अमेरिका में न्यूयॉर्क शहर के एक भीड़भाड़ वाले क्लब में रविवार तड़के हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई व आठ लोग घायल हो गए। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग की आयुक्त जेसिका टिश ने संवाददाताओं को बताया कि जांचकर्ताओं का मानना है कि हमलावर ने स्थानीय समयानुसार तड़के करीब साढ़े तीन बजे से पहले एक विवाद के बाद ब्रुकलिन के क्राउन हाइट्स स्थित टेस्ट ऑफ द सिटी लाउंज में कई हथियारों से गोलीबारी की। सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
पाकिस्तान में पोलियो के दो मामले सामने आए
पाकिस्तान में पोलियो वायरस के दो नए मामले सामने आए हैं। देश में इस साल घातक बीमारी से पीड़ित लोगों की संख्या 21 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि नए मामले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहिस्तान लोअर जिले और सिंध प्रांत के बादिन जिले में सामने आए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (एनआईएच) में पोलियो उन्मूलन के लिए क्षेत्रीय संदर्भ प्रयोगशाला ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा में पीड़ित छह साल की बच्ची है, जबकि सिंध में 21 महीने की बच्ची इस बीमारी से संक्रमित हुई है। इसके साथ ही 2025 में देश में कुल मामलों की संख्या 21 हो गई है, जिनमें खैबर पख्तूनख्वा से 13 और सिंध से छह मामले शामिल हैं।
इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप पर भूकंप के झटके, 29 घायल
इंडोनेशिया के पूर्वी भाग में रविवार सुबह लगातार भूकंप के 15 झटके महसूस किए गए। समुद्र के नीचे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.8 थी। इसमें 29 लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप मध्य सुलावेसी प्रांत में पोसो जिले से 15 किलोमीटर उत्तर में आया। इसके बाद कम से कम 15 झटके महसूस किए गए। इंडोनेशियाई अधिकारियों की तरफ से सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मैसाचुसेट्स ने 15 अगस्त को घोषित किया भारत दिवस
अमेरिकी प्रांत मैसाचुसेट्स ने 15 अगस्त को भारत दिवस घोषित किया है। इसके लिए भारतीय दूतावास ने गवर्नर माउरा टी हीलेय का आभार जताया। भारतीय दूतावास ने कहा कि इस फैसले से भारतीय-अमेरिकी सम्मानित महसूस कर रहे हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, यह सम्मान भारतीय-अमेरिकी समुदाय का सम्मान करता है और भारत तथा संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच मैत्री के बंधन को और गहरा करता है।
पाकिस्तान के मंत्री ने फिर बिना सबूत भारतीय विमानों को गिराने का किया दावा
पाकिस्तान के एक मंत्री ने फिर से बिना सबूत गत मई में दोनों देशों के बीच संघर्ष में छह भारतीय विमानों को गिराने का दावा किया है। सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने 31 मई को पाकिस्तान के इस दावे को खारिज कर चुके हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसीन नकवी ने रविवार को दावा किया कि इस्लामाबाद ने इस मामले में यह तय किया था कि बिना ठोस सबूत के इसके बारे में कोई औपचारिक घोषणा नहीं करेगा।
नकवी ने हालांकि यह नहीं बताया कि पाकिस्तान इससे जुड़े सबूत को कब सार्वजनिक करेगा। नकवी ने यह भी हास्यास्पद दावा किया कि संघर्ष के दौरान भारतीय मिसाइलों के हमले में पाकिस्तान के किसी महत्वपूर्ण ठिकानों को नुकसान नहीं पहुंचा।
लगातार मौतों के बावजूद पर्वतारोहण अभियानों को नहीं रोकेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान ने उत्तर में पर्वतारोहण अभियानों के लिए कोई चेतावनी या प्रतिबंध जारी नहीं किया है। एक अधिकारी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में कई पर्वतारोहियों की मौत हुई है। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र की सरकार के प्रवक्ता फैजुल्लाह फराक ने कहा कि पर्वतारोही खराब मौसम और अन्य सभी जोखिमों व चुनौतियों से अच्छी तरह वाकिफ थे। इस क्षेत्र में दुनिया के कुछ सबसे ऊंचे पहाड़ हैं।
फाराक ने कहा, इसके बावजूद, वे स्वेच्छा से इन चुनौतियों को स्वीकार करते हैं और इन शिखरों पर चढ़ने के लिए यहां आते हैं। 37 वर्षीय चीनी पर्वतारोही गुआन जिंग इन पर्वतों में से एक पर जान गंवाने वालों में शामिल हैं। पिछले मंगलवार को दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची चोटी के2 पर गिरती चट्टानों की चपेट में आने से उनकी मृत्यु हो गई। के2 अपनी खतरनाक ढलानों और खराब मौसम के लिए जानी जाती है। बचाव दल ने शनिवार को उनका शव बरामद किया। फराक ने कहा कि रविवार को उनका पार्थिव शरीर स्कार्दू के संयुक्त सैन्य अस्पताल के शवगृह में ही रखा हुआ था।
कांगो : नॉर्थ किवु में आतंकियों ने की 30 की हत्या, 100 बंधक
कांगो के नॉर्थ किवु इलाके में आतंकियों ने बड़ी हिंसा को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक, बापेरे गांव में बुधवार से शुक्रवार तक हुए हमलों में कम से कम 30 लोगों की हत्या कर दी गई है। वहीं, करीब 100 लोगों को बंधक बना लिया गया है। स्थानीय सेना और प्रशासन ने इस घटना की पुष्टि की है। लुबेरो इलाके के सैन्य प्रशासक कर्नल एलेन किवावा ने बताया कि आतंकियों ने लोगों पर धारदार हथियारों से हमला किया।
कई घरों को भी जला दिया गया। नागरिक समाज संगठन के नेता सैमुअल कहेनी ने कहा कि अधिकांश लोगों की हत्या चाकुओं और मचेटियों से की गई। यह हमला पिछले महीने इतुरी प्रांत में हुए हमले जैसा ही है, जिसमें करीब 40 लोग मारे गए थे। हमलों के पीछे इस्लामिक स्टेट से जुड़े एलाइड डेमोक्रेटिक फोर्स (एडीएफ) का हाथ बताया जा रहा है। एडीएफ की जड़ें पड़ोसी देश युगांडा में हैं और यह संगठन लंबे समय से कांगो और युगांडा की सीमा पर सक्रिय है। हालांकि दोनों देशों ने संयुक्त सैन्य अभियान चलाया है, लेकिन इसके बावजूद पिछले कुछ महीनों में एडीएफ के हमले और भी ज्यादा बढ़े हैं।
स्पेन में की जंगल में लगी भयंकर आग, 500 और सैनिक तैनात; कई इलाकों में हालात बेकाबू
स्पेन इन दिनों भीषण गर्मी और भयंकर जंगल की आग से जूझ रहा है। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने रविवार को बताया कि आग पर काबू पाने के लिए 500 और सैनिकों को तैनात किया जा रहा है। इससे पहले 1,400 से ज्यादा सैनिक पहले से ही आग बुझाने में लगे हुए हैं। उत्तर-पश्चिमी गैलिसिया इलाके, खासकर ओरेन्से शहर के पास, आग सबसे ज्यादा फैल रही है। गैलिसिया के क्षेत्रीय प्रमुख अल्फोंसो रूएडा ने कहा कि इलाके में 12 बड़ी जगहों पर जंगल जल रहे हैं। कई घरों को खतरा है, इसलिए वहां लॉकडाउन लगाया गया है और लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा जा रहा है।
स्पेन की मौसम एजेंसी AEMET के मुताबिक, रविवार को देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शनिवार को कॉर्डोबा शहर में तापमान 44.7°C रिकॉर्ड किया गया।AEMET ने सोशल मीडिया पर चेतावनी दी है कि इतनी अधिक गर्मी में जंगल की आग का खतरा पूरे देश में बेहद गंभीर है।
इराक में आईएसआईएस के नरसंहार का दर्दनाक सच, मोसुल के पास सामूहिक कब्र की खुदाई शुरू
इराक में अधिकारियों ने मोसुल शहर के पास अल-ख़ाफ़सा इलाके में एक सामूहिक कब्र की खुदाई शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि यह कब्र आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट) आतंकियों द्वारा एक दशक पहले किए गए नरसंहार से जुड़ी हुई है। सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन, न्यायपालिका, फॉरेंसिक टीम, शहीद फाउंडेशन और मास ग्रेव डायरेक्टोरेट मिलकर इस काम को अंजाम दे रहे हैं।
इराक की शहीद फाउंडेशन के मास ग्रेव विभाग के प्रमुख अहमद क़ुसै अल-असदी ने बताया कि यह खुदाई 9 अगस्त को नीनवे प्रांत के गवर्नर अब्दुलकादिर अल-दाखिल के अनुरोध पर शुरू की गई। फिलहाल शुरुआती चरण में सतह पर दिखाई देने वाले मानव अवशेष और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। इसके बाद पीड़ित परिवारों से डीएनए सैंपल लेकर एक डेटाबेस तैयार किया जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने बाढ़ में हुई मौतों पर जताया दुख
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारत और पाकिस्तान में हाल ही में आई अचानक बाढ़ के कारण हुई दुखद मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया है। गुटेरेस ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने रविवार को जारी एक बयान में कहा, 'संयुक्त राष्ट्र की टीमें आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए सरकारों के साथ हैं।'
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति को लिखा पत्र
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध में बच्चों की दुर्दशा पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को एक पत्र लिखा, जिसमें पुतिन से बच्चों की मासूमियत की रक्षा करने का आग्रह किया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को अलास्का में पुतिन के साथ अपनी मुलाकात के दौरान खुद यह पत्र सौंपा। मेलानिया ट्रंप ने यूक्रेन का नाम लिए बगैर लिखा, 'हर बच्चा अपने दिल में एक जैसे सपने देखता है, चाहे वह किसी देश में पैदा हुआ हो। वे प्यार, संभावना और खतरे से सुरक्षा का सपना देखते हैं। माता-पिता होने के नाते, अगली पीढ़ी की आशा को पोषित करना हमारा कर्तव्य है। निस्संदेह, हमें सभी के लिए एक गरिमापूर्ण दुनिया बनाने का प्रयास करना चाहिए - ताकि हर आत्मा शांति के साथ जाग सके, और भविष्य पूरी तरह से सुरक्षित रहे।'
नाइजीरिया में नाव पलटने से कम से कम 40 लोग लापता
उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में रविवार को एक नदी में नाव पलट जाने से कम से कम 40 लोग लापता हैं। नाइजीरिया की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी ने रविवार देर रात एक बयान में कहा कि यह दुर्घटना सोकोतो राज्य के गोरोन्यो इलाके के आसपास उस समय हुई जब लोग नाव में सवार होकर बाजार जा रहे थे। आपातकालीन एजेंसी ने कहा कि 10 लोगों को बचाया गया है। खोज और बचाव अभियान जारी हैं।
नाइजीरिया में बारिश के मौसम में दूरदराज के इलाकों में ऐसी दुर्घटनाएं आम हैं, जो अक्सर नावों के क्षमता से अधिक भरे होने और खराब रखरखाव वाले जहाजों के कारण होती हैं। पिछले महीने भी उत्तर-मध्य नाइजीरिया के एक बाज़ार में यात्रियों को ले जा रही एक नाव पलट गई, जिसमें कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 2024 में नाइजीरिया में नाव दुर्घटनाओं में कम से कम 326 लोग मारे गए।
कठोर नीति के बावजूद ग्रीस के क्रीट द्वीप पर थम नहीं रहा प्रवासियों के आने का सिलसिला
ग्रीस के क्रीट द्वीप पर प्रवासियों की नावों के पहुंचने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को ही तट रक्षक बल ने दो नौकाओं को रोका, जिनमें कुल 120 से ज्यादा प्रवासी सवार थे। इनमें एक नाव में 58 और दूसरी में 68 लोग थे। शुरुआती जांच में पता चला कि ये नावें लीबिया से चली थीं। सभी प्रवासियों को अस्थायी शेल्टर में रखा गया है और उन पर सुरक्षा निगरानी भी कड़ी की गई है। इससे पहले सप्ताहांत में भी 100 से अधिक लोग क्रीट पहुंचे थे। सरकार और क्रीट के स्थानीय प्रशासन के बीच प्रवासियों के लिए स्थायी ट्रांजिट सुविधा बनाने को लेकर मतभेद है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि ऐसे फैसलों से द्वीप पर दबाव और बढ़ेगा, जबकि सरकार इसे लंबे समय तक समस्या से निपटने का एक समाधान मानती है। इस टकराव के चलते फिलहाल स्थायी केंद्र बनाने की योजना पर रोक लगी हुई है।
अमेरिकी शहर यूटा में गोलीबारी में तीन अधिकारी घायल, एक व्यक्ति हिरासत में
उत्तरी यूटा शहर में हुई गोलीबारी में तीन पुलिस अधिकारी घायल हो गए और एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया। रविवार देर रात ट्रेमोंटन के एक इलाके में हुई अशांति की सूचना पर अधिकारी कार्रवाई कर रहे थे। बदमाशों ने तुरंत गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने अतिरिक्त टुकड़ियों की मांग की। फिर रेडियो का जवाब देना बंद कर दिया। जब अतिरिक्त पुलिस पहुंची, तो अधिकारी गोलीबारी करने वाले व्यक्ति का पता लगाने और उसे हिरासत में लेने में सफल रहे।
बलूचिस्तान में हमले की योजना बनाने के आरोप में पाकिस्तानी विश्वविद्यालय का लेक्चरर गिरफ्तार
दक्षिण-पश्चिमी पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने एक विवि के लेक्चरर को गिरफ्तार किया है। उस पर एक आत्मघाती हमले की योजना बनाने का आरोप है। यह हमला पिछले सप्ताह बलूचिस्तान में स्वतंत्रता दिवस समारोह को निशाना बनाकर किया जाना था। मुख्यमंत्री सरफराज बुगती के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति उस्मान काजी का संबंध बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के आत्मघाती दस्ते प्रतिबंधित मजीद ब्रिगेड से बताया गया है। उन्होंने एक वीडियो फुटेज दिखाया जिसमें काजी ने नाकाम हमले की योजना बनाने और हाल के वर्षों में आतंकवादियों की मदद करने की बात स्वीकार की।
स्विस घड़ी निर्माता कंपनी स्वैच ने विज्ञापन के लिए माफी मांगी
स्विस घड़ी निर्माता कंपनी स्वैच ने सोमवार को एक विज्ञापन के लिए माफी मांगी। इससे चीन और अन्य जगहों पर उपभोक्ता परेशान हुए थे। कंपनी ने कहा कि उसने दुनिया भर से सभी संबंधित सामग्रियों को तुरंत हटा दिया है। स्वैच एसेंशियल्स संग्रह की एक तस्वीर में एक एशियाई पुरुष मॉडल को अपनी पलकों के किनारों को अपनी अंगुलियों से ऊपर और पीछे की ओर खींचते हुए दिखाया गया है। इस इशारे को अपमानजनक और नस्लवादी माना गया है। स्वैच ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि इससे हुई किसी भी परेशानी या गलतफहमी के लिए हम तहे दिल से माफी मांगते हैं। हम इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेंगे। माफीनामा चीनी सोशल नेटवर्क वेइबो पर भी चीनी और अंग्रेजी में पोस्ट किया गया।