फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: नेपाल में बस दुर्घटना में दो की मौत, 36 घायल; लॉस एंजेलिस रिफाइनरी में लगी भीषण आग

Fri, 03 Oct 2025 11:01 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

नेपाल के मधेश प्रदेश में शुक्रवार को एक बस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 36 घायल हो गए। हादसा महोत्तरी जिले के बार्डीबास नगर पालिका क्षेत्र में हुआ, जब बस काठमांडो की ओर जा रही थी। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग और 10 वर्षीय बच्चा शामिल है। घायल यात्रियों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वे दशहरा पर्व मनाने के बाद लौट रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है। मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है। प्रशासन ने नागरिकों से 6 अक्टूबर तक रात में यात्रा से बचने की अपील की है।

विज्ञापन


लॉस एंजेलिस शहर की एक तेल रिफाइनरी में लगी आग
अमेरिका के लॉस एंजेलिस शहर की एक तेल रिफाइनरी में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास का इलाका धुएं से भर गया। दमकल विभाग ने दर्जनों गाड़ियों के साथ मोर्चा संभाला और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में कई लोग घायल हुए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं। इस आग से रिफाइनरी का उत्पादन ठप हो गया है और तेल सप्लाई प्रभावित हुई है।


म्यूनिख एयरपोर्ट पर सुरक्षा अलर्ट, यात्रियों में हड़कंप
जर्मनी के म्यूनिख हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह सुरक्षा अलर्ट के चलते अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों ने संदेह जताया कि एक यात्री बिना सुरक्षा जांच के बोर्डिंग क्षेत्र में प्रवेश कर गया।
विज्ञापन

एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल टर्मिनल-1 को खाली कराया और उड़ानों को रोक दिया। पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की तलाशी ली। इस दौरान यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा और कई उड़ानें देरी से रवाना हुईं। हालांकि, जांच के बाद कोई गंभीर खतरा सामने नहीं आया और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया। पुलिस ने बताया कि यात्री गलती से चेकिंग से बच गया था। बाद में उसे हिरासत में लिया गया। इस घटना ने एक बार फिर यूरोपीय हवाई अड्डों की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ट्यूनिशिया में पत्रकार को छह महीने की सजा
ट्यूनिशिया की एक अदालत ने एक पत्रकार को 6 महीने की सजा सुनाई है। उस पर सरकार की आलोचना करने और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां साझा करने का आरोप था।
सरकारी वकीलों के अनुसार, पत्रकार ने टीवी चैनल पर ऐसे बयान दिए, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माने गए। अदालत ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए कारावास की सजा सुनाई।
इस फैसले के खिलाफ स्थानीय पत्रकार संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया है। उनका कहना है कि सरकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबा रही है।
उधर, विपक्षी दलों ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया। पत्रकार ने भी सजा के खिलाफ अपील करने का ऐलान किया है।

आंग सान सू ची ने सजा के खिलाफ दायर की अपील
म्यांमार की पूर्व नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता आंग सान सू ची ने अपने खिलाफ चल रहे मामलों में दी गई सजाओं को चुनौती देने के लिए अदालत में अपील दायर की है। सैन्य जुंटा ने फरवरी 2021 में सत्ता पर कब्जा कर लिया था और सू ची को कई मामलों में दोषी ठहराया गया। उन पर भ्रष्टाचार से लेकर चुनाव में गड़बड़ी तक के आरोप लगाए गए। वर्तमान में वह करीब 27 साल की सजा काट रही हैं। उनकी कानूनी टीम ने कहा है कि ये मामले राजनीतिक बदले की कार्रवाई का हिस्सा हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार उनकी रिहाई की मांग कर रहा है, लेकिन म्यांमार की सैन्य सरकार अब तक झुकने को तैयार नहीं है।

इटली में शादी समारोह में दीवार गिरने से तीन की मौत
इटली के एक शहर में शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक पुरानी इमारत की दीवार अचानक गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब मेहमान खुले क्षेत्र में डिनर कर रहे थे। अचानक दीवार गिरने से अफरा-तफरी मच गई। बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मरने वालों में दूल्हे के दो रिश्तेदार भी शामिल हैं। हादसे के बाद शादी का कार्यक्रम रोक दिया गया। सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की घोषणा की है।

