फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: बगराम एयर बेस पर कब्जे की ट्रंप की कोशिश को झटका, श्रीलंका पहुंचा भारतीय नौसेना का आईएनएस सतपुड़ा

Sun, 21 Sep 2025 10:38 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

तालिबान सरकार ने रविवार को बगराम एयर बेस पर फिर से कब्जा करने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रयास को खारिज कर दिया। अफगानिस्तान से अमेरिका की वापसी के बाद यह विशाल सैन्य अड्डा तालिबान के हाथों में चला गया था। ट्रंप ने संकेत दिया था कि तालिबान अमेरिकी सेना को वापस आने की अनुमति देने के लिए तैयार हो सकता है।

विज्ञापन


तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने ट्रंप के दावों को खारिज करते हुए अमेरिका से यथार्थवाद और तर्कसंगतता की नीति अपनाने के लिए कहा। मुजाहिद ने एक्स पर लिखा कि अफगानिस्तान की विदेश नीति अर्थव्यवस्था-उन्मुख है और वह सभी देशों के साथ आपसी और साझा हितों के आधार पर रचनात्मक संबंध चाहता है। सभी द्विपक्षीय वार्ताओं में अमेरिका को लगातार यह बताया गया है कि अफगानिस्तान की स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता सर्वाधिक महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि यह याद रखना जरूरी है कि दोहा समझौते के तहत अमेरिका ने वादा किया था कि वह अफगानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता या राजनीतिक स्वतंत्रता के खिलाफ बल प्रयोग या धमकी नहीं देगा और न ही उसके आंतरिक मामलों में दखल देगा। अमेरिका को अपनी प्रतिबद्धताओं पर अडिग रहना होगा।

श्रीलंका पहुंचा भारतीय नौसेना का आईएनएस सतपुड़ा
भारतीय नौसेना का स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस सतपुड़ा कोलंबो पहुंचा। जहां श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों ने उसका गर्मजोशी से स्वागत किया। नौसेना ने कहा कि यह दोनों देशों की स्थायी मित्रता और क्षेत्रीय शांति एवं समृद्धि के लिए संयुक्त प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

काठमांडू से ग्वागझू के लिए शुरू होगी उड़ान
विज्ञापन

नेपाल की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ने रविवार को राजधानी काठमांडू से चीन के ग्वांगझू के लिए गुरुवार से सीधी उड़ानें शुरू करने की घोषणा की। नेपाल एयरलाइंस कॉरपोरेशन (एनएसी) के प्रवक्ता मनोज कुमार शाह ने बताया कि पहली बार काठमांडू-गुआंगझोउ-काठमांडू उड़ान सेवा शुरू करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारी ने बताया कि एनएसी इस मार्ग पर प्रति सप्ताह तीन उड़ानें संचालित करेगा। पहली उड़ान गुरुवार को और दूसरी 28 सितंबर को होगी। इसके बाद हर रविवार, मंगलवार और शनिवार को गुआंगझोउ के लिए सीधी उड़ानें होंगी। काठमांडू से ग्वांगझू तक का एकतरफा किराया 30,000 नेपाली रुपये तथा वापसी का किराया 50,000 नेपाली रुपये निर्धारित किया है। हिमालय एयरलाइंस भी नेपाल से इस मार्ग पर नियमित उड़ानें संचालित कर रही है। नेपाल की राष्ट्रीय विमानन कंपनी की अब नौ देशों के 11 गंतव्यों के लिए नियमित उड़ानें हो जाएंगी।

पाकिस्तान के पंजाब में छत गिरने से छह बच्चों समेत आठ लोगों की मौत
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक अकादमी की छत गिरने से दो वयस्क और छह बच्चे जिंदा दफन हो गए तथा तीन घायल हो गए। शनिवार शाम लाहौर से उत्तर-पश्चिम में लगभग 120 किलोमीटर दूर हाफिजाबाद शहर में जब अकादमी की छत गिरी, तब कक्षा में दो शिक्षक और नौ छात्र मौजूद थे। बचाव दल ने कहा कि लोग मलबे में दबे हुए थे। बचाव दल ने चार छात्रों को जीवित निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनमें से एक की मौत हो गई।
सात अन्य लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जिनमें छह से दस वर्ष की आयु के पांच छात्र और उनके दो शिक्षक शामिल हैं। ऐसा माना जा रहा है कि हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के कारण अकादमी की इमारत की संरचना कमजोर हो गई थी। पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने बच्चों समेत आठ लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से घटना पर रिपोर्ट मांगी है।

हिजबुल्ला ने सऊदी अरब से इस्राइल के खिलाफ एक होने को कहा
आतंकवादी संगठन हिजबुल्लाह के महासचिव नईम कासिम ने सऊदी अरब से लेबनानी सशस्त्र समूह के साथ रिश्तों को फिर से बहाल करने और इस्राइल के खिलाफ एकजुट मोर्चा बनाने की अपील की है। यह अपील शुक्रवार को लेबनान के दक्षिण में इस्राइल के हमलों के तेज होने के बाद आई है। कासिम ने रियाद से हिजबुल्लाह के साथ एक नया अध्याय शुरू करने का आह्वान किया। कासिम ने चेतावनी दी कि हिजबुल्लाह पर दबाव बनाने से केवल इस्राइल को ही फायदा होगा। गौरतलब है कि सऊदी अरब और हिजबुल्लाह के बीच वर्षों से तनाव रहा है। 2016 में सऊदी अरब के नेतृत्व में गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (जीसीसी) ने हिजबुल्लाह को आतंकी समूह घोषित किया था।

अफगानिस्तान में महीनों कैद रहने के बाद ब्रिटिश दंपती स्वदेश लौटे
 अफगानिस्तान में सात महीने से अधिक समय तक कैद में रहने के बाद एक ब्रिटिश दंपती शनिवार को स्वदेश लौट आया। तालिबान ने शुक्रवार को 80 वर्षीय पीटर रेनॉल्ड्स और उनकी 76 वर्षीय पत्नी बार्बी रेनॉल्ड्स को रिहा किया था।

हीथ्रो हवाई अड्डे पर पहुंचे दंपती को मुस्कुराते और स्वस्थ दिखाई देते हुए देखा गया। दोनों अफगानिस्तान के बामियान प्रांत में 18 वर्षों से रह रहे थे और वहां शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था चला रहे थे। 2021 में तालिबान के सत्ता पर कब्जा करने के बाद भी उन्होंने वहीं रहने का फैसला किया था। फरवरी में बामियान लौटते समय उनकी गिरफ्तारी हुई और उन्हें लगभग आठ महीने तक अधिकतम सुरक्षा वाली जेल में रखा गया, जहां लंबे समय तक दोनों को अलग-अलग रखा गया। विश्लेषकों का मानना है कि कतर की मध्यस्थता से हुई यह रिहाई तालिबान की उस कोशिश का हिस्सा हो सकती है, जिसके जरिए वह अंतरराष्ट्रीय मान्यता पाना चाहता है।

सऊदी अरब बना पाकिस्तान का सबसे सस्ता विदेशी कर्जदाता
सऊदी अरब पाकिस्तान के लिए सस्ते विदेशी ऋण का प्रमुख स्रोत बना हुआ है, जहां वार्षिक ब्याज दर मात्र चार फीसदी है। एक मीडिया रिपोर्ट में रविवार को यह जानकारी दी गई। 
 
आधिकारिक दस्तावेजों के मुताबिक, सऊदी अरब ने पाकिस्तान को हाल के कुछ वर्षों में दो बार नकद मदद दी, जिस पर केवल चार फीसदी सालाना ब्याज लिया गया। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, ये दोनों कर्ज एक साल के लिए लिए गए थे, लेकिन पाकिस्तान ने अभी तक इन्हें चुकाया नहीं है। सऊदी अरब बिना अतिरिक्त लागत लगाए इस ऋण को हर साल नवीनीकृत करता रहा है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि सऊदी अरब से लिया गया कर्ज चीन से मिले नकद कर्ज की तुलना में करीब एक-तिहाई सस्ता है और विदेश से लिए गए आम कारोबारी कर्ज से भी आधे से कम महंगा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अरब की दो अरब डॉलर की जो नकद मदद पाकिस्तान को मिली है, वो दिसंबर में खत्म हो रही है, लेकिन पाकिस्तान का वित्त मंत्रालय इसे फिर से बढ़ाने की तैयारी में है। एक अन्य 3 अरब अमेरिकी डॉलर का सऊदी ऋण अगले वर्ष जून में समाप्त होगा। यह ऋण आईएमएफ कार्यक्रम के तहत बाहरी वित्तीय अंतर को पूरा करने के लिए लिया गया था। 

बांग्लादेश में 4 तीव्रता का भूकंप दर्ज,  मेघालय तक महसूस किए गए झटके
रविवार को बांग्लादेश में आए 4 तीव्रता के भूकंप के बाद मेघालय में झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप मेघालय और बांग्लादेश की सीमा के पास भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजकर 49 मिनट पर आया। मेघालय से अब तक किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

लिंडसे ग्राहम की अपील- रूस से तेल खरीदने पर चीन पर प्रतिबंध लगाए अमेरिका
 रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से रूस से सस्ता तेल खरीदने के लिए चीन पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया। उनकी यह टिप्पणी यूरोपीय संघ (ईयू) की ओर से रूस के साथ व्यापार करने वाली चीनी ऊर्जा कंपनियों पर प्रतिबंधों की घोषणा के बाद आई है। ग्राहम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, राष्ट्रपति ट्रंप का सस्ता तेल खरीदने पर भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत टैरिफ मुनाफा दे रहा है। अब अमेरिका को चीन और रूस पर भी टैरिफ और प्रतिबंध लगाने का समय आ गया है। इसी बीच, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने घोषणा की है कि ईयू 2027 तक रूसी एलएनजी (गैस) का आयात पूरी तरह से बंद कर देगा।

 इस्राइल ने एक हफ्ते 75 से अधिक संदिग्ध आतंकियों को किया गिरफ्तार
 इस्राइली अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जुडिया और सामरिया में एक सप्ताह के भीतर मारे गए छापों में 75 से अधिक फलस्तीनी आतंकी संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इस्राइल डिफेंस फोर्सेज और इस्राइल सिक्योरिटी एजेंसी (शिन बेट) ने अवैध हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में बेथलेहम में सुरक्षा बलों के खिलाफ आतंकी गतिविधियों में शामिल 13 फलस्तीनी और हमास से जुड़े नौ हथियार डीलर शामिल हैं।

कनाडाई सरकार ने आयरलैंड के रैप समूह नीकैप पर लगाया प्रतिबंध
 कनाडाई सरकार ने शुक्रवार को आयरिश-भाषा के रैप समूह नीकैप पर देश में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार का कहना है कि नीकैप ने राजनीतिक हिंसा और आतंकवाद का समर्थन किया है। सांसद विन्स गैस्परो ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो में कहा कि नीकैप ने आतंकी संगठनों हिजबुल्लाह और हमास के लिए समर्थन दिखाया है। यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं है। इसके जवाब में समूह ने इंस्टाग्राम पर आरोपों को पूरी तरह से गलत और दुर्भावनापूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वे इस्राइल के जरिये किए जा रहे नरसंहार के विरोध में हैं, इसलिए उन्हें चुप कराने की कोशिश की जा रही है। नीकैप ने गैस्पारो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का फैसला किया है। गौरतलब है कि कोचेला फेस्टिवल में भी नीकैप ने इस्राइल पर नरसंहार का आरोप लगाया था।

 संयुक्त राष्ट्र में भारत ने ली स्वच्छता की शपथ
 स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के हिस्से के रूप में यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश परवथनेनी ने शुक्रवार को अपनी टीम को स्वच्छता की शपथ दिलाई। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने स्वच्छता के लिए विशेष अभियान 5.0 शुरू किया है। यह अभियान दो चरणों में चलाया जाएगा। पहला चरण 15 से 30 सितंबर तक और दूसरा चरण 2 से 31 अक्तूबर तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य साफ-सफाई, लंबित मामलों का समय पर समाधान और रिकॉर्ड प्रबंधन को मजबूत करना है। विदेश मंत्रालय ने सभी भारतीय मिशनों और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों को इस अभियान में भाग लेने के लिए कहा है।

हसीना की भतीजी के खिलाफ जाली दस्तावेज बना रहे अफसर
ब्रिटेन की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी की सांसद और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की भतीजी ट्यूलिप सिद्दीकी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बांग्लादेशी अफसर उनके विरुद्ध सियासी दुष्प्रचार के लिए जाली पहचान पत्र और दस्तावेज तैयार कर रहे हैं।
ट्यूलिप ने कहा, ये अभियान पिछले एक साल से चलाया जा रहा है और फर्जी दस्तावेजों के जरिये उन्हें भ्रष्ट साबित करने की कोशिश की जा रही है। यह आरोप ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ की ऑनलाइन रिपोर्ट में सामने आया। रिपोर्ट में दावा किया गया कि उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार ट्यूलिप के पास बांग्लादेशी पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) उपलब्ध है जो उनके पहले दिए गए बयानों से मेल नहीं खाता।

पाकिस्तान में सैन्य अभियान में सात आतंकी मारे गए
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चले अभियान के दौरान प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के सात आतंकी मारे गए। सेना ने कहा कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद दक्षिणी वजीरिस्तान की सीमा से लगे डेरा इस्माइल खान जिले में शनिवार को अभियान चलाया गया। सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा कि सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए सात लोगों में से तीन अफगान नागरिक और दो आत्मघाती हमलावर थे। पाकिस्तान को उम्मीद है कि अफगान तालिबान द्वारा संचालित अंतरिम अफगान सरकार अपनी जिम्मेदारियों को निभाएगी और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए अपनी धरती का इस्तेमाल करने से इनकार करेगी।

बांग्लादेश में भूकंप के झटके, 4.0 रही तीव्रता
रविवार दोपहर ढाका और बांग्लादेश के कई अन्य हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिसका केंद्र सिलहट के छतक में था। पीटीआई के मुताबिक बांग्लादेश मौसम विज्ञान विभाग (बीएमडी) के हवाले से बताया कि दोपहर 12:19 बजे 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र ढाका से लगभग 185 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। बीएमडी के भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के कार्यवाहक अधिकारी रुबैयत कबीर ने प्रोथोम अलो को बताया कि 4 तीव्रता का भूकंप हल्का था, जिसका केंद्र सिलहट के छतक में था। भूकंप विशेषज्ञ सैयद हुमायूं अख्तर ने कहा कि रविवार के भूकंप का केंद्र डौकी फॉल्ट क्षेत्र में था। ढाका विश्वविद्यालय में भूविज्ञान के पूर्व प्रोफेसर अख्तर ने कहा कि उत्तरी स्रोत डौकी फॉल्ट है, जो बांग्लादेश के लिए बेहद संवेदनशील क्षेत्र है। इसलिए भले ही भूकंप मामूली था, यह एक चेतावनी संकेत है।

गाजा हवाई हमले में हमास नेता मारा गया
शनिवार को गाजा सिटी क्षेत्र में इजरायली वायुसेना के लड़ाकू विमान ने हमला कर हमास आतंकवादी मागेद अबू सलमिया को मार गिराया। सलमिया हमास का स्नाइपर था और निकट भविष्य में गाजा सिटी क्षेत्र में आईडीएफ (इज़राइल रक्षा बल) बलों के खिलाफ एक आतंकवादी योजना को अंजाम देने का इरादा रखता था।

चीन ने प्रेस की स्वतंत्रता पर अपने हमले का दायरा बढ़ाया, झांग झान पर मुकदमा
चीनी नागरिक पत्रकार झांग झान, जिन्हें एक बार वुहान में COVID-19 के प्रकोप पर अपनी अग्रिम पंक्ति की रिपोर्टिंग के लिए जेल भेजा गया था। 19 सितंबर को शंघाई में फिर से अदालत में पेश हुईं। उनकी सुनवाई ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) द्वारा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर जारी हमले को उजागर किया। पुडोंग न्यू एरिया पीपुल्स कोर्ट में सुनवाई कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। अधिकारियों ने इलाके की घेराबंदी करने के लिए पुलिस तैनात कर दी थी, ताकि आम नागरिकों को अंदर जाने या समर्थन दिखाने से रोका जा सके। कई पश्चिमी देशों के विदेशी राजनयिकों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके लिए अधिकारियों ने अधूरे कागजात का हवाला दिया। मानवाधिकार समूहों ने इन प्रतिबंधों को बीजिंग द्वारा खुलेपन और न्यायिक निष्पक्षता के प्रति अनादर का एक और संकेत बताया। झांग पर झगड़ा करने और उपद्रव भड़काने के अपराध के तहत आरोप लगाया गया है।

