी बेटी को मृत घोषित करने का अनुरोध किया है। भारतवंशी छात्रा को अंतिम बार 6 मार्च को पुंटा काना शहर के एक रिसॉर्ट में देखा गया। वह डोमिनिकन गणराज्य में छुट्टियां मनाते वक्त लापता हुई थी। काफी तलाश के बावजूद अब तक सुदीक्षा का शव नहीं मिला है। 

श्रीलंका : अदाणी ग्रीन के विरुद्ध दायर याचिकाएं वापस लीं
श्रीलंका में अदाणी ग्रीन एनर्जी की योजनाओं के विरुद्ध दायर 5 मौलिक अधिकार याचिकाओं को अटॉर्नी जनरल द्वारा दायर एक प्रस्ताव के बाद वापस ले लिया गया है। कंपनी द्वारा श्रीलंका के निवेश बोर्ड को पवन ऊर्जा परियोजनाओं से पीछे हटने की सूचना देने के बाद यह प्रस्ताव लाया गया है। गौतम अदाणी की अगुवाई वाले समूह की कंपनी ने कहा था वह मन्नार व पूनरी में प्रस्तावित परियोजना में आगे की भागीदारी से हट रही है। 

निर्वासन पर रोक लगाने वाले जज को हटाने पर ट्रंप व चीफ जस्टिस में ठनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को देश की न्यायपालिका से एक और झटका लगा है। अब सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने उन जजों के खिलाफ महाभियोग चलाने की ट्रंप की मांग को खारिज कर दिया है जिन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति की निर्वासन योजनाओं पर रोक लगाई है। इसके साथ ही अमेरिका में कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संघर्ष की असाधारण स्थिति बन गई है। रॉबर्ट्स ने अपने बयान में कहा, दो शताब्दियों से भी अधिक समय से यह स्थापित है कि यदि आप न्यायिक निर्णय से सहमत नहीं हैं तो इसके बारे में महाभियोग चलाना उचित प्रक्रिया नहीं है बल्कि फैसले के खिलाफ अपीलीय समीक्षा प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। दरअसल, मंगलवार की सुबह सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने अमेरिकी जिला न्यायाधीश जेम्स ई. बोसबर्ग को एक अनिर्वाचित उपद्रवी और आंदोलनकारी के रूप में वर्णित किया। बोसबर्ग ने हाल ही में ट्रंप की उस निर्वासन योजना पर रोक लगा दी थी जो अमेरिकी राष्ट्रपति ने 18वीं सदी के एक कानून के तहत मिले युद्धकालीन अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए लागू की थी।

नाइजीरिया में दुर्लभ आपातकालीन नियम का इस्तेमाल, गवर्नर निलंबित
अफ्रीकी देश नाइजीरिया के रिवर राज्य में गवर्नर और सांसदों को निलंबित किया गया है। रिवर में पिछले कई महीनों से मौजूदा गवर्नर सिमिनालयी फ़ुबारा और राज्य के सांसदों के बीच तनातनी चल रही है। यह राज्य देश को अफ्रीका के शीर्ष तेल उत्पादक के रूप में दर्जा दिलाने में योगदान करता है। कुछ सांसदों ने गवर्नर के खिलाफ़ महाभियोग प्रक्रिया शुरू की थी। उन पर रिवर राज्य का बजट पेश करने और विधान मंडल की संरचना के संबंध में अनियमितताओं के आरोप लगे थे।

भ्रष्टाचार मामले में इंस्तांबुल के मेयर गिरफ्तार, राष्ट्रपति एर्दोगान के माने जाते हैं कट्टर विरोधी

तुर्किये की पुलिस ने बुधवार को बताया कि उन्होंने इस्तांबुल के मेयर को गिरफ्तार किया है। इस्तांबुल के मेयर एकरेम इमामोग्लू एक लोकप्रिय विपक्षी नेता हैं और उन्हें राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगान का कट्टर विरोधी माना जाता है। इमामोग्लू को भ्रष्टाचार और कथित आतंकवाद से जुड़ाव के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब सरकार विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इमामोग्लू की गिरफ्तारी के चलते लोगों के विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए इस्तांबुल की कई सड़कें बंद कर दी गई हैं। 
 

पाकिस्तान की माइक्रोफाइनेंस परियोजना के लिए विश्व बैंक ने दी 102 मिलियन अमेरिकी डॉलर की मंजूरी
नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान की माइक्रो फाइनेंस क्षेत्र से जुड़ी परियोजना के लिए विश्व बैंक ने 102 मिलियन अमेरिकी डॉलर की मंजूरी दी है। विश्व बैंक ने कहा कि लचीले और सुलभ माइक्रोफाइनेंस (आरएएम) परियोजना के तहत वित्तपोषण को विश्व बैंक के निदेशक मंडल ने मंगलवार को मंजूरी दी। पाकिस्तान के लिए विश्व बैंक के देश निदेशक नाजी बेन्हासिन ने कहा कि माइक्रोफाइनेंस पाकिस्तान में कमजोर आबादी की आजीविका का समर्थन करने के लिए महत्वपूर्ण है। यह परियोजना माइक्रोफाइनेंस क्षेत्र के लचीलेपन को मजबूत करने में मदद करेगी। 

ताइवान के राष्ट्रपति ने की सेमीकंडक्टर परियोजना की सराहना
ताइवान के राष्ट्रपति विलियम लाई चिंग-ते ने बुधवार को राज्य की यात्रा पर आईं गर्वनर कैटी हॉब्स का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने ताइवान की एक सेमीकंडक्टर कंपनी का एरिजोना में भारी निवेश, कंप्यूटर चिप्स आपूर्ति लाइनें बनाने के प्रयास को सर्वोत्तम मॉडल बताया। ताइवान की अग्रणी चिप निर्माता कंपनी टीएसएमसी ने एरिजोना में तीन चिप फाउंड्री, एक अनुसंधान एवं विकास केंद्र और दो पैकेजिंग सुविधाएं स्थापित करने के लिए 100 बिलियन डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इसके अलावा कंपनी ने राज्य में 65 बिलियन डॉलर की लागत से तीन चिप फाउंड्री बनाने का वादा भी किया है। इसमें से एक का परिचालन शुरू कर दिया गया है।

चीन में जासूसी के आरोप में इंजीनियर को मौत की सजा
चीन में एक शोध संस्थान के चीनी इंजीनियर को विदेशी जासूसी एजेंसियों को गोपनीय जानकारी बेचने के आरोप में मौत की सजा सुनाई गई है। चीन की सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने राज्य सुरक्षा मंत्रालय के हवाले से बुधवार को बताया कि शोध संस्थान के इंजीनियर की पहचान लियू के रूप में हुई है। चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों ने जासूसी मामले का पर्दाफाश किया। इसमें लियू ने अवैध रूप से गुप्त जानकारियों की नकल की और उन्हें विदेशी जासूसी एजेंसियों को बेचा। ग्लोबल टाइम्स ने मंत्रालय के लेख का हवाला देते हुए बताया कि लियू को जासूसी और अवैध रूप से राज्य के रहस्यों को उपलब्ध कराने का दोषी ठहराया गया था और उसे आजीवन राजनीतिक अधिकारों से वंचित करने के साथ मौत की सजा सुनाई गई है।

पाकिस्तान में तीन स्टेज डांसरों पर लगा प्रतिबंध
पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने तीन स्टेज डांसरों पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है। उन पर अपने प्रदर्शन में अश्लीलता को बढ़ावा देने का आरोप है। डांसर खुशबू खान, निदा चौधरी और अफरीन खान पर लाहौर के सिनेमाघरों में अश्लील प्रदर्शनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया था। पंजाब के सूचना और संस्कृति मंत्री आजमा बुखारी ने कहा कि हमने पंजाब के सिनेमाघरों में अश्लीलता और अभद्रता को बढ़ावा देने के लिए महिला डांसर और अभिनेताओं पर आजीवन प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। सभी थिएटरों को नियमों का पालन करने या लाइसेंस रद्द करने का सामना करने का निर्देश भी दिया गया है।
विज्ञापन

पाकिस्तान में मदरसे की दीवार गिरने से चार बच्चों की मौत, छह घायल
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में मदरसे की दीवार ढहने से चार बच्चों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि आका खेल, मादा खेल क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण मदरसे की जर्जर दीवार ढह गई। इससे चार बच्चों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पेशावर स्थानांतरित कर दिया गया है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने बच्चों की मौत पर दुख व्यक्त किया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें