फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: हूती विद्रोहियों ने यमन में संयुक्त राष्ट्र कार्यालय पर किया हमला; शिकागो एयरपोर्ट पर टकराए दो विमान

Sat, 18 Oct 2025 10:40 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने शनिवार को यमन की राजधानी सना में संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यालय पर हमला किया, हालांकि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यमन में संयुक्त राष्ट्र के स्थानीय समन्वयक के प्रवक्ता जीन आलम ने बताया कि हूती विद्रोही सना स्थित संयुक्त राष्ट्र परिसर में घुस गये। उन्होंने बताया कि हूती विद्रोहियों के हमले के समय परिसर में संयुक्त राष्ट्र के 15 अंतरराष्ट्रीय कर्मचारी मौजूद थे, और ‘‘ताजा जानकारी के अनुसार परिसर में मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।’’ संयुक्त राष्ट्र के एक अन्य अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि इमारत का संचालन संयुक्त राष्ट्र द्वारा किया जाता है और वहां तैनात कर्मचारी विश्व खाद्य कार्यक्रम और यूनिसेफ सहित संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न एजेंसियों से जुड़े हैं।

विज्ञापन


शिकागो एयरपोर्ट पर टकराए दो विमान
शिकागो के ओहेयर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एक यूनाइटेड एयरलाइंस विमान गेट की ओर बढ़ते हुए दूसरे विमान की पूंछ से टकरा गया। एयरलाइन के अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कोई भी यात्री या चालक दल का सदस्य घायल नहीं हुआ। यह घटना यूनाइटेड फ्लाइट 2652 की है, जो जैक्सन होल, वायोमिंग से शिकागो पहुंची थी। विमान में सवार 113 यात्रियों को थोड़ी देरी के बाद सुरक्षित उतार लिया गया। दूसरा विमान उस समय स्थिर स्थिति में था जब यह टक्कर हुई। एक यात्री बिल मार्कस ने बताया कि उन्हें शुरुआत में टक्कर का एहसास तक नहीं हुआ। बाद में पायलट ने बताया कि दस्तावेजी औपचारिकताओं के कारण थोड़ी देरी होगी। यह घटना उस समय हुई है जब हाल के महीनों में अमेरिका में कई विमान हादसे और ‘नियर मिस’ की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे विमानन सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

ब्रिटेन की संसद में उठा बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार का मुद्दा
ब्रिटेन की संसद में बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार और हिंसा का मुद्दा जोरशोर से उठाया गया। इस मामले में ब्रिटिश सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह किसी भी तरह की नफरत या हिंसा की कड़ी निंदा करती है, जो किसी भी अल्पसंख्यक धार्मिक समुदाय के खिलाफ हो।

यह मामला ब्रिटिश हिंदुओं की संसदीय समिति (APPG) के अध्यक्ष और कंज़र्वेटिव पार्टी के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने उठाया। उन्होंने हाल ही में प्रकाशित Insight UK की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें बताया गया कि बांग्लादेश में हिंदुओं को दिवाली से पहले प्रताड़ना, हिंसा और हत्या का सामना करना पड़ रहा है, उनके मंदिरों को तोड़ा जा रहा है और घरों को जला दिया जा रहा है।

ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट से मांगी शिकागो में गार्ड तैनाती
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया कि शिकागो क्षेत्र में नेशनल गार्ड (सैनिक बल) को तैनात करने की अनुमति दी जाए। यह कदम डेमोक्रेटिक गवर्नरों के साथ बढ़ते टकराव के बीच उठाया गया है, जो अमेरिका में सैन्य बलों की तैनाती को लेकर ट्रंप का विरोध कर रहे हैं। इससे पहले एक संघीय न्यायाधीश ने कम से कम दो हफ्तों के लिए इलिनॉय और टेक्सास से आने वाले गार्ड सैनिकों की तैनाती पर रोक लगा दी थी। इसके बाद फेडरल अपील कोर्ट ने भी इस आदेश को पलटने से इनकार कर दिया। अब ट्रंप प्रशासन इस मामले को सुप्रीम कोर्ट लेकर गया है और आपातकालीन अपील दायर की है।

अदन की खाड़ी में मिसाइल हमला, हूती विद्रोहियों के हमले में कार्गो जहाज में लगी आग
यमन के हूती विद्रोहियों ने सोमवार को अदन की खाड़ी में एक मिसाइल हमले में नीदरलैंड के झंडे वाले कार्गो जहाज मिनर्वाग्राख्त को निशाना बनाया, जिससे जहाज में आग लग गई। फ्रांस और ब्रिटेन की सेनाओं ने हमले की पुष्टि की है। बताया गया कि इसी जहाज पर पिछले हफ्ते भी असफल हमला हुआ था। फ्रांसीसी मैरिटाइम इन्फॉर्मेशन, कोऑपरेशन एंड अवेयरनेस सेंटर के अनुसार एक युद्धपोत मौके की ओर रवाना हो गया है। स्थानीय मीडिया ने हूती नियंत्रित क्षेत्र से बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने की आशंका जताई है। अभी तक हूती विद्रोहियों ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

ब्रिटिश सरकार का जवाब
हाउस ऑफ कॉमन्स में सरकार की ओर से जवाब देते हुए सर एलन कैंपबेल, जो कि संसद में नेता हैं, ने कहा कि हम बांग्लादेश में मानवाधिकार और मानवीय स्थिति पर लगातार नज़र रखे हुए हैं और अंतरिम सरकार के साथ मिलकर वहां शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक बदलाव में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटेन धर्म की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 

प्रिंस एंड्रयू ने छोड़ा ‘ड्यूक ऑफ यॉर्क’ की उपाधि
ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू ने शुक्रवार को घोषणा की कि वे अपनी शाही उपाधि ‘ड्यूक ऑफ यॉर्क’ छोड़ रहे हैं। यह फैसला उस समय आया है जब यौन अपराधी जेफ्री एप्सटीन के साथ उनकी पुरानी दोस्ती एक बार फिर सुर्खियों में आई है। किंग चार्ल्स तृतीय के छोटे भाई एंड्रयू ने बकिंघम पैलेस की ओर से जारी एक बयान में कहा कि मेरे खिलाफ जारी आरोप महामहिम राजा और शाही परिवार के कार्यों से ध्यान भटका रहे हैं, इसलिए मैंने यह कदम उठाने का निर्णय लिया है।  गौरतलब है कि एंड्रयू  पहले भी एप्सटीन से संबंधों को लेकर विवादों में घिर चुके हैं और 2022 में उन्हें सार्वजनिक भूमिकाओं से भी हटाया गया था।

सार्वजनिक स्थानों पर नकाब और बुर्के पर प्रतिबंध का बिल पुर्तगाल की संसद में पारित
पुर्तगाल की संसद ने शुक्रवार को लिंग या धार्मिक कारणों के लिए सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने पर प्रतिबंध लगाने वाला एक बिल पारित कर दिया। इस कदम को मुस्लिम महिलाओं द्वारा पहने जाने वाले बुर्का और नकाब जैसे वस्त्रों को निशाना बनाने के रूप में देखा जा रहा है। पुर्तगाल की धुर-दक्षिणपंथी पार्टी चेगा द्वारा पेश किए गए इस बिल में मुख्य रूप से सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने पर रोक लगाई गई है।

हालांकि, हवाई जहाजों, राजनयिक परिसरों और पूजा स्थलों में इन वस्त्रों की अनुमति होगी। नियम का उल्लंघन करने वालों पर 200 से 4,000 यूरो (20 हजार से 4 लाख रुपये) तक का जुर्माना लगाया जाएगा। राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा को के अनुमति के बाद यह बिल पूरी तरह से लागू हो जाएगा। गौरतलब है कि, इस कानून के बाद पुर्तगाल उन यूरोपीय देशों में शामिल हो जाएगा, जहां चेहरा ढकने पर पूर्ण या आंशिक प्रतिबंध है।
विज्ञापन

पाकिस्तान में आत्मघाती हमला नाकाम, चार आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने एक आत्मघाती हमले की साजिश नाकाम कर दी। अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी वजीरिस्तान जिले के मीर अली क्षेत्र में आतंकियों ने एक सैन्य कैंप को निशाना बनाने की कोशिश की। एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी कैंप की दीवार से टकरा दी, जिससे जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद तीन अन्य आतंकी कैंप में घुसने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें सुरक्षाबलों ने गोलीबारी में मार गिराया। इस पूरे ऑपरेशन में चारों आतंकी ढेर हो गए और सुरक्षाबलों को कोई नुकसान नहीं हुआ।

इसी तरह की घटनाएं बाजौर और बन्नू जिलों में भी हुईं, जहां सुरक्षाबलों ने समय रहते विस्फोटकों से भरी गाड़ियों को निशाना बनाकर बड़ा आतंकी हमला टाल दिया। बन्नू में एक थ्री-व्हीलर मरीन पुलिस स्टेशन की ओर बढ़ रहा था, जिसे पुलिस ने समय रहते उड़ा दिया। अधिकारियों के मुताबिक, बीते दो दिनों में पूरे क्षेत्र में की गई कार्रवाई में अब तक 88 आतंकियों को मारा गया है। पाक सेना ने बताया कि सोमवार से बुधवार के बीच उत्तरी वजीरिस्तान, दक्षिण वजीरिस्तान और बन्नू जिलों में की गई खुफिया कार्रवाई में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के 34 आतंकियों को ढेर किया गया।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें