रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए भारत पर भारी टैरिफ लगाने की राष्ट्रपति ट्रंप की धमकियों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल मॉस्को पहुंच गए हैं। इस दौरान अजित डोभाल रूसी सरकार के सीनियर रणनीतिकारों से मुलाकात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक वह राष्ट्रपति पुतिन से भी मुलाकात कर सकते हैं।
रूस की समाचार एजेंसी टीएएसएस के मुताबिक डोभाल 7 अगस्त को रूसी अधिकारियों के साथ कई बैठकें करेंगे। वह रूसी नेताओं के साथ रणनीतिक साझेदारी और आपसी संबंधों को बेहतर करने पर चर्चा करेंगे। इस दौरान भारत और रूस के बीच तेल को लेकर डील होने की संभावना भी जताई जा रही है। इसके साथ ही डोभाल भारत की तेल खरीद को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सामने भारत की रणनीति को स्पष्ट करेंगे। खास बात यह भी है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर भी अगले हफ्ते रूस के दौरे पर जाने वाले हैं। मॉस्को टाइम्स ने इस बारे में पुष्टि की है। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आरोप लगाया है कि भारत रूस से कच्चा तेल खरीदकर यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस की मदद कर रहा है। ट्रंप ने धमकी देते हुए कहा था कि अगर भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद नहीं किया तो उस पर भारी टैरिफ लगेगा। फिलहाल ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। बाद में ट्रंप ने कहा कि भारत अच्छा ट्रेड पार्टनर नहीं है, इसलिए हम उनके साथ ज्यादा बिजनेस नहीं करते। मुझे लगता है कि अगले 24 घंटों में हम उन पर इससे कहीं ज्यादा टैरिफ लगाने वाले हैं।
रूस से जरूरत का 35 प्रतिशत तेल खरीदता है भारत
भारत विश्व में चीन के बाद तेल का सबसे बड़ा खरीदार है। वह अपनी जरूरत का 35 प्रतिशत तेल रूस से ही खरीदता है। अमेरिका ने पहले भी भारत को रूस से तेल खरीदने के मामले पर धमकी थी। अब वह टैरिफ बढ़ाने की बात कर रहा है। इस बीच यह भी खबर है कि भारत को रूस की तरफ से छूट मिल सकती है।
एस-400 पर भी बातचीत संभव
अपनी यात्रा के दौरान डोभाल अपने रूसी समकक्ष के साथ सैन्य समझौते पर भी बात कर सकते हैं। एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम की खरीद और इसके रखरखाव पर भी बातचीत हो सकती है। बता दें कि भारत और रूस बड़े रक्षा साझीदार हैं। भारत ने अक्तूबर 2018 में रूस से पांच एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम खरीदने के लिए डील की है। इसकी कीमत लगभग करीब 40,000 करोड़ रुपये है। इसमें से भारत को एस-400 की 3 बैटरियां मिल चुकी है। बाकी के दो एस-400 स्क्वाड्रन की डिलीवरी रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते देरी से हो रही है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी मिसाइलों और ड्रोन के हमले को नाकाम करने में एस-400 का बड़ा रोल रहा है।
अल्जीरिया में विमान दुर्घटनाग्रस्त
उत्तरी अल्जीरिया के ताहेर शहर में जिजेल फरहत अब्बास हवाई अड्डे पर मंगलवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया के अनुसार विमान हवाई अड्डे पर प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इससे हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई। तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए गए। फिलहाल अधिकारी विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण पता लगाने में जुटे हैं।
घाना में हेलिकॉप्टर क्रैश, दो मंत्रियों समेत 8 की मौत
घाना में एक सैन्य हेलिकॉप्टर हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में रक्षा मंत्री एडवर्ड ओमाने बोआमाह और पर्यावरण, विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री इब्राहिम मुर्तला मुहम्मद भी शामिल थे। इसमें तीन अन्य अधिकारी और तीन वायुसेना कर्मी भी शामिल थे। राष्ट्रपति जॉन माहामा के चीफ ऑफ स्टाफ जूलियस डेबराह ने बताया कि हादसा दक्षिणी अशांति नाम की जगह पर हुआ। उन्होंने इसे राष्ट्रीय त्रासदी बताया। घाना सशस्त्र बलों के अनुसार, जेड9 हेलिकॉप्टर बुधवार सुबह राजधानी अक्रा से ओबुआसी के लिए रवाना हुआ, लेकिन रडार से संपर्क टूट गया। घाना के राष्ट्रपति व सरकार ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
भारत में 84,000 गेमिंग खातों की जानकारी लीक
ऑनलाइन गेम खेलने के बढ़ते चलन के बीच वैश्विक साइबर सुरक्षा और डिजिटल गोपनीयता कंपनी कैस्परस्की ने कहा, गत वर्ष भारत में 84,000 से ज्यादा ऑनलाइन गेमिंग खातों की जानकारी लीक हुई है। पिछले साल दुनियाभर में 1.10 करोड़ यूजरों की निजी जानकारी लीक होने की घटनाएं सामने आई थीं।
कैस्परस्की की रिपोर्ट के अनुसार, एशिया-प्रशांत क्षेत्र में यूजरों की जानकारी लीक होने की सबसे ज्यादा 1,62,892 घटनाएं थाईलैंड में हुईं। जबकि, सिंगापुर में सबसे कम 4,262 ऐसी घटनाएं सामने आईं। एशिया-प्रशांत क्षेत्र गेमिंग का वैश्विक केंद्र बनकर उभरा है, जहां दुनिया के आधे से ज्यादा उपयोगकर्ता रहते हैं।
श्रीलंका में अवैध रूप से रह रहे 11 भारतीय गिरफ्तार
श्रीलंका में अवैध रूप से रहने के आरोप में 11 भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 22 से 43 साल के बीच बताई जा रही है। श्रीलंकाई पुलिस ने मंगलवार को बताया कि ये सभी लोग वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी द्वीपीय देश में ठहरे हुए थे और यहां जुआ खेल रहे थे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अवैध रूप से रह रहे लोगों के बारे में गुप्त सूचना के आधार पर थलंगामा के अकुरेगोडा क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपियों के पास से लगभग 20 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक कंप्यूटर जब्त करने का भी दावा किया है।
पाकिस्तान में थाने पर ड्रोन से फेंका बम
आतंकवादियों ने मंगलवार को उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के बन्नू जिले में एक पुलिस स्टेशन पर ड्रोन से हमला किया है। पुलिस के अनुसार, आतंकवादियों ने एक क्वाडकॉप्टर का इस्तेमाल करके एक आईईडी गिराया, जो पुलिस स्टेशन के प्रांगण में गिरा, लेकिन फट नहीं सका। पुलिस ने बताया कि बम निरोधक दस्ते को तुरंत मौके पर तैनात किया गया और उसने उपकरण को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
कनाडा और मेक्सिको का अधिकतर सामान बिना टैरिफ अमेरिका पहुंच रहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते कनाडाई सामानों पर टैरिफ बढ़ाकर 35 प्रतिशत कर दिया था, लेकिन कनाडा और मेक्सिको का अधिकतर सामान अभी भी बिना किसी शुल्क के अमेरिका पहुंच रहा है और उसकी वजह है ट्रंप के पहले कार्यकाल में अमेरिका-मेक्सिको और कनाडा के बीच हुआ एक व्यापार समझौता। उस समझौते के तहत कनाडा का 100 प्रतिशत ऊर्जा निर्यात और 95 प्रतिशत अन्य निर्यात शुल्क मुक्त अमेरिकी बाजार में पहुंच रहा है। हालांकि अमेरिकी सरकार अब इस समझौते पर पुनर्विचार कर सकती है, लेकिन फिलहाल ट्रंप के टैरिफ का असर कनाडा और मेक्सिको पर नहीं हो रहा है।
चीनी विशेषज्ञ बोले- चीन की कीमत पर अमेरिका से मजबूत संबंध नहीं बनाएगा पाकिस्तान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद से अमेरिका और पाकिस्तान के संबंध मजबूत हुए हैं। वहीं चीनी रणनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इस्लामाबाद, बीजिंग के वैश्विक प्रभाव को नियंत्रित करने की अमेरिकी रणनीति को समझता है। पिछले महीने, पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने फील्ड मार्शल का पदभार ग्रहण करने के बाद चीन की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा की। उनकी यह यात्रा वाशिंगटन की पांच दिवसीय यात्रा के तुरंत बाद हुई, जहां उन्होंने ट्रंप के साथ एक निजी लंच में भाग लिया था। उस बैठक में तेल सौदे सहित विभिन्न क्षेत्रों में अमेरिका-पाकिस्तान सहयोग बढ़ाने की घोषणा हुई।
हाल ही में 'इकोनॉमिस्ट' के एक लेख के अनुसार, जनरल मुनीर की अमेरिकी यात्रा, अमेरिकी विदेश नीति में एक बदलाव का प्रतीक है, जिसके न केवल भारत, बल्कि चीन और मध्य पूर्व पर भी प्रभाव पड़ेंगे। बीजिंग दौरे के समय जनरल मुनीर ने चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग, विदेश मंत्री वांग यी और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के वरिष्ठ सदस्यों से मुलाकात की, हालांकि राष्ट्रपति शी जिनपिंग से उनकी मुलाकात नहीं हुई। यह उनके पूर्ववर्ती जनरल कमर जावेद बाजवा से बिल्कुल अलग है, जिन्होंने 2018 में अपनी चीन यात्रा के दौरान शी जिनपिंग से मुलाकात की थी।
ट्रंप समर्थित नवरोकी पोलैंड के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे
रूढ़िवादी नेता करोल नवरोकी बुधवार को पोलैंड के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। नवरोकी के सत्ता में आने से पोलैंड और मजबूती से राष्ट्रवाद की राह पर आगे बढ़ सकता है। नवरोकी को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का समर्थन प्राप्त है। जून में हुए दूसरे दौर के चुनाव में नवरोकी ने जीत हासिल की थी। ट्रंप समर्थित नवरोकी (42 वर्षीय) इतिहासकार रहे हैं, जिन्हें चुनाव प्रचार से पहले कोई राजनीतिक अनुभव नहीं था। 2015 से 2023 तक पोलैंड पर शासन करने वाली कंजर्वेटिव लॉ एंड जस्टिस पार्टी में शामिल होने से पहले तक वे किसी राजनीतिक दल के सदस्य भी नहीं थे।
नवरोकी को गर्भपात और LGBTQ+ का विरोधी माना जाता है। अमेरिकी रूढ़िवादी समूह CPAC ने नवरोकी के लिए चुनाव प्रचार किया था। अमेरिकी गृह सुरक्षा सचिव और ट्रंप की सहयोगी क्रिस्टी नोएम ने भी नवरोकी की तारीफ की और पोलैंड के लोगों से उन्हें वोट देने का आग्रह किया।
ईरान ने इस्राइल के लिए जासूसी करने के आरोपी को फांसी दी
ईरान ने बुधवार को अलग-अलग मामलों में दो लोगों को फांसी पर लटका दिया। सरकारी मीडिया के अनुसार, एक व्यक्ति पर इस्राइल के लिए जासूसी करने और दूसरे पर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट का सदस्य होने का आरोप है। न्यायालय समाचार वेबसाइट मिजान ऑनलाइन की एक रिपोर्ट में कथित जासूस की पहचान रूजबेह वादी के रूप में की गई है, जिस पर इस्राइल की खुफिया सेवा, मोसाद को गोपनीय जानकारी देने का आरोप है। रिपोर्ट्स के अनुसार अधिकारियों ने कहा कि वादी ने एक ईरानी परमाणु वैज्ञानिक के बारे में जानकारी दी थी, जो जून में ईरान पर इस्राइली हवाई हमलों में मारे गए थे। रिपोर्ट में वैज्ञानिक की पहचान या वादी की गिरफ्तारी के समय और स्थान की जानकारी नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वादी ने ऑस्ट्रिया के वियना में मोसाद अधिकारियों से पांच बार मुलाकात की।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के 9 सांसद अयोग्य घोषित
इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) को बड़ा झटका देते हुए, पाकिस्तान चुनाव आयोग ने सीनेटर शिबली फराज और उमर अयूब खान जैसे प्रमुख नेताओं सहित नौ पीटीआई सांसदों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। यह फैसला एक आतंकवाद-रोधी अदालत द्वारा 9 मई की हिंसा से संबंधित मामलों में इन सांसदों को दोषी ठहराए जाने के बाद आया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जिन सांसदों की सदस्यता रद्द की गई है, उनमें नेशनल असेंबली के पांच सदस्य शामिल हैं। इनमें नेशनल असेंबली-18 हरिपुर से उमर अयूब, नेशनल असेंबली-143 साहिवाल-III से राय हसन नवाज, नेशनल असेंबली-185 डीजी खान-II से जरताज गुल, नेशनल असेंबली-96 फैसलाबाद-II से राय हैदर अली और नेशनल असेंबली-104 फैसलाबाद-X से साहिबजादा हामिद रजा का नाम शामिल है। इनके अलावा, पंजाब असेंबली के तीन सदस्यों के नाम भी रद्द किए गए। जिनमें पंजाब असेंबली-73 सरगोधा-III से मुहम्मद अंसार इकबाल, पंजाब असेंबली-98 फैसलाबाद-I से जुनैद अफजल और पंजाब असेंबली-203 साहिवाल-VI से राय मुहम्मद मुर्तजा इकबाल शामिल हैं।
पाकिस्तान में उग्रवादी हमले में 4 जवानों की मौत
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने अर्द्धसैनिक बल फ्रंटियर कांस्टेबुलरी के चार जवानों की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने करक जिले के अम्न कोट तोई इलाके में फ्रंटियर कांस्टेबुलरी (एफसी) के एक वाहन पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें चार जवान मारे गए। सुरक्षा बलों और पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने संकेत दिया कि हमला पूर्व नियोजित था और हमलावर घात लगाए बैठे थे। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन गंदापुर ने हमले की कड़ी निंदा की और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार लोगों को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
फिलीपीन-भारत औपचारिक व्यापार वार्ता शुरू करने के लिए बढ़ रहे आगे: मार्कोस
फिलीपीन के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस जूनियर ने बुधवार को कहा कि फिलीपीन और भारत एक तरजीही व्यापार समझौते (पीटीए) के लिए औपचारिक वार्ता शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं। भारत दौरे पर आए राष्ट्रपति मार्कोस ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों देश आर्थिक साझेदारी बढ़ाने के लिए पीटीए को एक रणनीतिक मंच के रूप में देखते हैं।
उद्योग संगठन फिक्की की ओर से आयोजित भारत-फिलीपीन सीईओ गोलमेज बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मार्कोस ने कहा, हम पीटीए को जल्द से जल्द लागू करने के लिए साझा आधार खोजने के लिए काम कर रहे हैं। हमने सरकार और व्यापार निकायों दोनों के मजबूत समर्थन से इस प्रक्रिया को तेज करने के तरीके खोज लिए हैं। हम औपचारिक वार्ता शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं। मार्कोस ने यह भी कहा कि सरकार ने फिलीपीन में कारोबारी सुगमता सुनिश्चित करके अधिक भारतीय निवेश आकर्षित करने के लिए कई उपाय किए हैं। ये सुधार भारत में हमारे मूल्यवान साझेदारों सहित निवेशकों के लिए एक वास्तविक रूप से सक्षम वातावरण बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। हम अपने द्विपक्षीय व्यापार में बढ़ती गति से उत्साहित हैं, जो 2024-2025 में 3.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि फिलीपीन का व्यापार एवं उद्योग विभाग अपने भारतीय समकक्षों के साथ मिलकर जल्द ही व्यापार एवं निवेश पर संयुक्त कार्य समूह की बैठक आयोजित करेगा।
रूस ने मध्य अफ्रीकी गणराज्य से कहा – वाग्नर की जगह अब 'अफ्रीका कॉर्प्स' को तैनात करो
मध्य अफ्रीकी गणराज्य (सीएआर) के अधिकारियों ने बताया कि रूस ने उनसे अनुरोध किया है कि वह अब निजी सैन्य समूह वाग्नर को हटाकर रूस की सरकारी सेना 'अफ्रीका कॉर्प्स' को तैनात करें। इसके अलावा, रूस ने सुरक्षा सेवाओं के लिए सीधे भुगतान की भी मांग की है। हालांकि, सीएआर की सरकार रूस की इस मांग को मानने में हिचक रही है। सरकार को लगता है कि वाग्नर कहीं ज्यादा प्रभावी है और वे नकद पैसे की बजाय खनिजों से भुगतान करना पसंद करते हैं।
पिछले कई वर्षों से वाग्नर समूह मध्य अफ्रीकी गणराज्य में सक्रिय है। वह राष्ट्रपति फॉस्टिन आर्कांज तौअदेरा और उनकी सरकार की सुरक्षा कर रहा है। यहां तक कि 2023 के उस संविधान संशोधन के जनमत संग्रह में भी वाग्नर ने मदद की थी, जिससे राष्ट्रपति का कार्यकाल अनिश्चितकाल तक बढ़ सकता है।
वाग्नर को इसके बदले देश के बहुमूल्य खनिजों तक पहुंच मिली है, खासकर सोने तक। लेकिन 2023 में वाग्नर के नेता येवगेनी प्रिगोजिन की विमान दुर्घटना में मौत के बाद से रूस धीरे-धीरे वाग्नर को हटाकर अफ्रीका कॉर्प्स को उसकी जगह तैनात करने की कोशिश कर रहा है। माली में भी इस साल की शुरुआत में वाग्नर की जगह अफ्रीका कॉर्प्स को भेजा गया था।