इस्राइली विदेश मंत्री गिदोन सार अगले हफ्ते भारत आएंगे और देश के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे, जहां द्विपक्षीय पहलों और क्षेत्रीय विकास पर चर्चा होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सार 4 और 5 नवंबर को नई दिल्ली के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके भारतीय समकक्ष एस जयशंकर समेत अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे।
इस्राइल में जारी उथल-पुथल के बावजूद पिछले दो वर्षों में इस्राइल से भारत के कई बड़े दौरे हुए हैं, जिनमें हाल ही में वित्त मंत्री बेजालेल स्मोट्रिच, अर्थव्यवस्था मंत्री नीर बरकत, कृषि मंत्री एवी डिचर और पर्यटन मंत्री हैम काट्ज के दौरे शामिल हैं।
माउंट एवरेस्ट पर भारी बर्फबारी, चीन ने ट्रैकिंग की बंद
चीन ने माउंट एवरेस्ट पर भारी बर्फबारी और बर्फीली परिस्थितियों के कारण ट्रैकिंग बंद करने का फैसला किया है। पर्यटन अधिकारियों के मुताबिक डिंगरी काउंटी में स्थित झूफेंग को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा। दरअसल, इस महीने की शुरुआत में चीन के राष्ट्रीय अवकाश के दौरान आए भारी हिमपात के कारण सैकड़ों पर्वतारोही कई दिनों तक फंसे रहे थे। क्योंकि यह समय देश में यात्रा के मौसमों में से एक होता है।
स्थानीय मौसम विभाग ने बुधवार तक बर्फबारी और बर्फीली परिस्थितियों की चेतावनी दी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में थोड़ी भी बर्फबारी मार्गों और सड़कों को अवरुद्ध कर सकती है, जिससे पर्यटकों के लिए खतरा बढ़ जाता है। बता दें कि इस महीने की शुरुआत में बचावकर्मियों ने लगभग 880 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था।
चीन की कंपनी डोबॉट ने बनाया एआई से चलने वाला डायनासोर रोबोट
चीन की कंपनी डोबॉट ने एआई से चलने वाला डायनासोर रोबोट बनाया है। यह एक जीवित डायनासोर की तरह चलता-फिरता और प्रतिक्रिया देता है। यह कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मोशन कंट्रोल तकनीक पर काम करता है। कंपनी का कहना है कि इसे आगे चलकर थीम पार्क और साइंस म्यूजियम में दिखाया जा सकता है। बता दें कि डोबॉट इससे पहले एटम नामक मानव जैसे रोबोट और हेक्सप्लोरर नाम का छह पैर वाला रोबोट भी बना चुकी है।
अफगानिस्तान-पाकिस्तान में शांति वार्ता समाप्त, कोई समाधान नहीं
इस्तांबुल में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच दीर्घकालिक युद्धविराम वार्ता बिना किसी ठोस समाधान के खत्म हो गई है। यह बात मामले से परिचित दो सूत्रों ने मंगलवार को कही। दोनों पक्ष 19 अक्तूबर को दोहा में मध्यस्थता के जरिये युद्धविराम पर सहमत हुए, लेकिन इस्तांबुल में तुर्किये और कतर की मध्यस्थता में हुई दूसरे दौर की वार्ता में कोई आम सहमति नहीं बन पाई।
दोनों पक्षों की आेर से इस विफलता के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया गया है। इस महीने हुई घातक झड़पों के बाद, यह क्षेत्र में शांति के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। 2021 में काबुल में तालिबान के सत्ता में आने के बाद से सबसे भीषण हिंसा में सीमा पर दर्जनों लोगों के मारे जाने के बाद, दक्षिण एशियाई पड़ोसियों के बीच स्थायी शांति के उद्देश्य से यह वार्ता हुई।
नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में भारी हिमपात, पर्यटक होटलों में फंसे
नेपाल के सोलुखुम्बु जिले के एवरेस्ट (सगरमाथा) क्षेत्र में मंगलवार सुबह से लगातार भारी हिमपात हो रहा है। खुम्बु पासाङल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के दिङबोचे से ऊपर के इलाकों में घना हिमपात हुआ है, जबकि नाम्चे बाजार और आसपास के निचले क्षेत्रों में बारिश जारी है। सगरमाथा प्रदूषण नियंत्रण समिति के अध्यक्ष लामाकाजी शेर्पा ने बताया, 'दिङबोचे से ऊपर घना हिमपात हो रहा है, नीचे बारिश पड़ रही है। सभी पर्यटक होटल के अंदर हैं, बाहर निकलना मुश्किल है।'
वर्तमान में इस क्षेत्र में करीब तीन हजार से अधिक विदेशी पर्यटकों की उपस्थिति है। सोमवार को ही लगभग ८०० विदेशी पर्यटक काठमांडू से लुक्ला पहुँचे थे। हिमपात के कारण रास्ते ढक गए हैं और दृश्यता (भिजिबिलिटी) बेहद कम है, जिससे पर्यटकों के रास्ता भटकने का खतरा बढ़ गया है। इसी कारण सोलुखुम्बु जिला प्रशासन कार्यालय ने पर्यटकों से यात्रा स्थगित कर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रमुख जिला अधिकारी लिलाकुमारी केसी पांडे के अनुसार फिलहाल मौसम अनुकूल नहीं है, इसलिए सभी पर्यटकों से अनुरोध किया गया है कि वे होटल या स्थानीय बस्तियों में ही रहें और सुरक्षित रहें। जिला प्रशासन कार्यालय ने बचाव दल को तैयार रखा है। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, 'दिङबोचे में अस्थायी पुलिस पोस्ट है और वहाँ के पुलिसकर्मियों के साथ लगातार संपर्क में रहकर पर्यटकों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।' अनुमान है कि दिङबोचे से ऊपर के क्षेत्रों में करीब दो हजार विदेशी पर्यटक मौजूद हैं। लगातार हिमपात और बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। खुम्जुङ की स्थानीय निवासी पेम्बा शेर्पा ने बताया कि मङ्गलबार सुबह से हि बहुत ठंड है, बर्फ ने पूरा गाँव ढक लिया है और सब लोग घर के अंदर हैं। लगातार बर्फबारी से खुम्बु क्षेत्र का जनजीवन प्रभावित हुआ है। आमतौर पर पर्यटकों की भीड़ से गूंजने वाला नाम्चे बाजार फिलहाल सुनसान दिखाई पड़ा है।
ट्रंप के दक्षिण कोरिया दौरे से पहले उत्तर कोरिया ने दागे क्रूज मिसाइल
उत्तर कोरिया ने बुधवार को दावा किया कि उसने अपने पश्चिमी समुद्री क्षेत्र में समुद्र से सतह पर मार करने वाली क्रूज मिसाइलों का सफल परीक्षण किया है। यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिण कोरिया दौरे से ठीक पहले उठाया गया है। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए ने बताया कि मंगलवार को हुआ यह परीक्षण सफल रहा और इससे देश की परमाणु हथियारों से लैस सेना की क्षमता और संचालन क्षेत्र और मजबूत होगा। दक्षिण कोरिया की सेना ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि उसने इन मिसाइल परीक्षणों को दर्ज किया या नहीं। यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब ट्रंप और दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे म्युंग के बीच शहर ग्योंगजू में बैठक होने वाली है। इसी शहर में इस साल एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) की बैठक भी आयोजित की जा रही है।
ट्रंप के ब्राजील पर लगाए टैरिफ रोकने के लिए डेमोक्रेट्स ने सीनेट में वोट करवाया
अमेरिकी डेमोक्रेट पार्टी के सांसदों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ब्राजील पर लगाए गए टैरिफ (आयात शुल्क) को रोकने के लिए मंगलवार को सीनेट में वोटिंग करवाई। यह कदम ट्रंप की व्यापार नीतियों के खिलाफ बढ़ते विरोध को दिखाता है। वर्जीनिया के डेमोक्रेट सीनेटर टिम केन द्वारा पेश किए गए इस प्रस्ताव में कहा गया है कि ट्रंप ने ब्राजील से आने वाले तेल, कॉफी और ऑरेंज जूस पर जो भारी शुल्क लगाया है, उसे खत्म किया जाए। इस प्रस्ताव के तहत उन राष्ट्रीय आपात स्थितियों को भी खत्म करने की बात है, जिनका हवाला देकर ट्रंप ने टैरिफ लागू किए थे।
हालांकि, इस कानून के पारित होने की संभावना बहुत कम है क्योंकि रिपब्लिकन पार्टी के नियंत्रण वाले हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स ने नए नियम बना दिए हैं जिससे यह प्रस्ताव मतदान तक नहीं पहुंच पाएगा। इसके अलावा, भले ही यह प्रस्ताव कांग्रेस से पास हो जाए, ट्रंप इसके वीटो करने की पूरी संभावना है।
सीनेटर केन ने कहा कि यह वोटिंग ट्रंप के टैरिफ के खिलाफ एक संदेश देने का तरीका है। उन्होंने सवाल उठाया कि, “क्या हम राष्ट्रपति को सब कुछ करने देंगे, या फिर हम उनकी नीतियों पर सवाल उठाएंगे?”
ट्रंप ने ब्राजील पर 50% तक टैरिफ लगाया है, जिसे उन्होंने ब्राजील की नीतियों और पूर्व राष्ट्रपति जैर बोल्सोनारो के खिलाफ चल रहे मामलों से जोड़ा है। कई रिपब्लिकन सांसद भी अब ट्रंप की आक्रामक व्यापार नीति से असहज हैं। उनका कहना है कि इन नीतियों से अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
सीनेट के वरिष्ठ रिपब्लिकन नेता मिच मैककॉनेल ने कह टैरिफ से अमेरिका में चीजें बनाना और खरीदना दोनों महंगा हो जाता है। इतिहास बताता है कि व्यापार युद्ध हमेशा अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाते हैं। वहीं, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रिपब्लिकन सांसदों से कहा कि उन्हें राष्ट्रपति को व्यापार वार्ता के लिए छूट देनी चाहिए। उन्होंने कहा ट्रंप अमेरिकी किसानों और कामगारों के लिए बेहतर सौदा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच, सुप्रीम कोर्ट भी जल्द ही ट्रंप की टैरिफ लगाने की शक्तियों को लेकर एक मामले की सुनवाई करने जा रहा है। कई निचली अदालतें पहले ही इन टैरिफ को गैरकानूनी बता चुकी हैं।
ट्रंप ने किया समझौता, अमेरिका को दुर्लभ खनिज देगा जापान
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने जापान के साथ दुर्लभ खनिजों (रेयर अर्थ मिनरल्स) को लेकर बड़ा समझौता किया है। दरअसल, चीन ने दुर्लभ खनिजों के निर्यात पर कड़े प्रतिबंध लगा रखे हैं। ऐसे में अमेरिका को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है। यही वजह है कि अमेरिका अब चीन को घेरने के जापान का सहारा ले रहा है। ट्रंप ने मंगलवार को जापान की प्रथम महिला पीएम के रूप में ताकाइची की भूमिका को बड़ी बात बताते हुए जापान के प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता पर जोर दिया। वह बोले, हम जापान की मदद के लिए हमेशा तैयार रहेंगे। दोनों नेताओं ने कई समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसमें महत्वपूर्ण खनिजों और दुर्लभ मृदाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रूपरेखा तैयार की गई।
माउंट एवरेस्ट इलाके में हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ
बुधवार सुबह नेपाल में माउंट एवरेस्ट इलाके के पास एक निजी एयरलाइन का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। गनीमत रही कि हेलीकॉप्टर का पायलट इस हादसे में बाल-बाल बच गया, लेकिन उसे चोटें आई हैं। निजी एयरलाइन एल्टीट्यूड एयर का हेलीकॉप्टर बिना यात्रियों के नेपाल के लुकला से उड़ा था और खुंबू इलाके में स्थित लोबुचेम में फंसे टूरिस्टों को बचाने के मिशन पर था, उसी दौरान यह घटना हुई।
नेपाल पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 'कैप्टन विवेक खड़का हेलीकॉप्टर उड़ा रहे थे और लैंड करने की कोशिश करते समय हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि जिस इलाके में हेलीकॉप्टर लैंड करने वाला था, वहां भारी बर्फबारी हो रही थी, जिसके चलते हेलीकॉप्टर फिसल गया और हादसा हो गया। पायलट को कोई बड़ी चोट नहीं आई, हालांकि एयरक्राफ्ट दो टुकड़ों में टूट गया। पायलट को मेडिकल जांच के लिए लुकला ले जाया गया और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मंगलवार और बुधवार को भारी बर्फबारी के कारण मुस्तांग, अन्नपूर्णा क्षेत्र और एवरेस्ट क्षेत्र सहित पहाड़ी इलाकों में कई ट्रैकर्स फंस गए थे।
मलयेशिया दौरे पर जाएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस हफ्ते मलयेशिया दौरे पर जाएंगे। जहां वे आसियान देशों और उनके डायलॉग पार्टनर्स के एक समूह की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा की बदली स्थितियों पर चर्चा होने की उम्मीद है। यह बैठक शनिवार को होगी, जिसमें राजनाथ सिंह आतंकवाद के खतरे सहित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने पर भारत का पक्ष रखेंगे। आसियान के 11 सदस्य देश और आठ डायलॉग पार्टनर हैं, जिनमें भारत, चीन, ऑस्ट्रेलिया, जापान, न्यूजीलैंड, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, रूस और अमेरिका शामिल हैं।
नेपाल और भारत के बीच ऊर्जा सहयोग पर समझौता
नेपाल के जल संसाधन और सिंचाई मंत्री कुलमान घीसिंग ने बुधवार को नई दिल्ली में भारत के ऊर्जा एवं आवास मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच जारी ऊर्जा सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। पावरग्रिड और नेपाल इलेक्ट्रिसिटी अथॉरिटी के बीच 400 केवी के क्रॉस बॉर्डर ट्रांसमिशन सिस्टम को लागू करने का समझौता हुआ। यह नेपाल के इारुवा और भारत के न्यू पूर्णिया और भारत के बरेली और नेपाल के लामकी के बीच लागू हुआ है।
भारतीय राजदूत विनय क्वात्रा ने अमेरिकी सीनेटर से की मुलाकात
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने मंगलवार को अमेरिकी सीनेटर जैकी रोसेन से मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों के बीच हाइड्रोकार्बन व्यापार, आतंकरोधी गतिविधियां और एआई सहयोग के मुद्दे पर चर्चा हुई। जैकी रोसेन अमेरिकी सीनेट की पूर्व, मध्य और दक्षिण एशिया मामलों की समिति के सदस्य हैं। विनय क्वात्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
नोबेल पुरस्कार विजेता का यूएस ने नॉन-इमिग्रेंट वीजा किया रद्द
नाइजीरिया के नोबेल पुरस्कार विजेता लेखक वोल सोयिंका ने दावा किया है कि अमेरिका ने उनका नॉन-इमिग्रेंट वीजा रद्द कर दिया है, जो उन्हें पिछले वर्ष जारी किया गया था। 91 वर्षीय लेखक ने कहा कि उन्हें अमेरिकी यात्रा करनी हो तो अब दोबारा आवेदन करना होगा। सोयिंका ने मंगलवार को पत्रकारों को अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (लागोस) की ओर से भेजा गया एक पत्र दिखाया, जिसमें उनसे पासपोर्ट जमा कर वीजा को उपस्थित होकर रद्द करवाने को कहा गया है। यह पत्र 23 अक्तूबर को जारी किया गया था। लेखक ने कहा, अब मेरे पास कोई वीजा नहीं है। जाहिर तौर पर मुझे अमेरिका में प्रवेश से रोक दिया गया है। अगर कोई मुझसे मिलना चाहता है, तो जानता है कि मुझे कहां खोजना है। अमेरिकी दूतावास ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। गौरतलब है कि सोयिंका ने 2016 में डोनाल्ड ट्रंप के पहली बार राष्ट्रपति चुने जाने के विरोध में अपना अमेरिकी ग्रीन कार्ड फाड़कर फेंक दिया था और अमेरिकी स्थायी निवास का त्याग कर दिया था। 1986 में साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने वाले सोयिंका 1990 के दशक के मध्य से अमेरिका की प्रतिष्ठित आईवी लीग विश्वविद्यालयों में अध्यापन कर रहे हैं।
रियो डी जनेरियो में संगठित अपराध पर पुलिस कार्रवाई में 64 लोगों की मौत
रियो डी जनेरियो में संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़े पुलिस ऑपरेशन में 64 लोग मारे गए। इनमें चार पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। यह कार्रवाई सीओपी30 जलवायु शिखर सम्मेलन से संबंधित प्रमुख आयोजनों से कुछ दिन पहले हुई है। गवर्नर क्लाउडियो कास्त्रो ने इसे नारकोटिररिज्म का मुकाबला बताया। एलेमाओ और पेन्हा की घनी आबादी वाली बस्तियों में 2,500 सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर कार्रवाई की। अब तक 81 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 42 राइफलें जब्त की गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि अभियान अभी जारी है। राज्य सरकार ने यह भी खुलासा किया कि गैंग के सदस्यों ने पुलिस पर ड्रोन से हमला किया, जिसमें विस्फोटक भी थे। रियो अगले सप्ताह सी40 शिखर सम्मेलन और प्रिंस विलियम का अर्थशॉट पुरस्कार कार्यक्रम आयोजित करेगा।
यमन: जेल पर अमेरिकी हमले की जांच शुरू
मानवाधिकारों की रक्षा और बढ़ावा देने के लिए काम करने वाले अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने यमन की जेल पर अमेरिकी हमला का मुद्दा उठाया है, जिसमें दर्जनों अफ्रीकी प्रवासी मारे गए थे। कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कहा कि यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा संचालित एक जेल पर अप्रैल में हुए अमेरिकी हवाई हमले की संभावित युद्ध अपराध के रूप में जांच होनी चाहिए। इस हमले में 60 से ज्यादा अफ्रीकी प्रवासी मारे गए थे।
एमनेस्टी इंटरनेशनल के आह्वान ने यमन के सादा प्रांत में 28 अप्रैल को हुए हमले की फिर से जांच शुरू कर दी है। यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में चलाए गए हवाई हमलों के एक व्यापक अभियान का हिस्सा था, जिसका लक्ष्य इस्राइल -हमास युद्ध के दौरान लाल सागर गलियारे से होकर जहाज बाधित करने वाले विद्रोहियों को निशाना बनाना था।