पाकिस्तान में रविवार देर रात भूकंप से धरती कांप उठी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.8 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि भूकंप भारतीय समयानुसार आधी रात को करीब 12:40 बजे आया। भूकंप का केंद्र 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इससे पहले शनिवार को भी खैबर पख्तूनख्वा, पंजाब और इस्लामाबाद सहित पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में 5.4 तीव्रता के भूकंप ने हलचल मचाई थी।
चिली में तांबे की खदान में फंसे पांच श्रमिकों में से एक का शव मिला
चिली में दो दिन पहले आए भूकंप के कारण तांबे की एक खदान ढह गई थी। इस खदान में पांच खनिक फंस गए थे। अब बचावकर्मियों को उन मजदूरों में से एक का शव मिला है। खान में फंसे खनिकों तक पहुंचने के लिए बचाव अभियान जारी है। बचावदल के प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को मिला शव खदान में फंसे पांच खनिकों में से एक है।
खैबर पख्तूनख्वा में मोर्टार के गोले को गेंद समझ खेल रहे थे बच्चे, फटने से 5 की मौत, 12 घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के लक्की मरवात जिले में मोर्टार के गोले के फटने से 5 बच्चों की मौत हो गई। 12 घायल हो गए। बच्चों को यह गोला खेत में मिला था। इसे गेंद समझकर वह सोरबंद स्थित अपने गांव ले आए और खेलने लगे, तभी गोला फट गया। बन्नू क्षेत्र के पुलिस प्रवक्ता आमिर खान ने शनिवार को बताया कि घायलों को बन्नू के खलीफा गुल नवाज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बन्नू क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी (आरपीओ) सज्जाद खान ने कहा कि प्रभावित परिवारों को पूरी सहायता मिलेगी और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। आरपीओ ने कहा, बम निरोधक दस्ता विस्फोट स्थल पर पहुंचा था। फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। दरअसल, यह घटना पाकिस्तान में बिना फटे गोला-बारूद के लगातार बढ़ते खतरे को उजागर करती है। स्थानीय अखबार डॉन के अनुसार अक्टूबर 2023 में बलूचिस्तान के वाध में एक ग्रेनेड विस्फोट में बच्चे की मौत हुई थी। आठ घायल हुए थे। एक महीने पहले सिंध के काशमोर में एक घर में रॉकेट लॉन्चर के फटने से चार बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई थी। अधिकारी उन क्षेत्रों में सावधानी बरतने का आग्रह कर रहे, जहां बचे हुए सैन्य विस्फोटक मौजूद हो सकते हैं।
अमेरिका के न्यूयॉर्क में भूकंप के झटके
अमेरिका के प्रमुख शहर न्यूयॉर्क में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप के इन झटकों की तीव्रता 3.0 रही। यूरोपीय भूकंपीय एजेंसी ने बताया कि भूकंप के झटके शनिवार रात करीब 10 बजे महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र मैनहट्टन शहर से 13 किलोमीटर दूर ग्रेटर न्यूयॉर्क इलाके में जमीन में 10 मीटर की गहराई में था। भूकंप में फिलहाल किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।
पोप लियो की युवाओं से अपील- अपने धर्म और विश्वास को लोगों तक पहुंचाएं
पोप लियो चौदहवें ने रविवार को 10 लाख से ज्यादा कैथोलिक युवाओं से कहा कि वे जब अपने-अपने 150 देशों में वापस लौटें, तो अपने धर्म और विश्वास को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने यह संदेश एक विशेष प्रार्थना सभा के दौरान दिया, जो युवा विश्वासियों के साथ एक हफ्ते की बैठक के बाद सम्पन्न हुई।
पोप लियो ने युवाओं से कहा, जहां भी हो, महान कार्यों और पवित्रता की ओर बढ़ो। कम में संतोष मत करो। जब तुम ऐसा करोगे तो अच्छे समाचारों की रौशनी हर दिन तुम्हारे अंदर और तुम्हारे चारों ओर बढ़ेगी। हजारों की संख्या में युवा शनिवार को रोम के दक्षिण-पूर्व मैदानों में डेरा जमाए रहे। वहां उन्होंने 'जुबली ऑफ यूथ' के तहत एक प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया, जिसकी अगुवाई पोप लियो ने की। पोप को वेटिकन सिटी से हेलिकॉप्टर के जरिए लाया गया था। वेटिकन सिटी ने बताया कि इस कार्यक्रम में 10 लाख से ज्यादा युवा, 7,000 पादरी और 450 बिशप शामिल हुए।
मानव तस्करी और फर्जी पासपोर्ट के विज्ञापन पर ब्रिटेन में अब पांच साल की जेल होगी
ब्रिटेन ने कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर नकली पासपोर्ट या मानव तस्करी से जुड़ी सेवाओं का विज्ञापन करते हैं, उन्हें अब पांच साल तक की जेल हो सकती है। यह फैसला सरकार ने इंग्लिश चैनल को छोटी नावों से पार करने वाले प्रवासियों को रोकने के लिए लिया है। सरकार ने रविवार को कहा कि अगर कोई व्यक्ति ऐसा ऑनलाइन कंटेंट बनाता है जो ब्रिटेन के आव्रजन कानून को तोड़ने के इरादे से बनाया गया हो, तो उसे जेल और भारी जुर्माना हो सकता है।
ब्रिटेन की गृह सचिव यवेटे कूपर ने कहा कि इसका मकसद सोशल मीडिया पर खुलेआम काम कर रहे तस्करों को रोकना है। उन्होंने कहा, ब्रिटेन में सुरक्षित यात्रा और अच्छी जिंदगी का झूठा सपना बेचकर सिर्फ पैसे कमाने की कोशिश करना बहुत ही अमानवीय है।
श्रीलंका में हवाईअड्डे पर पर्यटकों को मिलेगा अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस
श्रीलंका ने रविवार को एक नई योजना का शुभारंभ किया है, जिसके तहत विदेशी पर्यटकों को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जाएंगे। श्रीलंका के यातायात विभाग के प्रमुख कमल अमरासिंघे ने बताया कि यह अस्थायी लाइसेंस उन विदेशी पर्यटकों को दिया जाएगा जो श्रीलंका घूमने आते हैं। इसके अलावा वे श्रीलंकाई नागरिक भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं जो दोहरी नागरिकता नहीं रखते हैं। यह लाइसेंस एक महीने के लिए वैध होगा। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि इस अस्थायी लाइसेंस के जरिए पर्यटक भारी वाहन और तीन पहिए वाले टुक-टुक नहीं चला सकेंगे।
हैती में पूर्व सीनेटर गिरफ्तार, गिरोहों को समर्थन देने का था आरोप
हैती की पुलिस ने एक पूर्व सीनेटर नेनेल कैसी को गिरफ्तार किया है, जिस पर राज्य के खिलाफ साजिश रचने और आपराधिक संगठनों को फंड देने का आरोप है। नेनेल कैसी को शनिवार को राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस के पेटियनविल इलाके के एक रेस्तरां से गिरफ्तार किया गया। हैती पुलिस ने इस गिरफ्तारी की जानकारी फेसबुक पोस्ट के जरिए दी और कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें कैसी हथकड़ी में दिख रहे हैं और उनके आसपास नकाबपोश हथियारबंद अधिकारी खड़े हैं।
2023 में अमेरिका के विदेश विभाग ने नेनेल कैसी को भ्रष्ट व्यक्ति घोषित किया था। इसी साल फरवरी में हैती की पुलिस ने उन पर गिरोहो को समर्थन देने और राजधानी के पास स्थित अमीर इलाके केंसकॉफ पर हुए हमलों में शामिल होने का आरोप लगाया था। ये इलाका अब तक गिरोहों की हिंसा से बचा हुआ था। फरवरी के हमलों में दर्जनों लोग मारे गए थे, जिनमें पहाड़ियों में काम करने वाले किसान और एक दो महीने का बच्चा भी शामिल था।