फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: केरल में इलाज कराने आए केन्या के पूर्व पीएम का कार्डियक अरेस्ट से निधन, इक्वाडोर में संदिग्ध आतंकी हमला

Wed, 15 Oct 2025 02:04 PM IST
शिव शुक्ला वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन

नेपाल की सर्वोच्च अदालत में प्रतिनिधि सभा के भंग किए जाने के खिलाफ 10 याचिकाएं दर्ज की गई हैं। अंतरिम प्रधानमंत्री सुशिला कार्की की सिफारिश पर राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने 12 सितंबर को निचली सदन भंग कर दी थी। सर्वोच्च अदालत के प्रवक्ता अर्जुन प्रसाद कोइराला ने बताया कि ये याचिकाएं मंगलवार को दायर की गईं थीं। याचिकाओं की संयुक्त सुनवाई 29 अक्तूबर को निर्धारित की गई है। याचिकाओं में मुख्य रूप से राष्ट्रपति पौडेल और प्रधानमंत्री कार्की की नियुक्ति को रद्द करने, प्रतिनिधि सभा के भंग किए जाने को निरस्त करने और सदन को बहाल करने का आदेश मांगा गया है।

विज्ञापन


ब्रिटेन ने रूस पर नए तेल प्रतिबंधों में भारतीय कंपनी नायरा एनर्जी को भी किया शामिल
ब्रिटेन सरकार ने बुधवार को रूस की तेल कंपनियों और भारतीय पेट्रोलियम कंपनी नायरा एनर्जी लिमिटेड को नए प्रतिबंधों की सूची में शामिल किया। ब्रिटेन का कहना है कि नायरा ने 2024 में रूस से 10 करोड़ बैरल कच्चा तेल, जिसकी कीमत 5 अरब डॉलर से अधिक है, आयात किया था।

विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय (एफसीडीओ) ने बताया कि यह कदम रूस के राष्ट्रपति वलादिमीर पुतिन के युद्ध को वित्तीय सहायता पहुंचाने वाले तेल राजस्व को रोकने के लिए उठाया गया है। ब्रिटेन का दावा है कि इस प्रतिबंध से रूस का तेल बाजार से बाहर होगा और यूक्रेन संघर्ष में पुतिन के 'युद्ध कोष' की आय बाधित होगी। एफसीडीओ ने कहा, आज का कदम पुतिन की आय के स्रोतों को काटने और रूस की कंपनियों व उनके वैश्विक सहयोगियों को निशाना बनाने की सरकार की दृढ़ता दिखाता है। इस सूची में चीन के चार तेल टर्मिनल, 44 तेल टैंकर और नायरा एनर्जी लिमिटेड शामिल हैं। इसके पहले नायरा एनर्जी को यूरोपीय संघ (ईयू) के प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा था, जिसे कंपनी ने नकारा था। उस समय कंपनी ने कहा था, नायरा एनर्जी भारत के कानूनों और नियमों के पूर्ण अनुपालन में काम करती है।

विज्ञापन

अमेरिका : भारतीय राजदूत ने की सीनेटर टैमी से मुलाकात
अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी सीनेट में क्वाड कॉकस की सह-संस्थापक सीनेटर टैमी डकवर्थ से मुलाकात की। राजदूत क्वात्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, कानूनी गतिशीलता और रक्षा सहयोग पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने ऊर्जा सहयोग के ढांचे के तहत तेल और गैस व्यापार के साथ जैव ईंधन पर भी विचार साझा किए।  

चीनी स्कूल में हिंदी की पढ़ाई, राजदूत ने शिक्षिका को किया सम्मानित
 चीन में स्कूल स्तर पर पहली बार हिंदी की औपचारिक पढ़ाई शुरू हुई है। इस पहल के शुरू होने पर चीन में भारत के राजदूत प्रदीप कुमार रावत ने शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर के साथ मिलकर ब्रिटानिका इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की शिक्षिका भव्या मेहता का सम्मान किया। भव्या मेहता कीर्ति चक्र विजेता ब्रिगेडियर रवि दत्त मेहता की बेटी हैं। यह पहल विश्वविद्यालय कार्यक्रमों से परे हिंदी की पहुंच का विस्तार करती है। 

 

चीन का द. कोरियाई कंपनी की 5 अमेरिकी इकाइयों पर प्रतिबंध
 चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने दक्षिण कोरियाई जहाज विनिर्माता हनव्हा ओशन की 5 इकाइयों से चीनी कंपनियों के लेनदेन पर रोक लगा दी है। मंत्रालय ने कहा, वह विश्व जहाज विनिर्माण में चीन के बढ़ते प्रभुत्व की अमेरिका द्वारा की जा रही जांच की तहकीकात कर रहा है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के जहाजों पर नए बंदरगाह शुल्क लगाए हैं।  

ब्रिटेन में अब वीजा आवेदकों के लिए कठिन होगी परीक्षा
 सरकार ने भारत सहित अन्य देशों के वीजा आवेदकों के लिए अंग्रेजी भाषा की अनिवार्य परीक्षा को मंगलवार को और कठिन बनाने की शर्तें पेश कीं। ब्रिटेन में बढ़ते आव्रजन पर कार्रवाई के तहत संसद में यह प्रस्ताव रखा गया। अंग्रेजी की यह नई परीक्षा ब्रिटेन के गृह विभाग की तरफ से आयोजित होगी।

आठ जनवरी, 2026 से सभी कुशल श्रमिकों के लिए आगामी वीजा आवेदन प्रक्रिया के हिस्से के रूप में परिणामों का सत्यापन किया जाएगा। वीजा आवेदक का अंग्रेजी बोलने, सुनने, पढ़ने और लिखने का स्तर ए-लेवल अथवा 12वीं कक्षा के समकक्ष होना चाहिए, जिसे लेवल बी-2 कहा जाता है।  

इक्वाडोर की व्यस्त सड़क पर पिकअप ट्रक में विस्फोट, एक की मौत

इक्वाडोर के बंदरगाह शहर गुआयाकिल की एक व्यस्त सड़क पर मंगलवार शाम एक पिकअप ट्रक में विस्फोट हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हुए। गुआयाकिल अग्निशमन विभाग के मेजर जॉर्ज मोंटेनेरो ने स्थानीय टेलीविजन स्टेशन को बताया कि मारा गया व्यक्ति एक कैब ड्राइवर था, जो कि धमाके वाली जगह के पास में ही था। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस आसपास के इलाके में सभी वाहनों की भी जाँच कर रही है।

मोंटानेरो ने कहा, "हम एहतियात के तौर पर पूरी इमारत खाली करा रहे हैं।" यह पूछे जाने पर कि क्या यह कार बम हो सकता है, उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस की जांच का इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता, लेकिन एक सामान्य कार इस तरह नहीं फटती।" 2023 में इक्वाडोर में एक राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की हत्या के बाद हिंसा बढ़ने के कारण कई कार बम विस्फोट हुए थे।

गवर्नर हम्बर्टो प्लाजा ने मंगलवार के विस्फोट को साफ-साफ आतंकवाद बताया और वादा किया कि पुलिस इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों को ढूंढ निकालेगी। उन्होंने कहा, "हम इसके जिम्मेदार लोगों को पकड़ेंगे और उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी। इन लोगों पर आतंकवाद का मुकदमा चलाया जाएगा।"

दुबई में दिवाली से पहले मसालों से बनी रंगोली ने खींचा ध्यान

दुबई के एक बाजार ने स्थानीय दिवाली उत्सव में चार चांद लगा दिए हैं। इसे खाड़ी शहर में मसालों की 'सबसे बड़ी' रंगोली कहा जा रहा है। 6X6 मीटर की यह विशाल रंगोली, वॉटरफ्रंट मार्केट से ही प्राप्त दालचीनी, हल्दी, मिर्च, धनिया और लौंग सहित 60 किलो से ज्यादा विभिन्न मसालों का उपयोग करके बनाई गई है।

इस रंगोली का अनावरण दिवाली से जुड़े एक समारोह के दौरान किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के वाणिज्य दूत (पासपोर्ट) सुनील कुमार और दुबई फेस्टिवल्स एंड रिटेल एस्टेब्लिशमेंट (डीएफआरई) के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। आयोजकों ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस कार्यक्रम में एकजुटता, संस्कृति और समुदाय की भावना का प्रदर्शन किया गया।

केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला ओडिंगा का केरल में हृदय गति रुकने से निधन

केन्या के पूर्व प्रधानमंत्री रैला ओडिंगा, जो आयुर्वेदिक उपचार के लिए केरल के एर्नाकुलम जिले के कूथाट्टुकुलम आए थे, का बुधवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। पुलिस और अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आयुर्वेदिक नेत्र अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया कि ओडिंगा सुबह की सैर के दौरान आयुर्वेदिक अस्पताल परिसर में बेहोश हो गए और उन्हें कूथाट्टुकुलम के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ सुबह लगभग 9.52 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर फिलहाल अस्पताल में रखा हुआ है। प्रवक्ता ने बताया कि ओडिंगा और उनका परिवार अस्पताल आते-जाते रहे थे, जिसने पहले उनकी बेटी की आंखों की रोशनी वापस पाने में मदद की थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ओडिंगा की मौत के संबंध में सूचना प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया के लिए एफआरआरओ (विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय) को भेज दी गई है।
विज्ञापन

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में पोलियो टीम की सुरक्षा कर रहे पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने पोलियो-रोधी टीकाकरण दल की सुरक्षा कर रहे एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि नौशेरा जिले के निजामपुर के काहाई गांव में पोलियो रोधी टीकाकरण दल को निशाना बनाया गया। खैबर पख्तूनख्वा में पिछले 24 घंटों में इस तरह की यह दूसरी घटना है। 35 वर्षीय पुलिस अधिकारी पर जब हमला हुआ, तब वह पोलियो टीकाकरण दल के साथ ड्यूटी पर थे। घटना के बाद, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया, जो मौके से भागने में कामयाब रहे।

इसी तरह के एक अन्य हमले में, मंगलवार को स्वात जिले के अरकोट इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने पोलियो टीकाकरण दल की सुरक्षा कर रहे एक सुरक्षा अधिकारी की हत्या कर दी। पोलियो टीकाकरण टीमों और उनके सुरक्षाकर्मियों पर हमले पाकिस्तान में, खासकर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में, एक लगातार चुनौती रहे हैं। उग्रवादी समूह अक्सर टीकाकरण अभियान का विरोध करते हैं और यह गलत सूचना फैलाते हैं कि यह टीका पश्चिमी देशों की साजिश है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें