गुरुनानक देव के 555वें प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए ननकाना साहिब जाते समय लुटेरों ने बुधवार रात को पाकिस्तान के एक हिंदू तीर्थयात्री की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मृतक राजेश कुमार सिंध प्रांत के लरकाना शहर का रहने वाला था। वह लाहौर से कार से अपने दोस्तों के साथ ननकाना साहिब जा रहा था। तभी लाहौर से 60 किमी दूर माननवाला-ननकाना साहिब रोड पर तीन लुटेरों ने कार को रोक लिया। पुलिस ने बताया कि लुटेरों ने तीनों से 4.50 लाख पाकिस्तानी रुपये और कार चालक से 10,000 पाकिस्तानी रुपये छीन लिए। उल्लेखनीय है कि ननकाना साहिब स्थित गुरुनानक देव की जयंती का मुख्य कार्यक्रम शुक्रवार को था, जिसमें भारत से भी 2500 से ज्यादा सिख श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
विज्ञापन
जॉर्ज क्रॉस पदक को रॉयल एयर फोर्स संग्रहालय में मिली जगह
ब्रिटिश भारतीय जासूस और टीपू सुल्तान की वंशज नूर इनायत खान को उनके साहस के लिए दिया गया जॉर्ज क्रॉस पदक अगले महीने से उत्तर-पश्चिम लंदन के कोलिंडेल में रॉयल एयर फोर्स (आरएएफ) संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा। खान द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटेन के विशेष अभियान कार्यकारी (एसओई) के साथ पेरिस में गुप्त रूप से गई थीं। जर्मन-कब्जे वाले फ्रांस में जासूसी करते हुए उनकी जान चली गई थी। उन्हें मरणोपरांत ब्रिटेन के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया था। सितंबर 1944 में डचाजानऊ शिविर में नाजियों द्वारा मारे जाने से पहले उन्हें कड़ी पूछताछ का सामना करना पड़ा था। नूर की जीवनी ‘स्पाई प्रिंसेस: द लाइफ ऑफ नूर इनायत खान’ की लेखिका श्राबनी बसु ने कहा, मुझे खुशी है कि नूर के जॉर्ज क्रॉस को आरएएफ संग्रहालय में जगह मिल गई है। यहां हर साल हजारों आगंतुक इसे आकर देखेंगे।
लेबनान के डौरिस में नागरिक सुरक्षा केंद्र पर इस्राइली हमला, 12 लोगों की मौत
पिछले साल 7 अक्तूबर को हमास के साथ शुरू हुई इस्राइल की लड़ाई पश्चिम एशिया के कई क्षेत्रों तक फैल चुकी है। ताजा घटनाक्रम में लेबनान ने कहा है कि पूर्वी बालबेक क्षेत्र में इस्राइली हमले में कम से कम 12 लोग मारे गए। यह हमला मुख्य नागरिक सुरक्षा केंद्र को निशाना बनाकर किया गया। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी कि डौरिस में नागरिक सुरक्षा केंद्र पर हुए इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई और शवों के अंग बरामद किए गए हैं। बचाव अभियान जारी है इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह हमले दो घंटे के अंदर किए गए, जिसमें पहले हुए हमले में हिजबुल्लाह से जुड़े बचावकर्मियों की मौत हो गई थी। नागरिक सुरक्षा ने बताया कि बालबेक क्षेत्रीय केंद्र के आठ कर्मियों की मौत हो गई।
विज्ञापन
पाकिस्तान का सुझाव- चीनी नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूर्व सैन्य कर्मियों को नियुक्त करें
चीनी नागरिकों की सुरक्षा के लिए पाकिस्तान ने पूर्व सैन्य कर्मियों को नियुक्त करने का सुझाव दिया है। मामला दक्षिणी सिंध प्रांत में परियोजनाओं की सुरक्षा से जुड़ा है। शुक्रवार को सिंध के पुलिस महानिरीक्षक गुलाम नबी मेमन ने बताया कि चीनी नागरिकों की सुरक्षा की समीक्षा की गई है। इसके बाद विदेशियों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए जिम्मेदार सभी निजी सुरक्षा एजेंसियों, प्रायोजकों और परियोजना प्रबंधकों को पूर्व सैनिकों को नियुक्त करने की सलाह दी गई। बता दें कि पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि वह देश में चीनी नागरिकों और परियोजनाओं की सुरक्षा के लिए चीन के साथ काम करना जारी रखेगा। कुछ दिनों पहले चीन ने कहा था कि वह पाकिस्तान में विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में पाकिस्तान का समर्थन करना जारी रखेगा। बता दें कि 60 अरब डॉलर के चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) और कई निजी परियोजनाओं पर काम करने वाले चीनी नागरिकों पर हमले के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता उपजी है।
नेपाल आज भारत के जरिये बांग्लादेश को 40 मेगावाट बिजली निर्यात करेगा
नेपाल शुक्रवार को एक दिन के लिए बांग्लादेश को 40 मेगावाट बिजली निर्यात करने वाला है। नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) के प्रवक्ता चंदन घोष ने कहा कि 15 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे भारतीय ट्रांसमिशन लाइन के जरिये बांग्लादेश को बिजली भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि नेपाल, भारत और बांग्लादेश के ऊर्जा मंत्री पहले संयुक्त रूप से एक वर्चुअल उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे इसके बाद बाद बिजली निर्यात शुरू होगा। बता दें कि तीन अक्तूबर को काठमांडो में बिजली निर्यात संबंधी एक त्रिपक्षीय समझौता हुआ था। समझौते के तहत, नेपाल अगले पांच वर्षों तक हर साल 15 नवंबर से 15 जून के बीच बांग्लादेश को बिजली निर्यात करेगा।
भारत से 2,559 सिख तीर्थयात्री पाकिस्तान पहुंचे
गुरु नानक देव की 555वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह में भाग लेने के लिए भारत से 2,559 सिख तीर्थयात्री बृहस्पतिवार को लाहौर पहुंचे। पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (पीएसजीपीसी) के अध्यक्ष रमेश सिंह अरोड़ा ने वाघा सीमा पर तीर्थयात्रियों का स्वागत किया। सभी तीर्थयात्रियों को भारी धुंध से बचाने के लिए मास्क उपलब्ध कराए गए।
इस मामले में उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ईटीपीबी) के प्रवक्ता गुलाम मोहिउद्दीन ने बताया कि भारतीय सिख तीर्थयात्रियों को विशेष बसों से ननकाना साहिब ले जाया गया। बाबा गुरु नानक की जयंती मनाने वाला मुख्य कार्यक्रम शुक्रवार को लाहौर से लगभग 80 किलोमीटर दूर ननकाना साहिब में गुरुद्वारा जन्मस्थान में आयोजित किया जाएगा।
ऑक्सफोर्ड यूनियन सोसाइटी में कश्मीर पर बहस के खिलाफ भारतीय छात्रों ने किया प्रदर्शन
भारतीय छात्रों के एक समूह ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की ऑक्सफोर्ड यूनियन सोसाइटी में कश्मीर पर आयोजित एक बहस के विरोध में नारे लगाए हैं। समूह ने कहा कि इस बहस में आतंकवाद से जुड़ाव रखने वाले वक्ताओं को मंच दिया गया है। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार शाम को कश्मीर को एक स्वतंत्र प्रदेश के रूप में देखनेसंबंधी एक प्रस्ताव के पक्ष में बोलते हुए जम्मू और कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) से जुड़े जफर खान और वर्ल्ड कश्मीर फ्रीडम मूवमेंट से जुड़े अयूब ठाकुर ने भाषण दिया।
जिसके बाद भारतीय छात्रों ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान भारत माता की जय और ऑक्सफोर्ड यूनियन आतंकवाद के साथ खड़ा है के नारे लगाए गए। इंडियन ऑक्सफोर्ड यूनियन के सदस्य आदर्श मिश्रा ने बहस के दौरान हस्तक्षेप करते हुए कहा, जेकेएलएफ एक आतंकी संगठन है।
ऑक्सफोर्ड यूनियन के खिलाफ ब्रिटिश हिंदुओं का पत्र
ब्रिटेन में ब्रिटिश हिंदुओं और भारतीयों के एक सामाजिक आंदोलन, ‘इनसाइट यूके’ ने बृहस्पतिवार को ऑक्सफोर्ड यूनियन सोसाइटी को एक औपचारिक पत्र भेजकर ‘दिस हाउस बिलीव्स इन द इंडिपेंडेंट स्टेट ऑफ कश्मीर’ शीर्षक से बहस आयोजित करने के फैसले पर चिंता जताई। इस आयोजन में आतंकवाद से कथित संबंधों वाले वक्ताओं को शामिल करने और बहस की अखंडता के लिए संभावित खतरों का हवाला देने के बारे में भी सवाल उठाए।
सामाजिक आंदोलन ने की निंदा
ब्रिटेन में ब्रिटिश हिंदू और भारतीय समुदाय को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर काम करने वाले सामाजिक आंदोलन ने कहा कि प्रस्ताव के समर्थन में दो आमंत्रित वक्ताओं, मुजम्मिल अय्यूब ठाकुर और जफर खान की समूहों के साथ उनका कथित जुड़ाव निंदनीय है। ये लोग हिंसक उग्रवाद और आतंकवाद से जुड़े हुए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा, मुजम्मिल अय्यूब ठाकुर पर आतंकी संगठनों से संबंध रखने के साथ-साथ उन्हें उकसाने और नफरत फैलाने वाले भाषण देने के भी आरोप हैं जबकि वह और उसका संगठन वर्ल्ड कश्मीर फ्रीडम मूवमेंट से भी जुड़ा है। इस बीच जम्मू कश्मीर लिबरेशन फ्रंट का अध्यक्ष जफर खान एक ऐसे समूह से जुड़ा रहा है जो कश्मीरी हिंदू समुदाय को निशाना बनाने वाली हिंसक गतिविधियों के लिए जाना जाता था।