संयुक्त राज्य अमेरिका में सबसे प्रिय छुट्टियों में से एक है थैंक्सगिविंग डे। इस साल यह 28 नवंबर यानि गुरुवार को मनाया जा रहा। इस सप्ताह थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के चलते लाखों लोग अपने परिवारजनों से मिल रहे हैं। मगर वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो इस साल इससे दूरी बनाए हुए हैं। इनमें शामिल हैं 59 वर्षीय जेफ। दरअसल, उन्होंने इस साल हुए चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप का विरोध किया था, जिसके चलते उनके परिवार ने उन्हें अलग-थलग कर दिया।
उन्होंने अपना सरनेम न बताते हुए कहा, 'वे हमसे (मुझसे और मेरी पत्नी) बात नहीं करना चाहते। वाशिंगटन में एक रियल एस्टेट एजेंट जेफ ने कहा कि उनके भाई सोचते हैं कि समलैंगिक लोगों को मौत की सजा मिलनी चाहिए और इसी वजह से पिछले पांच सालों से उनसे बात नहीं की है।
59 साल के शख्स ने ट्रंप के 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' राजनीतिक आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा, 'मेरे माता-पिता और मेरा भाई इसके बड़े समर्थक हैं।'
सीबीएस न्यूज के एक सर्वे में पाया गया कि 71 प्रतिशत अमेरिकी छुट्टी के दौरान राजनीति पर चर्चा करने से बचने की कोशिश करेंगे। मगर जेफ की तरह कई लोगों को तनाव बर्दाश्त करने में मुश्किल होगी।
50 वर्षीय डेब मिडेमा पिछले दो दशकों से मिनेसोटा के मध्यपश्चिमी राज्य में अपने परिवार के लिए थैंक्सगिविंग डिनर तैयार करती आ रही हैं, लेकिन इस साल उन्होंने ऐसा नहीं करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया, 'मैं 40 लोगों के लिए भोजन तैयार करने की कल्पना नहीं कर सकती और उनमें से आधे लोग इस स्थिति से सहमत हैं।' उन्होंने आगे कहा कि ट्रंप झूठ बोलना बंद नहीं करते, वे एक अपराधी हैं और यह सब उन लोगों के लिए ठीक है। मिडेमा ने कहा कि कमला हैरिस की जगह रिपब्लिकन की चुनावी जीत चेहरे पर तमाचा पड़ने की तरह महसूस हुई।
नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी में मनोविज्ञान की प्रोफेसर लॉरी क्रेमर ने कहा कि लोगों को पारिवारिक रिश्तों को बनाए रखने के लिए एक-दूसरे को सहन करने के तरीके खोजने की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'हमारे समाज में, हम सभी सोचते हैं कि परिवार को खुश रहना चाहिए। लेकिन जब ऐसा नहीं होता है, तो लोग उदास, अकेले, अलग-थलग महसूस करते हैं। एक दूसरे को स्वीकार करें।'
एना, बदला हुआ नाम, आमतौर पर फिलाडेल्फिया के पास अपनी दादी के घर जाती हैं, लेकिन इस साल उन्होंने झूठ बोला कि वह बीमार है। 31 वर्षीय महिला ने कहा, 'मैं चाची और चाचाओं वाले एक बड़े इटली के परिवार से हूं। मेरे चाचा ट्रंप से प्यार करते हैं। मैं अपने चचेरे भाइयों को इस तरह से बड़ा होते नहीं देखना चाहती।'
उसने कहा, 'थैंक्सगिविंग ऐसा लग रहा था जैसे यह अमेरिकी चुनाव के तुरंत बाद आ गया हो। मैं बहुत अलग-थलग, अकेला महसूस कर रही हूं।' उन्होंने कहा कि वह न्यूयॉर्क में दोस्तों के साथ छुट्टी मनाने की योजना बना रही हैं।