सीरिया में 5 अक्तूबर को होंगे संसदीय चुनाव
सीरिया अपनी नई इस्लामिस्ट-नेतृत्व वाली सरकार के तहत पहला संसदीय चुनाव 5 अक्तूबर को आयोजित करेगा। सरकारी समाचार एजेंसी सना ने रविवार को यह जानकारी दी। इस चुनाव में 210 सदस्यीय पीपल्स असेंबली के लिए मतदान देश के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में होगा, हालांकि चुनाव आयोग ने तीन प्रांतों में सुरक्षा कारणों से मतदान स्थगित करने की जानकारी दी थी। नई संसद का काम सरकार-नियंत्रित आर्थिक नीतियों में बदलाव और विदेशी नीति समझौतों के अनुमोदन के लिए कानून पारित करना होगा। यह सदन देश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव रखेगा, जो पिछले दिसंबर में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता हटाए जाने के बाद शुरू हुई। आलोचक मानते हैं कि वर्तमान प्रणाली में अल्पसंख्यक समूहों की पर्याप्त भागीदारी नहीं है। चुनाव को सीरिया में राजनीतिक स्थिरता और प्रशासनिक सुधार की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट वापस लौटी, देर से हुई रवाना
लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हो रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 162 रविवार को टेकऑफ से पहले टैक्सीवे से एयरपोर्ट वापस लौट गई। वजह यह थी कि बोर्डिंग पास जारी होने के बावजूद एक यात्री विमान में सवार नहीं हुआ। सूत्रों के अनुसार, उड़ान पहले से ही 45 मिनट देरी से थी। बाद में पता चला कि यात्री ने बोर्डिंग पास स्कैन कराया, लेकिन गलती से प्रस्थान गेट के बजाय आगमन क्षेत्र में चला गया।

एयर इंडिया ने बताया कि सुरक्षा नियमों के तहत विमान को वापस लाकर यात्री का सामान उतारा गया। इसके बाद फ्लाइट देरी से रवाना हुई। यात्री को एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। एयर इंडिया ने कहा कि फ्लाइट क्रू ने सभी मानक प्रक्रियाओं का पालन किया और सुरक्षा नियमों के चलते यह कदम उठाना जरूरी था।

इंडियानापोलिस में गोलीबारी में 2 लोगों की मौत, 5 अन्य घायल
उत्तर-पश्चिम इंडियानापोलिस में रविवार को हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। इंडियानापोलिस मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के अधिकारी शोर टेरेस स्थित एक पार्किंग स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने पांच लोगों को गोली लगने से घायल पाया। पुलिस ने बताया कि इनमें से दो लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन अन्य को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि इसी घटना में गोली लगने से घायल हुए दो अन्य लोगों ने स्वयं ही मदद मांगी थी। एक व्यक्ति अस्पताल में गया और दूसरा अग्निशमन केन्द्र में गया। जांच जारी है।

ट्रंप ने बेन कार्सन को अमेरिका का सर्वोच्च सम्मान देने का किया एलान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को बेन कार्सन को प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम देने का एलान किया। यह अमेरिका का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। ट्रंप ने माउंट वर्नन में अमेरिकन कॉर्नरस्टोन इंस्टीट्यूट के एक कार्यक्रम में यह घोषणा की। कार्सन (74) एक पूर्व न्यूरोसर्जन हैं। उन्होंने 2016 के रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के चुनाव में ट्रंप के खिलाफ चुनाव लड़ा था। ट्रंप ने इस महीने तीसरी बार किसी को यह पुरस्कार देने का एलान किया है। इससे पहले, उन्होंने रूडी गिउलिआनी और चार्ली किर्क को मरणोपरांत यह सम्मान देने की घोषणा की थी।
विज्ञापन

फिलीपींस में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन में जुटे हजारों लोग
फिलीपींस की राजधानी मनीला में हजारों प्रदर्शनकारियों ने रविवार को सड़कों पर उतरकर सांसदों, अधिकारियों व व्यापारियों से जुड़े भ्रष्टाचार घोटाले के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। इन पर देश में बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं में भारी रिश्वत लेने का आरोप है। अमेरिका व ऑस्ट्रेलियाई दूतावासों ने यात्रा परामर्श जारी कर अपने नागरिकों से सुरक्षा एहतियात के तौर पर इन विरोध प्रदर्शनों से दूर रहने को कहा है। प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने फिलीपींस के झंडे लहराए और एक बैनर दिखाया जिस पर लिखा था- अब और नहीं, बहुत हुआ, उन्हें जेल भेजो।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें