फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: संघीय अदालत से US प्रशासन को झटका, व्हाइट हाउस के आदेश पर रोक; ट्रंप के जन्मदिन पर होगी सैन्य परेड

Sat, 03 May 2025 12:10 AM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
world updates - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

अमेरिका की एक संघीय अदालत ने एक प्रतिष्ठित कानूनी फर्म को जानबूझकर निशाना बनाए जाने वाले व्हाइट हाउस के कार्यकारी आदेश पर रोक लगा दी है। कोर्ट के इस आदेश को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कानूनी पेशे के खिलाफ प्रतिशोध के अभियान को बड़ा झटका माना जा रहा है। यूएस डिस्ट्रिक्ट बेरिल हॉवेल ने कहा किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति ने अब तक किसी कानूनी फर्म के खिलाफ इस तरह का आदेश नहीं जारी किया है, जैसा ट्रंप प्रशासन की ओर से किया गया। पर्किन्स कोय नाम की इस लॉ फर्म के खिलाफ व्हाइट हाउस के कार्यकारी आदेश ने संविधान के कई प्रावधानों का उल्लंघन किया। ट्रंप प्रशासन के आदेश पर तत्काल रोक लगाई जाती है। व्हाइट हाउस के आदेश में फर्म को उसके वकीलों की सुरक्षा मंजूरी छीनकर, उसके कर्मचारियों को संघीय भवनों तक पहुंचने से रोककर और फर्म से जुड़े संघीय अनुबंधों को रद्द करके दंडित करने की मांग की गई थी। व्हाइट हाउस ने आरोपी लगाया था कि इस कानूनी फर्म ने 2016 के राष्ट्रपति पद की दौड़ के दौरान डेमोक्रेट पार्टी की हिलेरी क्लिंटन के अभियान का प्रतिनिधित्व किया था।

विज्ञापन


सेना की 250वीं वर्षगांठ : ट्रंप के जन्मदिन पर आयोजित की जाएगी सैन्य परेड
अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ मनाने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जन्मदिन पर एक सैन्य परेड का आयोजन किया जाएगा। सेना ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। परेड की योजना के अनुसार करीब 6,600 सैनिक 150 वाहनों और 50 हेलिकॉप्टरों के साथ अर्लिंग्टन, वर्जीनिया से नेशनल मॉल तक मार्च करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि परेड पर करोड़ों डॉलर की लागत आएगी। बता दें कि यह महंगी परेड ऐसे समय में हो रही है, जब ट्रंप प्रशासन संघीय सरकार के खर्च में कटौती कर रही है। बता दें कि सेना का 250वां जन्मदिन 14 जून को ट्रंप के 79वें जन्मदिन के साथ ही पड़ रहा है।

 

इमरान खान की पार्टी के 82 कार्यकर्ताओं को चार महीने की सजा
पाकिस्तान की एक आतंकवाद निरोधी अदालत ने शुक्रवार को जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के 82 कार्यकर्ताओं को पिछले साल हिंसक प्रदर्शन करने के लिए चार महीने की जेल की सजा सुनाई। 26 नवंबर को इस्लामाबाद और रावलपिंडी में विरोध प्रदर्शन करने के बाद 1,500 से अधिक पीटीआई समर्थकों को गिरफ्तार किया गया था। इन लोगों ने सरकार पर पार्टी संस्थापक खान को रिहा करने का दबाव बनाया था। खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। सुनवाई के बाद रावलपिंडी स्थित अदालत ने 82 आरोपियों को दोषी ठहराया और प्रत्येक को चार महीने की कैद और 15,000 रुपये का जुर्माना लगाया। 

दक्षिण अफ्रीकी महिला 6 वर्षीय बेटी के अपहरण और बिक्री के लिए दोषी
दक्षिण अफ्रीका की एक महिला को शुक्रवार को अपनी 6 साल की बेटी का अपहरण करने और उसे बेचने का दोषी ठहराया गया। लड़की एक साल से भी ज्यादा समय पहले लापता हो गई थी और अभी तक नहीं मिली है। इस मामले में केली स्मिथ, उसके बॉयफ्रेंड और बॉयफ्रेंड के दोस्त को बच्ची जोशलिन के अपहरण और मानव तस्करी में दोषी माना गया। जोशलिन फरवरी 2024 में गायब हुई थी, उस समय वह सिर्फ 6 साल की थी।

फलस्तीनी-अमेरिकी लड़के की हत्या और उसकी मां पर हमला करने वाले को 53 साल की सजा
इलिनोइस में एक 73 साल के मकान मालिक जोसेफ जुबा को एक 6 साल के मुस्लिम लड़के अल्फायूमी की हत्या और उसकी मां हनान शाहीन को बुरी तरह घायल करने के जुर्म में 53 साल की सजा सुनाई गई है। यह घटना अक्तूबर 2023 में इस्राइल-हमास के बीच युद्ध शुरू होने के दौरान हुई थी। जुबा ने गुस्से में आकर मां और बेटे पर हमला कर दिया क्योंकि वे मुस्लिम थे। हमले के समय मां-बेटा शिकागो के पास प्लेनफील्ड शहर में जुबा के घर में किराए पर रह रहे थे। अदालत में पुलिस के वीडियो, खून से सना हुआ कमरा और मां की 911 (आपात कॉल) की रिकॉर्डिंग भी पेश की गई। जूरी सदस्यों ने फैसला सुनाने से पहले 90 मिनट से भी कम समय तक विचार-विमर्श किया। जुबा की तलाकशुदा पत्नी मैरी ने भी मामले में गवाही दी और कहा कि हमले के समय वह इस्राइल-हमास युद्ध को लेकर बहुत गुस्से में था। 

पाकिस्तान को अवैध व्यापार से 3.4 ट्रिलियन रुपये का नुकसान: रिपोर्ट
पाकिस्तान को अवैध व्यापार की वजह से हर साल 3.4 ट्रिलियन रुपये का नुकसान हो रहा है, जिसमें अफगान ट्रांजिट ट्रेड सुविधा के गलत इस्तेमाल से होने वाला 30 फीसदी नुकसान भी शामिल है। यह खुलासा बृहस्पतिवार को जारी पॉलिसी रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ मार्केट इकोनॉमी (PRIME) की रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान में अवैध व्यापार से अनुमानित नुकसान इस वित्तीय वर्ष के वार्षिक कर लक्ष्य के 26 फीसदी के बराबर है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि अनौपचारिक अर्थव्यवस्था के कारण 123 बिलियन अमेरिकी डॉलर के वार्षिक कर राजस्व का नुकसान 3.4 ट्रिलियन रुपये है।

भारतीय स्कॉलर के निर्वासन केस को टेक्सास स्थानांतरित करना चाहता है ट्रंप प्रशासन
ट्रंप प्रशासन ने जॉर्जटाउन विवि के भारतवंशी स्कॉलर बदर खान सूरी के निर्वासन केस को वर्जीनिया से टेक्सास ले जाने के लिए अदालत से अनुरोध किया है। सूरी को हमास के समर्थन के आरोप में पकड़ा गया है। जिला जज पेट्रीसिया टोलिवर गिल्स ट्रंप प्रशासन के इस अनुरोध पर संशय में हैं, और उन्होंने मामले को फिलहाल स्थगित कर दिया है। सूरी के वकीलों ने तर्क दिया कि उन्हें इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि उनकी पत्नी फलस्तीनी मूल की हैं।सरकार का आरोप है कि सूरी ने सोशल मीडिया पर हमास का समर्थन किया है। जामिया मिलिया इस्लामिया के पूर्व छात्र सूरी वर्तमान में जॉर्जटाउन विवि में अलवलीद बिन तलाल सेंटर फॉर मुस्लिम-क्रिस्चियन अंडरस्टैंडिंग में पोस्टडॉक्टरल फेलो हैं।

अमेरिका : सरकारी खर्च में 163 अरब डॉलर की कटौती का प्रस्ताव
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन दूसरे कार्यकाल का पहला बजट का खाका बना रहा है। इस दौरान उसने सरकारी खर्च में 163 अरब डॉलर की कटौती का प्रस्ताव रखा है।  बजट में रक्षा खर्च में 13% और भूमि सुरक्षा खर्च में लगभग 65% की वृद्धि होगी। व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट एंड बजट (ओएमबी) की ओर से जारी कहा गया है, गैर-रक्षा विवेकाधीन खर्च में 23% की कटौती कर इसे 2017 के बाद से सबसे कम स्तर पर लाया जाएगा।

अफगानिस्तान के व्यापारियों ने भारत से व्यापार में रुचि दिखाई
ईरान एक्सपो 2025 में भाग लेने वाले अफगानिस्तान के व्यापारियों ने भारत के साथ कारोबार को बढ़ावा देने में रुचि दिखाई और दोनों देशों की सरकारों से व्यापारियों के लिए सुविधाएं बनाने का भी आग्रह किया। मौजूदा व्यापार संबंधों पर बोलते हुए, अफगानिस्तान के कारोबारी अब्दुलकादिम तैयब ने कहा, पहले दोनों देशों के बीच अच्छा द्विपक्षीय व्यापार होता था। वाघा सीमा बंद होने से यह प्रभावित हुआ है। 

भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष वियतनाम पहुंचे, वेसाक दिवस प्रदर्शनी में कर सकेंगे लोग दर्शन
भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष शुक्रवार को भारतीय वायुसेना के विमान से वियतनाम पहुंच गए हैं। वेसाक दिवस पर यहां लगने वाली प्रदर्शनी में बौद्ध श्रद्धालु इनके दर्शन कर सकेंगे। इन अवशेषों को केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू के नेतृत्व में वियतनाम की हो ची मिन्ह सिटी पहुंचाया गया।

केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने एक्स पर जानकारी दी कि भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के साथ उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए वियतनाम पहुंच गया हूं। रिजिजू के साथ आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कंदुला दुर्गेश और अन्य अधिकारी भी शामिल थे। वियतनाम सरकार ने इसे लाने के लिए भारत के प्रति आभार व्यक्त किया। ब्यूरो
वाराणसी के सारनाथ में स्थापित भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष वियतनाम द्वारा आयोजित संयुक्त राष्ट्र दिवस वेसाक के भव्य समारोह के दौरान एक प्रदर्शनी में दर्शन के लिए रखे जाएंगे। पवित्र अवशेष संयुक्त राष्ट्र वेसाक दिवस समारोह के हिस्से के रूप में 2 से 21 मई 2025 तक वियतनाम में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखे रहेंगे। इस मौके पर लगभग 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

भगवान बुद्ध काअवशेष वाराणसी के सारनाथ में स्थापित है और इसकी खुदाई आंध्र प्रदेश के नागार्जुन कोंडा में की गई थी। माना जाता है कि यह 246 ई. से भी पुराना है।

अमेरिका में इस फ्लू सीजन में 216 बच्चों की मौत
अमेरिका में इस साल के फ्लू सीजन में अब तक 216 बच्चों की मौत हो चुकी है। यह संख्या बीते 15 सालों में सबसे ज्यादा है। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्रों द्वारा की गई रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले 2009-2010 में जब स्वाइन फ्लू फैला था, तब इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की जान गई थी। पिछले साल फ्लू से 207 बच्चों की मौत हुई थी, जबकि इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 216 हो गया है। यह संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि फ्लू सीजन अभी भी चल रहा है। 

जर्मनी में पैदल चल रहे लोगों को कार ने मारी टक्कर, कई घायल
जर्मनी के शहर स्टटगार्ट में बृहस्पतिवार को एक कार ने पैदल चल रहे लोगों के समूह को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हो गए। कुछ की हालत गंभीर है। हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल पर ही ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि हादसा भूमिगत मेट्रो स्टॉप पर हुआ। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, कार गहरे हरे रंग की मर्सिडीज थी। मामले की जांच की जा रही है। इसके अलावा, इलाके से होकर गुजरने वाली मेट्रो सेवा को निलंबित कर दिया गया है।

श्रीलंकाई एयरलाइंस ने भारत से आ रहे विमान में चलाया तलाशी अभियान
श्रीलंका की पुलिस ने शनिवार को चेन्नई से आने वाली एक उड़ान में तलाशी ली।  सूचना मिली थी कि पहलगाम आतंकवादी हमले से जुड़ा एक संदिग्ध विमान में सवार हो सकता है। पुलिस प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

श्रीलंकाई एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उसका विमान चेन्नई से कोलंबो के भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 11:59 बजे पहुंचा। आगमन पर यह विमान व्यापक सुरक्षा निरीक्षण से गुजरा। एयरलाइंस ने बताया कि भारत में वांछित एक संदिग्ध के बारे में अलर्ट मिलने के बाद स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय में तलाशी ली गई, जिसके विमान में सवार होने की आशंका थी।

आप दुखी होते हैं तो हम भी दुखी होते हैं- पहलगाम हमले पर ब्रिटेन की संस्कृति मंत्री
भारत दौरे पर आईं ब्रिटेन की संस्कृति, मीडिया और खेल मामलों की मंत्री लिसा नंदी ने पहलगाम हमले को लेकर कहा, हमारे प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी संवेदनाएं भेजी हैं और इस खौफनाक हमले में मार गए लोगो के परिवारों के प्रति संवेदन व्यक्त की है। उन्होंने आगे कहा, आतंकवाद के खिलाफ ब्रिटेन हमेशा भारत के साथ खड़ा है, चाहे वह किसी भी रूप में हो। हम जानते हैं कि भारत इस हमले से बहुत आहत है और भारत के साथ हमारा बहुत पुराना और गहरा संबंध है। जब आप दुखी होते हैं, तो हम भी दुखी होते हैं।  

विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक को लेकर उन्होंने कहा, हम द्विपक्षीय बैठक करके बहुत खुश है। बैठक में इश बात पर चर्चा की गई कि हम और अधिक करीब से कैसे सहयोग कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिल्म, फैशन के क्षेत्र में भारत की कामयाबी को आगे बढ़ाने और आने वाले वर्षों के लिए इसे आगे बढ़ाने के प्रति अपनी निजी प्रतिबद्धता जताई है। हमारे प्रधानमंत्री स्टार्मर उनसे बहुत सहमत हैं। ब्रिटेन सरकार बिल्कुल यही करने का प्रयास  कर रही है और हम इस बात को ध्यान में रख रहे हैं कि भारत और ब्रिटेन मिलकर क्या हासिल कर सकते हैं। 
 
विज्ञापन

कनाडाई PM कार्नी अगले सप्ताह ट्रंप से करेंगे मुलाकात
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने शुक्रवार को कहा कि वह अगले सप्ताह मंगलवार को व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। गौर हो कि यह उच्च स्तरीय मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब ट्रंप अपने व्यापार युद्ध और कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने की इच्छा के चलते विवाद में हैं। कार्नी ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप के साथ मेरी बहुत ही रचनात्मक बातचीत हुई और हम अगले मंगलवार को वाशिंगटन में मिलने के लिए सहमत हुए हैं। आशा करता हूं कि अमेरिका और कनाडा के बीच अच्छा सौदा होगा। बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए कनाडा के फेडरल चुनाव कार्नी की लिबरल पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की थी। जीत के बाद उन्होंने कहा था कि वह अमेरिका के साथ अपने संबंधों को फिर से सुधारना चाहते हैं।

ग्रीस में महिला के हाथ में फटा बम, मौके पर मौत
शनिवार सुबह ग्रीस के उत्तरी शहर थेसालोनिकी में एक 38 साल की महिला की उस समय मौत हो गई, जब उसके हाथ में बम फट गया। पुलिस के मुताबिक, महिला सुबह करीब 5 बजे एक बैंक के बाहर बम रखने जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही बम में विस्फोट हो गया। इस धमाके में महिला की मौके पर ही मौत हो गई और आसपास की दुकानों और कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि महिला पहले भी कई डकैती के मामलों में शामिल रही है और उसकी पहचान पुलिस को पहले से थी। अब जांच की जा रही है कि उसका संबंध किसी कट्टर वामपंथी समूह से तो नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें