फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एपस्टीन को क्यों पसंद थीं रूसी महिलाएं?: पुतिन से मिलने का सपना, सत्ता के गलियारों तक पहुंचने का भी था इरादा

Sat, 21 Nov 2026 09:16 AM IST
अस्मिता त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला

सार

जेफरी एपस्टीन रूस में सिर्फ महिलाओं तक पहुंच नहीं बनाना चाहता था, बल्कि वहां के ताकतवर लोगों के बीच भी अपनी पहचान कायम करना चाहता था। रूसी मॉडलिंग एजेंसियों के जरिए उसका संपर्क युवा महिलाओं से बढ़ा। इसके बाद उसने अरबपतियों और सरकारी अधिकारियों से रिश्ते बनाने की कोशिश की। यहां तक कि पुतिन से मिलने की योजना भी बनाई। आखिर रूसी महिलाओं में उसकी इतनी दिलचस्पी क्यों थी?
विज्ञापन
जेफरी एपस्टीन - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमेरिकी फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन की कहानी सिर्फ यौन शोषण और मानव तस्करी तक सीमित नहीं थी। वह दुनिया के अमीर और प्रभावशाली लोगों के बीच अपनी पहचान बनाना चाहता था। रूस के साथ उसका रिश्ता भी इसी कोशिश का हिस्सा था। शुरुआत रूसी मॉडल्स और युवा महिलाओं से हुई, लेकिन धीरे-धीरे उसकी दिलचस्पी वहां के अरबपतियों, कारोबारियों और सरकारी अधिकारियों तक पहुंच बनाने में बढ़ती गई। यहां तक कि वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की कोशिश भी करता रहा।
विज्ञापन


रॉयटर्स की पड़ताल के मुताबिक, रूस के प्रति एपस्टीन की दिलचस्पी के पीछे महिलाओं तक पहुंच, ताकतवर लोगों से संपर्क और अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा दोबारा हासिल करने की कोशिश जैसे पहलू थे।

रूस से एपस्टीन की दिलचस्पी कैसे शुरू हुई?
1989 में बर्लिन की दीवार गिरने और सोवियत संघ के खुलने के बाद पश्चिमी देशों की मॉडलिंग एजेंसियों की नजर पूर्वी यूरोप और रूस की युवा प्रतिभाओं पर पड़ी। उस दौर में कई मॉडलिंग एजेंट नए चेहरों की तलाश में रूस और आसपास के देशों में पहुंच रहे थे। इसी नेटवर्क में फ्रांस के मॉडलिंग एजेंट जीन-ल्यूक ब्रुनेल भी शामिल थे। वह पेरिस की मॉडलिंग एजेंसी करिन मॉडल्स के लिए काम करते थे। उनका काम पूर्वी यूरोप और पूर्व सोवियत संघ से लड़कियों और युवतियों को मॉडलिंग के अवसर दिलाने के नाम पर पेरिस लाना था।
विज्ञापन


इसी दौरान ब्रुनेल के जरिए एपस्टीन की मॉडलिंग की दुनिया में पहुंच बढ़ी। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कम उम्र की लड़कियों को मॉडलिंग और बेहतर करियर का सपना दिखाकर उसके संपर्क में लाया जाता था। 1991 में पेरिस में ब्रुनेल के एक कार्यक्रम में शामिल हुई पूर्व मॉडल थिसिया हुइसमैन ने एक रूसी लड़की को एपस्टीन के साथ बैठे देखा था। उनके मुताबिक, लड़की काफी कम उम्र की लग रही थी और उसने बताया था कि ब्रुनेल उसे सुपरमॉडल बनाने का वादा करके पेरिस लाए थे। 

मॉडलिंग का नेटवर्क शोषण का जरिया कैसे बना?
एपस्टीन का रूस से जुड़ाव सिर्फ मॉडल्स से मुलाकात तक सीमित नहीं रहा। धीरे-धीरे मॉडलिंग एजेंसियां उसके लिए महिलाओं और लड़कियों तक पहुंच बनाने का माध्यम बनती गईं। रॉयटर्स की जांच में पूर्व सोवियत संघ की कम से कम 17 ऐसी महिलाओं की पहचान हुई, जिन्हें एपस्टीन के यौन शोषण और मानव तस्करी के नेटवर्क में लाया गया था।

2003 में ब्रुनेल ने मियामी में करिन मॉडल्स ऑफ अमेरिका नाम से मॉडलिंग एजेंसी शुरू की। दो साल बाद इसका नाम बदलकर MC2 मॉडल्स मैनेजमेंट कर दिया गया। ब्रुनेल ने फ्रांसीसी जांचकर्ताओं को बताया था कि एपस्टीन ने इस एजेंसी को 3 लाख डॉलर के कर्ज की गारंटी दी थी। MC2 रूस से मॉडल्स की भर्ती करती थी। एजेंसी उन्हें अमेरिका जाने के लिए जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद करती थी, जबकि एपस्टीन उनके रहने के लिए अपार्टमेंट की व्यवस्था करता था।

