फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World News: प. अफ्रीकी देश माली में पूर्व पीएम को जेल; ट्रंप के लिए पूरी दुनिया में शांति बहाली सम्मान की बात

Wed, 20 Aug 2025 01:26 AM IST
ज्योति भास्कर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
पश्चिमी अफ्रीकी देश माली में पूर्व प्रधानमंत्री को भ्रष्टाचार के आरोप साबित होने के बाद जेल भेजा गया। उनके वकील ने बताया कि भ्रष्टाचार के आरोपों को पूर्व पीएम ने सिरे से खारिज कर दिया है। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक 67 वर्षीय पूर्व पीएम चोगुएल माईगा देश की सैन्य इकाई जुंटा का नेतृत्व भी कर चुके हैं। नवंबर 2024 में उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था। उन्होंने चुनाव स्थगित करने के लिए जुंटा की आलोचना की थी। माईगा के वकील चेक ओमर कोनारे ने बताया, सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री को हिरासत में रखने का आदेश दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचार के ये आरोप पश्चिम अफ्रीकी देश के महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर लगे हैं। माईगा के प्रधानमंत्री रहते हुए सार्वजनिक निधियों के प्रबंधन में कथित अनियमितताएं हुईं। अब उनके खिलाफ अदालत मामले की सुनवाई करेगी। फिलहाल मुकदमे की तारीख तय नहीं की गई है।
विज्ञापन


राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए पूरी दुनिया में शांति बहाली सम्मान की बात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के तनाव को खत्म कराने का श्रेय लिया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया, राष्ट्रपति को उन सभी शांति समझौतों पर गर्व है, जिसमें उन्हें सफलता हासिल हुई हैं। भारत और पाकिस्तान के संघर्ष को समाप्त करने के लिए व्यापार को उन्होंने बहुत ही शक्तिशाली तरीके से इस्तेमाल किया। लेविट ने कहा, 'अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में सेवा करना और दुनिया भर में शांति बहाल करना उनके लिए बहुत सम्मान की बात है।'

नासा के वेब टेलीस्कोप ने यूरेनस के चारों ओर एक नया छोटा चंद्रमा खोजा
वेब स्पेस टेलीस्कोप ने यूरेनस की परिक्रमा कर रहे एक नए छोटे चंद्रमा की खोज की है। नासा ने मंगलवार को बताया कि यह नया चंद्रमा लगभग 10 किलोमीटर चौड़ा है। इसे इस साल फरवरी में टेलीस्कोप के नियर-इन्फ्रारेड कैमरे ने देखा था। वैज्ञानिकों का कहना है कि यह चंद्रमा इतने वर्षों तक इसलिए छिपा रहा, क्योंकि यह बहुत छोटा और बहुत धुंधला है। यहां तक कि लगभग 40 साल पहले जब वॉयेजर-2 अंतरिक्ष यान यूरेनस के पास से गुजरा था, तब भी इसे नहीं देखा जा सका। अभी तक यूरेनस के 28 चंद्रमा ज्ञात थे। इनका नाम शेक्सपियर और अलेक्जेंडर पोप की कहानियों के पात्रों पर रखा गया है। इनमें से करीब आधे चंद्रमा छोटे हैं और ग्रह के काफी पास चक्कर लगाते हैं। यह नया चंद्रमा, जिसका नाम अभी नहीं रखा गया है, अब यूरेनस के कुल चंद्रमाओं की संख्या को 29 कर देता है।
 

सीरिया और इस्राइल के बीच पेरिस में दुर्लभ बैठक
सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया है कि सीरिया के विदेश मंत्री ने पेरिस में इस्राइल के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ एक दुर्लभ बैठक की है। समाचार एजेंसी सना के अनुसार, विदेश मंत्री असद अल-शिबानी ने मंगलवार को इस्राइली अधिकारियों से बातचीत की। दोनों पक्षों ने तनाव कम करने और 1974 के युद्धविराम समझौते को फिर से लागू करने पर चर्चा की। दिसंबर में सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद को सत्ता से हटाए जाने के बाद से सीरिया और इस्राइल के रिश्तों में तनाव काफी बढ़ गया है। इज़राइल ने दक्षिणी सीरिया में अपनी जमीनी सेना भेजी है और देशभर में कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं।

ट्रंप प्रशासन ने 37 वर्तमान और पूर्व अधिकारियों की सुरक्षा मंजूरी रद्द की
ट्रम्प प्रशासन ने 37 मौजूदा और पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों की सुरक्षा मंजूरी रद्द करने का आदेश दिया है। इनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने उस जांच पर काम किया था जिसमें यह पाया गया था कि रूस ने 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में दखल दिया था। एसोसिएटेड प्रेस को मिले एक सरकारी ज्ञापन में कहा गया है कि इन अधिकारियों ने खुफिया जानकारी को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया या उसे हथियार की तरह इस्तेमाल किया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम ट्रंप प्रशासन की बदले की कार्रवाई है, क्योंकि वे उन अधिकारियों को अपना विरोधी मानते हैं। यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है जब ट्रंप प्रशासन लगातार यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि खुफिया एजेंसियों की वह रिपोर्ट सही नहीं थी, जिसमें कहा गया था कि रूस ने ट्रंप को मदद पहुंचाने के लिए चुनाव में हस्तक्षेप किया था।

अमेरिकी न्याय विभाग अपराध के आंकड़ों में हेराफेरी की कर रहा जांच
अमेरिकी न्याय विभाग ने इस बात की जांच शुरू कर दी है कि क्या वाशिंगटन डीसी के पुलिस अधिकारियों ने अपराध के आंकड़ों में हेराफेरी की है। यह जानकारी ऐसे व्यक्ति ने दी है जो जांच के बारे में जानता है, लेकिन उसे सार्वजनिक रूप से बोलने की अनुमति नहीं है। यह जांच उस समय हो रही है जब ट्रंप प्रशासन और वॉशिंगटन शहर की सरकार के बीच पुलिस विभाग पर नियंत्रण को लेकर राजनीतिक टकराव बढ़ रहा है। अभी यह साफ नहीं है कि अगर अपराध के आंकड़ों में हेरफेर हुआ तो वह किन संघीय कानूनों के खिलाफ होगा। मेयर कार्यालय ने इस पर कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया। न्यूयॉर्क टाइम्स ने सबसे पहले इस जांच की खबर दी थी। वहीं, एनबीसी वॉशिंगटन ने बताया कि इस साल की शुरुआत में, अपराध के आंकड़ों से छेड़छाड़ के शक में मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को सवेतन प्रशासनिक छुट्टी पर भेज दिया गया था।





 

उत्तरी कैरोलिना में कार गैस लाइन से टकराई, नए पशु अस्पताल में विस्फोट
उत्तरी कैरोलिना में मंगलवार सुबह (स्थानीय समयानुसार) एक नए पशु अस्पताल में विस्फोट हो गया। यह हादसा तब हुआ जब एक कार सड़क से फिसलकर अस्पताल की गैस पाइपलाइन से टकरा गई। विलमिंगटन पुलिस के प्रवक्ता ग्रेग विलेट ने बताया कि यह अस्पताल अभी निर्माणाधीन था। कार गैस लाइन से टकराने के करीब 20 मिनट बाद जोरदार विस्फोट हुआ। कार चालक मौके से भाग गया था, इसलिए इसे हिट एंड रन का मामला माना गया। दमकल विभाग की प्रवक्ता रेबेका थर्स्टन ने बताया कि हादसे के बाद इमारत तुरंत खाली करा ली गई थी। दमकलकर्मी यह सुनिश्चित करने के लिए अंदर जांच कर ही रहे थे कि सब लोग बाहर निकल चुके हैं, तभी विस्फोट हो गया। इसमें तीन दमकलकर्मी घायल हुए। दो को मामूली चोटें आईं, जबकि एक के हाथ और बाजू बुरी तरह झुलस गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दक्षिण सागर में चीन ने अपने ही युद्धपोत को मारी टक्कर
दक्षिण चीन सागर में अपना प्रभुत्व बढ़ाने के लिए चीन आक्रामक होकर अन्य देशों पर दबाव बढ़ा रहा है। इसी प्रयास में 11 अगस्त को फिलीपीन के जहाज का पीछा करने के दौरान चीन के दो युद्धपोत ही आपस में टकरा गए, जिसमें एक जहाज का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चीन ने अब तक इस घटना को छिपाए रखा पर एक वीडियो के बाद उसकी पोल खुल गई। चीन को शर्मिंदा करने वाली यह घटना स्कारबोरो शोल से 10 समुद्री मील की दूरी पर हुई। स्कारबोरो शोल फिलीपीन के आर्थिक क्षेत्र  में आता है, पर 2012 में चीन ने इस पर कब्जा कर लिया, जिसे लेकर दोनों नौसेनाओं में तनाव रहता है। 11 अगस्त को चीनी तटरक्षक बल का जहाज पीपुल्स लिबरेशन आर्मी नेवी के विध्वंसक से भिड़ गया। 

एअर कनाडा का हड़ताल खत्म करने को संघ से समझौता
एअर कनाडा के 10,000 फ्लाइट अटेंडेंट के संघ ने मंगलवार तड़के कहा कि हड़ताल खत्म करने को एक अस्थायी समझौता हो गया है। हाल ही में शुरू इस हड़ताल से प्रतिदिन लगभग 1.30 लाख यात्री प्रभावित हो रहे थे। संघ ने कहा, यह समझौता सदस्यों को विमानों के उड़ान भरने के दौरान किए गए काम के लिए भुगतान की गारंटी देगा। इस तरह एक प्रमुख मुद्दा हल हो गया है।

ब्रिटिश रॉयल नेवी में हिमाचल के भानु अत्री यूके में पहले हिंदू चैपलिन को मिली नियुक्ति
ब्रिटेन की रॉयल नेवी ने पहली बार किसी हिंदू को आधिकारिक रूप से ‘चैपलिन’ (आध्यात्मिक मार्गदर्शक) नियुक्त किया है। हिमाचल प्रदेश के रहने वाले भानु अत्री (39) इस पद पर चुने गए हैं। यह पहली बार है जब किसी गैर-ईसाई को यह जिम्मेदारी दी गई है। अत्री ने पिछले हफ्ते   कार्यभार संभाला। इसके लिए उन्होंने नेवी कैडेट्स की अपेक्षा कुछ अलग तरह की ट्रेनिंग पूरी की। इसमें छह हफ्तों का अधिकारी प्रशिक्षण, समुद्र में जीवित रहने का अभ्यास, चार हफ्तों तक युद्धपोत ‘एचएमएस आयरन ड्यूक’ पर तैनाती और तीन हफ्ते सैन्य चैपलिन की भूमिका पर विशेष प्रशिक्षण शामिल था। अत्री ने कहा, पहले हिंदू चैपलिन बनने का सम्मान अद्भुत है।

नेपाल: सत्तारूढ़ गठबंधन की उप-सभापति को हटाने की तैयारी शुरू
नेपाली कांग्रेस और सीपीएन-यूएमएल (नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी- एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी) का नेपाली सत्तारूढ़ गठबंधन उपसभापति इंदिरा राणा मगर को हटाने के लिए एक और प्रयास करने की तैयारी में है। दोनों दलों के नेताओं के अनुसार, उपसभापति मगर को हटाने के लिए आपात बैठक बुलाई गई है। पीएम ओली ने ने भी उन्हें कमजोर और पक्षपातपूर्ण प्रदर्शन वाला बताया है। सत्तारूढ़ गठबंधन ने उपसभापति को पद से हटाने के लिए हस्ताक्षर संग्रह अभियान भी शुरू कर दिया है। सत्तापक्ष के कुछ सांसदों ने पहले ही हस्ताक्षर कर उन्हें पद से हटाने के लिए अपना समर्थन जताया है। संविधान के अनुसार उपसभापति को पद से हटाने के लिए दो तिहाई बहुमत जरूरी होता है। ऐसे में गठबंधन के नेता इंदिरा राणा को हटाने के लिए छोटे दलों के साथ भी परामर्श कर रहे हैं। प्रतिनिधि सभा में फिलहाल 274 सदस्य हैं और सत्तारूढ़ गठबंधन को 183 वोटों की जरूरत है।

कनाडा: पिक्स सीईओ सतबीर सिंह चीमा पर जानलेवा हमला
कनाडा के सरे में एक नकाबपोश ने सरे स्थित एक प्रसिद्ध गैर-लाभकारी व अंतर-सांस्कृतिक सामुदायिक सेवा संगठन पिक्स के सीईओ सतबीर सिंह चीमा पर जानलेवा स्प्रे से हमला किया है। चीमा पर यह हमला उस समय हुआ जब वह शाम को छुट्टी के बाद 127वीं स्ट्रीट और 80वीं एवेन्यू स्थित पिक्स कार्यालय से बाहर निकल रहे थे। हमलावर ट्रक से निकला जानलेवा स्प्रे से हमला कर ट्रक स्टार्ट करके फरार हो गया। पुलिस हमलावरों की जांच कर रही है। पिक्स और उसके सीईओ ने इस घटना की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस घटना को संदिग्ध व्यक्तियों द्वारा किया गया हमला बताया है। पिक्स के सीईओ, सतबीर सिंह चीमा के नेतृत्व में सरकार और दानदाताओं के  सहयोग से बुजुर्गों की देखभाल के लिए गुरु नानक डायवर्सिटी विलेज नामक एक बड़ी परियोजना का निर्माण होने जा रहा है।

तेल आयात की कीमतों में 5% का उतार-चढ़ाव हो सकता है: ग्रिवा
भारत में रूसी दूतावास के अनुसार, टैरिफ के बीच तेल आयात की कीमतों के संबंध में, भारत में रूस के उप-व्यापार प्रतिनिधि एवगेनी ग्रिवा ने कहा कि बातचीत के आधार पर 5% का उतार-चढ़ाव संभव है। दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों पर ग्रिवा ने कहा, हम अनुमान लगा सकते हैं कि व्यापार में सामान्य वृद्धि लगभग 10 प्रतिशत होगी। रूस को भारतीय निर्यात तेजी से बढ़ रहा है। मशीन टूल्स, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, दवा और रसायनों का निर्यात बड़ा है। उन्होंने आगे कहा कि रूस और उसकी अर्थव्यवस्था पर दबाव के बावजूद, भारत और रूस के बीच रुपया-रूबल भुगतान के माध्यम से, विशेष रूप से वित्तीय क्षेत्र में, सहयोग में वृद्धि हो रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बाहरी दबावों के बावजूद, वित्तीय सहयोग सुरक्षित बना हुआ है।
विज्ञापन

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए हवाई क्षेत्र बंदी को 23 सितंबर तक बढ़ाया
पाकिस्तान के अधिकारियों ने बुधवार को भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र की पाबंदी को 23 सितंबर तक बढ़ा दिया है। पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने एक नया नोटम जारी किया है, जिसमें भारतीय विमानों पर लगी इस पाबंदी को एक महीने और बढ़ाने की घोषणा की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सभी भारतीय एयरलाइंस की ओर से संचालित विमान पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का उपयोग नहीं कर सकेंगे। यह पाबंदी भारतीय स्वामित्व वाले या पट्टे पर लिए गए सैन्य और नागरिक विमानों पर भी लागू रहेगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें