अरिंदम बागची ने टेड्रोस से की मुलाकात
- फोटो : एएनआई
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची ने मंगलवार को जिनेवा में विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच वैश्विक स्वास्थ्य में भारत-डब्ल्यूएचओ के सहयोग क्षेत्रों पर चर्चा हुई।
संबंधों को मजबूत कर रहे
बागची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, 'विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ भारत के संबंधों को मजबूत कर रहे हैं!' भारत के स्थायी मिशन ने लिखा, 'अरिंदम बागची ने डब्ल्यूएचओ के घ्रेब्रेयसस से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने चिकित्सा और डिजिटल स्वास्थ्य सहित वैश्विक स्वास्थ्य में भारत-डब्ल्यूएचओ के सहयोग क्षेत्र पर चर्चा की।
आपसी हित के कई मुद्दों पर चर्चा
इससे पहले अक्तूबर में, भारत के स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची को जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठनों में भारत का अगला स्थायी प्रतिनिधि नियुक्त किया गया था। फरवरी में, बागची ने संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क से मुलाकात की और आपसी हित के कई मुद्दों पर चर्चा की थी।
पुर्तगाली गणराज्य के नए प्रधानमंत्री को PM मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लुइस मोंटेनेग्रो को पुर्तगाली गणराज्य के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, 'हमारे दीर्घकालिक द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए साथ मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित हूं।'
षणमुगम बोले- एशियाई अर्थव्यवस्थाओं में बढ़ते सुरक्षा खतरे चिंता के विषय
मिलिपोल एशिया-प्रशांत और टेकएक्स शिखर सम्मेलन में सिंगापुर के कानून और गृह मामलों के मंत्री के. षणमुगम ने बुधवार को चेतावनी दी कि जैसे-जैसे क्षेत्र में आर्थिक अवसर बढेंगे, तकनीक सक्षम अपराधों और सुरक्षा खतरों की संख्या भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अगले पांच से सात वर्षों में आर्थिक अवसर बढ़ेंगे। बहुत अधिक बुनियादी ढांचा होगा। मेरा विचार है कि सरकार, उद्योग और शिक्षा जगत के बीच एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र बनाना महत्वपूर्ण है।
षणमुगम ने कहा कि बढ़ते सुरक्षा मुद्दों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और सहयोग को मजबूत करने की जरूरत है, खासकर प्रौद्योगिकी विकास के क्षेत्र में। उन्होंने कहा कि तकनीक-सक्षम अपराधों की सीमाहीन प्रकृति के लिए ऐसे समाधानों की आवश्यकता है, जो सीमाओं से परे हों। यह सब इस क्षेत्र के लिए बहुत अच्छा होगा। लेकिन साथ ही, इसका मतलब अधिक समस्याएं भी है।
राजीव गांधी हत्याकांड में रहे तीन दोषियों ने श्रीलंका में दर्ज कराए बयान
राजीव गांधी हत्याकांड में रहे तीन दोषी भारत के सुप्रीम कोर्ट द्वारा रिहा किए जाने के करीब दो साल बाद बुधवार को श्रीलंका लौट आए और वहां पहुंचने पर उन्होंने अपना बयान दर्ज कराया। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के सिलसिले में तीन दशक की जेल की सजा काट चुके तीनों से कोलंबो पुलिस अपराध जांच विभाग ने उनके बयान दर्ज करने के लिए मुलाकात की, जब वे चेन्नई, तमिलनाडु से अपने देश लौटे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उनके बयान 5 घंटे से अधिक समय तक दर्ज किए गए। तीनों और चौथे दोषी संथन को 2022 में जेल से रिहा कर दिया गया था और उन्हें तिरुचिरापल्ली में एक विशेष शिविर में रखा गया था और मंगलवार रात को श्रीलंका वापस भेजने के लिए चेन्नई लाया गया था।
इस्राइली प्रधानमंत्री से ऋषि सुनक ने की बातचीत
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने अपने इस्राइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की। गाजा में तीन ब्रिटिश सहायता कर्मियों की मौत को लेकर उनसे गहन और पारदर्शी जांच की मागं की। डाउनिंग स्ट्रीट के एक बयान के मुताबिक, सुनक ने इस्राइली पीएम से कहा कि क्षेत्र में स्थिति तेजी से असहनीय होती जा रही है क्योंकि उन्होंने गाजा में बेहतर सहायता प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई पर जोर दिया। प्रधानमंत्री सुनक ने कहा कि गाजा में अब तक बहुत से सहायता कर्मियों और आम नागरिकों की जान जा चुकी है और स्थिति लगातार असहनीय होती जा रही है। ब्रिटेन को उम्मीद है कि मानवीय सहायता पर प्रतिबंध समाप्त करने, संयुक्त राष्ट्र और सहायता एजेंसियों के साथ टकराव कम करने, नागरिकों की रक्षा करने और अस्पतालों और जल नेटवर्क जैसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए इस्राइल द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इमरान खान को जेल में 7 कोठरियां आवंटित; अदालत में पंजाब सरकार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (फाइल)
- फोटो : ANI
पाकिस्तान की पंजाब प्रांत की सरकार ने लाहौर उच्च न्यायालय में कहा, अदियाला जेल में दोषी पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सुरक्षा के लिए एक की बजाय सात कोठरियां आवंटित की गई हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वकील ने रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली अदियाला जेल में सुरक्षा संबंधी शिकायत की थी। बुधवार को अदालत में पंजाब के महाधिवक्ता (एजीपी) खालिद इशाक ने अदालत को बताया कि इमरान खान के लिए उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनकी कोठरी के अलावा छह कोठरियों का आवास बनाया गया है।
अदालत में सरकार ने कहा कि अदियाला जेल में 10 कैदियों की सुरक्षा पर एक कर्मी तैनात हैं। हालांकि, इमरान खान की सुरक्षा 14 कर्मियों को सौंपी गई है। अदालत को यह भी बताया गया कि जेल में इमरान की सुरक्षा का मासिक खर्च 1.2 मिलियन पाकिस्तान रुपये (पीकेआर) है। 71 वर्षीय पूर्व प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। मुख्य न्यायाधीश मलिक शहजाद अहमद खान ने मामले की सुनवाई 16 अप्रैल तक स्थगित कर दी। इमरान खान पिछले साल अगस्त से कई मामलों में जेल में हैं।
पीएम मोदी ने पुर्तगाली पीएम की शपथ पर मोंटेनेग्रो को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लुइस मोंटेनेग्रो को पुर्तगाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, पुर्तगाल गणराज्य के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर लुइस मोंटेनेग्रो को हार्दिक बधाई। हमारे दीर्घकालिक द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को लेकर आशान्वित हूं। मोंटेनेग्रो ने हाल ही में पुर्तगाल के चुनाव में युवाओं का जबरदस्त समर्थन प्राप्त किया।
भारत से इस्राइल पहुंचा प्रशिक्षित श्रमिकों का पहला जत्था
भारत के 60 से ज्यादा श्रमिकों का पहला जत्था इस्राइल पहुंच गया है। ये कामगार प्रशिक्षित मजदूरों की कमी का सामना कर रहे इस्राइल में निर्माण उद्योग को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों की सरकारों (जी2जी) के बीच हुए समझौते के तहत यहां पहुंचे हैं।
भारतीय सैनिकों का दूसरा दल अप्रैल में चला जाएगा : मुइज्जू
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने कहा कि भारतीय सैनिकों का दूसरा जत्था अप्रैल में लौट जाएगा। मालदीव की मीडिया रिपोर्ट में बुधवार को बताया गया कि मुइज्जू ने एक बैठक के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने कहा, भारतीय सैन्य कर्मियों की वापसी प्रक्रिया चल रही है। इस माह के भीतर सैनिकों के दूसरे बैच को और 10 मई तक बचे हुए तीसरे बैच को वापस भेज दिया जाएगा।
पाकिस्तान में एक करोड़ लोगों के गरीबी में जाने का खतरा
विश्व बैंक ने पाकिस्तान की गंभीर आर्थिक तस्वीर पेश कर चेताया कि नकदी संकट से जूझ रहे देश में एक करोड़ से अधिक लोग गरीबी में गिर सकते हैं। विश्व बैंक की आउटलुक रिपोर्ट में सुस्त विकास दर व बढ़ती मुद्रास्फीति को चिंताजनक बताया गया। रिपोर्ट में कहा गया कि देश लगभग सभी तरह के आर्थिक लक्ष्यों को पूरा करने में विफल रहेगा।
विश्व बैंक ने सुस्त विकास दर व बढ़ती मुद्रास्फीति को बताया चिंताजनक; लोगों की असुरक्षा को भी किया रेखांकित
पाकिस्तान पर जारी विश्व बैंक की रिपोर्ट में गरीबी रेखा के ठीक ऊपर मंडरा रही लोगों की असुरक्षा को भी रेखांकित किया गया है। इसमें कहा गया है कि गरीबों और कमजोर लोगों को कृषि उत्पादन में लाभ होने की संभावना है, लेकिन ये लाभ उच्च मुद्रास्फीति और अन्य क्षेत्रों में सीमित वेतन वृद्धि से ऑफसेट हो गए हैं।
यूएई : हिंदू मंदिर खुलने के एक माह में 3.5 लाख भक्तों ने किए दर्शन
यूएई में पहले हिंदू मंदिर को जनता के लिए खुले एक माह में 3.5 लाख से ज्यादा भक्त मंदिर के दर्शन कर चुके हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने 14 फरवरी को मंदिर का उद्घाटन किया है। एक मार्च से इसे आम लोगों के लिए खोला गया।
मंदिर का निर्माण बीएपीएस स्वामीनारायण संस्था ने करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से दुबई-अबू धाबी शेख जायद राजमार्ग पर अल रहबा के पास अबू मुरीखा में किया है। इसके लिए 27 एकड़ जमीन यूएई सरकार ने दान की है। मंदिर को प्रत्येक सोमवार को सिर्फ निजी प्रार्थनाओं के लिए खोला जाता है। इसके अलावा मंगलवार से रविवार तक हर शाम, स्वामीनारायण घाट के तट पर शाम साढ़े सात बजे गंगा आरती की जाती है, जो भारत से लाए गए गंगा और यमुना के पवित्र जल का उपयोग करके बनाया गया है। खाड़ी देशों में यह सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है। यूएई के अलावा दुबई में भी तीन मंदिर हैं।