विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया की कुल आबादी का 10 फीसदी लोग कोरोनावायरस से संक्रमित हैं। डब्ल्यूएचओ के इमरजेंसी हेड डॉ. माइकल रेयान ने सोमवार को कहा कि एक अनुमान के मुताबिक, दुनियाभर में 10 में से 1 व्यक्ति संक्रमित हो सकता है। इसका अर्थ है कि दुनिया में वर्तमान में कुल संक्रमितों का 20 गुना आबादी संक्रमण के शिकार हो सकते हैं।
माइकल रेयान ने 34 सदस्यीय बोर्ड की मीटिंग में कहा कि डब्ल्यूएचओ के अनुसार संक्रमण के रिस्क को लेकर शहरी क्षेत्र, ग्रामीण इलाकों और कुछ ग्रुप्स के आंकड़े अलग-अलग हैं।
डॉ. रेयान ने कहा कि साउथ-ईस्ट एशिया में मामले काफी बढ़े हैं। वहीं यूरोप और पूर्वी भूमध्य-सागरीय इलाकों में ज्यादा मौतें हो रही हैं। जबकि अफ्रीका और पश्चिमी प्रशांत इलाकों में स्थिति ज्यादा बेहतर है। रेयान ने चेतावनी दी कि महामारी लगातार बढ़ती जा रही है। दुनिया अब पहले से ज्यादा संकट के दौर से गुजर रही है।
उन्होंने कहा कि सतर्कता से इस महामारी से बचा जा सकता है। लोगों को मास्क का प्रयोग करना चाहिए और सामाजिक दूरी बना कर चलना चाहिए ताकि कई जिंदगियां इससे बचाई जा सके। जानकारी के मुताबिक, दुनिया की कुल आबादी लगभग 760 करोड़ है। वहीं डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, इनमें से 10 फीसदी लोग संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि, कुछ विशेषज्ञ शुरू से ही कहते आ रहे हैं कि संक्रमितों की संख्या अभी जितनी बताई जा रही है, उससे बहुत अधिक है।
डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि जांच को तेजी से बढ़ाने की जरूरत है और लोगों को सही समय पर इलाज पहुंचाने की जरूरत है ताकि इस खतरनाक वायरस का खात्मा जल्द से जल्द किया जा सके।
हालांकि वर्ल्डोमीटर के अनुसार विश्व में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या साढ़े तीन करोड़ से अधिक हो गई है जबकि मृतकों की संख्या 10 लाख से अधिक हो गई है।