फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: चीन की पटाखा फैक्ट्री में धमाका, नौ की मौत; इंडोनेशिया में ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक की हत्या में दो गिरफ्तार

Tue, 17 Jun 2025 03:19 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
world updates - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तर-मध्य नाइजीरिया के बेन्यू राज्य में बंदूकधारियों ने शुक्रवार रात येलेवाटा समुदाय पर हमला कर दिया। इस हमले में अब तक करीब 150 लोगों की मौत हो चुकी है। जिंदा बचे लोगों ने सोमवार को हमले की जानकारी दी। गांव के लोग अब भी जले हुए घरों और ढांचों से लाशें निकाल रहे हैं और लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। पहले मरने वालों की संख्या 100 बताई गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय किसान संगठन के अनुसार, हमलावरों ने देर रात लोगों पर गोलीबारी की और उनके घरों को आग लगा दी, जब वे सो रहे थे। मारे गए कई लोग वे थे, जो राज्य के दूसरे हिस्सों में हो रही हिंसा से बचकर यहां के बाजार में शरण लिए हुए थे।

विज्ञापन


नेपाल की अदालत ने पत्रकार की गिरफ्तारी रोकी
नेपाल के एक उच्च न्यायालय ने सोमवार को एक पत्रकार की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। इस पत्रकार ने विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा के बेटे और एक नए खुले पांच सितारा होटल के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर सवाल उठाए थे। न्यायाधीश ऋषि भंडारी की अगुवाई वाली पाटन उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने एक अल्पकालिक अंतरिम आदेश जारी किया, जिसमें अधिकारियों को कानूनी आधार के बिना पत्रकार दिल भूषण पाठक को हिरासत में न लेने का निर्देश दिया गया। न्यायाधीश ने निषेध आदेश की मांग करने वाली पाठक की याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया।

RFI और फ्रांस 24 चैनल रिपोर्टिंग में पक्षपात के आरोप में तीन महीने के लिए निलंबित
टोगो सरकार ने दो फ्रांसीसी सरकारी चैनलों रेडियो फ्रांस इंटरनेशनल (RFI) और फ्रांस 24 के प्रसारण को तीन महीने के लिए रोक दिया है। सरकार का कहना है कि इन चैनलों की रिपोर्टिंग निष्पक्ष नहीं थी। सरकारी एजेंसी ऑडियोविजुअल संचार के उच्च प्राधिकरण ने कहा कि यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि इन चैनलों ने कई बार ऐसी रिपोर्टें चलाईं जो बिना सही जांच के थीं, पक्षपातपूर्ण थीं और कुछ मामलों में तथ्य भी गलत थे। इनकी वजह से टोगो की छवि और देश की संस्थाओं की स्थिरता को नुकसान पहुंचा। एजेंसी ने यह नहीं बताया कि किस रिपोर्टिंग की वजह से यह फैसला लिया गया। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब टोगो के राष्ट्रपति फॉरे ग्नासिंगबे को संविधान में किए गए हालिया बदलावों को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इन बदलावों से उन्हें लंबे समय तक सत्ता में बने रहने का रास्ता मिल सकता है। कई लोगों ने इसे सांविधानिक तख्तापलट कहा है।

फ्रांस : अनियंत्रित भीड़ के विरोध के चलते हड़ताल पर कर्मी, लूव्र संग्रहालय रहा बंद
पेरिस। दुनिया के सबसे अधिक देखे जाने वाले फ्रांस के लूव्र संग्रहालय के कर्मचारी अनियंत्रित भीड़ के कारण सोमवार को हड़ताल पर चले गए। इसके कारण कला, सौंदर्य और सहनशीलता का वैश्विक प्रतीक संग्रहालय सोमवार को ज्यादातर समय बंद रहा। यह लगभग अकल्पनीय दृश्य था। महान चित्रकार लियोनार्डो दा विंची की कृतियों व सभ्यता के सहस्राब्दियों के महानतम खजानों का घर लूव्र संग्रहालय उन लोगों द्वारा पंगु बना दिया गया, जिन्हें दुनिया को अपनी दीर्घाओं में स्वागत करने का काम सौंपा गया था। हजारों लोग हाथ में टिकट लिए आईएम पेई के ग्लास पिरामिड के नीचे लाइनों में खड़े थे।

भारत और अमेरिका साझेदारी में राजनयिक की भूमिका निभाएं प्रवासी युवा : मंजूनाथ
ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्यदूत मंजूनाथ ने प्रवासी युवाओं से भारत-अमेरिका साझेदारी के लिए नैसर्गिक राजनयिक की भूमिका निभाने की अपील की। टेक्सास के पर्ललैंड स्थित श्री मीनाक्षी मंदिर में शनिवार को आयोजित 2025 के नेक्स्टजेन हिंदू युवा नेतृत्व सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंजूनाथ ने कहा, आप प्राचीन ज्ञान और आधुनिक नवाचार के बीच सेतु हैं। प्रौद्योगिकी और फार्मास्युटिकल्स से लेकर अंतरिक्ष व डिजिटल बुनियादी ढांचे तक वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भारत के बढ़ते प्रभाव पर प्रकाश डाला। साथ ही भारतीय राजनयिक ने अगली पीढ़ी को भारत-अमेरिका साझेदारी को गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपनी सांस्कृतिक पहचान को बरकरार रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच एक जीवंत सेतु के रूप में सेवा करने के लिए हिंदू अमेरिकी समुदाय की भी प्रशंसा की।

