इस्राइल द्वारा गाजा में हुए हवाई हमले में सात विदेशी सहायता कर्मियों की मौत हो गई। इस पर इस्राइल के सैन्य प्रमुख का कहना है कि जटिल परिस्थितियों में गलत पहचान के कारण हवाई हमला हो गया। बता दें, इस्राइल के प्रधानमंत्री ने भी हमले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। नेतन्याहू ने यह स्वीकार किया है कि इस्राइली सुरक्षा बलों के हमले में सात सहायता कर्मियों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से गाजा पट्टी में निर्दोष लोगों पर हमला हुआ है। हमारी सेना से यह हमला अनजाने में हुआ है। भविष्य में यह गलती न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
इस्राइली हमले पर ऋषि सुनक और जो बाइडन ने जताई चिंता
गाजा में सात विदेश सहायता कर्मियों की मौत पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भी गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मैंने इस्राइली प्रधानमंत्री से इस संबंध में बात किया है और अपनी चिंता उनसे साझा की है। सुनक ने नेतन्याहू से कहा कि युद्ध में आम आदमी को सहायता कर्मी जान गंवा रहे हैं, यह स्वीकार्य नहीं है। ब्रिटिश पीएम के अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ट्वीट कर रहा कि कल गाजा में एक अमिरिकी सहित वर्ल्ड सेंट्रल किचन के सात मानवीय कार्यकर्ताओं की मौत से मैं दुखी और नाराज हूं। कल जैसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए।
बाइडन-जिनपिंग ने फोन पर की बात
चीन और अमेरिका के बीच जारी विवादों के बीच दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने बात की। व्हाइट हाउस के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन के बीच टेलीफोन पर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान ताइवान का मुद्दा केंद्र में रहा। बाइडन ने जिनपिंग से आग्रह किया कि ताइवान में शांति का माहौल रहने दिया जाए। बाइडन ने जिनपिंग के साथ दक्षिण चीन सागर पर भी बात की।
यूएन में कंबोज ने साझा की भारत की विकास यात्रा
संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थाई प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कहा कि भारत विशेष रूप से गरीबी उन्मूलन में साहसिक कदम उठा रहा है। भारत की यात्रा- आशा की यात्रा है। यह परिवर्तन की यात्रा है। भारत में 415 मिलियन लोग गरीबी से बाहर निकल चुके हैं। हमने 15 वर्षों के भीतर अपनी बहुआयामी गरीबी को आधा कर दिया है। हम यहीं नहीं रुक रहे हैं। हमें आगे बढ़ना है। हमारा मंत्र- वसुधैव कुटुंबकम, एक पृथ्वी-एक परिवार-एक भविष्य हमारा मार्गदर्शन करता है। पिछले साल जी20 शिखर सम्मेलन में, हमने दुनिया के सामने हमारी विरासत फसल बाजरा का प्रदर्शन किया था। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना पहल शून्य भूख की दिशा में एक बड़ी छलांग है। एक मिलियन स्कूलों में 100 मिलियन बच्चे, बाजरा को शामिल करके, भूख के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में एक कदम आगे बढ़ा रहे हैं।
कनेक्टिकट-रोड आइलैंड प्रेसिडेंशियल प्राइमरी में अपनी-अपनी पार्टी से जीते बाइडन-ट्रंप
अमेरिका में इस साल आम चुनाव होने वाले हैं। इस बीच कनेक्टिकट में डेमोक्रेटिक प्रेसिडेंशियल प्राइमरी इलेक्शन में जो बिडेन ने जीत हासिल की तो वहीं रिपब्लिकन प्रेसिडेंशियल की ओर से डोनाल्ड ट्रंप ने जीत दर्ज की। ट्रंप ने रोड आइलैंड से भी रिपब्लिकन प्रेसिडेंशियल प्राइमरी में जीत दर्ज की है तो रोड में डेमोक्रेटिक प्रेसिडेंशियल प्राइमरी की ओर से जो बाइडन ने जीत दर्ज की है।
टेक्सास में गायों के संपर्क में आए व्यक्ति को बर्ड फ्लू
टेक्सास व अमेरिकी रोग नियंत्रण-रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने एक ऐसे व्यक्ति में एवियन इन्फ्लूएंजा की सूचना दी है, जो गायों के संपर्क में आया था। यह एवियन इन्फ्लूएंजा के एच5एन1 स्ट्रेन का दूसरा मामला है, जिसे आमतौर पर बर्ड फ्लू के रूप में जाना जाता है। कोलोराडो में 2022 के बाद अमेरिका में यह दूसरा मामला है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, टेक्सास के मरीज का एकमात्र लक्षण आंखों में सूजन था। अमेरिकी कृषि विभाग (यूएसडीए) ने बताया कि कैनसस और टेक्सास में बीमार मवेशियों से जुटाए गए दूध के नमूनों में एवियन फ्लू का परीक्षण सकारात्मक निकला, जो दुनियाभर में पोल्ट्री झुंडों और स्तनधारियों में पाए जाने वाले वायरस की व्यापक पहुंच को दर्शाता है।
तुर्किये के नाइट क्लब में आग से 29 लोगों की मौत
इस्तांबुल के मास्करेड नाइट क्लब में आग लगने से 29 लोगों की मौत हो गई। क्लब के प्रबंधकों समेत कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। गवर्नर कार्यालय ने कहा, एक व्यक्ति का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। नाइट क्लब बेसिकटास जिले में एक 16 मंजिला आवासीय इमारत के भूतल पर स्थित है। आग बुझा दी गई है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
अधिकृत पद नहीं लेकिन नवाज ने फिर से ली बैठक
पाकिस्तान की मौजूदा सरकार में कोई पद नहीं होने के बावजूद पूर्व पीएम नवाज शरीफ ने एक बार फिर प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता की है। पिछली बैठक में हुई आलोचनाओं से बेपहवाह शरीफ ने अपनी बेटी और पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के साथ सोमवार को यह बैठक की और प्रांत के कृषि क्षेत्र में आने वाले मुद्दों की समीक्षा की। शरीफ ने कई दस्तावेजों पर दस्तखत भी किए।
सऊदी में भ्रामक सोशल मीडिया खातों के प्रति भारत ने चेताया
भारतीय दूतावास ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर सऊदी अरब में भारतीयों को फर्जी सोशल मीडिया खातों और ईमेल पतों के बारे में सावधान किया है। भारत ने चेताया, ये ईमेल सऊदी अरब से भारत की यात्रा व्यवस्था के लिए पैसे मांगकर लोगों को धोखा दे रहे हैं। एडवाइजरी में कहा, इन संदिग्ध सोशल मीडिया हैंडल व ईमेल से उसका कोई संबंध नहीं है। भारत ने दूतावास से किसी भी संचार की प्रामाणिकता सत्यापित करने की सलाह दी।
फिनलैंड : स्कूल में 12 वर्षीय छात्र की गोलीबारी में एक की मौत
दक्षिणी फिनलैंड के एक माध्यमिक विद्यालय में 12 वर्षीय एक छात्र की गोलीबारी में एक विद्यार्थी की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हैं। पुलिस ने कहा कि उसने बाद में संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। गोलीबारी की घटना राजधानी के बाहर वंता शहर के ‘विएर्टोला’ स्कूल में हुई। घटना की सूचना मिलते ही शहर में करीब 800 छात्रों वाले माध्यमिक विद्यालय को घेर लिया गया। पीएम पेटेरी ओर्पो ने कहा वह घटना से सदमे में हैं।