इस्राइली सेना ने गुरुवार को बताया कि गाजा में रेड क्रॉस को एक शव सौंपा है, जो संभवतः किसी बंधक का हो सकता है। सेना के अनुसार 10 अक्टूबर से इस्राइल और हमास के बीच लागू संघर्षविराम के दौरान अब तक 24 बंधकों के शव इस्राइल को लौटाए जा चुके हैं। अगर अब सौंपा गया शव भी किसी बंधक का साबित होता है, तो अब तीन बंधक गाजा में बाकी रह जाएंगे।
इसके बाद इस्राइली ने बरामद शव की पहचान मेनी गोडार्ड के रूप में की, जिन्हें दक्षिणी इस्राइली के किबुत्ज बेरी से अगवा किया गया था। उनकी पत्नी, ऐलेट, हमले के दौरान मारी गई थीं। हमास और फलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद की सशस्त्र शाखाओं ने कहा कि गोडार्ड का शव दक्षिणी गाजा में बरामद किया गया।
समझौते के तहत हर बंधक के शव के बदलेइस्राइल 15 फलिस्तीनियों के शव वापस कर रहा है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक कुल 315 शव उन्हें वापस मिल चुके हैं। इस्राइल ने कहा है कि वह रेड क्रॉस से प्राप्त शव की पहचान और डीएनए जांच पूरी होने के बाद आधिकारिक पुष्टि करेगा कि यह बंधक का शव है या नहीं।
क्रोएशिया में तुर्की में पंजीकृत विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत
पुलिस ने बताया कि गुरुवार को पश्चिमी क्रोएशिया में तुर्की में पंजीकृत एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय मीडिया ने बताया कि पायलट की मौत हो गई है।
गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि एयर ट्रैक्टर एटी-802 स्थानीय समयानुसार शाम 5 बजे से कुछ पहले रडार से गायब हो गया। बयान में कहा गया है कि लगभग 20 मिनट बाद आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया गया कि एड्रियाटिक सागर तट के पास सेंज शहर के पास एक विमान में आग लग गई है।
पुलिस ने कहा कि विमान उत्तरी बंदरगाह रिजेका से राजधानी ज़ाग्रेब और वापस उड़ान भर रहा था। कोई अन्य विवरण तुरंत उपलब्ध नहीं था। एयर ट्रैक्टर एटी-802 विमानों का उपयोग आमतौर पर कृषि या अग्निशमन के लिए किया जाता है। क्रोएशिया के एचआरटी सार्वजनिक प्रसारक ने कहा कि विमान तुर्की के वानिकी प्रशासन का था। एचआरटी की रिपोर्ट में कहा गया है कि बचाव दल ने आग बुझाने के बाद पायलट का शव पाया। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि विमान में कोई और नहीं था।