फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: फिलीपींस में माउंट कनलाओन जवालामुखी को लेकर अलर्ट जारी; पश्चिमी नेपाल- सड़क हादसे में आठ की मौत

Tue, 10 Dec 2024 10:49 PM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
इस्राइल ने सोमवार को सीरिया में सैन्य ठिकानों पर धावा बोला। इस्राइल ने एयर स्ट्राइक के जरिए करीब 100 से ज्यादा निशाने साधे। इसमें सीरिया का एक संदिग्ध रसायन हथियारों से जुड़ा ठिकाना भी शामिल है। इस्राइल ने कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद हथियारों को गलत हाथों में पड़ने से रोकने के लिए यह हमले किए।
विज्ञापन


जॉर्जिया में अभय कुमार अगले भारतीय राजदूत नियुक्त
भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के उप महानिदेशक पद पर कार्यरत अभय कुमार को जॉर्जिया में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोमवार को यह जानकारी दी। कुमार 2003 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह जल्द ही अपना पदभार संभालेंगे।

घाना राष्ट्रपति चुनाव 2024 के नतीजों का एलान
पश्चिमी अफ्रीकी देश घाना के राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों की घोषणा हो गई है। सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले नेता महामा को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति चुनाव 2024 का विजेता घोषित किया गया है। उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार महामुदु बावुमिया को मात दी।
विज्ञापन


काश पटेल ने सीनेटरों से मुलाकात की
अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश की संघीय जांच एजेंसी- एफबीआई के निदेशक के रूप में भारतीय-अमेरिकी काश पटेल को नामित किया है। ताजा घटनाक्रम में पटेल ने उन्होंने कैपिटल हिल में कई प्रभावशाली सीनेटरों से मुलाकात की। कई सीनेटरों ने खुले तौर पर उनका समर्थन किया। बता दें कि अगर अमेरिकी सीनेट काश पटेल की नियुक्ति की पुष्टि करता है, तो पटेल अमेरिका की शक्तिशाली जांच एजेंसी, संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) का नेतृत्व करने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी होंगे। पटेल से मुलाक़ात के बाद सीनेट न्यायपालिका समिति के नए अध्यक्ष सीनेटर चक ग्रासली ने कहा, 'मैंने काश को याद दिलाया कि पारदर्शिता जवाबदेही लाती है, और एफबीआई में यह बेहद जरूरी है।' ग्रासली ने कहा कि पूर्व कांग्रेसी जांचकर्ता के रूप में, काश पटेल ये अच्छी तरह समझते हैं कि कांग्रेस के साथ सहयोग वैकल्पिक नहीं है, मुखबिरों की सुरक्षा अहम है।

ग्वाटेमाला: 50 से अधिक प्रवासियों की मौत के आरोपी छह गिरफ्तार

मध्य अमेरिकी देश ग्वाटेमाला में मैक्सिको ट्रक दुर्घटना के दोषियों को गिरफ्तार किया गया है। साल 2021 के इस हादसे में 50 से अधिक प्रवासियों की मौत हो गई थी। ग्वाटेमाला और अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी ग्वाटेमाला और टेक्सास दोनों जगहों पर हुई है। गौरतलब है कि कम से कम 160 प्रवासियों को ले जा रहा एक ट्रक चियापास के टक्सटला गुटिरेज़ में दुर्घटना का शिकार हुआ था। ग्वाटेमाला के अधिकारियों ने 36 वर्षीय टॉमस क्विनो कैनिल; 31 वर्षीय अल्बर्टो मार्कारियो चिटिक; 24 वर्षीय ओस्वाल्डो मैनुअल ज़वाला क्विनो; और 42 वर्षीय जोसेफ़ा क्विनो कैनिल डे ज़वाला को हिरासत में लिया। टेक्सास के क्लीवलैंड में जॉर्ज अगापीटो वेंतुरा को उसके घर से पकड़ा गया। छठे अभियुक्त का नाम सामने नहीं आया है।

श्रीलंका ने 21 भारतीय मछुआरों को वापस भेजा
श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार किए गए 21 भारतीय मछुआरों को वापस लौटा दिया। कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने एक्स हैंडल पर वापस भेजे गए मछुआरों की तस्वीर भी साझा की। उच्चायोग ने कहा कि रिहाई के बाद सभी मछुआरे अपने घर वापस आ रहे हैं। बता दें कि इससे पहले बीते 8 दिसंबर को, श्रीलंकाई नौसेना ने रामनाथपुरम के तट से आठ भारतीय मछुआरों को पकड़ा था और दो नावों पर कब्जा कर लिया था। मछुआरों के पकड़े जाने पर सीएम स्टालिन ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप और उनकी रिहाई की मांग की थी।

रूस की एफएसबी ने कॉल सेंटरों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को किया ध्वस्त

रूस की संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने 50 से अधिक देशों में एक लाख से अधिक लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले कॉल सेंटरों के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। भारत समेत तमाम देश इन कॉल सेंटरों की ओर से की गई धोखाधड़ी का शिकार हुए हैं। एजेंसी के अनुसार, इन कॉल सेंटरों के जरिये निवेश लेनदेन की आड़ में यूरोपीय संघ, ब्रिटेन, कनाडा, ब्राजील, भारत, जापान और अन्य देशों के नागरिकों के खिलाफ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की जा रही थी। एफएसबी के अधिकारियों ने बताया कि ये कॉल सेंटर जॉर्जिया के पूर्व रक्षा मंत्री डी. काजेरशविली से जुड़ी निवेश योजनाओं की आड़ में चलाए जा रहे थे। इस तरह की धोखाधड़ी से हर रोज 10 लाख डॉलर (8.49 करोड़ रुपये) की कमाई हो रही थी। काजेरशविली फिलहाल लंदन में छिपे हुए हैं।

इस्राइल ने सोमवार को सीरिया में सैन्य ठिकानों पर धावा बोला। इस्राइल ने एयर स्ट्राइक के जरिए करीब 100 से ज्यादा निशाने साधे। इसमें सीरिया का एक संदिग्ध रसायन हथियारों से जुड़ा ठिकाना भी शामिल है। इस्राइल ने कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद हथियारों को गलत हाथों में पड़ने से रोकने के लिए यह हमले किए।

मध्य फिलीपींस में ज्वालामुखी भड़का, 87 हजार लोग निकाले गए

फिलीपींस के मध्य में एक ज्वालामुखी के अचानक सक्रिय होने के बाद राहत-बचावकर्मियों ने 87 हजार लोगों को खतरे वाले क्षेत्र से बाहर निकाल लिया है।

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके 15 दिसंबर से भारत की दो दिवसीय यात्रा करेंगे। राष्ट्रपति का कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। अपनी यात्रा के दौरान दिसानायके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इस यात्रा के दौरान श्रीलंकाई राष्ट्रपति के साथ विदेश मंत्री विजिता हेराथ और उप वित्त मंत्री अनिल जयंत फर्नांडो भी मौजूद रहेंगे। 

सितंबर में देश का राष्ट्रपति चुने जाने के बाद दिसानायके की 15-17 दिसंबर की भारत यात्रा उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने श्रीलंका दौरे पर दिसानायके को दिल्ली आने का निमंत्रण दिया था।

दिसानायके के नेतृत्व वाली नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) सरकार के 23 सितंबर को सत्ता में आने के बाद जयशंकर श्रीलंका की यात्रा करने वाले पहली विदेशी हस्ती थे। राष्ट्रपति चुनाव में दिसानायके की जीत के बाद संपन्न हुए संसदीय चुनाव में भी उनकी एनपीपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर 225 सदस्यीय संसद पर पूर्ण नियंत्रण हासिल कर लिया था।

नागरिक समाज समूह की अंतरिम सरकार से अपील
बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों पर हमलों पर चिंता व्यक्त करते हुए एक नागरिक समाज संगठन ने मंगलवार को पड़ोसी देश की अंतरिम सरकार से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। 'देश बचाओ गणमंच' ने दावा किया कि मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाला प्रशासन बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि अत्याचार की घटनाएं मानवता पर हमला हैं। संगठन ने एक प्रेस बयान में कहा, "यह चिंताजनक है कि जिस तरह से कट्टरपंथी अल्पसंख्यकों पर हमला कर रहे हैं और उस देश में धार्मिक अल्पसंख्यकों के पूजा स्थलों में तोड़फोड़ कर रहे हैं।"

यूक्रेन में युद्ध पर बातचीत 'सर्दियों में' शुरू हो सकती है- टस्क

एपी की रिपोर्ट के अनुसार, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा है कि यूक्रेन में युद्ध पर बातचीत 'सर्दियों में' शुरू हो सकती है।

फिलीपींस में माउंट कनलाओन जवालामुखी को लेकर अलर्ट

फिलीपींस के नेग्रोस द्वीप पर माउंट कनलाओन जवालामुखी की समीक्षा के बाद लगभग 87 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला गया। कनलाओन के विस्फोट के कारण 6 घरेलू उड़ानें और सिंगापुर वाली एक उड़ान रद्द कर दी गई है।
विज्ञापन

पश्चिमी नेपाल- सड़क हादसे में आठ की मौत

पश्चिमी नेपाल में शुक्रवार सुबह एक यात्री वैन के पहाड़ी सड़क से फिसल जाने से आठ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। सेना के अधिकारियों के अनुसार, वैन काठमांडू से लगभग 600 किलोमीटर पश्चिम में शैलेशिकर गांव के पास भोर से पहले सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे लुढ़क गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें