पाकिस्तान के सिंध प्रांत में कथित तौर पर एक 23 साल के हिंदू किसान की उसके जमींदार ने अपनी जमीन पर झोपड़ी बनाने के आरोप में गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे हिंदू समुदाय में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। SSP बदिन कमर रजा जस्कानी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार रात हैदराबाद से जमींदार सरफराज निजामानी और उसके साथी जफरुल्लाह खान को गिरफ्तार कर लिया। 4 जनवरी को बदिन जिले के तलहार गांव में निजामानी की जमीन पर कथित तौर पर झोपड़ी बनाने के आरोप में कैलाश कोहली को गोली मारी गई थी।
आव्रजन एजेंसी के खिलाफ पूरे अमेरिका में प्रदर्शन
अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (आईसीई) के अधिकारियों की तरफ से मिनियापोलिस में एक महिला तथा पोर्टलैंड में प्रदर्शन के दौरान दो अन्य लोगों को गोली मारे जाने के खिलाफ पूरे अमेरिका में प्रदर्शन हुए। मिनेसोटा के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांत रहने की अपील की।
मिनियापोलिस में शनिवार को बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। यह प्रदर्शन देश भर में सप्ताहांत पर हुए सैकड़ों प्रदर्शनों में से एक था। प्रदर्शन उस शहर में हुआ जो बुधवार को एक आव्रजन अधिकारी द्वारा एक महिला रेनी गुड की हत्या के बाद से तनाव में है। शनिवार को प्रदर्शन में शामिल मिनियापोलिस की रहने वाली दो बच्चों की मां मेघन मूर ने कहा, हम लोग अभी भय में रह रहे हैं। ...आईसीई ऐसा माहौल बना रहा है जिसमें कोई सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा, यह अस्वीकार्य है।
सिटी पुलिस चीफ ब्रायन ओहारा ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार रात मिनियापोलिस के एक होटल के बाहर विरोध प्रदर्शन हुआ जिसमें करीब 1,000 लोग शामिल हुए थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर बर्फ और पत्थर फेंके। इसमें एक अधिकारी मामूली रूप से घायल हो गया। 29 लोगों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया। ज्यादातर प्रदर्शनकारी शांत थे लेकिन जिन्होंने भी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया अथवा दूसरों को खतरे में डाला, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील दोहराते हुए कहा, वह चाहते हैं कि हम उनके जाल में फंस जाएं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमारे राज्य में हजारों सशस्त्र संघीय बल के अधिकारियों को भेज रखा है। उन्हें किसी को भी मार डालने में सिर्फ एक दिन लगेगा।
पाकिस्तान: गैस सिलेंडर ब्लास्ट में नवविवाहित जोड़े सहित 8 की मौत
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार तड़के हुए गैस सिलेंडर विस्फोट में एक नवविवाहित जोड़े सहित 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। यह हादसा सेक्टर G-7/2 में एक घर में हुआ, जहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था। विस्फोट इतना तेज था कि घर ढह गया और आसपास के चार मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। रेस्क्यू टीमों ने मलबे से 19 लोगों को बाहर निकाला, जिनमें कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में आपातकाल घोषित किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में गैस रिसाव के कारण सिलेंडर फटने की बात सामने आई है।
पूरे समाज को तबाह करने की कोशिश कर रहे कुछ उपद्रवी: ईरानी राष्ट्रपति
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि देश के अधिकारी लोगों की बात सुनेंगे, लेकिन प्रदर्शनों के बीच कुछ उपद्रवी पूरे समाज को तबाह करने की कोशिश कर रहे हैं। सुधारवादी नेता होने के बावजूद पेजेश्कियन अब तक जनता का आक्रोश शांत नहीं कर पाए हैं। देश की अर्थव्यवस्था बहुत कमजोर है, जिससे लोगों का आक्रोश बढ़ गया है और यह सरकार के लिए सीधी चुनौती बन गया है।
पेजेश्कियन ने कहा, लोगों की चिंताएं हैं। हमें उनके साथ बैठना चाहिए। यह हमारा कर्तव्य है। हमें उनकी चिंताओं का समाधान करना चाहिए। लेकिन इससे भी बड़ा कर्तव्य यह है कि हम दंगाइयों के एक समूह को आकर पूरे समाज को नष्ट करने की अनुमति न दें। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने रविवार को राष्ट्रपति का इंटरव्यू प्रसारित किया गया।
रूस में ड्रोन हमले में महिला की मौत, तीन घायल
रूस के वोरोनिश शहर में शनिवार को यूक्रेन के ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी। राज्यपाल अलेक्जेंडर गुसेव के अनुसार, हमला उस समय हुआ जब ड्रोन का मलबा एक घर पर गिरा। घायल तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही, इस हमले में 10 से अधिक अपार्टमेंट, निजी घर और एक हाई स्कूल क्षतिग्रस्त हुआ।
पाकिस्तान में 11 आतंकवादियों को बनाया निशाना
पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग अभियानों में 11 आतंकवादियों को मार गिराया है। एक अभियान में टीटीपी से जुड़े आतंकी मारे गए। इसके अलावा, कुर्रम जिले में पुलिस-सुरक्षाबलों ने संयुक्त रूप से एक अन्य अभियान में पांच आतंकवादी ढेर किए। वहीं, एक धार्मिक मदरसे के पास हुए भीषण धमाके में एक वरिष्ठ मौलवी की मौत हो गई।