अमेरिका : दो समूहों के बीच हुए विवाद में आठ महीने के बच्चे सहित तीन की हत्या
 अमेरिका के यूटा राज्य के साल्ट लेक सिटी के उपनगरीय इलाके में रविवार को दो समूहों के बीच विवाद छिड़ गया। वेस्ट वैली सिटी के सेंटेनियल पार्क में चल रहे सालाना कार्निवल वेस्टफेस्ट के दौरान हुए इस विवाद में आठ महीने के बच्चे सहित तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

मारे गए लोगों में 41 साल की एक महिला भी शामिल हैं। विवाद में शामिल एक समूह का 18 साल का युवक भी मारा गया। वहीं, दो किशोर घायल हो गए। वेस्ट वैली सिटी पुलिस विभाग के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार रविवार को रात 9:20 बजे वेस्टफेस्ट कार्निवल में काम करने वाले अधिकारियों ने दो समूहों को मौखिक रूप से झगड़ा करते हुए देखा। जैसे ही पुलिस ने झगड़े को रोकने की कोशिश की, वैसे ही एक समूह के 16 साल के लड़के ने बंदूक निकाली और दूसरे समूह पर गोली चला दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। गोली चलाने वाले लड़के को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया। घायल किशोरों में एक पुरुष और एक महिला दोनों के हाथों पर गोली लगी थी।

हवाई के जंगलों में लगी भीषण आग, 50 लोग बचाए गए

हवाई के माउइ द्वीप के जंगलों में भीषण आग के चलते लोगों को निकाला जा रहा है। तेज हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया है। गौरतलब है कि दो साल पहले भी इस द्वीप पर आग लगी थी, जिसमें 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे। रविवार की सुबह आग लगी थी, जो अब 330 एकड़ इलाके में फैल चुकी है। राहत की बात ये है कि आग को 85 प्रतिशत तक नियंत्रित कर लिया गया है। अभी रिहायशी इलाके तक ये आग नहीं पहुंची है, जिससे किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। घर-घर जाकर लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है।  

उत्तर कोरियाई तानाशाह से मिलने पहुंचे रूसी अधिकारी

रूसी मीडिया के अनुसार, रूस सरकार के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी उत्तर कोरिया दौरे पर हैं, जहां वे उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से मुलाकात करेंगे। यह रूसी अधिकारियों की एक माह में दूसरी प्योंगयांग यात्रा है। रूसी मीडिया के अनुसार, रूस सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव सर्गेइ शोइगु एक खास मकसद से प्योंगयाग पहुंचे हैं और उत्तर कोरिया के तानाशाह से मुलाकात करेंगे। उत्तर कोरिया ने यूक्रेन के खिलाफ लड़ाई में रूस की मदद के लिए अपने सैनिक रूस मोर्चे पर तैनात किए थे। साथ ही हथियारों से भी रूस की मदद की। अब अमेरिका को डर है कि उत्तर कोरिया को रूसी तकनीक मिल सकती है, जिससे उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार और ज्यादा मारक और घातक बन सकते हैं। 

यूएई तटरक्षक बल ने ऑयल टैंकर हादसे में बचाए 24 लोग

संयुक्त अरब अमीरात के तटरक्षक बल ने ऑयल टैंकर हादसे में 24 लोगों को बचाया है। यह हादसा होर्मुज खाड़ी के पूर्व में हुआ, जब दो जहाज आपस में टकरा गए। एक जहाज मिस्त्र की स्वेज नहर जा रहा था। यूएई के तटरक्षक बल के जवानों ने मौके पर पहुंचकर 24 लोगों को बचाया। 

इंडोनेशिया के बाली में ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक की हत्या के आरोप में दो संदिग्ध हिरासत में

इंडोनेशिया के बाली में एक ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक की हत्या के आरोप में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। एक आरोपी को राजधानी जकार्ता से और दूसरे को विदेश से हिरासत में लिया गया है और अब उसे इंडोनेशिया वापस लाया जा रहा है। ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस, इंडोनेशिया पुलिस और आव्रजन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर इन्हें पकड़ा। बीते शुक्रवार को मेलबर्न निवासी जिवान राडमानोविक (32) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

चीन की पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 9 की मौत, 26 घायल

चीन की एक पटाखा फैक्ट्री में धमाके में 9 लोगों की मौत हुई है और 26 अन्य घायल हुए हैं। घटना सोमवार की है, जब हुन्नान प्रांत के लिनली काउंटी में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में आग के साथ धमाका हुआ, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और 26 लोग घायल हुए। पटाखा फैक्ट्री होने की वजह से कई धमाके हुए और मौके पर पानी की कमी के चलते बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई। आग किस वजह से लगी अब उसकी जांच की जा रही है। 
विज्ञापन

टिकटॉक को बेचने के लिए चीनी मालिकों को और महोलत देंगे ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को सुझाव दिया कि वह टिकटॉक के चीनी मालिक को लोकप्रिय वीडियो शेयरिंग एप बेचने के लिए और मोहलत देंगे। अमेरिकी मालिकों को ऐप बेचने के संभावित सौदे के ठंडे बस्ते में जाने के बाद ट्रंप ने अप्रैल की शुरुआत में टिकटॉक को 75 दिनों तक चालू रखने के आदेश पर हस्ताक्षर किए थे। ट्रंप ने एयरफोर्स वन में पत्रकार के सवाल पर कहा, शायह हां... शायद उसे चीन की मंजूरी जरूरी होगी, लेकिन हमें लगता है कि हम उसे हासिल कर लेंगे। मुझे लगता है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग अंततः मंजूरी दे देंगे।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें