पाकिस्तान में अक्सर निशाना बनाई जाने वाली जाफर एक्सप्रेस एक बार फिर हमले से बच गई। यह घटना रविवार को बलूचिस्तान के नसीराबाद इलाके में उस समय हुई जब क्वेटा से पेशावर जा रही ट्रेन के मार्ग पर अज्ञात उग्रवादियों ने विस्फोटक सामग्री में धमाका कर दिया। धमाका इतना तेज था कि रेल पटरी का एक हिस्सा टूट गया, लेकिन सौभाग्य से ट्रेन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा टल गया।
अधिकारियों के अनुसार, धमाके के तुरंत बाद ट्रेन सेवा को कुछ घंटों के लिए रोक दिया गया, जबकि सुरक्षा बल मौके पर पहुंचकर इलाके की तलाशी लेते रहे। नसीराबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलाम सरवर ने बताया कि जाफर एक्सप्रेस जिन दुर्गम पहाड़ी इलाकों से होकर गुजरती है, वहां उग्रवादियों के हमलों का खतरा हमेशा बना रहता है। यह ट्रेन इस साल कई बार निशाना बन चुकी है। मार्च में हुए सबसे घातक हमले में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने ट्रेन को अगवा कर लिया था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी। इसके अलावा अक्टूबर में भी एक धमाके के कारण कई डिब्बे पटरी से उतर गए थे। लगातार हमलों को देखते हुए ट्रेन पर अतिरिक्त सुरक्षा तैनात की गई है, फिर भी खतरा कम नहीं हुआ है।
पुतिन के भारत दौरे से पहले कई समझौतों को अंतिम रूप देने पर पर फोकस
भारत और रूस नई दिल्ली में अगले महीने की शुरुआत में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दौरे के दौरान अपने संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए कई समझौतों, पहलों और परियोजनाओं को अंतिम रूप देने पर फोकस कर रहे हैं। दौरे की तैयारियों के हिस्से के रूप में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को मॉस्को में अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव के साथ व्यापक वार्ता की। बैठक की शुरुआत में जयशंकर ने कहा, मेरे लिए यह अवसर और भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हम राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे के लिए 23वें वार्षिक शिखर सम्मेलन की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, विभिन्न क्षेत्रों में कई द्विपक्षीय समझौते, पहल और परियोजनाएं चर्चा के अधीन हैं। हम आने वाले दिनों में इनके अंतिम रूप देने की उम्मीद कर रहे हैं। जयशंकर ने कहा, ये निश्चित रूप से हमारे विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी में और अधिक गहराई और मजबूती जोड़ेंगे। अपने बयान में जयशंकर ने यह भी कहा कि भारत रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने के हाल के प्रयासों का समर्थन करता है। उन्होंने कहा, भारत हाल के प्रयासों का समर्थन करता है ताकि शांति स्थापित हो। हमें उम्मीद है कि सभी पक्ष इस लक्ष्य की ओर रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाएंगे।
नेपाल: आम चुनाव के लिए12 पार्टियों ने चुनाव आयोग में दर्ज कराया पंजीकरण
बारह राजनीतिक पार्टियों ने सोमवार को पंजीकरण के पहले दिन चुनाव आयोग में अपनी पंजीकरण आवेदन जमा किए। इनमें नवगठित नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी भी शामिल है। चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों से कहा है कि वे पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव के लिए 17 नवम्बर से पंजीकरण कराएं।
चुनाव आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई के अनुसार, पंजीकरण की अवधि 26 नवंबर तक रहेगी और पहले दिन उत्साहजनक प्रतिक्रिया दिखी है। भट्टराई ने बताया कि पहले दिन कुल 12 राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव आयोग में अपने पंजीकरण आवेदन जमा किए, जिनमें नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी, नेपाल वर्कर्स एंड पीपल्स पार्टी, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी और प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक पार्टी शामिल हैं।
चीन की अमेरिका और दक्षिण कोरिया को चेतावनी
चीन ने सोमवार को चेतावनी दी कि अगर अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने अपने परमाणु पनडुब्बी निर्माण समझौते के बाद रणनीतिक फोकस उसको रोकने की दिशा में बदला, तो वह अमेरिका-दक्षिण कोरिया गठबंधन के प्रति अपना दृष्टिकोण बदल सकता है।
चीन की यह कड़ी प्रतिक्रिया उस समय आई, जब अमेरिकी नौसेना के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिकी समर्थन से दक्षिण कोरिया द्वारा बनाई जाने वाली परमाणु-संचालित पनडुब्बियों का इस्तेमाल चीन का मुकाबला करने के लिए किया जाएगा। अमेरिकी एडमिरल डैरिल कॉडल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, हम आशा करते हैं कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका इस मामले को सावधानीपूर्वक संभालेंगे।
नाइजीरिया: बंदूकधारियों ने स्कूल से 25 छात्राओं का किया अपहरण, हमले में कर्मचारी की मौत
उत्तरी पश्चिमी नाइजीरिया के एक स्कूल पर बंदूकधारियों ने हमला करके वहां से 25 छात्राओं का अपहरण कर लिया। हमले में स्कूल के एक कर्मचारी की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। केब्बी राज्य के मागा स्थित बोर्डिंग स्कूल में तड़के 4 बजे यह घटना हुई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस प्रवक्ता नाफियू अबूबकर कोटारकोशी ने बताया कि हमलावर अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे और छात्राओं को उनके छात्रावास से अपहृत किया। पुलिस की टीमें अपहृत छात्राओं को छुड़ाने और अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए समन्वित तलाशी और बचाव अभियान चला रही हैं। गौरतलब है कि, नाइजीरिया के उत्तरी क्षेत्र में 2014 से स्कूलों से अपहरण की घटनाएं बढ़ गई हैं। जहां अक्सर फिरौती के बदले पीड़ितों को रिहा किया जाता है।
फ्रांस से सौ लड़ाकू विमान खरीदने के लिए जेलेंस्की ने किए हस्ताक्षर
यूक्रेन ने फ्रांस से 100 तक राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के लिए एक दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं। इसकी जानकारी यूक्रेन के दूतावास और फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने दी।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को इस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए, जिसमें कहा गया है कि यूक्रेन फ्रांस के रक्षा उपकरणों की खरीद पर विचार कर रहा है, जिनमें राफेल लड़ाकू विमान भी शामिल हैं। राष्ट्रपति कार्यालय ने इसके बारे में और जानकारी नहीं दी। जेलेंस्की फरवरी 2022 में रूस के पूर्ण पैमाने पर आक्रमण के बाद से पेरिस की यह अपनी नौवीं यात्रा कर रहे हैं।
शेख हसीना के खिलाफ फैसले से पहले बांग्लादेश ने सुरक्षा बढ़ा दी
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना आज मानवता के खिलाफ अपराध मामले में सजा सुनाई जाने वाली है। जिसे लेकर बांग्लादेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस को हिंसक प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आदेश दिया गया है। सोमवार को बांग्लादेश का अंतर्राष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी-बीडी) 78 वर्षीय हसीना के खिलाफ उनकी अनुपस्थिति में चले मुकदमे के बाद फैसला सुनाएगा।