शांति में बड़ी भूमिका निभा सकता है भारत: यूक्रेनी राजदूत
भारत में यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत, रूस-यूक्रेन के बीच शांति स्थापना में बड़ी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने यूक्रेन के शरणार्थियों को जगह देने के लिए नॉर्वे और फिनलैंड जैसे देशों का आभार जताया। भारत की विश्व में महान शक्ति बनना चाहता है और हम उससे बड़े स्तर पर समर्थन की उम्मीद रखते हैं।
शांति स्थापना में अपनी ताकत झोंके भारत: फिनलैंड राजदूत
भारत में फिनलैंड के राजदूत किमो लाहदेवर्ता ने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि रूस-यूक्रेन में शांति प्रयासों के लिए भारत अपनी पूरी ताकत झोंक दे।
न्यूयॉर्क के विवादित मेयर को क्षमादान देने पर विचार करेंगे ट्रंप
अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पदभार संभालने के बाद क्षमादान के अधिकार का इस्तेमाल को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि विवादों में घिरे न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स को क्षमादान देने पर गंभीरता से विचार करेंगे। उन्होंने कहा कि पदभार संभालने के बाद वे पूरे मामले को देखेंगे, क्योंकि वे आरोपों की बारीकियों से अनजान हैं। बता दें कि एडम्स पर संघीय धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। एडम्स के खिलाफ तुर्किए और अन्य विदेशी नागरिकों से यात्रा भत्ते स्वीकारने के अलावा चुनाव प्रचार के लिए अवैध चंदा लेने का भी आरोप लगा है। गंभीर आरोपों से घिरे एडम्स पर लगभग एक लाख डॉलर की सुविधाएं गलत तरीके से लेने के आरोप लगे हैं।
बीजिंग में विशेष प्रतिनिधि वार्ता: डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी बुधवार को करेंगे बातचीत
भारत और चीन के बीच सीमा से जुड़े मुद्दों पर बीजिंग में विशेष प्रतिनिधि वार्ता होगी। बुधवार को होने वाली इस बातचीत में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। चीन की तरफ से विदेश मंत्री वांग यी मौजूद रहेंगे। खास बात यह है कि वार्ता करीब पांच साल के अंतराल के बाद होगी। इससे पहले दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधियों (एसआर) की वार्ता दिसंबर 2019 में नयी दिल्ली में हुई थी। दोनों देशों की बातचीत के संबंध में भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्ष सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सौहार्द बनाए रखने पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा सीमा से जुड़े मुद्दों का 'निष्पक्ष, उचित और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य' समाधान तलाशने का प्रयास भी किया जाएगा।
लाहौर में स्वच्छ हवा के लिए नागरिक समाज, ट्रेड यूनियनों ने रैली निकाली
पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के प्रमुख शहर लाहौर की आबोहवा इतनी खराब है कि सैकड़ों नागरिक समाज कार्यकर्ताओं और ट्रेड यूनियन सदस्यों को जलवायु न्याय और स्वच्छ हवा की मांग के लिए सड़कों पर उतरना पड़ा। पाकिस्तान किसान रबीता कमेटी (पीकेआरसी) और लेबर एजुकेशन फाउंडेशन (एलईएफ) द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन लाहौर प्रेस क्लब से शुरू हुआ और एगर्टन रोड पर ऐवान-ए- इकबाल तक चला गया। प्रदर्शनकारियों कहा-जलवायु संकट के जिम्मेदार न होने पर भी हम सजा भुगत रहे हैं।
भारतीयों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थल बन रहा दक्षिण अफ्रीका : लिली
भारत की यात्रा से हाल ही में लौटने के बाद दक्षिण अफ्रीकी पर्यटन मंत्री पैट्रिसिया डी लिली ने कहा कि भारतीय बाजार के लिए दक्षिण अफ्रीका में एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने भारत में दक्षिण अफ्रीका के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया, जिसका उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में विकास करना था।
पोलियो-रोधी मुहिम के पहले ही दिन पाकिस्तान में दो कर्मियों की हत्या
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को अलग-अलग घटनाओं में एक पोलियो कर्मी और एक पुलिस कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार से कड़ी सुरक्षा के बीच हफ्ते भर चलने वाली पोलियो उन्मूलन मुहिम के पहले ही दिन अज्ञात हमलावरों ने बन्नू जिले में एक पोलियो कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि पोलियो कर्मी पर ड्यूटी पर जाते वक्त हमला हुआ। करक जिले में अन्य घटना में, पोलियो कर्मियों की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा समेत कई क्षेत्रों में आए दिन होने वाली आतंकी घटनाओं से सभी तरह के पेशेवरों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ह्यूस्टन के अस्थायी क्लब में गोलीबारी, दो किशोरों की मौत, चार घायल
अमेरिका के ह्यूस्टन के एक अस्थायी क्लब में गोलीबारी में दो किशोरों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। पुलिस ने अभी तक किसी संदिग्ध की पहचान नहीं की है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों से किसी भी जानकारी के लिए पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया है। हुड वाली स्वेटशर्ट और काले नकाब सहित पूरे काले वस्त्र पहने हुए एक व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भीड़ पर पिस्तौल से गोली चलाते देखा गया। 16 वर्षीय किशोर घटनास्थल पर ही मारा गया व 14 वर्षीय युवती की अस्पताल में मौत हुई।
ट्रंप ने जॉर्ज ग्लास को जापान में अमेरिका का नया राजदूत बनाया
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जॉर्ज ग्लास को जापान में अमेरिका का नया राजदूत नियुक्त किया है। जॉर्ज ग्लास के नाम का एलान करते हुए ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'मेरे पहले कार्यकाल में जॉर्ज पुर्तगाल में अमेरिका के राजदूत थे। जॉर्ज एक इन्वेस्टमेंट बैंक के पूर्व अध्यक्ष हैं।' जॉर्ज ग्लास ट्रंप के चुनाव अभियान के दौरान फंड इकट्ठा करने वाले लोगों में शामिल थे।
ट्रंप से मिले नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ
नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारानडोस ने मंगलवार को फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के घर मार-ए-लागो में नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। टेड को डेमोक्रेट पार्टी समर्थक माना जाता है और वह कई डेमोक्रेट राष्ट्रपतियों और राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों का समर्थन कर चुके हैं। हालांकि अब ट्रंप से मुलाकात से माना जा रहा है कि टेड नए राष्ट्रपति के साथ अपने संबंध बेहतर करना चाहते हैं।
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की अंतरिम जमानत सात जनवरी तक बढ़ी
एक पाकिस्तानी अदालत ने मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की अंतरिम जमानत को 7 जनवरी तक बढ़ा दिया।
72 साल के पूर्व क्रिकेटर और राजनीतिज्ञ इमरान खान पहले ही जेल में हैं क्योंकि उनके खिलाफ अन्य मामलों की सुनवाई जारी है, जबकि बुशरा बीबी को अक्टूबर में इस्लामाबाद हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी और उन्हें रिहा कर दिया गया था।
इस्लामाबाद की जिला और सत्र अदालत के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मोहम्मद अफजल मुजोका ने दोनों के जमानत आवेदन पर सुनवाई की, जिसे 'तोशाखाना 2.0' केस भी कहा जाता है।
अदालत ने इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की अंतरिम जमानत 7 जनवरी तक बढ़ा दी और सुनवाई को स्थगित कर दिया।
यह मामला इमरान खान के प्रधानमंत्री रहते हुए तोशाखाना (राजकीय उपहारों का भंडार) के नियमों के उल्लंघन से जुड़ा है, जिसमें एक कीमती गहनों का सेट प्राप्त करने का आरोप है।
वाघा बॉर्डर के रास्त वतन लौटी भारती महिला
ट्रैवल एजेंट द्वारा धोखे से पाकिस्तान लाए जाने के बाद भारतीय महिला सोमवार को 22 साल बाद लाहौर में वाघा बॉर्डर के रास्ते अपने वतन लौट आई। एक अधिकारी ने बताया कि मूल रूप से मुंबई की रहने वाली हमीदा बानो 2002 में हैदराबाद, पाकिस्तान पहुंची। एक एजेंट ने उसे दुबई में नौकरी का वादा करके धोखा दिया, लेकिन इसके बजाय उन्हें पाकिस्तान के सिंध प्रांत के हैदराबाद जिले में ले गया। अधिकारी ने बताया कि वह कराची से विमान द्वारा लाहौर पहुंची और उसके बाद वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने यहां से महिला को विदा किया। बानो ने अपने परिवार से दोबारा मिलने पर खुशी व्यक्त की। उसने कहा कि उसने कभी भारत लौटने की उम्मीद खो दी थी, लेकिन वह भाग्यशाली थी कि उसे यह दिन देखने को मिला।
पश्चिमी नेपाल में आया भूकंप, जानमाल का नुकसान नहीं
पश्चिमी नेपाल के बझांग जिले में मंगलवार शाम 5.07 बजे 4.3 तीव्रता का हल्का भूकंप आया। आसपास के जिलों में रहने वाले लोगों ने भी भूकंप के झटके महसूस किए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी नुकसान या जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं है।
इस्राइली पीएम नेतन्याहू ने सीरिया में बफर जोन का दौरा किया
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को सीरियाई क्षेत्र का दौरा किया। वह सीरिया के बशर असद के शासन के पतन के बाद, इस्राइल द्वारा कब्जा किए गए बफर जोन में गए। यह पहली बार था जब किसी मौजूदा इस्राइली नेता ने सीरियाई क्षेत्र में प्रवेश किया।
इस्राइल ने बशर असद के विद्रोहियों द्वारा अपदस्थ किए जाने के कुछ दिन बाद, गोलान हाइट्स के पास स्थित दक्षिणी सीरिया के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया और इसे बफर जोन कहा। इस्राइल अब भी गोलान हाइट्स पर काबिज है, जिसे उसने 1967 के युद्ध में सीरिया से कब्जा किया था और बाद में इसे अपने कब्जे में ले लिया था। हालांकि, दुनिया का अधिकांश हिस्सा इस कदम को मान्यता नहीं देता।
डोनाल्ड ट्रंप का जस्टिन ट्रूडो पर विषाक्त बर्ताव का कटाक्ष
अमेरिकी नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडाई वित्त मंत्री और उप प्रधानमंत्री क्रिस्टिया फ्रीलैंड के इस्तीफे के बाद कनाडा की सत्तारूढ़ पार्टी में चल रही परेशानियों पर कटाक्ष किया। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में उन्होंने एक बार फिर से कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो को कनाडा का गवर्नर करार देते हुए कहा, फ्रीलैंड का व्यवहार कनाडाई नागरिकों के लिए अच्छे निर्णय लेने के लिए अनुकूल नहीं था। ट्रंप ने लिखा, कनाडा का महान राज्य स्तब्ध है क्योंकि वित्त मंत्री ने इस्तीफा दे दिया है, या गवर्नर जस्टिन ट्रूडो ने उन्हें हटा दिया है। उनका व्यवहार पूरी तरह से विषाक्त था, न कि सभी सौदे करने के लिए अनुकूल है, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा।
जगमीत सिंह बोले, इस्तीफा दें ट्रूडो
न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपी) के नेता जगमीत सिंह ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो का विरोध करते हुए उनसे इस्तीफा देने की मांग की है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करेंगे, तो उन्होंने कहा, सभी विकल्प खुले हैं। उन्होंने यह टिप्पणी क्रिस्टिया फ्रीलैंड के कनाडा के वित्त मंत्री के पद से इस्तीफा देने के कुछ घंटों बाद की। सिंह ने कहा, कनाडा के लोग आर्थिक संकट में हैं, जिसमें महंगे किराने के सामान से लेकर घरों की ऊंची कीमतें और टैरिफ का खतरा शामिल है। उधर से अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ट्रंप का खतरा भी बरकरार है।