वियना में भारत के उच्चायोग ने बताया कि, भारत को नारकोटिक ड्रग्स आयोग (सीएनडी) के 68वें सत्र की अध्यक्षता के लिए चुना गया है। राजदूत शंभू एस. कुमारन (वियना और आईएईए में संयुक्त राष्ट्र कार्यालयों में भारत के स्थायी प्रतिनिधि) ने आज आधिकारिक तौर पर सीएनडी की अध्यक्षता संभाली। यह पहली बार है कि भारत को इस महत्वपूर्ण संयुक्त राष्ट्र निकाय की अध्यक्षता के लिए नामित किया गया है।
कैलिफोर्निया: प्राथमिक स्कूल में गोलीबारी, दो छात्र घायल, हमलावर ने की आत्महत्या की कोशिश
अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया में एक प्राथमिक स्कूल में हुई गोलीबारी में दो बच्चे घायल हो गए। इसके बाद हमलावर ने भी स्वयं को गोली मार ली। शेरिफ काउंटी के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बुधवार दोपहर को फेदर रिवर स्कूल ऑफ सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट्स में हुई थी। यह पालेर्मो में स्थित है।
मलयेशिया : पूर्व प्रधानमंत्री महाथिर के खिलाफ होगी आपराधिक जांच
मलयेशियाई शाही जांच आयोग (आरसीआई) ने सिंगापुर जलडमरूमध्य में दो विवादित द्वीपों पर दावा छोड़ने के फैसले पर पूर्व प्रधानमंत्री महाथिर मोहम्मद के खिलाफ आपराधिक जांच की सिफारिश की है। दरअसल, वर्तमान प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने 2018 में सरकार के लिए फैसले की समीक्षा के लिए आरसीआई को बुलाया था। उस वक्त सत्ता की कमान महाथिर मोहम्मद के हाथों में थी।
श्रीलंकाई नौसेना ने 14 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार
श्रीलंकाई नौसेना ने 14 भारतीय मछुआरों को मन्नार जिले के उत्तरी तट पर अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया। नौसेना ने कहा कि इस गिरफ्तारी के साथ इस साल अब तक 529 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही 68 नाव को भी जब्त किए गए हैं। बीते सोमवार को भी उत्तर में वेट्टिलैकेरनी क्षेत्र में श्रीलंकाई नौसेना ने 18 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था। बता दें कि पिछले महीने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने एक बैठक की थी, जिसमें दोनों देशों के बीच मछली पकड़ने के विवादों के समाधान पर जोर दिया गया।
सोमाली तट से मछली पकड़ने वाले चीनी जहाज का अपहरण
सोमालिया के उत्तरपूर्वी तट से 18 चालक दल के सदस्यों सहित एक चीनी स्वामित्व वाले मछली पकड़ने वाले जहाज का अपहरण कर लिया गया। पंटलैंड के जाफून जिले के एक अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि जहाज के सुरक्षा गार्ड ने तटीय क्षेत्र के हथियारबंद लोगों के साथ मिलकर इसे अंजाम दिया है। यूरोपीय संघ के समुद्री डकैती विरोधी नौसैनिक बल, यूनावफोर अटलांटा ने बृहस्पतिवार को बयान जारी कर इस घटना की निंदा की। चालक दल में 18 लोग हैं। कोई भी घायल नहीं हुआ है। यह जहाज सोमाली जल में संचालन के लिए पंटलैंड प्रशासन की ओर से लाइसेंस प्राप्त 10 जहाजों में से एक है, जिसका लाइसेंस पिछले तीन वर्षों से वैध है।
अमेरिका में टिकटॉक पर प्रतिबंध बरकरार
एपी की रिपोर्ट के अनुसार, एक संघीय अपील अदालत के पैनल ने अमेरिका में टिकटॉक की बिक्री या प्रतिबंध लगाने वाले कानून को बरकरार रखा है।
अपनी रक्षा के लिए किसी भी तरह का हथियार इस्तेमाल करने के लिए तैयार-रूस
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने गुरुवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पश्चिम यूक्रेन में मॉस्को की ओर से किए गए हाइपरसोनिक मिसाइल के इस्तेमाल को गंभीरता से लेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि रूस अपनी रक्षा के लिए किसी भी तरह का इस्तेमाल करने के लिए तैयार है। लावरोव ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका और उसके सहयोगियों को यह समझना चाहिए कि हम अपनी रक्षा करने और उनकी हर साजिश को नाकाम करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। दरअसल, दो सप्ताह पहले रूस ने लगभग तीन साल से चल रहे युद्ध की रफ्तार को तेज करते हुए यूक्रेनी शहर द्निप्रो पर अपनी नई ओरेशनिक हाइपरसोनिक मिसाइल दागी।
फर्नडेल में भूकंप के झटके
कैलिफोर्निया के फर्नडेल में गुरुवार सुबह को भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता पहले 6.6 आंकी गई थी, जिसे बाद में यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने संशोधित कर 7 कर दी। यूएसजीएस ने कहा कि भूकंप का अभिकेंद्र 10 किलोमीटर (6.21 मील) की गहराई पर था। यूएस नेशनल सुनामी सेंटर ने सुनामी की चेतावनी भी जारी की है।
ब्रिटिश भारतीय सहकर्मी का CBE सम्मान किंग चार्ल्स ने किया रद्द
हाउस ऑफ लॉर्ड्स के एक भारतीय मूल के सहकर्मी को शुक्रवार को कथित तौर पर 'सम्मान प्रणाली को बदनाम करने' के लिए अपने कमांडर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर (CBE) सम्मान को त्यागने के लिए मजबूर किया गया। रमिंद्र सिंह रेंजर, जो कंजर्वेटिव पार्टी के सहकर्मी हैं और ब्रिटेन में मौजूद एफएमसीजी फर्म सन मार्क लिमिटेड के संस्थापक हैं, जिन्हें लॉर्ड रामी रेंजर के नाम से जाना जाता है, उनका सम्मान किंग चार्ल्स III की तरफ से 'रद्द और निरस्त' कर दिया गया था, एक ऐसा निर्णय जिसे उनके प्रवक्ता ने अन्यायपूर्ण बताया और कहा कि रेंजर इसे चुनौती देंगे।
बता दें कि, रमिंद्र सिंह रेंजर दिसंबर 2015 की नए साल की सम्मान सूची में दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की तरफ से ब्रिटिश व्यापार और एशियाई समुदाय के लिए सेवाओं के लिए CBE से सम्मानित किया गया था। हालांकि यूके कैबिनेट कार्यालय की जब्ती समिति ऐसी सिफारिशों के पीछे अपने कारणों को स्पष्ट नहीं करती है, लेकिन यह कदम पिछले साल लॉर्ड्स जांच के बाद उठाया गया है, जिसमें निष्कर्ष निकाला गया था कि रेंजर ने धमकाने और उत्पीड़न से संबंधित संसदीय आचार संहिता का उल्लंघन किया था।
भारत ने गिनी में भगदड़ के दौरान 56 लोगों की मौत पर दुख जताया
भारत ने गिनी के नजेरेकोरिया में फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुई भगदड़ की घटना पर खेद जताया है। इस भगदड़ में 56 लोग मारे गए थे। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा, गिनी गणराज्य के नजेरेकोरिया में फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान मची भगदड़ के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ है। सरकार और भारत के लोगों की ओर से हम इस कठिन समय में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों और गिनी के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके साथ हैं, और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करते हैं।