इस व्यवस्था का एक उदाहरण स्वेतलाना पॉझिदायेवा हैं। उन्होंने रॉयटर्स को बताया कि 2008 में पेरिस में उनकी मुलाकात एपस्टीन से हुई थी। उसने उन्हें विक्टोरिया सीक्रेट में मॉडलिंग का अवसर दिलाने का वादा किया था। अगले साल वह अमेरिका पहुंचीं और MC2 से जुड़ गईं।

बाद में वह एपस्टीन की निजी सहायक भी बनीं। उनके मुताबिक, एपस्टीन उनका यौन शोषण करता था। उन्होंने बताया कि उनका वीजा एजेंसी के जरिए था, रहने की व्यवस्था एपस्टीन करता था और उनके खर्चों को कर्ज के रूप में दर्ज किया जाता था। इससे उनके लिए उस माहौल से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। 

रूसी अरबपतियों से दोस्ती क्यों चाहता था एपस्टीन?
2008 में नाबालिग लड़की से जुड़े यौन अपराध सहित वेश्यावृत्ति के आरोपों में दोष स्वीकार करने के बाद एपस्टीन को 13 महीने जेल में रहना पड़ा था। इसके बाद उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को बड़ा झटका लगा। रॉयटर्स के मुताबिक, इसी दौर में उसने रूसी अरबपतियों और प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ाने की कोशिश की। वह खुद को वित्तीय मामलों का विशेषज्ञ बताता था और अमीर कारोबारियों को निवेश संबंधी सलाह देने की पेशकश करता था।

इनमें रूसी रियल एस्टेट कारोबारी व्लादिस्लाव डोरोनिन भी शामिल थे। 2010 में डोरोनिन के कार्यालय ने एपस्टीन को मॉस्को के एक चैरिटी कार्यक्रम में आमंत्रित किया था। बाद में दोनों ने न्यूयॉर्क में डिनर किया और मॉस्को की एक बड़ी रियल एस्टेट परियोजना पर चर्चा भी की। एपस्टीन ने धातु उद्योग के अरबपति ओलेग डेरिपास्का से भी संपर्क बनाने की कोशिश की। हालांकि, दोनों की मुलाकात हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।

क्या पुतिन से मिलना चाहता था एपस्टीन?
रूस में एपस्टीन की दिलचस्पी का सबसे अहम पहलू पुतिन तक पहुंच बनाना था। सितंबर 2011 में वह रूस की यात्रा की योजना बना रहा था। उसके ईमेल में मॉडलिंग एजेंट और एक वैज्ञानिक अकादमी से मुलाकात का जिक्र था। एक कर्मचारी ने बताया था कि उसके रूसी बॉडीगार्ड के अनुसार, एपस्टीन की पुतिन से मुलाकात भी तय थी। हालांकि, बाद में यात्रा रद्द हो गई और मुलाकात होने का कोई प्रमाण नहीं मिला।

2014 में पेरिस में उसकी मुलाकात रूस के तत्कालीन उप आर्थिक मंत्री सर्गेई बेल्याकोव से हुई। दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। 2015 में एपस्टीन ने बेल्याकोव की मुलाकात इस्राइल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद बराक से कराई। इसके बाद उसने बराक से पुतिन तक अपना संदेश पहुंचाने को कहा। वह चाहता था कि पुतिन और उनके सलाहकार उसके साथ वैश्विक बाजार, मुद्रा और वित्तीय व्यवस्था पर चर्चा करें। हालांकि, यह संदेश आगे नहीं भेजा गया।

क्या रूस से रिश्ते बनाना उसकी छवि सुधारने की कोशिश थी?
एपस्टीन के लिए रूस सिर्फ मॉडल्स और महिलाओं तक पहुंच का माध्यम नहीं था। वह वहां के अमीर कारोबारियों और सत्ता के करीब बैठे लोगों के बीच अपनी पहचान बनाना चाहता था। 2008 में सजा के बाद उसकी छवि खराब हो चुकी थी। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली लोगों से संबंध बनाना उसकी प्रतिष्ठा दोबारा हासिल करने की कोशिश हो सकती थी।

हालांकि, रॉयटर्स की जांच में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला कि एपस्टीन रूसी खुफिया एजेंसियों के लिए काम करता था या रूसी सरकार की ओर से कोई गतिविधि चला रहा था। पुतिन से मुलाकात होने की भी पुष्टि नहीं हुई।

इस तरह रूस के साथ एपस्टीन का रिश्ता महिलाओं की भर्ती से शुरू होकर अरबपतियों और सत्ता के गलियारों तक पहुंचने की कोशिश में बदल गया। वह रूस के जरिए अपनी अंतरराष्ट्रीय पहचान और प्रभाव बढ़ाना चाहता था, लेकिन पुतिन तक पहुंचने का उसका सपना पूरा हुआ या नहीं, यह आज भी अनुत्तरित सवाल है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें