जेडी वेंस के साथ बहस से हुई शुरूआत बाद में ट्रंप भी कूदे
ट्रंप और जेलेंस्की के बीच व्हाइट हाउस में बैठक करीब 45 मिनट तक चली, लेकिन आखिरी के 10 मिनट में बनती बात बिगड़ गई और दोनों नेताओं के बीच बैठक किसी सहमति पर पहुंचने के बजाय तनाव चरम पर पहुंच गया। इसकी शुरुआत जेलेंस्की और अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बीच बहस से से हुई। दरअसल, जेडी वेंस ने कहा कि जंग को कूटनीति के जरिए खत्म किया जाना चाहिए। इस पर जेलेंस्की ने वेन्स पर सम्मानजनक ढंग से पेश न आने का आरोप लगाते हुए कहा कि किस तरह की कूटनीति?
यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि 2014 के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के हमारे बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया, तब उन्हें (पुतिन) किसी ने नहीं रोका। उन्होंने बस कब्जा कर लिया और लोगों को मार डाला। 2019 में, मैंने उनके साथ युद्धविराम के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए बाद में उन्होंने युद्धविराम तोड़ा, हमारे लोगों को मार डाला और कैदियों की अदला-बदली नहीं की। ऐसे में आप किस तरह की कूटनीति की बात कर रहे हैं? इस दौरान उन्होंने सुरक्षा की गारंटी की भी मांग की।
ओवल ऑफिस में बातचीत करते वोलोदिमीर जेलेंस्की और डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : पीटीआई
वेंस ने दिया ये जवाब
इस पर जेलेंस्की को जवाब देते हुए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, 'मैं उस तरह की कूटनीति के बारे में बात कर रहा हूं जो आपके देश के विनाश को समाप्त करने जा रही है। आपको अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रिया अदा करना चाहिए। राष्ट्रपति जी... संयुक्त राज्य अमेरिका के ओवल ऑफिस में आना और उस प्रशासन पर हमला करना अपमानजनक है जो आपके देश के विनाश को रोकने की कोशिश कर रहा है।'
बहस में ट्रंप भी कूदे
आगे ट्रंप भी इस बहस में कूद गए। उन्होंने तेज आवाज में जेलेंस्की तरफ उंगली उठाते हुए कहा कि आप अच्छी स्थिति में नहीं हैं, रूस के साथ आपको समझौता करना पड़ेगा। आपको आभारी होना चाहिए कि युद्ध को समाप्त करवाया जा रहा है। हम जो महसूस कर रहे हैं, उसे डिक्टेट करने की आप स्थिति में नहीं हैं।
ओवल ऑफिस में ट्रंप से मुलाकात करते यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की।
- फोटो : PTI
आप इस स्थिति में नहीं कि हमें डिक्टेट कर सकें- ट्रंप
जेलेंस्की ने कहा कि ठीक है शुरू से बात करते हैं। पहले जंग से। युद्ध से हर किसी को दिक्कत होती है। आपको भी होगी। लेकिन आपके पास सुंदर समंदर जो है। अभी महसूस मत कीजिए, लेकिन एक दिन आपको यह भविष्य में महसूस जरूर होगा। भगवान आपका भला करे। इस पर ट्रंप ने कहा कि मुझे मत बताएं कि हमें क्या महसूस होगा। हम एक समस्या के समाधान की कोशिश कर रहे हैं। आप इस स्थिति में नहीं हैं कि हमें डिक्टेट कर सकें। आप इस स्थिति में नहीं हैं। हम बहुत बेहतर और ताकतवर महसूस करते हैं।
भड़के ट्रंप ने आगे कहा कि आपके हाथ में कुछ नहीं बचा है। आज से आपके बुरे दिन शुरू हो गए हैं। आप तीसरे विश्व युद्ध का जुआ खेल रहे हैं। इस तरह काम करना संभव नहीं है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलेंस्की
- फोटो : ANI
आगे जेलेंस्की ने अपनी बात रखने की कोशिश की। उन्होंने युद्धविराम समझौते का विरोध किया। जेलेंस्की ने कहा कि वह कोई समझौता नहीं करेंगे। कीव पोस्ट के मुताबिक, जेलेंस्की ने कहा कि हमें सिर्फ युद्ध विराम की जरूरत नहीं है। हम पहले भी ऐसा कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने हर बार समझौते को तोड़ा है। इसके साथ ही जेलेंस्की ने ट्रंप को युद्ध से जुड़ी हुई कुछ तस्वीरें भी दिखाईं। उन्होंने दावा किया कि पुतिन अब तक 25 बार समझौते का उल्लंघन कर चुके हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को हत्यारा बताते हुए जेलेंस्की ने ट्रंप को भी उनके साथ नरमी दिखाने के लिए सावधान किया। जेलेंस्की ने ट्रंप से कहा कि वह पुतिन के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करें।
समझौते से हटे तो नहीं मिलेगी मदद
ट्रंप ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ सख्त रहने से रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौते में मदद नहीं मिलेगी। ट्रंप ने उन चिंताओं को खारिज किया कि वह रूसी नेता के साथ खुद को बहुत ज्यादा जोड़ते हैं। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से कहा कि अगर मैं पुतिन के साथ खुद को नहीं जोड़ता, तो आप कभी भी सौदा नहीं कर पाएंगे। आप चाहते हैं कि मैं पुतिन के बारे में बुरी बातें कहूं और फिर उनसे सौदा करने की कोशिश करूं, लेकिन ऐसा नहीं होता। मैं पुतिन के साथ गठबंधन नहीं कर रहा हूं। मैं किसी के साथ गठबंधन नहीं कर रहा हूं, मैं संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ हूं और दुनिया की भलाई के लिए संवाद में शामिल हूं। पुतिन के लिए उनके (यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की) मन में जो नफरत है, उस तरह की नफरत के साथ समझौता करना मेरे लिए बहुत कठिन है। अगर आप चाहते हैं कि मैं सख्त हो जाऊं, तो आपने आज तक जितने भी इंसान देखे हैं, उनसे कहीं अधिक कठोर हो सकता हूं।
पुतिन के प्रति जेलेंस्की की नफरत के साथ सौदा करना मुश्किल: ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि पुतिन के प्रति जेलेंस्की की नफरत को देखकर मेरे लिए उस तरह की नफरत के साथ सौदा करना बहुत मुश्किल है। ट्रंप ने कहा, 'मैं दुनिया और यूरोप के साथ जुड़ा हुआ हूं। मैं देखना चाहता हूं कि हम इसे हल कर पाते हैं या नहीं।'
खनिज समझौता के लिए बनाया दबाव
ट्रंप ने जेलेंस्की पर खनिज समझौता करने के लिए भी दबाव बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह समझौता नहीं करते हैं तो अमेरिका रूस-यूक्रेन युद्ध से अलग हो जाएगा और उनकी किसी तरह की मदद नहीं करेगा। दरअअसल, ट्रंप चाहते हैं कि बाइडन प्रशासन ने अब तक यूक्रेन की पैसे और हथियार से जो मदद की है, उसकी भरपाई के रूप में यूक्रेन अमेरिका को अपनी खनिज तक पहुंच आसान बनाए।