वाइस एडमिरल गोखले ने संभाला नया जिम्मा
वाइस एडमिरल एसएन गोखले ने भारतीय नौसेना में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली है। उन्हें वेस्टर्न नेवल कमांड का नया कमांडर नियुक्त किया गया है। गोखले इससे पहले नौसेना में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। वे एंटी-सबमरीन वॉरफेयर और ऑपरेशनल प्लानिंग के विशेषज्ञ माने जाते हैं। नए पद पर उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में देश की सुरक्षा और रणनीतिक हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। उनकी नियुक्ति को नौसेना की क्षमता और मजबूती बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

पाकिस्तान में बड़ा हमला
पाकिस्तान में एक बार फिर बड़ा हमला हुआ है। पाकिस्तान के पेशावर में एक भीषण बम विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई है और चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। घायलों की हालत गंभीर है। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, पेशावर कैपिटल सिटी के पुलिस अधिकारी मियां सईद के कार्यालय की तरफ से घटना की पुष्टि की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले का निशाना पुलिस अधिकारी थे। पेशावर पुलिस ने बताया कि, 'शुरुआती जांच से पता चला है कि जिस जगह विस्फोट हुआ, वहां से पुलिस का एक वाहन गुजर रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मसूद बंगश ने कहा कि सुरक्षा बल मौके पर जांच कर रहे हैं और सबूत जुटा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगटी ने इसे आतंकी हमला करार देते हुए कहा, “आतंकी कायराना हमलों से राष्ट्र की एकता और संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते।

पुतिन ने पीएम मोदी की तारीफ की
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर की शुरुआत में होने वाली अपनी भारत यात्रा को लेकर उत्सुक हैं। उन्होंने अपने देश की सरकार को भारत के साथ व्यापार असंतुलन कम करने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सोची में आयोजित वलदाई अंतरराष्ट्रीय मंच से पुतिन ने कहा कि रूस और भारत के बीच कभी कोई समस्या या तनाव नहीं रहा और दोनों देश हमेशा एक-दूसरे की संवेदनशीलताओं का ध्यान रखते आए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मित्र बताते हुए उनकी 'संतुलित, समझदार और राष्ट्रवादी' नेतृत्व शैली की सराहना की। पुतिन ने कहा कि भारत ने अमेरिका के दबाव के बावजूद रूस से तेल आयात जारी रखकर अपनी संप्रभुता और प्रतिष्ठा को मजबूत किया। उन्होंने संकेत दिया कि व्यापार संतुलन के लिए रूस भारत से कृषि उत्पाद और दवाइयों की खरीद बढ़ा सकता है। राष्ट्रपति पुतिन ने दोनों देशों के बीच वित्तीय, लॉजिस्टिक और भुगतान से जुड़ी चुनौतियों को हल करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि आर्थिक सहयोग की पूरी क्षमता का उपयोग किया जा सके। उन्होंने याद दिलाया कि रूस-भारत के 'विशेष सामरिक साझेदारी' समझौते की 15वीं वर्षगांठ निकट है। साथ ही, उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत तकनीक के लिए संयुक्त कोष की पहल का भी स्वागत किया।

इस्राइली नौसेना ने गाजा की नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रही 'फ्लोटिला' को रोका; कई कार्यकर्ता गिरफ्तार
इस्राइली नौसेना ने भूमध्य सागर में गाजा की नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे 450 अंतरराष्ट्रीय कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इनमें यूरोपीय सांसद भी शामिल हैं। यह 'ग्लोबल सुमूद फ्लोटिला' के माध्यम से फलस्तीनी लोगों की मदद करने आ रहे थे। बीते दो साल में अब तक के सबसे बड़े प्रयास के तौर पर उभरे इस फ्लोटिला को प्रतीकात्मक मानवीय सहायता और इस्राइल की मुखालफत के तौर पर भी देखा जा रहा है। इस्राइल ने इसे रोकने के बाद अशदोद बंदरगाह पर 600 पुलिसकर्मियों को तैनात कर कार्यकर्ताओं की पहचान और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की। यह कार्रवाई यहूदी धर्म के सबसे पवित्र दिन योम किप्पुर पर हुई। इस घटना के बाद दुनिया भर में विरोध प्रदर्शन भी हुए। इटली की सबसे बड़ी यूनियन ने हड़ताल का आह्वान किया। पेरिस और बार्सिलोना में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें भी हुईं। कार्यकर्ताओं ने फ्लोटिला को गाजा की नाकाबंदी और 'नरसंहार' के खिलाफ वैश्विक चेतना जगाने का प्रयास बताया।



बांग्लादेश में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, भक्ति और उत्सव का दिखा माहौल
नवरात्र का पर्व भारत में हर्षोल्लास के साथ विजयदशमी के दिन पूरा हुआ। पड़ोसी मुल्क- बांग्लादेश में भी पांच दिवसीय दुर्गा पूजा उत्सव गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने पूरे देश में देवी की मूर्तियों को नदियों में विसर्जित किया। ढाका में हजारों लोग बुरीगंगा नदी पर एकत्र हुए और मंत्रोच्चार व पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ देवी को विदाई दी। इस वर्ष 33,355 पूजा मंडप स्थापित किए गए, जिनमें से 258 ढाका में थे। अंतरिम सरकार ने पूजा के लिए 5 करोड़ टका का अनुदान दिया। हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने सुरक्षा में सहयोग के लिए सेना का आभार जताया, हालांकि 64 जिलों में से 14 में कुछ बाधाओं की खबरें भी सामने आईं। परिषद ने अंतरिम प्रमुख प्रो. मुहम्मद यूनुस की उस टिप्पणी की निंदा की जिसमें उन्होंने हिंदुओं पर अत्याचार की खबरों को 'फर्जी' बताया। बता दें कि हालिया दिनों में भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव बढ़ा है, और भारत ने अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों पर चिंता जताई है।

पीएम स्टार्मर ने यहूदी धर्मस्थल पर हमले की निंदा की
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने मैनचेस्टर के एक सिनेगॉग (धर्मस्थल) पर यहूदियों को निशाना बनाकर किए गए हमले की निंदा की और इसे घृणित बताया। इस हमले में एक व्यक्ति ने कार से लोगों को कुचलने और चाकू से हमला करने की वारदात को अंजाम दिया। हिंसा में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हुए। प्रधानमंत्री स्टार्मर ने यहूदी समुदाय की सुरक्षा बढ़ाने का वादा किया और कहा, ब्रिटेन एक ऐसा देश है जहां सभी सुरक्षित और सम्मानित महसूस करेंगे। उन्होंने होलोकॉस्ट का उल्लेख करते हुए यहूदियों को ब्रिटेन में शरण पाने की ऐतिहासिक भूमिका को भी याद किया।

75 लाख डॉलर में बिकी फ्रांसिस की कलाकृति
गोवा के मशहूर चित्रकार फ्रांसिस न्यूटन सूजा की कलाकृति ‘हाउसेज इन हैम्पस्टेड’ ने कला जगत में नीलामी का नया रिकार्ड बनाया है। लंदन में सोथबी की नीलामी में यह कलाकृति 75 लाख डॉलर से अधिक राशि में बिकी, जो इसकी निर्धारित कीमत से लगभग सात गुना अधिक है। इस दौरान, विभिन्न कलाकृतियों की बिक्री से कुल 2.55 करोड़ अमेरिकी डॉलर की राशि हासिल हुई।

आयरलैंड : भारतीय दूतावास ने धूमधाम से मनाई गांधी जयंती
आयरलैंड की राजधानी डबलिन स्थित भारतीय दूतावास में बृहस्पतिवार को महात्मा गांधी की 156वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय राजदूत अखिलेश मिश्र ने कहा कि भारतीय समाज में फैलती बहुआयामी असहिष्णुता और बढ़ते विद्वेषपूर्ण राजनीतिक ध्रुवीकरण को शांत करने के लिए गांधी जी के तीन अराजनीतिक विचार अत्यन्त प्रासंगिक हैं। विरोधियों और आलोचकों के साथ सम्मानजनक संवाद : गांधी को जनता की बेहद सराहना मिलती थी क्योंकि उन्होंने आलोचकों के साथ बातचीत और बहस में हमेशा उचित सम्मान और शिष्टता का परिचय दिया। नारी सम्मान : महात्मा गांधी ने साहसपूर्वक कहा था, महिला को कमजोर कहना अपमान है। यह पुरुष द्वारा महिला के प्रति अन्याय है। इसके साथ ही गांधी जी ने देश को आत्म-विश्वास का भी मंत्र दिया।

ट्रंप बोले- कैरिबियन ड्रग कार्टेल गैरकानूनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैरिबियाई क्षेत्र में सक्रिय ड्रग कार्टेल को 'अवैध लड़ाके' घोषित किया है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका अब 'गैर-अंतरराष्ट्रीय सशस्त्र संघर्ष' की स्थिति में है। अमेरिकी रक्षा विभाग- पेंटागन ने इस फैसले के बारे में कांग्रेस को सूचित भी कर दिया है। बता दें कि पिछले महीने अमेरिकी सेना ने कैरिबियाई समुद्र में तीन घातक हमले किए थे, जिनमें दो नावें वेनेज़ुएला से आई थीं। यह कदम ड्रग तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। ट्रंप प्रशासन का यह निर्णय क्षेत्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय कानून के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वैश्विक दक्षिण में जीवन को बेहतर बनाने के लिए भारत समाधान पेश करता है: गांधी जयंती पर बिल गेट्स का बयान

अरबपति कारोबारी और परोपकारी बिल गेट्स ने गांधी जयंती के अवसर पर कहा कि महात्मा गांधी के सभी के लिए समानता और सम्मान के आदर्श गेट्स फाउंडेशन के कार्यों का आधार हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत ने ऐसे समाधानों का बीड़ा उठाया है जो वैश्विक दक्षिण में लाखों लोगों के जीवन को बेहतर बना सकते हैं।

गेट्स गुरुवार को महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर सिएटल स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा गेट्स फाउंडेशन के साथ साझेदारी में आयोजित एक विशेष समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, कला और व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। गेट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष और बोर्ड सदस्य, गेट्स ने कहा, 'हम महात्मा गांधी की जयंती पर एक साथ आ रहे हैं। उन्होंने जिन आदर्शों का समर्थन किया, वे हैं - प्रत्येक व्यक्ति की समानता और सम्मान और यही हमारे कामों का आधार हैं।'

गेट्स ने कहा, 'आज, भारत नवाचार में एक वैश्विक नेता के रूप में खड़ा है और वैश्विक दक्षिण में लाखों लोगों के जीवन को बचाने और बेहतर बनाने की क्षमता वाले समाधानों का बीड़ा उठा रहा है। हम विकसित भारत 2047 की दिशा में भारत के साथ साझेदारी जारी रखने के लिए तत्पर हैं।'
 

लॉस एंजिल्स में शेवरॉन रिफाइनरी में लगी भीषण आग 

अमेरिका में लॉस एंजिल्स के पास शेवरॉन रिफाइनरी में गुरुवार रात भीषण आग लग गई। फिलहाल अग्निशमन दल आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे। कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा एक पोस्ट में बताया कि एल सेगुंडो स्थित कंपनी की रिफाइनरी में भीषण आग लग गई है। कंपनी ने अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है। अभी ये पता नहीं लग पाया है कि आग किस कारण से लगी। न ही किसी के हताहत होने या घायल होने की जानकारी है। 

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जर्मनी के 'राष्ट्रीय एकता दिवस' की बधाई दी

जर्मनी के राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बधाई देते हुए भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि हमारे संबंधों की सतत गति की हम कद्र करते हैं और दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। 
विज्ञापन

ब्रिटेन पुलिस ने मैनचेस्टर सिनेगॉग हमले के दो पीड़ितों के नाम जारी किए

पुलिस ने शुक्रवार को उन दो लोगों की पहचान जारी की, जो उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड के एक यहूदी धर्मस्थल (सिनेगॉग) पर कार और चाकू से हुए हमले में मारे गए थे। ब्रिटेन के मुख्य रब्बी ने कहा कि इस अपराध के पीछे यहूदी-विरोधी भावना है। ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासी एड्रियन डॉल्बी, 53, और मेल्विन क्राविट्ज़, 66, मैनचेस्टर के उपनगर क्रम्पसॉल में हीटन पार्क कॉन्ग्रिगेशन सिनेगॉग पर हुए हमले में मारे गए। हमले में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने एक संदिग्ध को गुरुवार सुबह सिनेगॉग के बाहर पैदल चलने वालों पर कार चढ़ाने और फिर उन पर चाकू से हमला करने के सात मिनट बाद गोली मारकर मार डाला। उसने विस्फोटक बेल्ट जैसा कुछ पहना हुआ था, जो नकली पाया गया। यह हमला उस समय हुआ जब लोग प्रायश्चित के दिन और यहूदी कैलेंडर के सबसे पवित्र दिन योम किप्पुर के दिन सिनेगॉग में इकट्ठा हुए थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें